जीएसटी लागू करने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, सरकार नए टैक्स को लागू करने के लिए आज रात संसद में मेगा शो कर रही है। इस शो में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के तमाम जानेमाने लोग शामिल होंगे, लेकिन जीएसटी के दिल्ली ऑफिस की बिल्डिंग(जीएसटीएन) में सन्नाटा पसरा हुआ है।
ऑफिस में लोग अपने समय से ज्यादा काम कर रहे हैं, ताकि जीएसटी लागू करने के बाद कोई समस्या न हो। जीएसटीएन एक बिना लाभ वाली कंपनी है, जो टैक्स कलेक्ट और मैनेज करने का काम करती है। जीएसटीएन व्यापारियों को जीएसटी प्लेटफॉर्म पर माइग्रेट करने में मदद कर रही हैं। देश में मौजूद 80 लाख करदाताओं में से 66 लाख को पहले ही जीएसटी के मुताबिक कर दिया गया है, जबकि 1.7 लाख नए एप्लिकेशन पेंडिंग पड़े हैं।
अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में केवल 30 मिनट लगता है। अगर आपके पास कंप्यूटर नहीं है तो आप अपने स्मार्टफोन से भी रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। बिहार के एक अधिकारी का कहना है कि हमें ऑनलाइन टैक्स सिस्टम को बनाने में दो साल लग गए, लेकिन संस्थान ऐसा सिस्टम विकसित कर रही है जिससे ऑफलाइन काम भी हो सके।