फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना वायरस का कहर: अबतक ये अहम गतिविधियां, आयोजन और दौरे हुए रद्द 

Sun, 15 Mar 2020 10:02 PM IST
Amit Mandal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
कोरोना वायरस का असर - फोटो : PTI
विज्ञापन

देश में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ता ही जा रहा है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग और अस्पतालों की चुस्ती के कारण इससे प्रभावित मरीज स्वस्थ भी हो रहे हैं। बावजूद इसके कोरोना वायरस का खौफ इस कदर पसरा हुआ है कि देश में कई कार्यक्रम रद्द किए गए हैं। कहीं खेल आयोजनों पर संकट छा गया तो कहीं प्रधानमंत्री के अहम दौरे रद्द हो गए। जानिए इसके चलते अब तक किन-किन अहम आयोजनों और दौरों पर असर पड़ा है। 

विज्ञापन


बॉलीवुड में फिल्म निर्माण गतिविधियां बंद

मुंबई में फिल्म निर्माण की सारी गतिविधियां कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए रोक देने का फैसला लिया गया है। रविवार को मुंबई में फिल्म निर्माताओं, फिल्म निर्देशकों और फिल्म कारीगरों की यूनियनों की संयुक्त बैठक में ये फैसला लिया गया। कोरोना वायरस का संक्रमण भारत में दूसरे चरण में है और इसे तीसरे चरण में पहुंचने से रोकने के लिए पूरे महाराष्ट्र के स्कूल, सिनेमाघर, रंगशालाएं, शॉपिंग मॉल्सपहले से ही बंद किए जा चुके हैं।

इंडियन मोशन पिक्चर्स प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (इम्पा), वेस्टर्न इंडिया फिल्म प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (डब्लूआईएफपीए), इंडियन फिल्म एंड टीवी प्रोड्यूसर्स काउंसिल (आईएफटीपीसी), इंडियन फिल्म एंड टीवी डायरेक्टर्स एसोसिएशन (इफ्टडा) और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एमप्लाईज (एफडब्लूआईसीई) की रविवार में मुंबई में हुई संयुक्त बैठक में कोरोना कोविड 19 वायरस के भारत में लगातार फैलते जाने की स्थिति पर चर्चा की गई। चर्चा के दौरान सभी संगठनों के प्रनितिधियों ने ये माना कि इन हालत में शूटिंग जारी रखना ठीक नहीं है क्योंकि हर फिल्म, टीवी या वेब सीरीज की शूटिंग के दौरान सैकड़ों लोग तक एक साथ मौजूद रहते हैं।
विज्ञापन


16 मार्च से करतारपुर कॉरिडोर बंद 

कोरोना वायरस के कारण गृह मंत्रालय के आदेश पर 16 मार्च से करतारपुर कॉरिडोर बंद कर दिया जाएगा। कोरोना वायरस की दहशत के चलते केंद्र सरकार ने सोमवार से करतारपुर कॉरिडोर आगामी आदेश तक बंद कर दिया है।  

वाराणसी-काठमांडू बस सेवा बंद 

कोरोना वायरस का असर आए दिन परिवहन विभाग के साथ हवाई उड़ानों पर भी असर पड़ रहा है। यात्री नहीं मिलने के कारण कई उड़ानें निरस्त कर दी हैं। इसके साथ ही वाराणसी-काठमांडू बस सेवा भी बंद कर दी गई। वाराणसी एयरपोर्ट पर कोरोना वायरस के चलते शनिवार को बैंकॉक से आने वाले थाईस्माइल एयरवेज का विमान डब्ल्यूई 355, कुआलालंपुर से आने वाला मलिंडो एयरलाइंस का विमान ओडी 290 और थाई एयर एशिया का विमान एफडी 108 की उड़ानें निरस्त कर दी गईं। विमान कंपनियों के सूत्रों के अनुसार, यात्री नहीं मिलने के कारण यह निर्णय लिया गया है।

अटारी-वाघा बॉर्डर पर बिना दर्शकों के रिट्रीट सेरेमनी

कोरोनावायरस की दहशत के बीच केंद्र सरकार ने 6 मार्च को भारत-पाकिस्तान के बीच अमृतसर में अटारी-वाघा बॉर्डर और फिरोजपुर के हुसैनीवाला बॉर्डर पर होने वाली रिट्रीट सेरेमनी के दौरान लोगों के जुटने पर आगामी आदेश तक पाबंदी लगा दी। बीएसएफ ने स्पष्ट किया कि लोगों के न आने से उनकी ड्यूटी में कोई फर्क नहीं पड़ेगा। वे ध्वजारोहण व अन्य ड्रिल करते रहेंगे। यह पहला अवसर है जब दुनिया भर में फैल रही किसी बीमारी की वजह से रिट्रीट सेरेमनी पर पाबंदी लगाई गई हो। 

पीएम का बांग्लादेश दौरा भी हुआ था रद्द 

कोरानावायरस के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 17 मार्च का बांग्लादेश दौरा रद्द किया गया था। दरअसल, बांग्लादेश सरकार ने शेख मुजीबुर रहमान की जयंती शताब्दी समारोह सार्वजनिक स्वास्थ्य घटनाओं को देखते हुए या तो स्थगित कर दिया है या कार्यक्रम को सीमित कर दिया है। इसी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री को शिरकत करने के लिए ढाका जाना था। 

ब्रुसेल्स दौरा भी रद्द 

कोरोनावायरस के चलते ही प्रधानमंत्री ने अपना ब्रुसेल्स दौरा भी रद्द कर दिया था, जहां यूरोपीय संघ की बैठक में उन्हें हिस्सा लेना था। 

आईपीएल भी टला 

कोरोना वायरस की वजह से आईपीएल की तारीखों को आगे बढ़ाया गया। अब इसका आयोजन 29 मार्च की जगह 15 अप्रैल से होगा। 13 मार्च को बीसीसीआई ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए जानकारी साझा की। हालांकि, 15 अप्रैल से भी इसके आयोजन पर संकट के बादल नजर आ रहे हैं। 
विज्ञापन

 

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें