कोरोना वैक्सीन के इमरजेंसी इस्तेमाल की अनुमति मिल जाने के बाद देश में कोविड टीकाकरण अभियान शुरू किए जाने की तैयारी जोरों पर हैं। देशभर में कोरोना वैक्सीन को बड़े पैमाने पर एयरलिफ्ट करने के लिए पुणे एयरपोर्ट पूरी तरह से तैयार है। गुरुवार रात को वैक्सीन की पहली खेप भेजे जाने की उम्मीद थी, लेकिन ये नहीं हो पाया। कोरोना वैक्सीन के मैन्युफैक्चरर सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया को अभी भी केंद्र सरकार की तरफ से आधिकारिक आदेश मिलने का इंतजार है।
केंद्र सरकार की तरफ से आधिकारिक आदेश मिलने के बाद देश के अलग-अलग शहरों में कोरोना वैक्सीन को बड़े पैमाने पर एयरलिफ्ट किया जाएगा। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ऑक्सफोर्ड एस्ट्राजेनेका वैक्सीन बना रही है। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के कार्यकारी निदेशक सुरेश जाधव ने कहा कि सरकारी अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक आदेश नहीं दिया गया है। साथ ही कहा कि हमारे पास 50 मिलियन डोज तैयार हैं और हम इसे उसी दिन डिलीवर कर सकते हैं, जिस दिन हमें ऑर्डर मिलेगा।
सात बड़े ऑर्डर मिले
जाधव ने कहा कि कंपनी के पास पहले से ही दुनियाभर के सात संस्थानों से बड़े ऑर्डर हैं, लेकिन सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया प्राथमिकता के आधार पर भारतीय ऑर्डर को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। गुरुवार को पुणे एयरपोर्ट से वैक्सीन की पहली खेप भेजे जाने की उम्मीद थी, लेकिन ये नहीं हो पाया। दो एयरलाइंस कंपनियों और एयरपोर्ट के अधिकारियों ने कहा कि उन्हें शुक्रवार को फिर से तैयार होने के लिए कहा गया है।
पुणे एयरपोर्ट के निदेशक कुलदीप सिंह ने पुष्टि की कि एयरपोर्ट को गुरुवार को कोई वैक्सीन की खेप नहीं मिली। साथ ही कहा कि हम इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं। इससे पहले गुरुवार को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने कहा कि पुणे एयरपोर्ट कोविड -19 वैक्सीन के परिवहन के लिए पूरी तरह तैयार और सक्षम है।