विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गुरुवार को कहा कि टोक्यो स्थित भारतीय दूतावास, जापान के तट के पास जहाज डायमंड प्रिंसेस पर सवार यात्रियों एवं चालक दल को सभी तरह की सहायता दे रहा है। क्रूज जहाज पर सवार चालक दल के दो भारतीय लोगों की कोरोनावायरस के लिए जांच में नतीजे पॉजिटिव मिले हैं।
इसे लेकर गुरुवार को दिल्ली के निर्माण भवन में मंत्री समूह की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा. हर्षवर्धन ने की। बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर, शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी, गृहराज्य मंत्री नित्यानंद राय समेत अन्य लोग मौजूद रहे। बैठक में चीन से आयातित दवा समेत अन्य चुनौतियों पर चर्चा की गई।
जयशंकर ने एक ट्वीट में कहा कि चालक दल के दो सदस्य कोरोनावायरस जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं। हम आगे जानकारी देते रहेंगे। उन्होंने कहा कि टोक्यो में भारतीय दूतावास जापान के योकोहामा तट पर डायमंड प्रिंसेस पर सवाल चालक दल और यात्रियों के सतत सम्पर्क में है और सभी तरह की सहायता पहुंचाई जा रही है। यात्रियों एवं चालक दल को अभी जापान प्रशासन ने पृथक कर रखा है।