फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोनावायरस: आगरा और गाजियाबाद में मिले दो मरीज, भारत में कुल 41 मामले हुए

Sun, 08 Mar 2020 10:49 PM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बीजिंग/ नई दिल्ली

खास बातें

भारत में अब कोरोनावायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 41 हो गई है। इनमें से 23 भारतीय और 16 विदेशी नागरिक शामिल हैं। रविवार को केरल में पांच नए मरीजों की पुष्टि हुई है। वहीं, चीन में रविवार को इस वायरस से 27 और लोगों की मौतें हुई हैं, जो कि एक महीने से अधिक समय में एक दिन में मौतों की सबसे कम संख्या है। यहां पढ़ें पल-पल का अपडेट:-
विज्ञापन
कोरोना वायरस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:48 PM, 08-Mar-2020

ईरान से भारतीय तीर्थयात्रियों की वापसी के लिए प्रयास जारीः विदेश मंत्री 

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को कहा कि ईरान के कोम शहर से भारतीय तीर्थयात्रियों की वापसी के लिए प्रयास जारी हैं और ईरानी अधिकारियों के साथ इन मामलों पर चर्चा की जा रही है।
जयशंकर ने यह भी कहा कि ईरान में भारतीय मछुआरों के बीच कोरोनावायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है।

10:40 PM, 08-Mar-2020

महाराष्ट्र और गुजरात में कोरोनावायरस के सभी संदिग्ध जांच में नकारात्मक पाए गए 

महाराष्ट्र और गुजरात में कोरोनावायरस के सभी संदिग्ध मामले जांच में नकारात्मक पाए गए। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने रविवार को कहा कि अस्पताल में भर्ती 258 लोगों के नमूनों की जांच नकारात्मक पाई गई है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

वहीं गुजरात सरकार ने भी रविवार को कहा कि कोरोना वायरस की आशंका के चलते जांच के लिए भेजे गए सभी 47 नमूने नकारात्मक पाए गए हैं।

10:34 PM, 08-Mar-2020

फ्रांस, संयुक्त राज्य अमेरिका और स्पेन के लिए भी समर्पित एरोब्रिज

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के विशेष सचिव संजीवा कुमार ने कहा है कि कोरोनावायरस के बढ़ते मामले को देखते हुए भारत सरकार द्वारा 12 देशों के अलावा फ्रांस, संयुक्त राज्य अमेरिका और स्पेन के लिए भी समर्पित एरोब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया है।

विज्ञापन
10:24 PM, 08-Mar-2020

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में आइसोलेशन वार्ड में एक व्यक्ति की मौत

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में रविवार को एक व्यक्ति की अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में मौत हो गई है। इस व्यक्ति को डायबिटिज थी। जानकारी के मुताबिक सऊदी अरब से लौटे व्यक्ति को एक दिन पहले ही अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 

09:53 PM, 08-Mar-2020

रविवार को आगरा और गाजियाबाद में एक-एक व्यक्ति पॉजिटिव

रविवार को आगरा और गाजियाबाद का एक-एक व्यक्ति पॉजिटिव मिला है। आगरा का नया मरीज संक्रमित लेखाधिकारी परिवार का सदस्य है। प्रदेश में अब कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। अब तक कुल 409 लोगों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। जिनमें से 308 निगेटिव आए हैं।

विज्ञापन
08:57 PM, 08-Mar-2020

इटली की दंपती की स्थिति में हो रहा सुधार 

जयपुर के अस्पताल में भर्ती इटली की दंपती में सुधार हो रहा है। एसएमएस अस्पताल के अपर मुख्य सचिव रोहित कुमार सिंह ने बताया कि इतालवी पुरुष को अब बुखार नहीं है और उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। उसकी पत्नी की स्थिति भी पहले से सुधर रही है। 

