कर्नाटक सरकार ने सोमवार को कहा कि पड़ोसी राज्यों केरल और महाराष्ट्र से आ रहे लोगों के लिए आरटी-पीसीआर पद्धति से की गई जांच में निगेटिव होने का प्रमाण पत्र जरूरी होगा। यह प्रमाणपत्र 72 घंटे से अधिक पुराना नहीं होना चाहिए। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर ने संक्रमण से बचाव के उपाय मानने में लापरवाही को लेकर चेतावनी दी है। उनका कहना है कि यदि मामलों की संख्या बढ़ी तो कड़े कदम उठाए जाएंगे। इतना ही नहीं अब राज्य में होने वाली शादी समारोहों में केवल 500 लोग शिरकत कर सकेंगे। साथ ही आयोजनों में कोविड-19 के नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए मार्शल तैनात किए जाएंगे।
महाराष्ट्र में सामने आए 5,210 नए मरीज
महाराष्ट्र में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 5,210 नए मामले रिपोर्ट किए गए। इससे पहले लगातार तीन दिनों तक संक्रमण के मामलों की संख्या 6000 से ऊपर रही थी। राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 21,06,094 हो गई है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सोमवार को 1,364 मामले सामने आए। वहीं विदर्भ क्षेत्र के अकोला सर्कल में 1,154 मामले सामने आए। संक्रमण के कारण विदर्भ के स्कूलों को बंद कर दिया गया है।
मध्यप्रदेश में आए कोरोना के 294 नए मामले
मध्यप्रदेश में सोमवार को कोरोना के 294 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 2,59,721 हो गई। राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महाराष्ट्र से लगे मध्यप्रदेश के सभी जिलों में आने वाले व्यक्तियों का थर्मल परीक्षण किया जाएगा। राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी के कारण किसी भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है।
छत्तीसगढ़ में मिले 274 संक्रमित
छत्तीसगढ़ में सोमवार को 274 लोग कोरोना से संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या 3,11,159 हो गई है। पांच लोगों ने वायरस के कारण जान गंवाई है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में अब तक 3,11,159 लोगों के कोविड-19 से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। राज्य में 2998 मरीजों का इलाज चल रहा है।
गुजरात में मिले 315 नए मामले
गुजरात में सोमवार को कोरोना संक्रमण के 315 नए मामले मिले। इसके साथ ही राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,67,419 हो गई है। वायरस के कारण एक मरीज की मौत हुई है, जिसके साथ मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 4,406 पर पहुंच गई। वर्तमान में राज्य में 1,732 मरीजों का इलाज चल रहा है। इसमें से 30 वेंटिलेटर पर हैं, जबकि 1,702 मरीजों की हालत स्थिर है।
देश की राजधानी दिल्ली में सार्वजनिक बसें और मेट्रो कम से कम दो और हफ्तों तक सीमित क्षमता के साथ ही चलेंगी। दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने कुछ राज्यों में मामलों में हो रही वृद्धि को देखते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कोविड महामारी से बचाव के लिए जरूरी सतर्कता में कमी नहीं आनी चाहिए। वहीं दिल्ली में सोमवार को संक्रमण के 128 नए मामले सामने आए जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई।
तमिलनाडु में बढ़ी निगरानी
तमिलनाडु सरकार ने सोमवार को कहा कि केरल से लगे सीमावर्ती जिलों में निगरानी को बढ़ा दिया गया है और विमान से आने वाले सभी लोगों के लिए आरटी-पीसीआर जांच को आवश्यक कर दिया गया है। राज्य में सोमवार को 449 नए मामले सामने आए और छह लोगों की मौत हो गई। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8,48,724 हो गई है।
बंगाल में मिले 148 नए संक्रमित
पश्चिम बंगाल में सोमवार को 148 लोग कोरोना की चपेट में आ गए। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5,73,910 हो गई है जबकि 10,251 लोग वायरस के कारण अपनी जान गंवा चुके हैं। यहां संक्रमण मुक्त मरीजों की संख्या 5,60,219 पर पहुंच गई है जबकि 3,440 सक्रिय मामले हैं।