मोदी सरकार के तीन साल के कार्यकाल को कई मोर्चों पर विफल बताने संबंधी कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। पार्टी ने कहा है कि तीन साल के शासन में भाजपा ने देश को एक निर्णायक नेतृत्व, भ्रष्टाचार मुक्त शासन और गरीबों की संवेदना को समझाने वाली सरकार दी है। पार्टी ने कहा कि मोदी सरकार के अपने वादे-इरादे पर खरे उतरने के कारण ही भाजपा को लगातार चुनावी सफलता हासिल हो रही है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता और ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कहा कि मोदी सरकार के तीन साल के कार्यकाल में सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा। निर्णायक नेतृत्व के दम पर देश चौतरफा तरक्की कर रहा है।
देश लगातार तीन सालों से दुनिया के अन्य देशों के मुकाबले सबसे तेज गति से तरक्की कर रहा है। दर्जनों योजनाओं के जरिए मोदी सरकार ने गरीबों की संवेदना को समझते हुए उनके जीवन स्तर को ऊंचा करने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं। गोयल ने कहा कि पीएम मोदी की लोकप्रियता के कारण विपक्ष हताशा में है। लगातार चुनावी हार ने विपक्ष का मनोबल तोड़ दिया है। इसी हताशा में विपक्ष सरकार पर अनर्गल आरोप लगा रहा है।