फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Corona Update: महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल में कोरोना बेकाबू, दिल्ली-मुंबई में राहत, जानिए देश-दुनिया में कोरोना के हालात

Fri, 21 Jan 2022 09:01 PM IST
अभिषेक दीक्षित न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

देश के कई राज्यों में कोरोना के मामलों में उछाल देखा जा रहा है। हालांकि, कई राज्यों में मामले कम भी होने लगे हैं। दिल्ली, मुंबई और पश्चिम बंगाल में मामलों में कमी देखी जा रही है। केरल-कर्नाटक में संक्रमण की रफ्तार बढ़ी है। आइए जानते हैं देश-दुनिया में कोरोना के हालात क्या हैं...
विज्ञापन
कोरोना के मामले - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश में कोरोना की तीसरी लहर रफ्तार पकड़ने लगी है। इस बीच महाराष्ट्र में शुक्रवार को 48,270 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस दौरान 42,391 लोगों ने कोरोना को मात दी और 52 लोगों की संक्रमण की वजह से मौत भी हुई। राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या 2,64,388 है। यहां अब तक 2343 मरीजों में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है।

विज्ञापन


कर्नाटक और केरल में भी हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 48,049 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 18,115 संक्रमितों ने कोरोना को मात दी है और 22 मरीजों की मौतें भी दर्ज की गईं हैं। यहां सक्रिय मामले 3,23,143 हैं । वहीं, पॉजिटिविटी रेट 19.23 फीसदी तक पहुंच गई हैं।


वहीं, केरल में पिछले एक दिन में कोरोना के 41,668 नए मामले सामने आए हैं। केरल के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि शुक्रवार को 41,668 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 55,29,566 हो गए। राज्य में अभी कोविड के 2,23,548 मरीजों का इलाज चल रहा है। शुक्रवार को केरल में महामारी से 106 मरीजों की मौत दर्ज की गई।

