फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत में कोरोना: कई राज्यों में लॉकडाउन, आज 81 नए मामले, कुल 396 हुई संख्या

Sun, 22 Mar 2020 10:15 PM IST
आसिम खान न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

कोरोना वायरस के चलते दिल्ली समेत कई राज्यों में लॉकडाउन कर दिया गया है। आज कोरोना के 81 नए मामले सामने आए हैं। संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 396 हो गई है। मृतकों की संख्या बढ़कर 7 तक पहुंच गई है। यहां पढ़ें देश में कोरोना से संबंधित हर अपडेट ...
विज्ञापन
मुंबई में तैनात सुरक्षाकर्मी - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:25 PM, 22-Mar-2020

कोरोना: संक्रमितों की संख्या 396 हुई
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद ने रविवार को कुल 81 मामले सामने आने के बाद बताया कि देश में कोरोना वायरस से संक्रमण की कुल संख्या 396 हो गई है। वहीं कोरोना की जांच के लिए अब तक कुल 18127 नमूने लिए गए हैं, जिनमें से 17237 नमूनों की जांच रिपोर्ट आ गई है।

09:53 PM, 22-Mar-2020

झारखंड में भी 31 मार्च तक लॉकडाउन

झारखंड में भी 31 मार्च तक लॉकडाउन कर दिया गया है। इस दौरान सभी सार्वजनिक परिवहन सेवाएं बंद रहेंगी। सभी दुकानें, कमर्शियल संस्थान, आफिस, फैक्टरी, गोदाम और साप्ताहिक बाजार भी बंद रहेंगे। 
 
 

08:23 PM, 22-Mar-2020

आंध्र प्रदेश में भी 31 मार्च तक लॉकडाउन

दिल्ली, बिहार के बाद आंध्र प्रदेश में भी 31 मार्च तक लॉकडाउन कर दिया गया है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर यह घोषणा की है।
 

08:12 PM, 22-Mar-2020

देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 7 हुई

भारत में कोरोना वायरस की वजह से मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। वहीं कुल संक्रमित मामलों की संख्या 360 तक पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है।

विज्ञापन
08:06 PM, 22-Mar-2020

गोवा में तीन दिन के लिए बढ़ा जनता कर्फ्यू

गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने जनता कर्फ्यू को तीन दिन के लिए और बढ़ा दिया है।

07:59 PM, 22-Mar-2020

डीजीसीए ने कहा दिल्ली में जारी रहेंगी उड़ानें

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने स्पष्ट किया है कि दिल्ली एयरपोर्ट से संचालित होने वाली घरेलू उड़ानें जारी रहेंगी। इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि लॉकडाउन के दौरान कोई भी विमान दिल्ली में प्रवेश नहीं करेगा, लेकिन डीजीसीए ने यह स्पष्ट कर दिया है कि देश के अंदर दिल्ली एयरपोर्ट से संचालित होने वाली घरेलू उड़ानें नियमित रूप से जारी रहेंगी और एयरपोर्ट काम करता रहेगा।

07:50 PM, 22-Mar-2020

सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के लिए अलग व्यवस्था

कोरोनवायरस के मद्देनजर सुप्रीम कोर्ट की दो अदालतें सोमवार को वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए काम करेंगी। न्यायाधीश अपने संबंधित न्यायालयों में बैठेंगे, जबकि वकील अपने मामलों को अदालत में नहीं बल्कि एक अलग स्थान से बहस करेंगे।
 

07:42 PM, 22-Mar-2020

कर्नाटक में 22 साल का युवक कोरोना पॉजिटिव

कर्नाटक के भटकल में 22 साल के एक युवक का रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आया है। युवक 19 मार्च को दुबई से लौटा था। दक्षिण कन्नड़ के जिला आयुक्त सिंधु बी रूपेश ने इसकी पुष्टि की है।
 

07:25 PM, 22-Mar-2020

दिल्ली के बाद बिहार में भी लॉकडाउन

दिल्ली के बाद बिहार सरकार ने भी बड़ा फैसला लेते हुए कल से 31 मार्च तक पूरे राज्य में लॉकडाउन का फैसला किया है। हालांकि लॉकडाउन के दौरान जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सरकार आपके साथ है, मुझे उम्मीद है कि संकट की इस घड़ी में हम साथ मिलकर काम करेंगे। नीतीश ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कहीं भी अनावश्यक न जाएं, जहां तक हो घर में रहें। हम इस संकट का मुकाबला करने में कामयाब होंगे।