08:45 PM, 08-Mar-2020

टिकट रद्द करने पर गोएयर नहीं लेगा कोई शुल्क

विमानन कंपनी गोएयर ने रविवार को घोषणा की है कि 30 अप्रैल तक टिकट रद्द करने पर किसी तरह की कैंसिलेशन फीस नहीं लेगा। यह सुविधा 8 मार्च से 30 अप्रैल के बीच टिकट बुक कराने वालों पर लागू होगी। यात्रा से 14 दिन पहले तक टिकट रद्द कराई जा सकती है। 

06:38 PM, 08-Mar-2020

बांग्लादेश में तीन नए कोरोनावायरस के मामले सामने आए

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश ने रविवार को देश में कोरोनोवायरस के पहले तीन मामलों की पुष्टि की। ढाका ट्रिब्यून ने बताया कि संक्रमितों में दो पुरुष और एक महिला शामिल है। शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में तीन लोगों के नमूने पॉजीटिव पाए गए हैं। 

इंस्टीट्यूट ऑफ एपिडेमियोलॉजी, डिजीज कंट्रोल एंड रिसर्च की निदेशक मीरजादी सबरीना फ्लोरा ने कहा ने कहा कि पीड़ितों में से दो हाल ही में इटली से लौटे थे, जबकि दूसरा वापसी करने वालों में से एक का रिश्तेदार है। 

06:37 PM, 08-Mar-2020

अमेरिका से आये एक लड़के को चिकित्सकीय निगरानी के लिए अस्पताल भेजा गया

दोहा के रास्ते अमेरिका से यहां पहुंचे 15 वर्षीय एक किशोर हवाई अड्डे पर मेडिकल जांच के दौरान बुखार से पीड़ित पाया गया जिसके बाद उसे निगरानी के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

06:37 PM, 08-Mar-2020

चीन में पृथक केंद्र के तौर पर इस्तेमाल हो रहा होटल ढहा, दस लोगों की मौत

कोरोनावायरस के खतरे के बीच दक्षिण पूर्वी चीन के फुजियान प्रांत में पृथक केंद्र के रूप में इस्तेमाल हो रहे एक होटल के ढह जाने से दस लोगों की मौत हो गई।

06:37 PM, 08-Mar-2020

बसों, मेट्रो को नियमित आधार पर संक्रमण मुक्त किया जाए: केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को बताया कि उनकी सरकार ने कोरोनावायरस से निपटने के लिए एहतियातन कदम उठाते हुए डीटीसी एवं कलस्टर बसों, मेट्रो और अस्पतालों को नियमित आधार पर संक्रमण मुक्त करने के आदेश दिए हैं।

06:37 PM, 08-Mar-2020

एम्स को नयी आपातकाल शाखा में पृथक बिस्तर तैयार रखने के निर्देश

कोरोनावायरस से निपटने के लिए सुविधाओं में बढ़ोतरी करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एम्स प्रशासन से कहा है कि जय प्रकाश नारायण एपेक्स ट्रॉमा सेंटर की नई आपातकालीन शाखा के एक हिस्से में संदिग्ध कोविड- 19 रोगियों के लिए पृथक बिस्तर तैयार रखा जाए।

06:36 PM, 08-Mar-2020

कतर एयरवेज ने कहा, भारतीय स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ मिलकर कर रहे काम

कतर एयरवेज ने कहा कि वह भारतीय स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं नयी दिल्ली, कतर एयरवेज की कोच्चि की उड़ान के कुछ यात्रियों के कोरोनावायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद विमानन कंपनी ने रविवार को कहा कि इस मामले में वह भारतीय स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है।

06:36 PM, 08-Mar-2020

कोरोनावायरस के खतरे को देखते हुए एएफआई, सियारा के कार्यक्रम रद्द

लॉस एंजिलिस, कोरोनावायरस संक्रमण को देखते हुए अमेरिकी फिल्म संस्थान (एएफआई) ने अपना लाइफ टाइम एचीवमेंट अवार्ड कार्यक्रम रद्द कर दिया है और गायिका सियारा ने अपने कंसर्ट का समय आगे बढ़ा दिया है।

