कोरोना वायरस की जांच का आंकड़ा 30 करोड़ पार हो चुका है लेकिन इसके चलते शुरूआत से लेकर अब तक संक्रमण की स्थिति देखें तो यह दर 7.29 फीसदी तक पहुंच गई है जोकि पिछले वर्ष छह फीसदी से भी कम थी।
शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले एक दिन में दादर नागर हवेली, मिजोरम और अंडमान निकोबार को छोड़ बाकी 33 राज्यों में कम से कम एक मरीज की मौत दर्ज की गई है।
हालांकि नए मामलों में तेजी आने की वजह से मृत्युदर अभी भी 1.09 फीसदी है। वहीं रिकवरी दर 81.90 फीसदी है। देश में अब तक 1.79 करोड़ मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि संक्रमित मरीजों का कुल आंकड़ा 2.18 करोड़ तक पहुंच चुका है। मंत्रालय ने बताया कि पिछले एक दिन में 78282 सक्रिय मामले बढ़े हैं जिसके बाद इनकी संख्या 37,23,446 हो चुकी है जिनका अस्पताल और घरों में उपचार चल रहा है।
दरअसल कोरोना के हर मामले में भारत अब दुनिया के सभी देशों को पीछे छोड़ रहा है। नए संक्रमित मामले, मौत और संक्रमण दर को लेकर अब तक अमेरिका और ब्राजील आगे थे लेकिन अब भारत ने इन दोनों देशों को पीछे छोड़ दिया है। पिछले 10 दिनों में भारत में कोरोना के कारण सबसे ज्यादा 36110 लोगों की मौतें हुई हैं।
अब तक देश में कोरोना वायरस की वजह से 2,38,270 लोगों की जान भी जा चुकी है। हालांकि गैर सरकारी आंकड़ा इससे कहीं गुना ज्यादा है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार पिछले एक दिन में 18 लाख से भी ज्यादा सैंपल की जांच की गई है। अब तक जांच का कुल आंकड़ा 30 करोड़ पार हो चुका है। जबकि लैब की संख्या बढ़कर 2514 हो चुकी हैं।
24 राज्यों में संक्रमण दर 15 फीसदी से अधिक
24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में संक्रमण दर 15 फीसदी से अधिक है। इनमें सबसे ज्यादा गोवा में संक्रमण दर 48.5 फीसदी है यानी वहां जितने लोगों की जांच की जा रही है, उनमें से करीब हर दूसरा व्यक्ति संक्रमित पाया जा रहा है। महाराष्ट्र, कर्नाटक, हरियाणा और बंगाल समेत 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना संक्रमण की दर 15 फीसदी से अधिक है, जबकि नौ राज्यों में पांच से 15 फीसदी संक्रमण दर है। तीन राज्यों में संक्रमण की दर पांच फीसदी से कम है।
12 राज्यों में सबसे अधिक सक्रिय केस
12 राज्यों में एक लाख से ज्यादा सक्रिय मामले हैं। जबकि, सात राज्यों में 50 हजार से एक लाख के बीच सक्रिय मामले हैं। वैसे पूरे देश की बात करें तो सक्रिय मामलों का आंकड़ा 37 लाख को पार कर गया है।
आबादी के लिहाज से 15 राज्यों में हालात गंभीर
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार आबादी के लिहाज से कोरोना मामलों की तुलना करें तो देश में 10 लाख में से 15,864 लोग संक्रमित हुए हैं। 15 राज्यों में यह आंकड़ा 71 हजार तक पहुंच गया है। जबकि 21 राज्यों में 10 लाख की आबादी पर कम से कम 4545 लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं। यह सबसे कम आंकड़ा बिहार का है जहां से लगातार जांच में लापरवाही और उपचार न मिलने की वजह से हर दिन लोगों की मौत होने की खबरें सामने आ रही हैं।