06:26 PM, 22-Mar-2020

सभी सीमाएं सील

दिल्ली सरकार ने भी लॉकडाउन करने का फैसला किया है। सभी सात जिलों में लॉकडाउन कर दिया गया है। इसके अलावा सोमवार सुबह छह बजे से दिल्ली की सभी सीमाएं सील कर दी जाएंगी। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान सभी निजी कार्यालय भी बंद रहेंगे, लेकिन स्थाई और संविदात्मक दोनों कर्मचारियों को ऑन-ड्यूटी माना जाएगा। कंपनियों को इस अवधि के लिए अपने कर्मचारियों को वेतन देना होगा।

केजरीवाल ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान किसी आवश्यक सेवा प्रदान करने या लाभ उठाने के लिए किसी व्यक्ति से कोई दस्तावेज या सबूत नहीं मांगा जाएगा।
 

05:50 PM, 22-Mar-2020

दिल्ली में भी लॉकडाउन

कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए दिल्ली सरकार सभी सात जिलों को लॉकडाउन किया जाएगा। इस प्रकार देश के अन्य शहरों की तरह देश की राजधानी में भी लॉकडाउन होगा। 

05:48 PM, 22-Mar-2020

यूपी में 15 जिले हुए लॉकडाउन

सीएम योगी ने कहा है कि कोरोना वायरस से निपटने के लिए गोरखपुर सहित प्रदेश के 15 जिलों को लॉकडाउन किया जा रहा है। उन्होंने अपने मीडिया संबोधन में जानकारी दी कि यूपी रोडवेज की बसें न तो यूपी से बाहर जाएंगी और न ही दूसरे राज्यों की बसे इन जिलों में आ पाएंगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल यह लॉकडाउन 25 मार्च तक लागू रहेगा। 

05:33 PM, 22-Mar-2020

लंदन से भोपाल लौटी छात्रा, कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि

लंदन से भोपाल लौटी छात्रा कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। यह मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कोरोना का पहला मामला है। छात्रा लंदन में कानून की पढ़ाई कर रही थी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही उसके घर को सैनिटाइज किया गया है।

05:21 PM, 22-Mar-2020

नागालैंड में भी 22 मार्च से 31 मार्च तक लॉकडाउन

नागालैंड सरकार ने आदेश दिया है कि दवाई की दुकानों, पेट्रोल पंपों, किराने की दुकानों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को छोड़कर सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान को 22 मार्च की मध्य रात्रि से अगले आदेश तक बंद रहेंगे। अंतर-राज्यीय यात्रियों को ले जाने वाले वाहनों को 23 मार्च की मध्य रात्रि तक अनुमति दी जाएगी। 
 

 

05:20 PM, 22-Mar-2020

झज्जर स्थित एम्स भवन का प्रयोग रोगियों के इलाज के लिए किया जाएगा

हरियाणा के झज्जर में स्थित 800 बेड वाले एम्स भवन का उपयोग विशेष रूप से कोविड-19 के रोगियों के इलाज के लिए किया जाएगा। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के महानिदेशक बलराम भार्गव ने इस बात की जानकारी दी है। 
 

 

05:20 PM, 22-Mar-2020

जोधपुर में एक व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित

राजस्थान स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रोहित सिंह ने कहा कि जोधपुर के एक व्यक्ति आज कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। राज्य में अब तक 26 मामले सामने आए हैं। 

 


 

05:04 PM, 22-Mar-2020

लोगों ने शुरू किया कोरोना के योद्धाओं को सलाम करना 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के अनुसार आज रविवार 22 मार्च को देश में जनता कर्फ्यू को लोग पालन कर रहे हैं। इस बीच ठीक 5 बजे देशवासी कोरोना वायरस से लड़ाई में जुटे योद्धाओं को सलाम करने के लिए ताली-थाली, घंटी आदि बजाना शुरू कर दिया है।

05:02 PM, 22-Mar-2020

जांच के लिए 60 निजी प्रयोगशालाओं का पंजीकरण किया गया

कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए जांच के लिए 60 निजी प्रयोगशालाओं का पंजीकरण किया गया है। इनमें से बहुत सी प्रयोगशालाओं को मंजूरी दे दी गई है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के महानिदेशक बलराम भार्गव ने इस बात की जानकारी दी है। 

 



वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया है कि देश में अब तक कोरोना वायरस के 341 मामले सामने आए हैं। 
 

 

04:56 PM, 22-Mar-2020

चंढीगढ़ में हुआ लॉकडाउन

कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने 23 मार्च से 31 मार्च तक पूरे केंद्र शासित प्रदेश के क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र में लॉकडाउन का आदेश दिया है। चंढीगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने इस बात की जानकारी दी है।
 

 

