एक दिन में एक करोड़ से अधिक कोरोना वायरस रोधी टीके लगाने की इस उपलब्धि की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट में लिखा, 'आज टीकाकरण की रिकॉर्ड संख्या! एक करोड़ का आंकड़ा पार करना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। टीका लगवाने वालों और टीकाकरण अभियान को सफल बनाने वालों को बधाई।'
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक ट्वीट में लिखा, 'एक दिन में एक करोड़ वैक्सीन! ये आंकड़ा नए भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति और अपार क्षमता का प्रतिबिंब है। एक दूरदर्शी और कर्मठ नेतृत्व से कैसे एक देश कोरोना से सफल लड़ाई लड़ते हुए पूरे विश्व में उदाहरण स्थापित कर सकता है, ये नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले नए भारत ने दुनिया को दिखाया है।
डॉ. अरोड़ा ने कहा- गर्व की बात
वहीं,
नेशनल टेक्नीकल एडवाइजरी ग्रुप ऑन इम्युनाइजेशन (एनटीएजीआई ) के प्रमुख डॉ एनके अरोड़ा ने कहा कि आज एक ही दिन में कोरोना वायरस टीकों की 1 करोड़ खुराक देना भारतीय स्वास्थ्य प्रणाली के लिए गर्व की बात है। यह कोरोना के खिलाफ टीकाकरण के इतिहास में दर्ज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 63,000 टीकाकरण केंद्रों के साथ भी, हम कोरोना वैक्सीन की एक करोड़ से अधिक खुराक देने में सक्षम हैं। हम एक ही दिन में स्विट्जरलैंड और स्कैंडिनेवियाई देशों का टीकाकरण कर सकते हैं।
केरल में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 32,801 नए मामले सामने आए। अब राज्य में इस महामारी के कुल मामलों की संख्या 39.45 लाख हो गई। वहीं, 179 मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 20,313 हो गई। उल्लेखनीय है कि केरल में लगातार तीसरे दिन कोरोना वायरस के नए मामलों की संख्या 30 हजार से अधिक रही है।
राज्य में गुरुवार को 30,007 और बुधवार को 31,445 नये मामले दर्ज किए गए थे। यहां पिछले 24 घंटों के दौरान 18,573 मरीजों ने इस बीमारी को मात दी, जिसके बाद इस जानलेवा बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की कुल संख्या 37 लाख 30 हजार 198 हो गई है। प्रदेश में इस समय कोरोना वायरस के एक लाख 95 हजार 254 सक्रिय मरीज हैं।