06:36 PM, 08-Mar-2020

एनआईवी के वैज्ञानिक नमूनों की जांच के लिए ‘24 घंटे’ काम कर रहे हैं

महाराष्ट्र के पुणे में स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी) के वैज्ञानिक सुरक्षात्मक गाउन, चश्में, एन-95 मास्क और दस्तानों जैसी रक्षात्मक चीजे पहनकर घातक कोरोनावायरस का पता लगाने के लिए ‘24 घंटे’ नमूनों की जांच के काम में जुटे हैं। वहीं, देशभर में फैले इसके सहयोगी केंद्र भी ऐसे नमूनों की जांच रहे हैं।

06:36 PM, 08-Mar-2020

जियो, बीएसएनएल ने अपने कॉलर ट्यून पर लगाया कोरोनावायरस जागरुकता संदेश

रिलायंस जियो और बीएसएनएल ने अपने सेवा नेटवर्क पर लोगों को कॉलर ट्यून के रूप में 30 सेकेंड का कोरोनावायरस पर जागरुकता संदेश सुनाना शुरू कर दिया है। अन्य कंपनियों को दूरसंचार विभाग के तत्संबंधी निर्देश का अभी पालन नहीं किया है।

06:36 PM, 08-Mar-2020

अरुणाचल प्रदेश ने विदेशी यात्रियों के आने पर प्रतिबंध लगाया

अरुणाचल प्रदेश में विदेशी यात्रियों के आने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। सरकार की तरफ से यह फैसला कोरोनावायरस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए लिया गया है। गौरतलब हो कि भूटान में भी कोरोनावायरस के मामले सामने आए है और राज्य की सीमा भूटान से लगती है। 

वहीं, अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी सियांग जिले में कोरोनावायरस के संबंध में सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना पोस्ट करने के लिए एक व्यक्ति पर मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि पासीघाट पुलिस थाने में शुक्रवार को जिला चिकित्सा अधिकारी कलिंग दाई द्वारा दर्ज शिकायत के आधार पर सुबु केना शेरिंग के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। 

06:35 PM, 08-Mar-2020

चीन में रविवार को कोरोना से 27 लोगों की मौत

चीन में कोरोना वायरस से रविवार को 27 और लोगों की मौत हो गई जो पिछले करीब एक महीने में मृतकों की एक दिन में सबसे कम संख्या है। साथ ही जनवरी के बाद से इस विषाणु से संक्रमित लोगों की संख्या पहली बार 50 से कम दर्ज की गई है। चीन में अब तक कोरोनावायरस से 3,097 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, इस वायरस से चीन में अब तक 80,701 लोग संक्रमित पाए गए हैं। 

04:54 PM, 08-Mar-2020

ईरान में रविवार को कोरोनावायरस से 49 मौतें हुई

ईरान में कोरोनावायरस से रविवार को 49 मौतें हुई हैं। ईरान में अब तक इस जानलेवा वायरस से 194 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, कोरोना के प्रकोप को देखते हुए ईरान एयर ने कहा है कि वह अनिश्चिकालीन के लिए यूरोप की उड़ानों को स्थगित कर रहा है। 

02:36 PM, 08-Mar-2020

यूपी के बरेली में कोरोना का संदिग्ध मरीज

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के सुभाषनगर में कोरोनावायरस का एक संदिग्ध मरीज सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति 24 फरवरी को अफ्रीका के केन्या से लौटा है। एहतियातन उसे आइसोलोशन वार्ड में रखा गया है। अभी उसकी जांच नहीं हुई है।

01:45 PM, 08-Mar-2020

दिल्ली में 337 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेज गए- केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली में कोरोनावायरस के अब तक तीन पॉजिटिव और एक संदिग्ध मामले सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि तीनों संक्रमित मरीजों के संपर्क में कई लोग आए थे, जिन्हें पृथक किया गया है। साथ ही जांच के लिए उनके ब्लड सैंपल भी लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पहला मरीज 105 लोगों के संपर्क में आया, दूसरा मरीज 168 लोगों के संपर्क में आया और तीसरा मरीज 64 लोगों के संपर्क में आया। यानि कुल 337 लोगों को संक्रमित मरीज के संपर्क में आने की वजह से पृथक (क्वारंटाइन) किया गया है और उनके ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ने डीटीसी, क्लस्टर बसों, मेट्रो और अस्पतालों की प्रतिदिन सफाई करने का आदेश दिया है।

