बिहार सरकार ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर आसन्न होली एवं शब-ए-बरात त्यौहारों को लेकर शनिवार को एक आदेश जारी किया। बिहार के गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, राज्य में कोविड 19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर आसन्न होली एवं शब-ए-बरात को लेकर आमजनों से कहा गया है कि त्यौहारों के अवसर पर वे भीड़ एकत्रित नहीं करें।
आदेश में कहा गया है कि होली की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाले होलिका दहन के अवसर पर न्यूनतम संख्या में लोग एकत्रित हों तथा उक्त अवसर पर कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव चैतन्य प्रसाद और पुलिस महानिदेशक एस के सिंघल द्वारा जारी एक संयुक्त ओदश में कहा गया है कि अगले सोमवार को आने वाले होली त्यौहार के दिन सार्वजनिक स्थलों पर एकत्रित होकर किसी भी प्रकार की गतिविधि अथवा आयोजन की अनुमति नहीं होगी।
डीडीएमए ने विवाह सहित अन्य समारोहों में अतिथियों की संख्या तय की
राजधानी दिल्ली में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर दिल्ली सरकार ने शनिवार से खुली जगह में आयोजित होने वाले विवाह सहित अन्य समारोहों में अधिकतम 200 अतिथियों और बंद जगह में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अधिकतम 100 अतिथियों को शामिल करने का आदेश जारी किया।
मुख्य सचिव विजय देव ने एक आदेश जारी करके कहा कि दिल्ली में अंतिम संस्कार में 50 से ज्यादा लोगों को शामिल होने की अनुमति नहीं होगी। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की राज्य कार्यकारी समिति के अध्यक्ष देव ने कहा कि आदेश 30 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा।
हालांकि, उन्होंने कहा कि शहर में अन्य गतिविधियों के लिए यथास्थिति बनी रहेगी। दिल्ली में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,558 नए मामले सामने आए जबकि लगभग ढाई महीने बाद एक दिन में सबसे अधिक 10 और रोगियों की मौत हुई। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार बीते साल 15 दिसंबर के बाद से दिल्ली में संक्रमण के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। उस दिन 1,617 लोग वायरस से संक्रमित पाए गए थे।
पंजाब में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,820 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 2,28,864 हो गई है। जबकि 46 और रोगियों की मौत के बाद मृतकों की तादाद 6,621 हो गई है।
शनिवार को उपचाराधीन रोगियों की कुल संख्या बढ़कर 23,271 हो गई, जो शुक्रवार को 22,652 थी।
राज्य में 2,141 लोगों के संक्रमण से उबरने के बाद ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या 1,98,972 हो गई है। इस बीच, चंडीगढ़ में संक्रमण के 294 लोगों के संक्रमित पाए जाने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 25,898 हो गई है। इसके अलावा दो और रोगियों की मौत के साथ ही मृतकों की संख्या 374 हो गई है।
छत्तीसगढ़ में 3162 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि
छत्तीसगढ़ में शनिवार को 3162 नए लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही राज्य में इस वायरस से संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 3,37,940 हो गई है। राज्य में शनिवार को 71 लोगों को संक्रमणमुक्त होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई है, वहीं 440 लोगों ने गृह पृथक-वास पूर्ण किया है। राज्य में कोरोना वायरस संक्रमित 11 मरीजों की मौत हुई है।
रायपुर जिले से 796, दुर्ग से 1128, राजनांदगांव से 222, बालोद से 77, बेमेतरा से 124, कबीरधाम से 31, धमतरी से 34, बलौदाबाजार से 53, महासमुंद से 92, गरियाबंद से 11, बिलासपुर से 137, रायगढ़ से 37, कोरबा से 52, जांजगीर-चांपा से 24, मुंगेली से नौ, गौरेला पेंड्रा मरवाही से 15, सरगुजा से 83, कोरिया से 49, सूरजपुर से 54, बलरामपुर से तीन, जशपुर से 51, बस्तर से 20, कोंडागांव से 24, दंतेवाड़ा से नौ, सुकमा से एक, कांकेर से 21, नारायणपुर से चार और अन्य राज्य से एक मामला शामिल है।