देश में कोरोना वायरस का सबसे बड़ा केंद्र बन चुकी आर्थिक राजधानी मुंबई अब न्यूयॉर्क की स्थिति से ज्यादा दूर नहीं है। देश में कोरोना का लगभग हर 10वां मामला यहीं से आ रहा है और हर पांचवीं मौत भी यहीं हो रही है। बृहन्मुंबई नगर निगम के मुताबिक आज 10 नए मामलों के सामने आने के साथ यहां कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 993 हो गई है, वहीं इसकी वजह से मरने वालों की संख्या 64 हो गई है।
महाराष्ट्र में अभी तक कुल 1574 कोरोना संक्रमित मामले सामने आ चुके हैं, मुंबई में पुष्ट मामले राज्य के मामलों का 55.65 फीसदी है। मतलब, राज्य के आधे से ज्यादा कोरोना संक्रमित मरीज केवल मुंबई में हैं। वहीं राज्य में इस वायरस की वजह से मौतों का आंकड़ा 276 है। राज्य में कुल मौतों में से 31.06 फीसदी लोगों की मौत मुंबई में ही हुई है।
वहीं, न्यूयॉर्क की बात करें तो वहां अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के 87,725 पुष्ट मामले सामने आ चुके हैं। यहां इसकी वजह से अब तक 5,280 लोगों की मौत हो चुकी है। दोनों शहरों में कोरोना संक्रमण की रफ्तार की बात करें तो माना जा रहा है कि न्यूयॉर्क जैसी स्थिति में पहुंचने में मुंबई करीब 29 दिन ही पीछे है। बता दें कि न्यूयॉर्क में कोरोना संक्रमण की वजह से पहली मौत 11 मार्च को हुई थी और इसी दिन मुंबई में कोरोना का पहला मामला सामने आया था।
वहीं, भारत और अमेरिका की बात करें तो भारत में अभी तक कोरोना संक्रमण के 6,761 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं, वहीं अमेरिका में संक्रमित मरीजों की संख्या 4,70,612 हो गई है। भारत में इस महामारी की वजह से 206 लोगों की जान जा चुकी है, वहीं अमेरिका में यह आंकड़ा 16,739 हो चुका है। अमेरिका इटली के बाद पूरी दुनिया में कोरोना से दूसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश है।