देश में कोरोना का कहर लगातार जारी है। अस्पतालों में मरीजों की लंबी कतार लगी है। इस बीच कुछ राज्य ऐसे हैं जहां कोरोना के मामले डराने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बंगलूरू में स्थिति ऐसी हो गई है कि यहां हर दूसरा शख्स कोरोना पॉजिटिव निकल रहा है और संक्रमण की दर सोमवार को 55 फीसदी तक पहुंच गई है जो कि सबसे अधिक है।
बता दें कि मंगलवार को राज्य में जहां कोरोना के 44 हजार से अधिक मामले सामने आए उसमे आधे मामले बंगलूरू से ही थे। बंगलूरू में 20 हजार 870 कोरोना के मामले सामने आए जबकि इस बीमारी से 132 मरीजों ने दम तोड़ दिया। कर्नाटक में कुल 44 हजार 632 मामले सामने आए और 292 मरीजों की मौत हो गई। यह संख्या अब तक की सबसे अधिक थी।
24 मरीजों की मौत की जांच करेंगे सेवानिवृत्त न्यायाधीश
कर्नाटक सरकार ने कथित रूप से ऑक्सीजन की कमी के कारण चामराजनगर में कोविड-19 के 24 मरीजों की मौत के मामले की जांच के लिए उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश बीए पाटिल का एक सदस्यीय आयोग बुधवार को नियुक्त किया है।
गृह विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव रजनीश गोयल ने न्यायमूर्ति पाटिल की नियुक्ति के संबंध में बुधवार को अधिसूचना जारी की। अधिसूचना में कहा गया है कि चामराजनगर के जिला अस्पताल में तीन मई को कोविड-19 मरीजों की कथित रूप से ऑक्सीजन की कमी या अन्य कारणों से मौत से जुड़े घटनाक्रम एवं परिस्थितियों की जांच के लिए सरकार ने जांच आयोग गठित किया है।
आयोग को एक महीने में अपनी रिपोर्ट पेश करनी होगी। अधिसूचना में कहा गया है कि चामराजनगर और मैसूर जिलों के उपायुक्तों समेत संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को सभी आवश्यक दस्तावेज एवं साक्ष्य तत्काल सौंपने होंगे, जिन्हें जांच आयोग को दिया जाएगा।