पिछले एक साल से देश में कोरोना वायरस का कहर जारी है। देश में कोरोना महामारी ने एक बार फिर इस साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस साल बुधवार सुबह बीते 24 घंटे में पहली बार रिकॉर्ड करीब 29 हजार कोरोना संक्रमण के नए मामले दर्ज किए गए। केंद्रीय मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस से संक्रमण के 28,903 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसी के साथ देश में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,14,38,734 पहुंच गए हैं। बता दें कि इससे पहले, कोरोना संक्रमण के 28 हजार से अधिक मामले पिछले साल दर्ज किए गए थे। इस साल पहली बार आज कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं पिछले 24 घंटे में इस जानलेवा संक्रमण से 188 लोगों की जान चली गई है, इसी के साथ मरने वालों की संख्या 1,59,044 पहुंच गई है।
गुजरात और मध्यप्रदेश में मामले बढ़ने के बाद रात्रि कर्फ्यू लगाने की घोषणा की गई है। गुजरात सरकार ने मंगलवार को अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट में रात्रि कर्फ्यू को दो घंटा बढ़ाने का फैसला किया है। अब यहां 31 मार्च तक रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक कर्फ्यू रहेगा। पहले इसका समय रात 12 से सुबह 6 बजे तक था।
बुधवार से इंदौर-भोपाल में नाइट कर्फ्यू
वहीं मध्यप्रदेश में भी कोरोना के मामले बढ़ने के कारण राज्य सरकार ने इंदौर व भोपाल में बुधवार 17 मार्च से नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। इसके साथ ही सामूहिक होली मिलन के कार्यक्रमों की इजाजत नहीं देने का निर्णय किया है। राज्य के उन 10 जिलों में सख्ती की जा रही है, जहां कोरोना के ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। इस बीच जबलपुर के जिलाधिकारी कर्मवीर शर्मा कोविड-19 टीके की पहली खुराक लेने के बावजूद कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को भोपाल में हुई बैठक में राज्य में कोरोना की ताजा स्थिति की समीक्षा की। इसमें निर्णय लिया गया कि महाराष्ट्र से आने वालों की थर्मल स्क्रीनिंग जारी रहेगी। उन्हें एक सप्ताह तक क्वारंटीन रहना होगा। राज्य में सभी के लिए मास्क लगाना अनिवार्य है। मास्क नहीं लगाने वालों पर जुर्माना लगाना चाहिए और उन्हें अस्थाई जेल में भेजना चाहिए। इसका सभी जिलों में कड़ाई से पालन कराने के भी निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रदेश सरकार ने जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, रतलाम, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, बैतूल, खरगौन में भी बाजारों को लेकर भी कुछ पाबंदियां लगाई गई हैं। यहां कोई भी बाजार रात 10 बजे बाद न खोलने का आदेश दिया गया है।
पुणे में नई पाबंदियां लगाई गई, अकोला में दो दिन का लॉकडाऊन
वहीं पुणे में नई पाबंदियों के तहत स्कूल और कॉलेज 31 मार्च तक बंद रहेंगे जबकि होटलों एवं रेस्तरांओं को रात 10 बजे तक ही खोलने की अनुमति होगी और घर तक खाना पहुंचाने की सेवा रात 11 बजे तक ही मिलेगी। साथ ही नाईट कर्फ्यू भी जारी रहेगा। नियम का उल्लंघन करने पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।