देश में लंबे अंतराल के बाद 25 मई (सोमवार) से घरेलू उड़ानों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। कोरोना वायरस की वजह से देशव्यापी लॉकडाउन और सुरक्षा के मद्देनजर सभी तरह की उड़ानों को बंद कर दिया गया था। लेकिन अब लॉकडाउन के चौथे चरण में सरकार ने धीरे-धीरे रेल से लेकर हवाई यातायात को खोलना शुरू कर दिया है।
ट्रेनें मई की शुरुआत से ही शुरू हो चुकी हैं और सोमवार से देश के विभिन्न इलाकों के लिए उड़ानें भी शुरू हो जाएंगी। इसके लिए हवाई अड्डों पर भी कड़े दिशा-निर्देशों के साथ तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। करीब दो महीने के बाद विमानों की उड़ानों के लिए हवाई अड्डों पर अब नए नियम और कानून के साथ बहुत कुछ बदल जाएगा। हवाई अड्डों पर दो मीटर की दूरी और टचलेस सिस्टम फॉलो किया जाएगा ताकि लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाया जा सके।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के हवाई अड्डे की एंट्री गेट और चेक-इन जैसे स्थानों पर यात्रियों के लिए ऑटोमैटिक हैंड सैनिटाइजर मशीन, फ्लोर मार्कर सहित कई व्यवस्थाएं की गई हैं।
ना-नुकुर के बाद महाराष्ट्र हुआ राजी
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक ने कहा है कि राज्य में सोमवार से मुंबई से जाने वाली और मुंबई आने वाली 25 यात्री उड़ानों की अनुमति दी जाएगी। धीरे-धीरे इस संख्या में इजाफा किया जाएगा। दरअसल, पहले महाराष्ट्र सरकार ने सोमवार से विमानों की आवाजाही को लेकर अपनी असमर्थता जाहिर की थी।
एसओपी जारी करेगी दिल्ली सरकार
दिल्ली सरकार अन्य राज्यों से हवाई यात्रा के जरिए राष्ट्रीय राजधानी में आने वाले लोगों के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा निर्देशों के अनुसार मानक परिचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी करेगी।
बंगाल ने अम्फान तूफान का हवाला दिया
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि हमने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को 30 मई तक कोलकाता और 28 मई तक बागडोगरा एयरपोर्ट पर उड़ाने स्थगित करने के लिए कहा है। क्योंकि राज्य सरकार तूफान के बाद के राहत कार्य में व्यस्त है।
घरेलू उड़ानों से छत्तीसगढ़ आ रहे यात्रियों का पृथक-वास में रहना अनिवार्य
वहीं छत्तीसगढ़ सरकार ने घरेलू उड़ानों और सामान्य ट्रेनों से छत्तीसगढ़ आ रहे यात्रियों का पृथक-वास में रहना अनिवार्य करने का फैसला किया है। राज्य प्रशासन ने यात्रियों को नियमों का पालन करने का निर्देश जारी किया है।
रेड जोन से हिमाचल प्रदेश आने वाले यात्रियों को पृथक-वास में रहना होगा
हिमाचल प्रदेश सरकार ने रेड जोन से आने वाले लोगों को संस्थागत पृथक-वास में रखने का फैसला किया है। कांगड़ा के उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि रेड जोन से आने वाले लोगों और इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी के लक्षण वाले यात्रियों को अनिवार्य रूप से पृथक-वास में रखना होगा। यही नियम हवाई यात्रियों पर भी लागू किया जाएगा।
कहां-कहां विमान भरेंगे उड़ान
बंगलूरू हवाईअड्डे से 215 विमान उड़ान भरेंगे, जबकि चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से घरेलू उड़ान के लिए शुरुआत में सात विमान उड़ान भरेंगे। 27 मई से दो और विमान सेवा के लिए जुड़ जाएंगी, जबकि एक जून से चार और विमान जुड़ेंगे। वहीं, जम्मू में सोमवार को नौ विमान पहुंचेंगे। इसमें श्रीनगर से तीन, दिल्ली से चार, मुंबई और ग्वालियर से एक-एक विमान यहां पहुंचेंगे। दिल्ली में सबसे अधिक 380 विमान उड़ान भरेंगे।
उड़ान योजना के तहत उड़ानें होंगी शुरू
वहीं, नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, उड़ान योजना के तहत मंत्रालय ने उड़ानें शुरू करने का फैसला लिया है। प्राथमिकता उत्तर-पूर्व क्षेत्र, पहाड़ी इलाकों, द्वीप और छोटे रूट को जोड़ने वाली उड़ानों को दी जाएगी।