तेलंगाना में कांग्रेस पार्टी के एक अन्य नेता की कोरोना वायरस से सोमवार को मौत हो गई है। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) सचिव नरेंद्र यादव ने कोरोना वायरस की वजह से सोमवार को एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली, उन्हें यहां कुछ दिन पहले ही भर्ती कराया गया था। यादव ने लॉकडाउन के दौरान गरीबों को मदद उपलब्ध कराने वाले तमाम कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था। यादव के परिवार के सदस्यों का भी कोरोना टेस्ट करवाया गया है।
ओडिशा में 616 नए मामले, 70 की मौत
ओडिशा में कोरोना से छह और लोगों की मौत हो गई, इससे संक्रमण के कारण मरने वाले लोगों की संख्या 70 हो गई। वहीं, कोरोना वायरस संक्रमण के 616 नए मामले सामने आने से राज्य में संक्रमितों की संख्या 13,737 पहुंच गई।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि ओडिशा के कोरोना वायरस हॉटस्पॉट गंजाम जिले में चार मौतें हुईं, जबकि खुर्दा और कटक में एक-एक मौत हुई। विभाग ने एक बयान में बताया, इलाज के दौरान छह कोविड मरीजों की मौत हो गई।
महाराष्ट्र के पालघर में एक 38 वर्षीय पुलिसकर्मी की सोमवार को कोरोना से मौत हो गई। वह ठाणे जिले के मुरबाद तालुका का निवासी था। पालघर के वसई में वलिव पुलिस स्टेशन में तैनात पुलिसकर्मी को पिछले दो-तीन दिन से वेंटिलेटर पर रखा गया था और सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।
वंदे भारत मिशन के तहत यूएई से 152 भारतीयों की हुई वतन वापसी
वंदे भारत मिशन के तहत एक विशेष उड़ान के जरिये संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शारजाह में फंसे कुल 152 भारतीयों की रविवार को वतन वापसी हुई है। यूएई से आए यात्रियों में कोविड-19 के कोई लक्षण नहीं हैं, लेकिन उन्हें यहां के नियमों के अनुसार, क्वारंटीन में रहना होगा।
यह जानकारी कोविड के लिए इंदौर के नोडल ऑफिसर, अमित मालाकर ने दी। 8 जुलाई तक वंदे भारत मिशन के तहत विभिन्न देशों से कुल 5 लाख 80 हजार भारतीयों को वापस लाया गया है। विदेश मंत्रालय की ओर से 9 जुलाई (बृहस्पतिवार) को यह जानकारी दी गई।
इस मिशन की शुरुआत भारत सरकार द्वारा की गई, ताकि कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए जारी लॉकडाउन के कारण दूसरे देशों में फंसे देश के नागरिकों की वतन वापसी हो सके। इस मिशन का पहला चरण 7 मई को संपन्न हुआ था।
कोविड-19 के नियमों का उल्लंघ कर शादी में शामिल होने वाले 41 लोगों के खिलाफ मेघालय में मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि शादी असम के गुवाहाटी में 27 जून को हुई थई और रिसेप्शन 2जुलाई को शिलांग में दिया गया।
मैजिस्ट्रियल जांच में सामने आया कि शादी और रिसेप्शन में शामिल होने वाले 41 लोगों ने लॉकडाउन प्रावधानों का उल्लंघन किया और फर्जी आधार पर अंतरराज्यीय पास हासिल किये। पूर्वी खासी हिल्स के जिला उपायुक्त ने बताया कि राज्य सरकार की तरफ से मिली शिकायत पर सभी 41 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से 10 के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है।