फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

सबसे पहले अमर उजाला पर: बच्चों को टीके और बुजुर्गों को प्रिकॉशन डोज के लिए कब से होगी रजिस्ट्रेशन की शुरुआत? जानें

कीर्तिवर्धन मिश्र Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र Updated Mon, 27 Dec 2021 12:30 PM IST

सार

Covid Vaccine for 15-18 Years and Booster Dose: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में 15 से 18 साल के किशोरों का टीकाकरण 3 जनवरी से शुरू किए जाने का एलान किया था। वहीं, 60 साल से ऊपर के किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित बुजुर्गों और फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए 10 जनवरी से प्रिकॉशन डोज का प्रावधान है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला एक्सक्लूसिव - फोटो : अमर उजाला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में एलान किया कि देश में जल्द ही 15 से 18 साल के किशोरों के लिए टीकाकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके अलावा उन्होंने हेल्थकेयर और फ्रंटलाइन वर्कर्स को भी कोरोना वैक्सीन की बूस्टर डोज देने की बात कही। साथ ही घोषणा की कि 60 साल से ज्यादा के वे लोग, जिन्हें कोई अन्य बीमारी है, उन्हें भी वैक्सीन की प्रिकॉशन डोज दी जाएगी। वैक्सिनेशन को लेकर लोगों के इस असमंजस को दूर करने के लिए अमर उजाला ने कोविन एप के प्रमुख और राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के सीईओ डॉक्टर आरएस शर्मा से बात की। उन्होंने बच्चों से लेकर बुजुर्गों और फ्रंटलाइन वर्कर्स के टीकाकरण के लिए रजिस्ट्रेशन की तारीखों के बारे में जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया कि बच्चों को कौन सी वैक्सीन दी जाएगी और उन्हें वैक्सीन लगने के लिए क्या दस्तावेज मान्य होंगे। 
विज्ञापन

1. कोविन में क्या बदलाव होने हैं?

Cowin App पहले से ही काफी असरदार है। इसमें 18 साल से ऊपर वालों के साथ अब 15-18 साल के बच्चों का रजिस्ट्रेशन होना है। इसके अलावा कोविन के जरिए ही हेल्थकेयर और फ्रंटलाइन वर्कर्स के अलावा 60 प्लस आबादी के लिए स्लॉट्स की बुकिंग की जानी है। कोविन ऐप को हमने पहले ही इस अतिरिक्त बोझ के लिए तैयार कर लिया है। 

2. बच्चों के अपॉइंटमेंट के लिए क्या तारीख तय की जानी है?

बच्चों के लिए 3 जनवरी से टीकाकरण शुरू किया जाएगा। वहीं, बुजुर्गों के लिए एहतियाती खुराक की तारीख 10 जनवरी तय की गई है। बच्चों के लिए हम 1 जनवरी से रजिस्ट्रेशन खोल देंगे। वे इस दिन से खुद का रजिस्ट्रेशन करा कर स्लॉट बुक कर सकेंगे। 3 जनवरी से उनका टीकाकरण शुरू हो जाएगा। 

3. देश में 15 से 18 साल तक के बच्चों के पास कई आईडी प्रूफ नहीं है। आधार भी कई बच्चों के पास नहीं है। ऐसे में उनके रजिस्ट्रेशन के लिए कौन-से दस्तावेज मान्य होंगे?

जी हां, बच्चों के पास कई आईडी प्रूफ नहीं है। Cowin App पर हमने पहले ही आधार के साथ-साथ नौ दस्तावेजों की सूची दे रखी है, जिनसे लोग अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। बच्चों के पास वोटर आईडी कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होता, इसलिए कुछ दिक्कतें आती हैं। इस समस्या को सुलझाने के लिए हम उनके स्कूल के आईडी कार्ड को भी रजिस्ट्रेशन के लिए वैलिड कर देंगे।

4. ग्रामीण क्षेत्र के कई बच्चों के पास स्कूल आईडी भी नहीं होंगी, उनके लिए व्यवस्था?

यह सवाल काफी पेचीदा हो गया। मेरे हिसाब से कोई न कोई आईडी कार्ड तो उनके पास होगी ही। फिर भी अगर ऐसी कोई समस्या हमें देखने को मिलती है, तो हम सरकार से बात कर के इसका हल निकालेंगे और बच्चों का टीकाकरण पूरा कराएंगे। 

5. बच्चों को कौन सी वैक्सीन दी जाएगी, कोविन में कैसे तय होगा?

भारत सरकार ने अब तक बच्चों के लिए दो ही टीकों को मंजूरी दी है। इनमें एक है भारत बायोटेक की कोवाक्सिन और दूसरी है जायडस कैडिला की जायकोव-डी (रेस्ट्रिक्टेड इमरजेंसी यूज के लिए)। हम कोविन में बच्चों के लिए इन्हीं वैक्सीन के स्लॉट मुहैया कराएंगे। कौन सी डोज कहां मौजूद है, इसकी जानकारी सामान्य तरह से ही कोविन पर मौजूद होगी। 

6. बुजुर्गों और फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए स्लॉट कबसे खुलेंगे?

60 से ज्यादा उम्र और हेल्थकेयर वर्कर्स का टीकाकरण 10 जनवरी से शुरू होना है। ऐसे में हम उनके वैक्सिनेशन के लिए भी एक या दो दिन पहले रजिस्ट्रेशन को खोल देंगे। यानी 8 तारीख से उनका रजिस्ट्रेशन शुरू हो सकता है।  

7. जो लोग कोविशील्ड और कोवाक्सिन लगवा चुके हैं, उन्हें बूस्टर के तौर पर कौन सी वैक्सीन दी जाएगी, क्या ये वही वैक्सीन होगी, जो उन्होंने पहले लगवाई या तीसरी डोज किसी और वैक्सीन से जुड़ी होगी?

मुझे इस बारे में बोलने का अधिकार नहीं है। ये फैसला सरकार द्वारा किया जाना है। तीसरी डोज को लेकर मंथन जारी है। जल्द ही इस पर फैसला सामने आएगा। कोविन पर भी उसी हिसाब से वैक्सीन डोज की बुकिंग होगी। 

8. इन लोगों को टीकाकरण के लिए नए सिरे से रजिस्ट्रेशन करना होगा या पहले से ही कुछ सुविधा होगी

अब तक जो लोग टीके की पहली दो डोज लगवा चुके हैं, उनका डेटा हमारे पास मौजूद है। बुजुर्गों और हेल्थकेयर वर्कर्स को प्रीकॉशन डोज तभी मिलेगा, जब उन्हें दूसरी डोज मिले कम से कम नौ महीने हो गए होंगे। हमारे पास उनका डेटा मौजूद है, इसलिए उनका रजिस्ट्रेशन तभी अप्रूव होगा, जब उन्हें दूसरी डोज लिए हुए 9 महीने पूरे हो जाएंगे। बूस्टर डोज कौन सी मिलेगी इसे लेकर भी फैसला होते ही कोविन पर जानकारी अपडेट होगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
विज्ञापन
Next