वसंत कुंज में रहने वाली पिंकी प्रधान ने बताया कि उन्होंने पिछले सप्ताह से ही जिम जाना छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि जिम में लोग एक ट्रेनर, वजन उठाने वाले एक ही उपकरण का उपयोग कर रहे हैं, जो कि पूरी तरह से विषाणु रहित भी नहीं हैं।
प्रधान ने कहा कि जिम में आपके आसपास मौजूद इतने सारे लोग पसीना बहाते हैं, यह देखकर मुझे चिंता होने लगती है। हालांकि, कई जिम में हाथ साफ करने के लिए सैनेटाइजर रखे गए हैं, लेकिन मुझे नहीं लगता है कि इससे संक्रमण रोकने में कोई फर्क पड़ने वाला है।
एक फिटनेस ग्रुप के संस्थापक जेके फ्रांसिस ने दावा किया कि उनके जिम में लोगों के व्यायाम उपकरणों का उपयोग करने के पहले और बाद में पूरी तरह से विषाणुरहित किया जाता है। उन्होंने कहा कि हमने सभी प्रशिक्षकों को शरीर के संपर्क में नहीं आने देने और उपकरण नहीं छूने के निर्देश दिए हैं।
फ्रांसिस ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में लोग घर पर स्क्वैट्स और फ्लोर एक्सरसाइज कर सकते हैं। व्यायाम आवश्यक है क्योंकि वह प्रतिरक्षा बढ़ाता है। लोग खुले क्षेत्रों में टहलने जा सकते हैं, हालांकि तब भी उन्हें सावधानी जरूर बरतनी चाहिए।
दुनिया भर के फिटनेस ट्रेनर वैकल्पिक व्यायाम करने का सुझाव दे रहे हैं, जो आसानी से घर पर ही किए जा सकते हैं। गुरुवार को नियमित रूप से जिम जाने वाली एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने एलान किया कि वह जिम नहीं जाएगी और घर पर ही ट्रेनर की सलाह से व्यायाम करेंगी।
उत्तरी दिल्ली के मुखर्जी नगर के एक जिम मालिक खालिद ने स्वीकार किया कि कोरोनावायरस की वजह से उनका व्यवसाय बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में और भी कठिन दौर देखना पड़ सकता है क्योंकि ऐसा लगता है कि यह भारत में कोरोनावायरस के प्रसार की बस शुरूआत भर है।
उन्होंने कहा कि सुबह और शाम को 5 बजे से रात 9 बजे तक का समय सबसे ज्यादा व्यस्तता वाला होता है। हालांकि पिछले दो से तीन दिनों में चीजें बदली हैं। खालिद ने कहा कि दिनभर में जिम में शायद ही कोई व्यक्ति घूमता दिखा हो, हमारे पास कोई नया शख्स सदस्यता लेने भी नहीं आया।
ट्रेनर हरीश चंद्रा ने कहा कि मैं दक्षिण दिल्ली के द्वारका में एक जिम में काम करता हूं और हर दिन कम से कम 30 लोग वहां आते हैं। लेकिन आज पूरा एक सप्ताह हो गया है जब लोग मुझे फोन करके व्यक्तिगत तौर पर प्रशिक्षण देने के लिए उनके घर जाने का अनुरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग मुझे वीडियो भेजने के लिए कह रहे हैं ताकि उसे देखकर वैसा ही व्यायाम अपने घर पर कर सकें।