नागपुर के मेयो अस्पताल से शुक्रवार शाम भागे पांच संदिग्ध मरीजों में से तीन शनिवार को लौट आए। आइसोलेशन वार्ड में भर्ती इन पांच मरीजों में से एक की रिपोर्ट नेगेटिव थी, बाकी की आनी बाकी है। इस घटना के बाद आइसोलेशन वार्ड के बाहर पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया है।
वहीं, केरल के अलपुझा मेडिकल कॉलेज अस्पताल से पुलिस को चमका देने वाले अमेरिकी दंपती को कोच्चि एयरपोर्ट पर पकड़ लिया गया। उन्हें निगरानी में रखा गया है। बुखार व खांसी की शिकायत पर दंपती को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था, लेकिन वे भाग निकले। यह दंपती दोहा होते हुए लंदन से कोच्चि आया था।
इटली में फंसे 21 भारतीय केरल पहुंचे
कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में शामिल इटली में फंसे 21 भारतीय यात्रियों को शनिवार सुबह कोच्चि लाया गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, सभी यात्रियों को जांच के लिए अलुवा अस्पताल ले जाया गया। इस बीच कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने टर्मिनलों पर यात्रियों के प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
साथ ही यात्रियों से उनके साथ एयरपोर्ट आने वाले लोगों की संख्या कम करने को कहा गया है। गौरतलब है कि डीजीसीए ने इटली, दक्षिण कोरिया से आने वाले यात्रियों को इन देशों से कोरोना की जांच में संक्रमित न पाए जाने के प्रमाण पत्र लेने की शर्त लगाई थी। इसके बाद इटली व अमीरात की एयरलाइंस ने उन्हें भारत लाने से इनकार कर दिया था।
कोरोना के खतरे के मद्देनजर भारत में अमेरिकी दूतावास व वाणिज्य दूतावास ने सोमवार से वीजा संबंधी प्रक्रियाओं को रद्द कर दिया है। दूतावास की ओर से कहा गया, कोविड-19 महामारी को देखते हुए 16 मार्च, 2020 से प्रवासी व गैर प्रवासी वीजा प्रक्रियाएं रद्द की जा रही हैं। जब मिशन इंडिया दूतावास संबंधी नियमित कामकाज शुरू करेगा तो फिर से प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
विदेश से आए 12 लाख यात्रियों की स्क्रीनिंग: पुरी
केंद्रीय विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया, देश के विभिन्न एयरपोर्ट पर अब तक विदेश से आए लगभग 12 लाख यात्रियों की जांच हुई है। ‘विंग्स इंडिया 2020’ कार्यक्रम में शामिल पुरी ने कहा, कोरोना के चलते कुछ समय के लिए घरेलू उड़ानों में 15 से 20 फीसदी कमी आएगी।
महाराष्ट्र के बुलढाणा में सऊदी अरब से लौटे 71 वर्षीय संदिग्ध मरीज की मौत हो गई। उसे मधुमेह और उच्च रक्तचाप की शिकायत थी। उसके सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। वहीं, बढ़ते खतरे को देखते हुए राष्ट्रपति भवन में 26 मार्च और 3 अप्रैल को होने वाला पद्म अलंकरण समारोह भी टाल दिया गया है। नई तारीख का एलान बाद में होगा।