04:52 PM, 22-Mar-2020

पश्चिम बंगाल सरकार ने पूर्ण सुरक्षा प्रतिबंध की अधिसूचना जारी

कोरोना वायरस प्रकोप के मद्देनजर, पश्चिम बंगाल सरकार ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 23 मार्च शाम पांच बजे से लेकर 24 मार्च की रात्रि तक के प्रभाव के साथ पूर्ण सुरक्षा प्रतिबंध को अधिसूचित किया।
 

 

04:45 PM, 22-Mar-2020

वडोदरा में सभी बाजार 25 मार्च तक बंद 

गुजरात के वडोदरा शहर में जरूरी सेवाओं को छोड़कर सभी बाजार-इंडस्ट्रीज बंद रहेंगी। गुजरात में वडोदरा की जिला कलेक्टर शालिनी अग्रवाल ने बताया कि प्रभावित लोगों को छुट्टी का भी वेतन मिलेगा। 
 

04:40 PM, 22-Mar-2020

80 फीसदी मामले में लोग ठीक हो जाते हैं

आईसीएमआर के महानिदेशक बलराम भार्गव ने बीमारी के बारे में समझाते हुए कहा कि 80 फीसदी मामलों में सर्दी के साथ बुखार होता है और वे ठीक हो जाएंगे। 20 फीसदी को खांसी, बुखार, जुकाम है और इनमें से कुछ को अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि जिन पांच फीसदी मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उन्हें नई दवाएं दी जा रही हैं। 
 

04:33 PM, 22-Mar-2020

दिल्ली में धारा 144 लागू 

दिल्ली में रविवार रात 9 बजे से 31 मार्च को रात 12 बजे तक धारा 144 लागू कर दी गई है। 

04:31 PM, 22-Mar-2020

सरकार के पास रोज 10 हजार टेस्ट करने की क्षमता 

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के महानिदेशक बलराम भार्गव ने कहा कि हमने अब तक कोरोना वायरस के लिए 15,000-17,000 टेस्ट किए हैं। हमारे पास प्रति दिन 10,000 टेस्ट करने की क्षमता है। इसका मतलब है कि हम प्रति सप्ताह 50,000-70,000 टेस्ट कर सकते हैं।

04:18 PM, 22-Mar-2020

75 जिलों में सभी सेवाएं बंद करने का निर्देश 

केंद्र सरकार ने उन 75 जिलों में आपात सेवाएं छोड़कर सभी सेवाएं बंद करने का फैसला किया है, जहां पॉजीटिव केस ज्यादा पाए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने रविवार को पत्रकारों को यह जानकारी दी। 
 


 

04:17 PM, 22-Mar-2020

चेन ब्रेक करने के लिए घर में रहना जरूरी 

स्वास्थ्य मंत्रालय रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही है। इंडियन काउंसिल आफ मेडिकल रिसर्च के महानिदेशक बलराम भार्गव ने कहा कि संक्रमण के सिलसिले को तोड़ने के लिए जरूरी है कि हम बाहरी लोगों से संपर्क न करें। यह वायरस हवा में नहीं है और यह ड्रॉपलेट्स से भी फैलता है। 
 

 

04:06 PM, 22-Mar-2020

पुणे में सार्वजनिक स्थलों को किया सैनिटाइज

महाराष्ट्र के पुणे में सार्वजनिक स्थलों और रिहायशी इलाकों को सैनिटाइज किया जा रहा है। 
 
 

03:56 PM, 22-Mar-2020

गुजरात में दो की मौत, एक कोरोना पॉजिटिव दूसरा मरीज संदिग्ध

गुजरात में एक 69 वर्ष के एक पुरुष की सूरत के एक अस्पताल में मौत हो गई। वहीं एक कोरोना संदिग्ध महिला की भी मौत हो गई है। हालांकि, महिला की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग की तरफ से यह जानकारी दी गई है।

03:45 PM, 22-Mar-2020

महाराष्ट्र में कोरोना बहुत ही संवेदनशील और महत्वपूर्ण चरण में: ठाकरे

सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र ने कोरोना के एक बहुत ही संवेदनशील और महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश किया है, इसलिए मैं लोगों से इस वायरस के खिलाफ लड़ाई में सभी सावधानी बरतने का आग्रह करता हूं। महाराष्ट्र में 31 मार्च तक बसों की सेवाएं निलंबित रहेंगी। हालांकि, बीईएसटी बसें आवश्यक सेवाओं में शामिल लोगों के लिए मुंबई की सड़कों पर चलेंगी। बैंक और शेयर बाजार सहित सभी आवश्यक सेवाएं खुली रहेंगी।

03:36 PM, 22-Mar-2020

एक महीने का वेतन देंगे डीएमके सांसद और विधायक

तमिलनाडु में डीएमके ने घोषणा की है कि उसके सभी सांसद और विधायक अपने एक महीने के वेतन को कोरोना वायरस निवारक उपायों के लिए सीएम कोष में दान करेंगे।
 

