कोरोना वायरस से निपटने के लिए देश में पिछले दो महीने से ज्यादा दिनों से लॉकडाउन जारी है। हालांकि, लॉकडाउन 4.0 के दौरान कई तरह की छूट दी गई है, लेकिन चिंता की बात यह है कि कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी नहीं आ रही है।
देश में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 6,535 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही संक्रमितों कुल संख्या 1,45,380 पर पहुंच गई है। इस दौरान 146 मरीजों की मौत हुई और मृतकों की संख्या बढ़कर 4,167 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के बुलेटिन में यह जानकारी दी गई।
Coronavirus in India Live Updates: संक्रमितों की संख्या एक लाख 45 हजार के पार, जानें दिनभर के अपडेट्स
मंत्रालय के बुलेटिन के मुताबिक फिलहाल देशभर में कुल 80,722 सक्रिय संक्रमितों का इलाज चल रहा है, 60,490 लोग ठीक हो चुके हैं और एक मरीज देश से बाहर चला गया। संक्रमण के कुल 1,45,380 मामलों में विदेशी मरीज भी शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि देश में अभी तक करीब 41.61 प्रतिशत मरीज ठीक हो चुके हैं।
मंत्रालय के अनुसार सोमवार सुबह से जिन 146 लोगों की जान गई, उनमें महाराष्ट्र के 60 , गुजरात के 30, दिल्ली के 15, मध्य प्रदेश के 10, तमिलनाडु के सात, पश्चिम बंगाल के छह, उत्तर प्रदेश तथा राजस्थान के चार-चार, तेलंगाना के तीन, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर तथा कर्नाटक के दो-दो और केरल का एक व्यक्ति शामिल है।