12:46 PM, 08-Mar-2020

तमिलनाडु में संदिग्ध 1086 मरीज को घर में ही निगरानी में रखा गया

तमिलनाडु की स्वास्थ्य सचिव बीला राजेश ने बताया कि जो व्यक्ति कोरोनावायरस से संक्रमित पाया गया है। उसे चेन्नी के एक अस्पताल में निगरानी में रखा गया है। हम उसके संपर्क में आने वाले लोगों का पता लगा रहे हैं। इसके अलावा, हम बाहर से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की स्क्रीनिंग भी कर रहे हैं।

स्वास्थ्य सचिव ने बतया कि हम पूरी तरह से तैयार हैं। इस बीमारी को रोकने के लिए हम जरूरी प्रक्रियाएं अपना रहे हैं। कोरोनावायरस के संदिग्ध 1086 लोगों को घर में ही निगरानी में रखा गया है।
 

 

12:42 PM, 08-Mar-2020

वॉशिंगटन में कोरोनावायरस का पहला मामला सामने आया

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में करीब 50 साल के शख्स को कोरोनावायरस होने की पुष्टि हुई है। इसे राजधानी का पहला मामला माना जा रहा है। इसके अलावा मैरीलैंड में भी एक अन्य व्यक्ति के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।कोलंबिया के मेयर मुरील बोसर ने शनिवार को कहा कि संक्रमित व्यक्ति में फरवरी के अंत से ही कोविड-19 के लक्षण दिखने शुरू हो गए थे।

उन्होंने बताया कि मरीज को गुरुवार को वॉशिंगटन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि वह अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर कभी नहीं गया और न ही अमेरिका में किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आया। अब अधिकारियों ने व्यक्ति की गतिविधियों का पता लगाना शुरू कर दिया है। राजधानी वॉशिंगटन में पहला मामला सामने आने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि कोरोना वयरस के व्हाइट हाउस के नजदीक आने को लेकर वह कतई फिक्रमंद नहीं हैं। अधिकारियों ने कहा कि राजधानी में हाल में हुए राजनीतिक सम्मेलन में हिस्सा लेने वाले एक शख्स को भी कोरोनावायरस होने की पुष्टि हुई है। इस सम्मेलन को खुद ट्रंप ने संबोधित किया था।

11:07 AM, 08-Mar-2020

केरल में कोरोनावायरस के पांच नए मरीजों की पुष्टि

भारत में कोरोनावायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। रविवार को केरल में पांच नए मरीजों की पुष्टि हुई है। केरल के स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने बताया कि कोरोनोवायरस के पांच नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इन मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। इनमें से तीन लोग हाल ही में इटली से लौटे थे। संक्रमित पांचों लोग  पटनमथिट्टा जिले के निवासी हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पांच में से तीन लोग 29 फरवरी को इटली से लौटे हैं जबकि दो अन्य लोग उनके संबंधी हैं। सभी संक्रमित लोगों को पटनमथिट्टा जनरल अस्पताल में पृथक और निगरानी में रखा गया है। शनिवार रात उनके वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इससे पहले भी राज्य में तीन लोग वायरस से संक्रमित पाए गए थे। जिन्हें इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

 

10:20 AM, 08-Mar-2020

सिंगापुर में संक्रमित मरीजों की संख्या 138

सिंगापुर में कोरोनावायरस के आठ नए मामले सामने आए हैं, जिसके साथ ही देश में इससे संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 138 हो गई है। इनमें से एक मामला सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग के निर्वाचन क्षेत्र से सामने आया है।प्रधानमंत्री लूंग ने शनिवार शाम कहा कि नए मामलों में से एक मामला उनके निर्वाचन क्षेत्र टेक गी जोन-जे से सामने आया है। मंत्रालय ने कहा कि कोविड-19 से संक्रमित पाए गए आठ लोगों को नाजुक हालत में आईसीयू में भर्ती कराया गया है और 48 लोगों की हालत स्थिर है और उसमें सुधार हो रहा है।

