एसएन में वैक्सीन लगवातीं युवती
- फोटो : अमर उजाला
केंद्र सरकार ने उस वीडियो को आधारहीन व अफवाहों पर आधारित बताया है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि वैक्सीन लगवाने के बाद महाराष्ट्र के नासिक के एक बुजुर्ग के शरीर पर लोहे का सामान चिपक रहा है। बुजुर्ग के शरीर में चुंबकीय शक्ति पैदा होने का भी दावा किया जा रहा था।
केंद्र सरकार ने शुक्रवार को इस वीडियो और किए जा रहे दावे को खारिज करते हुए जनता से अपील की कि कोरोना रोधी वैक्सीन लगवाएं और अफवाहों व भ्रामक जानकारियों से दूर रहें। प्रेस इंफर्मेशन ब्यूरो की फैक्ट चेक इकाई पीआईबी फैक्ट ने कहा है कि कोविड-19 वैक्सीन को लेकर किए जा रहे दावे आधारहीन हैं। वैक्सीन के कारण इंसान के शरीर में मैग्नेटिक रिएक्शन नहीं हो सकती। कोविड रोधी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनमें धातु का कोई तत्व शामिल नहीं है।
पीआईबी फैक्ट चेक ने कहा कि टीका लगवाने के बाद मामूली साइड इफेक्ट जैसे सिरदर्द, जहां टीका लगा है वहां दर्द या सूजनहल्का बुखार आ सकता है। पीआईबी ने जनता से अनुरोध किया है कि ऐसे भ्रामक वीडियो से प्रभावित न हों और टीका लगवाएं।
बता दें, महाराष्ट्र के नासिक जिले का एक वीडियो वायरल सामने आया है, जिसमें कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लेने के बाद बुजुर्ग अरविंद सोनार के शरीर में चुंबकीय शक्ति पैदा होने का दावा किया गया था। यह भी कहा गया था कि डोज लेने के बाद उनके शरीर पर चम्मच, स्टील और लोहे के बर्तन और सिक्के चिपक रहे हैं।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने मामले की जांच का आदेश दे दिया है। उन्होंने बृहस्पतिवार को कहा था कि इस मामले में सच्चाई सभी के सामने आनी चाहिए। इसके पीछे कोई चिकित्सीय कारण है या कुछ और यह सच जल्द पता लगना चाहिए। इसलिए हमने इस मामले की जांच का आदेश दिया है।