विज्ञापन

राज्यों और प्रमुख शहरों में कोरोना की स्थिति

  • उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 16,142 मामले सामने आए और 17,600 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। राज्य में 95,866 सक्रिय मामले हैं। पिछले 24 घंटों में 22 लोगों की मौत दर्ज की गई।
  • यूपी में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 14,22,24,331 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज़ लग चुकी है, इनमें से 9,29,59,038  लोगों को दूसरी डोज़ लगी है। प्रदेश में 15-18 साल के बच्चों में 70,92,929 को पहली डोज़ लग चुकी है।
  • दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 10,756 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इस दौरान 17,494 रिकवरी और 38 मौतें दर्ज की गई। सक्रिय मामले 61,954 हैं और पॉजिटिविटी रेट 5.16 फीसदी है।
  • मुंबई में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 5008 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 12,913 रिकवरी और 12 मौतें दर्ज़ की गई। सक्रिय मामले 14,178 हैं।
  • पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटों में 9,154 नए कोरोना संक्रमित मामले हैं। इस दौरान 19,112 रिकवरी और 35 मौतें दर्ज़ की गई। सक्रिय मामले 1,34,816 हैं।
  • आंध्र प्रदेश में संक्रमण की दैनिक दर 30 प्रतिशत दर्ज की गई और 13,212 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही कुल मामले बढ़कर 64,136 हो गए। राज्य में महामारी से पांच और मरीजों की मौत हो गई।
  • केरल में शुक्रवार को कोरोना वायरस के ओमीक्रॉन वैरिएंट के 54 नए मामले आए हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार केरल में अभी तक ओमीक्रॉन के 761 मामले आए हैं।
  • केरल में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर राज्य सरकार द्वारा नई पाबंदी लगाने के बीच यहां की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने दावा किया 18 वर्ष से अधिक आयु की 100 फीसदी लक्षित आबादी को कोविड-19 टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है, जबकि इस आयुवर्ग के 83 प्रतिशत लोगों को टीके की दोनों खुराक दी जा चुकी है।
  • कर्नाटक सरकार ने शुक्रवार को वीकेंड कर्फ्यू हटाने का फैसला किया, जिसे कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते मामलों को नियंत्रित करने के मकसद से लगाया गया था। हालांकि, राज्य में रात्रिकालीन कर्फ्यू जारी रहेगा। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने इस संबंध में विशेषज्ञों, मंत्रियों और अधिकारियों के साथ एक बैठक की।
  • छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों में 5029 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 193 रिकवरी और 8 मौतें दर्ज की गईं। सक्रिय मामले 30,756 हैं।
  • हरियाणा में पिछले 24 घंटों में 9655 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इस दौरान 9247 रिकवरी और 12 मौतें दर्ज की गईं। सक्रिय मामले 62,016 हैं।
  • तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 29,870 नए मामले आए हैं। इस दौरान 21,684 रिकवरी और 33 मौतें दर्ज़ की गई। सक्रिय मामले 1,87,358 हैं।
  • मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना 9603 नए मामले सामने आए, 4255 रिकवरी और 4 मौतें हुईं। सक्रिय मामले 55,085 हैं।
  • गुजरात में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 21,225 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 9254 ठीक हुए और 16 मौतें हुईं। सक्रिय मामले 10,215 हैं।
  • केरल उच्च न्यायालय ने कासरगोड जिले में एक सप्ताह के लिए 50 से अधिक लोगों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध लगा दिया है। अदालत ने कोरोना के मद्देनजर प्रतिबंध लगाने के कासरगोड जिला कलेक्टर के आदेश को रद्द करने को चुनौती देने वाली याचिका पर अंतरिम आदेश जारी किया।
केंद्र ने केरल से स्पष्टीकरण मांगा
इस बीच केंद्र ने केरल से कोरोना से हुई मौत के आंकड़ों पर स्पष्टीकरण मांगा है। इस संबंध में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने राज्य सरकार को एक पत्र लिखा है। पत्र में भूषण ने कहा कि केरल ने 22 अक्टूबर 2021 से अब तक कुल 20,563 मौतों की सूचना दी है। उन्होंने कहा कि यह देखा गया है कि पिछले 24 घंटों में राज्य की वेबसाइट पर दैनिक बुलेटिन में प्रकाशित होने वाली कोविड की मौत 24 घंटे से अधिक पुरानी मौतों का रिकॉर्ड भी प्रदान करती है, जो इस आंकड़ें के बारे में अनिश्चितता की स्थिति पैदा करती है।

गुजरात में सख्ती बढ़ाई गई 
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बताया कि राज्य के 8 बड़े शहरों और 2 शहरों के अलावा 17 कस्बों में भी नाइट कर्फ्यू लागू होगा। फिलहाल आनंद और नडियाद के अलावा अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, राजकोट, जामनगर, जूनागढ़, भावनगर और गांधीनगर में रात का कर्फ्यू लागू है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरेंद्रनगर, ध्रांग्रादरा, मोरबी, वांकानेर, धोराजी, गोंडल, जेतपुर, कलावाड़, गोधरा, विजलपुर, नवसारी, बिलिमोरा, व्यारव, व्यापर में भी 22 जनवरी से 29 जनवरी तक हर रात रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा। इसके अलावा अब सुरेंद्रनगर, ध्रांगढ़रा, मोरबी, वांकानेर, धोराजी, गोंडल, जेतपुर, कलावाड़, गोधरा, विजलपुर (नवसारी), नवसारी, बिलिमोरा, व्यारा, वापी वलसाड, भरूच, अंकलेश्वर में भी नाइट कर्फ्यू लगाया जाएगा।  होटल और रेस्तरां को 24 घंटे होम डिलीवरी सेवा जारी रखने की अनुमति होगी।