10:18 AM, 08-Mar-2020

इटली में सिनेमाघरों, थियेटरों और संग्रहालयों को बंद करने के आदेश

उत्तरी इटली में लाखों लोगों को रविवार तड़के जबरन अलग-थलग कर दिया गया। घातक कोरोनावायरस को फैलने से रोकने के सरकार के कठोर प्रयासों के तहत यह कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री ग्यूसेप कोंटे ने ट्विटर पर बताया कि उन्होंने वेनिस और मिलान समेत उत्तरी इटली के बड़े हिस्सों में आवाजाही पर सख्त पाबंदियां लगाने की योजना पर हस्ताक्षर किए हैं। कोंटे ने कहा कि कोरोनावायरस के संबंध में अंतत: नया आदेश स्वीकृत किया गया।

इटली ने कोरोनावायरस को फैलने से रोकने के प्रयासों के तहत देश भर के सिनेमाघरों, थियेटरों और संग्रहालयों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। प्रधानमंत्री ग्यूसेप कोंटे के हस्ताक्षर वाले शासनादेश में यह जानकारी दी गई है। सरकारी वेबसाइट पर प्रकाशित आदेश के मुताबिक उत्तरी इटली के कई इलाकों में 1.5 करोड़ लोगों को जबरन घरों में बंद रखने के अलावा सरकार ने देश भर में स्कूलों, नाइट क्लबों और कसीनो को भी बंद कर दिया गया है।

10:04 AM, 08-Mar-2020

अर्जेंटीना में कोरोनावायरस से मौत का पहला मामला

अर्जेंटीना में कोरोनावायरस संक्रमण से 64 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। देश में संक्रमण से मौत का यह पहला मामला है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मरीज ब्यूनस आयर्स में रहते थे। वह हाल में यूरोप की यात्रा पर गए थे, जहां से लौटने के बाद, उन्हें जुकाम, बुखार और गले में तकलीफ होने की समस्या हुई थी। इसके बाद उनके खून के नमूनों की जांच की गई तो उन्हें कोरोनावायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई।

पेरू में संक्रमित मरीजों की संख्या छह हुई
इसके अलावा पेरू में शनिवार को कोविड-19 के पांच नए मामले सामने आए। इसी के साथ देश में संक्रमण के छह मामले हो गए हैं। परागुआ ने कहा कि उसके देश में पहला मामला सामने आया है, जबकि चिली ने कहा कि उसके यहां सात मामले सामने आए हैं।

10:00 AM, 08-Mar-2020

इटली में मरने वालों की संख्या 233 हुई, करीब 6000 लोग संक्रमित

इटली में कोरोनावायरस के संक्रमण से शनिवार को और 36 लोगों की मौत के साथ देश में इससे मरने वालों की संख्या 233 तक पहुंच गई। वहीं, एक दिन में सबसे अधिक 1,247 नए मामले सामने आए हैं जिससे संक्रमितों की तादाद 5,883 पहुंच गई है। इटली में कोरोनावायरस के संक्रमण से चीन के बाद सबसे अधिक मौतें हुई हैं जबकि संक्रमित मरीजों की संख्या के मामले में चीन और दक्षिण कोरिया के बाद वह तीसरा सबसे अधिक प्रभावित देश है। इटली के सभी 22 क्षेत्रों से कोरोनावायरस के संक्रमण के मामले सामने आए हैं।

09:52 AM, 08-Mar-2020

भारत में अब तक 34 संक्रमित मरीज

भारत में अब कोरोनावायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 34 हो गई है। इनमें से 18 भारतीय और 16 विदेशी नागरिक शामिल हैं। 18 भारतीयों में से केरल में मिले तीन को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। इसके अलावा लद्दाख में दो, तमिलनाडु, तेलंगाना, जयपुर और गाजियाबाद में एक-एक, दिल्ली में तीन और आगरा में एक ही परिवार के छह मरीज इससे संक्रमित हैं।

