हसीन जहां से सुलह को लेकर चल रही बातचीत का कोई हल नहीं निकलता देख क्रिकेटर मोहम्मद शमी के परिवार के सदस्य भूमिगत हो गए हैं। सदस्यों को गिरफ्तारी का डर सता रहा है। गांव सहसपुर में घर पर परिवार का कोई सदस्य नहीं है। हालांकि घर पर रिश्तेदार जरूर मौजूद हैं। गौरतलब है कि छह मार्च को क्रिकेटर मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां ने उन पर गंभीर आरोप लगाए थे। दो दिन बाद हसीन ने कोलकाता में शमी सहित परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
इसके बाद परिवार के सदस्य भूमिगत होने लगे। सहसपुर गांव में शमी के आवास पर सन्नाटा पसरा हुआ है। घर पर सिर्फ शमी की मां थी, जबकि
परिवार के दूसरे सदस्य भूमिगत हैं। उनकी जगह रिश्तेदार घर पर हैं। वहीं, मंगलवार को मां अंजुम आरा की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें भी कहीं शिफ्ट कर दिया गया है। जिसके बाद अब गांव में परिवार का कोई सदस्य नहीं है। हालांकि इंडियन क्रिकेटर मोहम्मद शमी पर गंभीर आरोप लगाकर सनसनी फैलाने वाली उनकी पत्नी हसीन जहान ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि उन्हें इस लड़ाई में मीडिया का साथ चाहिए। इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि वो किसी भी हाल में सुलह नहीं करेंगी।
गौरतलब है कि शमी की पत्नी हसीन जहां ने उन पर दूसरी औरतों से संबंध रखने और घरेलू हिंसा के आरोप लगाए थे। उन्होंने शमी और उनके परिवार पर उन्हें शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना देने के भी आरोप लगाए थे। इसके साथ ही दूसरी लड़कियों के साथ संबंध का भी आरोप लगाया था और कुछ फोटो शेयर की थी, जिसमें शमी विदेशी महिलाओं के साथ नजर आ रहे हैं। हालांकि, शमी ने अपनी पत्नी के इन आरोपों को उनके खिलाफ साजिश बताया था। शमी ने कहा कि हसीन ने उनसे झूठ बोलकर शादी रचाई थी।
शमी का कहना है कि शादी से पहले हसीन जहां खुद को कुंवारी बताती थी। इतना ही नहीं हसीन अपने बेटियों को अपनी कजिन सिस्टर बताया करती थीं। मोहम्मद शमी ने बताया कि जब उन्होंने इन दोनों लड़कियों के बारे में हसीन से पूछा तो वह कहने लगी कि यह दोनों उनकी बड़ी बहन की बेटियां हैं, जिसकी मौत हो चुकी है। उनकी मौत के बाद दोनों लड़कियों की जिम्मेदारी हसीन पर है, इसलिए वह हमेशा इन्हें अपने साथ ही रखती हैं। बता दें कि हसीन ने शमी पर मैच फिक्सिंग का आरोप भी मढ़ा था, जिसके बाद बीसीसीआई की एंटी करप्शन यूनिट इस मामले में जांच कर रही है। इससे पहले शमी का नाम बीसीसीआई की नई कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में भी शामिल नहीं किया गया था।