इधर, मुंबई में बीते गुरुवार को रेमडेसिवीर इंजेक्शन की 280 से अधिक शीशियां कथित तौर पर बरामद हुई थीं। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अपराध शाखा की 'एक्स' इकाई ने बृहस्पतिवार शाम को अंधेरी (पूर्व) से सरफराज हुसैन को गिरफ्तार किया और उसके पास से इंजेक्शन की 12 शीशी बरामद की।
हुसैन से की गई पूछताछ के आधार पर 'एक्स' इकाई का दल एक फार्मा कंपनी के गोदाम में पहुंचा, जहां छापेमारी के बाद 272 शीशियां बरामद की गईं जिनकी कीमत 13.05 लाख रुपये बताई जा रही है।
अधिकारी ने कहा कि पहले गिरफ्तार किए गए व्यक्ति ने कहा कि फार्मा कंपनी के मालिक ने उसे 12 शीशियां दी थीं और 8,000 रुपये प्रति शीशी की दर से बाजार में बेचने को कहा था। फार्मा कंपनी के मालिक जावेद रहमान अख्तर (46) को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि दोनों पर अंधेरी पुलिस थाने में कानून की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
बता दें कि महाराष्ट्र सरकार ने हाल ही में रेमडेसिवीर की कीमत प्रति शीशी 1100 रुपये से 1400 रुपये तय करने का फैसला किया है। इसे लेकर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने रेमडेसिवीर इंजेक्शन की अधिकतम कीमत में कटौती करने की घोषणा भी की थी।
उन्होंने स्पष्ट किया था कि रेमडेसिवीर इंजेक्शन की कीमत 1400 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। टोपे ने कहा था कि कोविड-19 के मामलों में तेज बढ़ोतरी के कारण राज्य को रोज रेमडेसिवीर के 1.5 लाख इंजेक्शन की जरूरत पड़ सकती है, जिसके लिए उत्पादन में वृद्धि करनी होगी।