लद्दाख के जिन दो बुजुर्गों में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है, वे ईरान से लौटे थे। तमिलनाडु में पॉजिटिव मिला शख्स ओमान से लौटा है। पंजाब के होशियारपुर निवासी पिता-पुक्ष और दिल्ली में पेटीएम कर्मचारी की पत्नी शुरुआती जांच में संक्रमित मिले हैं। सभी के सैंपल जांच के लिए पुणे भेजे गए हैं। वहीं, जम्मू में गंभीर लक्षण वाले दो मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। यूपी समेत कई राज्यों में बायोमेट्रिक हाजिरी पर रोक लगा दी गई है। जम्मू-कश्मीर में सभी प्राथमिक स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इसी बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने मंत्रियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर आइसोलेशन के लिए सुविधा और सही स्थानों की पहचान करने का निर्देश दिया है।

09:31 AM, 08-Mar-2020

कोरोनावायरस:आगरा और गाजियाबाद में मिले दो मरीज, भारत में कुल 41 मामले हुए

दुनियाभर में कोरोनावायरस का कहर बढ़ता ही जा रहा है। भारत समेत दुनिया के 96 देशों को चपेट में ले चुके इस वायरस से अब तक 3500 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। इससे संक्रमित मरीजों की संख्या दुनियाभर में बढ़कर 1,01,927 हो गई है। वहीं, चीन में रविवार को कोरोनावायरस से मरने वालों की संख्या में कमी आई है। चीन में कोरोनावायरस से रविवार को 27 और लोगों की मौत हो गई जो पिछले करीब एक महीने में मृतकों की एक दिन में सबसे कम संख्या है। साथ ही जनवरी के बाद से इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या पहली बार 50 से कम दर्ज की गई है।

चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) ने बताया कि सभी 27 लोगों की मौत मध्य हुबेई प्रांत में हुई जो कोरोनावायरस से सबसे अधिक प्रभावित है। रविवार को सामने आए 44 नए मामलों में से 41 हुबेई प्रांत के वुहान के हैं। चीन के मुख्य भूभाग में शनिवार तक संक्रमित लोगों की संख्या 80,695 हो गई जबकि इससे मरने वाले लोगों की संख्या 3,097 पर पहुंच गई है। एनएचसी ने बताया कि 20,500 से अधिक मरीजों का अब भी इलाज चल रहा है और 57,065 लोगों को बीमारी से उबरने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

इसके अलावा शनिवार को विदेश से आने वाले तीन लोगों में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई जिसमें से दो मामले बीजिंग में और एक मामला गान्सू प्रांत में सामने आया। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने शनिवार को बताया कि 93 देशों में कोविड-19 के कुल 21,114 मामलों की पुष्टि हुई है। दुनियाभर में इससे संक्रमित मामलों की संख्या बढ़कर 1,01,927 हो गई है।


राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के अनुसार, वायरस से 27 और लोगों की मौतें हुई हैं, जो कि एक महीने से अधिक समय में एक दिन में मौतों की सबसे कम संख्या है। इसके साथ ही चीन में इस वायरस से मरने वाले लोगों की संख्या 3,097 पर पहुंच गई है। हुबेई प्रांत के बाहर विदेशियों के संक्रमित होने के तीन मामले सामने आए हैं। हुबेई में कई हफ्तों से संक्रमण के नए मामलों में कमी आई है और प्रांत के कई शहरों में हाल के दिनों में एक भी नया मामला दर्ज नहीं किया गया।

सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि चीन इस प्रांत में जनवरी से लगाई गई पाबंदियों को जल्द ही हटा सकता है। बीजिंग के स्वास्थ्य आयोग ने बताया कि राजधानी में रविवार को इटली और स्पेन से आने वाले दो लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें