भारत सरकार अगले सप्ताह यानी नए साल से चीन और पांच अन्य स्थानों से आने वाले यात्रियों के लिए निगेटिव आरटी-पीसीआर रिपोर्ट अनिवार्य कर सकती है। स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने आगाह किया कि भारत के लिए अगले 40 दिन महत्वपूर्ण होने वाले हैं, क्योंकि जनवरी में कोविड के मामलों में उछाल देखने को मिल सकता है।
साथ ही सूत्रों ने कहा कि अगर कोविड महामारी की नई लहर आती भी है, तो मृत्यु और अस्पताल में भर्ती होने की दर बहुत कम होगी। एक अधिकारी ने कहा कि यह प्रवृत्ति रही है कि पूर्वी एशिया में दस्तक देने के लगभग 30-35 दिनों के बाद कोविड महामारी की नई लहर भारत में आती है।
सूत्रों ने कहा कि चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, हांगकांग, थाईलैंड और सिंगापुर से आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए नए साल से एयर सुविधा फॉर्म भरना और 72 घंटे पहले आरटी-पीसीआर टेस्ट कराना अनिवार्य किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों में विदेश से आए 6,000 यात्रियों की कोरोना जांच की गई, जिनमें से 39 को कोराना वायरस से संक्रमित पाया गया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया गुरुवार को दिल्ली में हवाईअड्डे का दौरा करेंगे और वहां टेस्टिंग और स्क्रीनिंग सुविधाओं का जायजा लेंगे।
हाल के दिनों में चीन और दक्षिण कोरिया सहित कुछ देशों में कोविड संक्रमण के मामलों में उछाल देखने को मिला है। इसके मद्देनजर केंद्र सरकार ने अलर्ट जारी किया है और राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
अंतरराष्ट्रीय यात्रियों का रैंडम कोविड टेस्ट
कोरोना के मामलों में उछाल के बाद, सरकार ने बीते शनिवार से विदेश से आने वाले यात्रियों में से दो प्रतिशत का कोविड टेस्ट अनिवार्य कर दिया है। यह टेस्ट रैंडम आधार पर किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्वास्थ्य मंत्री मंडाविया ने कोरोना के मामलों में ताजा उछाल से निपटने के लिए देश की तैयारियों का आकलन करने के लिए बैठकें की हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा है कि देश को सतर्क और तैयार रहना होगा क्योंकि दुनिया में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं।
बता दें, ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट BF.7 के कारण कोविड के मामलों में ताजा उछाल देखने को मिल रहा है। सूत्रों ने कहा कि BF.7 सब-वैरिएंट की काफी संक्रामक है। यह संक्रमित एक व्यक्ति आगे 16 व्यक्तियों को संक्रमित कर सकता है।