कश्मीर में आतंकी हमले से आहत सीआरपीएफ के डीजीपी के. दुर्गा प्रसाद ने कहा कि आतंकियों से मुकाबला करने के लिए सीआरपीएफ भी तैयार है। डीजीपी ने अपनी फोर्स का हौसला ही नहीं बढ़ाया, बल्कि उनकी जमकर तारीफ भी की। इसको लेकर सीआरपीएफ के जवानों का मनोबल काफी उच्च दिखा।
वेदव्यासपुरी स्थित 108 आरएएफ बटालियन के पुराने कैंप में सीआरपीएफ डीजीपी के. दुर्गा प्रसाद ने मंगलवार को जवानों के लिए दो बैरकों की नींव रखी। दोनों बैरकों में करीब 360 जवानों के रहने की व्यवस्था होगी। उद्घाटन समारोह स्थल पर डीजीपी ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर दोनों बैरकों का उद्घाटन किया। डीजीपी करीब दो घंटे रुके। इस दौरान डीजीपी ने ट्रेनिंग कर रहे जवानों से मुलाकात की। डीजीपी ने कहा कि उनकी फोर्स इतनी मजबूत होनी चाहिए कि किसी भी बुलावे पर तत्काल मोर्चा संभाले।
उन्होंने कश्मीर में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते कहा कि सीआरपीएफ के जवान आतंकियों से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। डीजीपी ने आरएएफ के कमांडेंट से कहा कि बैरकों में जवानों का एक ग्रुप ट्रेनिंग कर रहा है। जब तक एक ग्रुप की ट्रेनिंग पूरी हो, उसके बाद ही अगले ग्रुप की ट्रेनिंग शुरू की जाए। इस दौरान दिल्ली से आए आरएएफ के आईजी और डीआईजी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।