दुनिया में 35.95 लाख नए केस, अंटार्कटिका पहुंचा वायरस

  • दुनिया में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट का कहर अभी कम नहीं हो रहा। पिछले एक दिन में कोरोना संक्रमितों का वैश्विक रिकॉर्ड 35.54 लाख दर्ज किया गया जबकि मृतक संख्या भी 9,074 पाई गई। यह संख्या एक दिन पहले आए मामलों से करीब एक लाख ज्यादा है। इस बीच, महामारी शुरू होने के दो साल बाद पहली बार अंटार्कटिका के बर्फीले क्षेत्र में भी 69 लोग संक्रमित पाए गए हैं। टार्कटिका के अर्जेंटीनियाई शोध केंद्र में 45 वैज्ञानिकों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है जबकि यहां तैनात सैन्य कर्मियों में से 24 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
  • इस बीच, अब तक दुनिया में कुल संक्रमितों की संख्या 34.35 करोड़ का आंकड़ा पार कर गई है। नए संक्रमितों के दैनिक मामलों में अमेरिका 7.27 लाख मरीजों के साथ शीर्ष पर है, जबकि 4.36 लाख नए मामलों के साथ फ्रांस दूसरे नंबर पर रहा। फ्रांसीसी पीएम जीन कास्टेक्स ने कहा है कि देश में फरवरी में कोरोना केस कम होंगे और इस दौरान लोगों को नियमों में ढील दी जाएगी। इस बीच, संक्रमण बढ़ता देख ऑस्ट्रियाई संसद के निचले सदन ने अनिवार्य टीकाकरण बिल को मंजूरी दे दी है। यह कानून 1 फरवरी से लागू होगा।


नेपाल ने बढ़ाई सख्ती, स्कूल बंद
नेपाल की राजधानी में ओमिक्रॉन वैरिएंट के बढ़ते मामलों को देखते हुए सख्ती कर दी गई है। यहां स्कूल बंद कर दिए गए हैं और लोगों को बाजारों से खरीदारी के वक्त सार्वजनिक रूप से टीकाकरण कार्ड ले जाने का आदेश दिया गया है। यहां धार्मिक त्योहारों पर पाबंदी लगा दी गई है और होटलों में मेहमानों को हर तीन दिनों में परीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।

जापान के 13 शहरों में सख्त उपाय लागू
जापान में शुक्रवार को कोविड-19 के नए मामलों में रिकॉर्ड वृद्धि को देखते हुए सख्ती के साथ नए उपाय लागू कर दिए गए हैं। सरकार ने टोक्यो और 12 अन्य शहरों में व्यावसायिक गतिविधियों पर पाबंदी लागू करने का अधिकार अफसरों को दे दिया है। देश में बृहस्पतिवार को संक्रमण का राष्ट्रव्यापी आंकड़ा 46,000 के अंक को पार कर उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। इसे देखते हुए 13 शहरों में रेस्तरां संचालन के घंटे कम करने, शराब बिक्री रोकने और आपातकाल के विभिन्न स्तरों की घोषणा कर दी गई है।

जर्मनी में हर दिन आ सकते हैं छह लाख मामले
जर्मनी में शुक्रवारको रिकॉर्ड 1,40,160 नए कोरोना मामले दर्ज किए गए। स्वास्थ्य मंत्री ने चेतावनी दी है कि देश फरवरी मध्य तक हर दिन कम से कम चार लाख मामले देख सकता है। उन्होंने कहा, यदि बूस्टर खुराक कम सुरक्षात्मक साबित हुई तो यह संख्या प्रतिदिन छह लाख तक भी पहुंच सकती है। सूत्रों ने बताया कि आगामी दिनों में अस्पतालों में गहन देखभाल में मरीजों की संख्या काफी बढ़ सकती है।

पांचवीं लहर का सामना कर रहा पाक
पाकिस्तान में कोविड-19 महामारी शुरू होने के बाद से लेकर अब तक एक दिन में संक्रमण के सर्वाधिक 7,678 नए मामले शुक्रवार को आए, जो महामारी की पांचवी लहर का सामना कर रहे देश के लिए चिंताजनक स्थिति का संकेत हैं। मंत्रालय ने बताया कि देश में कोविड-19 संक्त्रस्मण दर बढ़कर 12.93 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें