कोरोना की दूसरी लहर दिनों-दिन भयावह रूप लेती जा रही है। आए दिन कोरोना संक्रमण के मामलों में हर राज्यों में तेजी देखने को मिल रही है। इसी बीच कर्नाटक के बंगलूरू से खबर आई है कि कोरोना से संक्रमित 61 साल के एक बुजुर्ग ने अस्पताल के वार्ड में आत्महत्या कर ली। बंगलूरू शहर पुलिस ने इसकी पुष्टि की है।
शहर पुलिस ने बताया कि बंगलूरू के एक अस्पताल के वार्ड रूम में शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक कोविड -19 मरीज की मौत हो गई। 61 वर्षीय पीड़ित अंजना नगर, सनकादकट्टे, बंगलूरू के निवासी थे।
पुलिस के अनुसार, 'उन्हें 20 अप्रैल को सांस की तकलीफ के बाद आईसीयू में भर्ती कराया गया था और उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों ने पुलिस को बताया कि वह बीमारी से लगभग उबर रहे थे और उनमें अवसाद का कोई संकेत नहीं दिख रहा था।'
बंगलूरू के पश्चिम डिवीजन के डीसीपी डॉ. संजीव एम पाटिल ने कहा कि 'मामले की जांच चल रही है और पीड़िता के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए विक्टोरिया अस्पताल भेज दिया गया है।'
अस्पताल के मुताबिक, पीड़िता ने अपने कमरे को अंदर से बंद कर लिया था और जब नर्स उसके कमरे में चेकअप के लिए गई, तो दरवाजा बंद था। विजयनगर अस्पताल के प्रबंध निदेशक डॉ. एस राजू ने कहा, 'जब हमारे कर्मचारियों ने पाया कि दरवाजा बंद है, तो हमने जबरन दरवाजा खोला और उन्हें लटका हुआ पाया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि वह कोविड-19 से ठीक हो रहे थे और गुरुवार को उन्हें आईसीयू से वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया था। उनके अटेंडेंट लगभग 11.30 बजे अस्पताल से बाहर चले गए, इसके बाद उन्होंने दरवाजा बंद लिया और आत्महत्या कर ली। डॉ. राजू ने बताया कि अस्पताल ने कोविड -19 रोगियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य परामर्श देने का फैसला किया है।