पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस के पास तृणमूल कांग्रेस (TMC) के मंत्रियों के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतें पहुंचीं हैं। राजभवन के एक अधिकारी ने कहा कि राजभवन के एंटी करप्शन सेल (एसीसी) को राज्य के विभिन्न जिलों के लोगों से ऐसी शिकायतें मिली हैं। इसमें राज्यपाल बोस से हस्तक्षेप की मांग की गई है। वहीं टीएमसी के नेता अभिषेक बनर्जी ने कोलकाता के मेयर के ओएसडी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
राजभवन के अधिकारी ने राज्यपाल सीपी आनंद बोस के हवाले बताया कि बंगाल के लोगों को लगता है कि सरकार कुछ डीलरों द्वारा चलाई जा रही है। इसे नेता नहीं चला रहे हैं। टीएमसी मंत्रियों पार्थ चटर्जी और ज्योतिप्रियो मल्लिक को लेकर राज्यपाल ने कहा कि दो मंत्री जेल में हैं। उनके खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी गई थी। एसीसी में कुछ अन्य मंत्रियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं।
राज्यपाल ने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को यह अहसास होना चाहिए कि ईमानदारी सबसे अच्छी नीति और व्यवहार है। बता दें शिक्षक भर्ती घोटाले में गिरफ्तार चटर्जी इस समय प्रेसीडेंसी सुधार गृह में हैं। मल्लिक को करोड़ों रुपये के राशन वितरण घोटाले में पकड़ा गया था।
ओएसडी पर टीएमसी सांसद के नाम पर ठेकेदारों से वसूली करने का आरोप
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता अभिषेक बनर्जी के कार्यालय ने कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम के ओएसडी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन पर टीएमसी सांसद के नाम पर ठेकेदारों से वसूली करने का आरोप लगा है। बनर्जी के कार्यालय के मुताबिक हकीम के ओएसडी के खिलाफ शेक्सपियर सारणी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई। बनर्जी के कार्यालय ने कहा कि हमें शिकायत मिली है कि ओएसडी सरकारी अनुबंध दिलाने में मदद करने के नाम पर लोगों से वसूली कर रहा है। इसके लिए अभिषेक बनर्जी के नाम का इस्तेमाल कर रहा था। हमने पुलिस में शिकायत दर्ज करने का फैसला किया।