चीन से फैले खतरनाक कोरोनावायरस ने अब दिल्ली में भी दस्तक दे दी है। इस खतरनाक वायरस से अब तक करीब 3000 लोगों की जान जा चुकी है और 90 हजार के आसपास लोग संक्रमित हैं। समस्या यह है कि अभी तक इसका इलाज नहीं ढूंढा जा सका है।
चीन के बाद इस वायरस ने ईरान, हांगकांग, जापान, इटली समेत दर्जनों देशों को अपनी चपेट में ले लिया है। कोरोनावायरस के दो नए मामले सोमवार को भारत में सामने आए हैं। एक दिल्ली में और दूसरा तेलंगाना में। देश में अब तक कुल पांच मरीजों में इस वायरस की पुष्टि हो चुकी है।
ऐसे में एहतियाती कदम ही सबसे बड़ा बचाव साबित हो सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की एडवाइजरी के मुताबिक रोजमर्रा के जीवन में हम अगर हम छोटे-छोटे काम करते हैं, तो संक्रमण का खतरा काफी कम हो जाएगा।
1. नियमित तौर पर हाथ धोएं
- दिन में कई बार नियमित तौर पर साबुन और पानी से हाथ को कम से कम 20 सेकेंड तक धोएं। बैक्टीरिया मारने वाला अच्छा सेनेटाइजर का भी उपयोग कर सकते हैं।
- ऐसा करने से हाथों पर रहने वाले वायरस से छुटकारा मिल जाएगा।
2. उचित दूरी बनाकर रखें
- अपने आसपास के लोगों के साथ कम से कम 3 फीट का फासला बनाए रखने की कोशिश करें। खासतौर से उस व्यक्ति से जिसे खांसी या जुकाम हो।
- जब कोई व्यक्ति खांसता है या छींकता है, तो हवा में वायरस फैल जाते हैं। अगर आप ज्यादा करीब रहेंगे तो सांस के रास्ते ये वायरस आपके शरीर में जा सकता है।
3. नाक, मुंह और आंखों को बार-बार न छुएं
- अक्सर हम अपनी नाक, मुंह और आंखों को बार-बार छूते रहते हैं। ऐसा न करें।
- हथेलियां कई सतहों को छूती हैं। ऐसे में उस पर वायरस होते हैं। दूषित हथेली से वायरस नाक, मुंह या आंखों के जरिए शरीर में जा सकता है।
4. छींकते वक्त टिशू का इस्तेमाल करें
- अपने आसपास सफाई का खासतौर से ख्याल रखें। ध्यान रहे कि छींकते या खांसते वक्त नाक और मुंह को टिशू से ढंक लें और तुरंत बाद इस टिशू को डस्टबीन में फेंक दें।
- छींकने से निकलने वाले तरल पदार्थ में ढेरों वायरस होते हैं और ये तेजी से फैल सकते हैं।
5. बुखार, खांसी-जुकाम को हल्के में न लें
- अगर आपको बुखार, खांसी है या सांस लेने में परेशानी हो रही है तो तुरंत डॉक्टर से मिलें। कोशिश करें कि घर पर ही रहें।
- डॉक्टर से तुरंत संपर्क करने से बीमारी को शुरुआत में ही पकड़ा जा सकता है।