छह राज्यों से आए कोविड-19 के 85 प्रतिशत नए मामले
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, तमिलनाडु, गुजरात और कर्नाटक में कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। संक्रमण के नए मामलों में इन राज्यों के 85.51 प्रतिशत मामले हैं।महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 9,855 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में पिछले साल 18 अक्टूबर को 10,259 मामलों के बाद संक्रमण के ये सर्वाधिक मामले हैं। केरल में पिछले 24 घंटे में 2765 मामले सामने आए जबकि पंजाब में 772 नए मामले सामने आए।
पिछले 24 घंटों में इन राज्यों में एक भी मौत नहीं
केंद्र मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कोरोना से मध्यप्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू और कश्मीर, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, पुडुचेरी, असम, लक्षद्वीप, नागालैंड, सिक्किम, लद्दाख, त्रिपुरा, दादर नगर हवेली और अरुणाचल प्रदेश में एक भी जान नहीं गई है।
कुछ यूं बढ़ा कोरोना का ग्राफ
देश में पिछले साल सात अगस्त में संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सिंतबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्तूबर को 70 लाख, 29 अक्तूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ के पार चले गए थे।