राहत की बात है कि 17 राज्यों में कोरोना वायरस के चलते पिछले एक दिन में किसी भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है। लेकिन तीन राज्य महाराष्ट्र, केरल और पंजाब ऐसे हैं जहां 10 से अधिक मरीजों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। कोरोना वायरस के बढ़ने से अब जांच भी बढ़ने लगी है। पिछले दो सप्ताह में रोजाना कोविड जांच का औसतन सात लाख से कम था, लेकिन पिछले एक दिन में 7.73 लाख सैंपल की जांच की गई।
कैबिनेट सचिव ने राज्यों को दिए निर्देश
कैबिनेट सचिव ने बैठक में आठों राज्यों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा, जिन जिलों में कोरोना के मामले बढ़े रहे हैं वहां तत्काल जांच का स्तर बढ़ाया जाए। इन जिलों में आरटी-पीसीआर जांच पर ज्यादा ध्यान दिया जाए। उच्च संक्रमण वाले क्षेत्रों पर प्रशासन और सरकारें अतिरिक्त निगरानी रखें वायरस के नए म्युटेशन को लेकर कैबिनेट सचिव ने राज्यों को जानकारी देते हुए जीनोम सिक्वेंसिंग को भी जरूरी बताया।
उन्होंने कहा, कोरोना पर नियंत्रण के साथ साथ इसके नए स्वरूपों के बारे में पता लगना भी अधिक महत्वपूर्ण है, इसका एकमात्र विकल्प जीनोम सिक्वेंसिंग है। कैबिनेट सचिव ने बताया, 'देश के कुछ हिस्सों में कोरोना की मृत्युदर अभी भी ज्यादा है। इसके लिए चिकित्सीय प्रबंधन पर और अधिक ध्यान देने के साथ साथ प्रभावित जिलों में टीकाकरण को पूरा करने के लिए कहा है। इन सभी सलाह के साथ राज्यों से अपील की गई है कि वे कोविड सतर्कता नियमों का सख्ती के साथ पालन कराएं। इसे लेकर राज्य सरकारें जन समूह स्तर पर अभियान भी चला सकते हैं।'