यूपी के बरसाना के गाजीपुर संकेत गांव से 10 गायों को चोरी कर ले जा रहे गोतस्करों और ग्रामीणों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। बदमाशों ने ग्रामीणों पर फायरिंग की तो ग्रामीणों ने भी पथराव और फायरिंग करते हुए इन्हें घेर लिया। मुठभेड़ में एक बदमाश की मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हो गया। घायल बदमाश को उसके साथी लेकर फरार हो गए हैं।
तीन गायों को भी इनके कब्जे से मुक्त करा लिया गया। घटनाक्रम शुक्रवार देर रात करीब दो बजे का है। बदमाशों की संख्या आठ बताई जा रही है। बताया गया कि बदमाशों ने बरसाना के गांव गाजीपुर और संकेत से दस गायों को चोरी किया और जंगल में पगडंडी से होकर मेवात के इलाके की ओर चल दिए।
गायों के रंभाने पर ग्रामीण पहुंच गए और गोतस्करों को ललकारा। गोतस्करों ने ग्रामीणों को असलहे दिखाकर धमकाया लेकिन ग्रामीण पीछे नहीं हटे। खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। गांव वालों ने पथराव किया। फायरिंग भी की गई। इससे बदमाश पीछे हटने लगे।
बताया गया कि इसी बीच ग्रामीणों ने एक बदमाश को पकड़ लिया। उसे पीट-पीटकर मार डाला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक उसके गोली भी लगी थी। जबकि पथराव में घायल दूसरे बदमाश को उसके साथी लेकर भाग गए। ग्रामीणों ने तीन गायों को भी उनसे छुड़ा लिया, हालांकि अन्य गाय बदमाश ले गए। सूचना पर बरसाना पुलिस गांव गाजीपुर पहुंच गई और मारे गए बदमाश के शव को ले आई। उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। मारे गए बदमाश की पहचान शाहबुद्दीन (22) निवासी गांव लेबड़ा थाना कामा डीग, भरतपुर के रूप में हुई।