भारतीय दूतावास ने छात्रों की मदद के लिए तीन हॉटलाइन नंबर शुरू किए हैं ताकि वे भारतीय नागरिकों की सभी जानकारियां हासिल कर सकें।
अब 20 हवाई अड्डों पर होगी जांच
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने बताया कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था को 13 से बढ़ाकर 20 हवाई अड्डों तक किया जाएगा। इसके अलावा तमिलनाडु के मदुरै एयरपोर्ट पर दो मेडिकल कैंप लगाए गए हैं ताकि विदेश से आने वाले यात्रियों की जांच की जा सके।
भारत सरकार ने कैबिनेट सचिव के साथ सोमवार को एक समीक्षा बैठक की जिसमें चीन की स्थिति पर चर्चा हुई। इसके बाद विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी कि चीन के हुबेई प्रांत में कोरोना वायरस फैलने से उत्पन्न स्थिति से प्रभावित भारतीयों को बाहर निकालने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि बीजिंग में भारतीय दूतावास भारत के लोगों को बाहर निकालने के लिए चीन की सरकार के संपर्क में है।
चीन में 1,300 मामले आए सामने
चीन में कोरोना वायरस के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 106 हो गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि विषाणु संक्रमण के 1,300 नए मामले सामने आए हैं। इस संक्रमण के केंद्र मध्य हुबेई प्रांत के स्वास्थ्य आयोग ने कहा कि विषाणु संक्रमण के कारण और 24 लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि और 1,291 लोग इस संक्रमण से ग्रसित पाए गए हैं जिसके साथ ही देश भर में कोरोनावायरस संक्रमण के पुष्ट मामलों की संख्या 4,000 से अधिक हो गई है।