03:34 PM, 22-Mar-2020

341 हुई संक्रमित मरीजों की संख्या

देश में अब तक कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 22 मार्च को अपराह्न 2.30 बजे (विदेशी नागरिकों सहित) 341 हो गई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

03:24 PM, 22-Mar-2020

बिहार जाने वाली सभी उड़ानों को स्थगित करने का सुझाव 

नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ टेलीफोन पर बातचीत में, बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने बिहार आने वाली सभी उड़ानों को स्थगित करने का सुझाव दिया है।

03:22 PM, 22-Mar-2020

महाराष्ट्र में कल सुबह तक जनता कर्फ्यू

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा, मैं हर किसी से अनुरोध करना चाहूंगा कि कल सुबह तक जनता कर्फ्यू जारी रखें। कोरोना मामलों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। मेरे पास महाराष्ट्र में धारा 144 लागू करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। मुंबई में भारत के बाहर किसी भी फ्लाइट को नहीं उतरने दिया जाएगा।

03:19 PM, 22-Mar-2020

चंडीगढ़ को 31 मार्च तक लॉकडाउन करने का आदेश

चंडीगढ़ में कोरोना के छह मामले सामने आने के बाद केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन ने रविवार को 31 मार्च तक लॉकडाउन का आदेश दिया है। जिसमें संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सार्वजनिक परिवहन को निलंबित करना भी शामिल है। 

03:11 PM, 22-Mar-2020

दिल्ली मेट्रो 31 मार्च तक बंद

कोरोना वायरस के कारण दिल्ली मेट्रो रेल सेवा 31 मार्च तक बंद रहेगी।

03:09 PM, 22-Mar-2020

एनसीपी ने अपने सांसदों को दिल्ली नहीं जाने को कहा

एनसीपी ने अपने सांसदों से दिल्ली वापस नहीं जाने और कोरोना वायरस से लड़ने में लोगों की मदद कर रही सरकारी एजेंसियों की सहायता करने को कहा।

03:03 PM, 22-Mar-2020

देश के 75 शहर लॉकडाउन 

देश के 75 शहरों को लॉकडाउन किया गया है। यह फैसला कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। इस बैठक में कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए उठाए जा रहे प्रभावी कदमों के बारे में चर्चा की गई। बैठक में देश में जिन-जिन जिलों में कोरोना वायरस के मरीज मिले हैं, वहां लॉकडाउन करने का फैसला किया गया। यहा पढ़ें पूरी खबर
 

02:55 PM, 22-Mar-2020

31 मार्च तक सभी यात्री ट्रेन रद्द

कोरोना वायरस के चलते भारतीय रेलवे ने 31 मार्च तक सभी यात्री ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। रेलवे बोर्ड की बैठक में फैसला लिया गया है कि सभी मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेन 31 मार्च तक बंद रहेंगी। न्यूनतम उपनगरीय रेल सेवाएं, कोलकाता मेट्रो 22 मार्च की आधी रात तक ही चलेंगी, इसके बाद सेवाएं 31 मार्च की आधी रात तक बंद रहेंगी।

02:48 PM, 22-Mar-2020

तृणमूल कांग्रेस ने रविवार को घोषणा की कि उसने कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर अपने सभी सांसदों को संसद से लौटकर अपने निर्वाचन क्षेत्रों में वापस आने का निर्देश दिया है। तृणमूल के नेता एवं राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ’ब्रायन ने दोनों सदनों के पीठासीन अधिकारियों को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि सदन की कार्यवाही 23 मार्च को पूरी कर दी जाए। तृणमूल के लोकसभा में 22 और राज्यसभा में 13 सदस्य हैं।

02:39 PM, 22-Mar-2020

आज 26 नए मामले, संक्रमितो ंकी संख्या हुई 341

देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या बढ़कर 341 हो गई है। आज 26 नए मामले सामने आए हैं। वहीं इस जानलेवा बीमारी से आज दो लोगों की मौत हो गई। दोनों मरीज कोरोना के पॉजिटिव थे लेकन उन्हों अन्य बीमारी भी थीं।

02:32 PM, 22-Mar-2020

भारत में कोरोना: कई राज्यों में लॉकडाउन, आज 81 नए मामले, कुल 396 हुई संख्या

भारतीय रेलवे ने 31 मार्च तक सभी यात्री ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। मुंबई में कोरोना पीड़ित व्यक्ति की मौत हो गई है वह मधुमेह का रोगी था। वहीं, बिहार में भी एक कोरोना मरीज की किटनी फैल होने से मौत हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर देश में जनता कर्फ्यू जारी है। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें