देश में महाराष्ट्र ऐसा राज्य है जहां कोरोना पॉजिटिव पीड़ितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके चलते राज्य में स्कूल, कालेज, जिम, स्वीमिंग पूल, थिएटर, मॉल्स आदि पहले ही 31 मार्च तक बंद किए जा चुके हैं। वहीं, परीक्षाएं भी टाल दी गई हैं। पुणे जैसे शहर में आरटीओ में नए लाइसेंस नहीं बन रहे हैं। लॉक डाउन होने से सिर्फ जीवनावश्यक वस्तुएं जैसे अनाज, औषधि, अस्पताल व बैंक जाने के अलावा छोटे बच्चों और बुजुर्गों की देखभाल जरूरी होने पर ही लोग घर से बाहर निकल सकेंगे।
कोरोना वायरस के मद्देनजर महाराष्ट्र के सभी निकाय चुनाव स्थगित कर दिए गए हैं। राज्य चुनाव आयोग ने कोरोना संकट को देखते हुए राज्य सरकार की सिफारिश पर यह फैसला किया है। इससे नवी मुंबई और औरंगाबाद महानगरपालिका चुनाव भी स्थगित हो गया है। राज्य चुनाव आयुक्त यूपीएस मदान ने मंगलवार को यह घोषणा की। राज्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि कोरोना वायरस के मद्देनजर राज्य सरकार ने निकाय चुनाव टालने का आग्रह किया था।
इसके तहत राज्य निर्वाचन आयोग ने निकाय चुनाव से संबंधित सभी कार्यक्रम को स्थगित करने का निर्णय किया है। उन्होंने बताया कि राज्य के 19 जिलों में 1 हजार 570 ग्राम पंचायत चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। यहां 31 मार्च को मतदान होना था। इसी के साथ औरंगाबाद और नवी मुंबई महानगरपालिका सहित नासिक, धुले, परभणी, व ठाणे महानगरपालिका में एक-एक सीट के लिए उपचुनाव कराने की तैयारी की गई थी। अब निकाय चुनाव के लिए दोबारा आदेश जारी किए जाएंगे।
कोरोना वायरस संकट के चलते मध्य रेलवे ने 23 और पश्चिम रेलवे ने 10 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ए.के.सिंह ने बताया कि कोविड-19 के एहतियाती उपाय के मद्देनजर ट्रेनें रद्द की गई हैं। वहीं, प. रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी गजानन महातपुरकर ने बताया कि कोरोना के प्रभाव के कारण यात्रियों की संख्या में कमी के चलते एक अप्रैल तक 10 ट्रेन के 35 फेरे रद्द किए गए हैं।