अग्रवाल ने बताया, 24 घंटे में देश में 336 नए मामले मिलने के बाद मरीजों की संख्या 2,547 हो गई है। वहीं, 15 की मौत के साथ मरने वालों की संख्या 68 हो गई है। इस बीच, 162 मरीज ठीक हो चुके हैं। वायरस के जोखिम का आकलन करने में लोगों की मदद के लिए बनाए ‘आरोग्यसेतु’ एप को शुक्रवार शाम तक 30 लाख लोग डाउनलोड कर चुके हैं।
अब तक 66 हजार सैंपल की जांच
आईसीएमआर के विशेषज्ञ डॉ. रमन आर गंगाखेड़कर ने बताया, देश में अब तक 66 हजार सैंपल की जांच हो चुकी है। इनमें से आठ हजार बीते 24 घंटे में जांचे गए हैं। देश में 182 लैब में जांच हो रही है, जिनमें 130 सरकार द्वारा संचालित हैं।
गृहमंत्रालय ने शुरू की दो और हेल्पलाइन
गृहमंत्रालय की संयुक्त सचिव पुण्यसलिला श्रीवास्तव ने बताया, राज्य सरकारों को स्वास्थ्यकर्मियों पर हमले के मामलों में सख्त कार्रवाई करने और चिकित्सा उन्मूलन के लिए सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिखा है। गृह मंत्रालय के नियंत्रण कक्ष में 7 हेल्पलाइन नंबर थे। दो और नंबर बढ़ाए गए हैं। इसमें से 1930 (पूरे भारत के लिए टोल फ्री नंबर) और 1944 (पूर्वोत्तर के लिए समर्पित नंबर) शामिल हैं।
छह दिन में दोगुनी से ज्यादा मौत
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 29 मार्च तक देश में कोरोना से मृतकों की संख्या 27 थी जो शुक्रवार को 56 हो गई। हालांकि पॉजिटिव मरीजों की तुलना में मौत का प्रतिशत 2.40 है। वहीं, कुल मरीजों में 6.8 फीसदी ठीक हो चुके हैं।
यूपी में शुक्रवार को 47 और मरीज मिले। इसके साथ प्रदेश में 172 मरीज हो गए। प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया, इनमें 34 जमात से जुड़े हैं। प्रदेश के 14 जिलों में अब तक जमात से जुड़े 47 मरीज मिले हैं। अभी 198 नमूनों की रिपोर्ट आनी है। ब्यूरो
दिल्ली में 384 में 259 जमात से
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को बताया, 24 घंटे में कोरोना के 91 नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही दिल्ली में 384 मामले सामने आ चुके हैं, इनमें से 259 जमात से जुड़े हैं। मरकज से निकले एक और शख्स ने दम तोड़ दिया है, जिसके बाद दिल्ली में पांच लोगों की मौत हो चुकी है। मरकज से निकाले गए लोगों की जैसे जैसे जांच रिपोर्ट आ रही है, मामलों में इजाफा हो रहा है।
नोएडा में पिता-पुत्र मिले पॉजिटिव, अब तक 50 की पुष्टि
नोएडा में शुक्रवार को पिता-पुत्र के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसके बाद गौतमबुद्ध नगर में मरीजों की संख्या 50 हो गई। सेक्टर 93बी निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति और उसका 22 वर्षीय बेटा पॉजिटिव मिला है। वहीं, दो मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। इसके साथ जिले में आठ लोग ठीक हो चुके हैं, जिसके बाद एक्टिव केसों की संख्या 42 है।