विदेशों में फंसे भारतीयों को देश वापस लाने के लिए भारत सरकार ने वंदे भारत मिशन और ऑपरेशन समुद्र सेतु लॉन्च किया हुआ है। जिसके तहत पूरी सुरक्षा जांच के बाद नागरिकों को देश लाया जा रहा है। इसी कड़ी में मालदीव की राजधानी माले से 698 भारतीयों को वापस लेकर आईएनएस जलाश्व रविवार को कोच्चि हार्बर पहुंचा। वहीं सिंगापुर से एयर इंडिया का एआई343 विमान 243 यात्रियों को लेकर मुंबई पहुंच गया है।
उज्बेकिस्तान से 21 भारतीय दिल्ली लौटे
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को कहा कि उज्बेकिस्तान से 21 भारतीय दिल्ली पहुंचे हैं और फ्लाइट अब उज्बेकिस्तान के नागरिकों और ताशकंद के लिए भारतीय चिकित्सा सहायता वापस लेकर जाएगी। भारतीयों को सरकार के वंदे भारत मिशन के तहत वापस लाया गया है।
आईएनएस मगर माले पहुंचा
आईएनएस मगर रविवार को कोरोना वायरस महामारी के बीच फंसे 200 भारतीय नागरिकों को मालदीव से घर लाने के लिए माले पहुंचा था। नौसेना के एक बयान में कहा गया है कि समरसता सेतु के तहत मालदीव से भारतीयों को लेकर आने वाला पहला जहाज आईएनएस जलाश्व 698 भारतीय नागरिकों के साथ आज सुबह कोच्चि बंदरगाह पहुंचा। नौसेना ने भी विदेश में फंसे लोगों को लाने के लिए समुद्र सेतु नाम से अभियान चलाया है। इस जहाज से 19 गर्भवती महिलाओं सहित 698 भारतीय यात्रियों को स्वदेश लाया गया। जहाज पर दवाओं के साथ अन्य चिकित्सा सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
ब्रिटेन से 323 भारतीयों को लेकर दूसरी फ्लाइट ने बंगलुरू के लिए भरी उड़ान
कोरोना वायरस के चलते लगे लाकडाउन में ब्रिटेन में फंसे 323 भारतीयों को लेकर दूसरी फ्लाइट रविवार को लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से बंगलुरू के लिए रवाना हो गई है।छात्रों, पर्यटकों और अन्य 323 भारतीयों के अलावा एक 37 वर्षीय भारतीय मूल के व्यक्ति के शव को भी वापस लाया जा रहा है। जिसने दक्षिण-पूर्व इंग्लैंड में अपने घर पर आत्महत्या कर ली थी।
विदेश में फंसे 572 भारतीय मुंबई पहुंचे
कोरोना वायरस के चलते विदेशों में फंसे करीब 572 भारतीय नागरिक रविवार को मुंबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि इनमें मुंबई के ही रहने वाले लोगों को एयरपोर्ट के नजदीकी होटलों में क्वारंटीन किया गया है वहीं, दूसरे शहरों के लोगों को उनके शहर ले जाया जाएगा और वहां क्वारंटीन में रखा जाएगा। अधिकारी ने बताया कि यहां रविवार की सुबह लंदन से आने वाला एक विमान और सिंगापुर से आने वाला एक विमान लैंड हुआ। इन दोनों विमानों से देश वापस आए भारतीयों की पहले स्क्रीनिंग की गई और उसके बाद केंद्र सरकार ने निर्देशों के मुताबिक उन्हें क्वारंटीन में भेजा गया।
कोच्चि हार्बर पहुंचा आईएनएस जलाश्व
ऑपरेशन समुद्र सेतु के तहत नौसेना का युद्धपोत आईएनएस जलाश्व मालदीव की राजधानी माले से 698 भारतीयों को वापस लेकर रविवार को कोच्चि हार्बर पहुंचा। भारतीय नौसेना के अनुसार 698 भारतीय नागरिकों में से 19 गर्भवती महिलाएं हैं। आधिकारिक सूत्रों के बताया कि कोविड-19 के दौरान विदेश से भारतीयों को वापस लाने का यह भारतीय नौसेना का पहला निकासी अभियान था। यात्री पोर्ट ट्रस्ट के क्रूज टर्मिनल से उतरेंगे। पुलिस महानिरीक्षक विजय सखारे ने कहा कि देश वापस आए नागरिकों के सुरक्षित निवास के लिए सभी तैयारियां की गई हैं। यात्रियों में 440 केरल से जबकि बाकी विभिन्न राज्यों से हैं।
सिंगापुर से मुंबई पहुंचे 24 यात्री
वंदे भारत अभियान के तहत सिंगापुर से एयर इंडिया का दूसरा विमान 243 यात्रियों को लेकर मुंबई पहुंच गया है। विमान संख्या एआई343 के जरिए सभी को लाया गया है। यह जानकारी सिंगापुर में स्थित भारतीय उच्चायोग ने दी।
सैन फ्रांसिस्को से रवाना हुआ विमान
वंदे भारत अभियान के तहत अमेरिका में फंसे भारतीयों को एयर इंडिया के विमान ने उड़ान भर ली है। विमान ने सैन फ्रांसिस्को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मुंबई के लिए उड़ान भरी है। विमान में 155 भारतीय सवार हैं।
उज्बेकिस्तान से लाए गए भारतीय नागरिक
कोविड-19 की वजह से उज्बेकिस्तान में फंसे भारतीयों को वंदे भारत अभियान के तहत स्वदेश लाया गया है। विमान के उड़ान भरने से पहले ताशकंद में स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने यात्रियों की थर्मल चेकिंग की।
मनीला से भारत आएंगे नागरिक
फिलिपींस में फंसे भारतीय राजधानी मनीला में स्थित निनोय एकिविनो अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहुंच गए हैं। जहां से एयर इंडिया का विमान उन्हें मुंबई लेकर आएगा।