मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा में तीन कोरोना संक्रमित नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य अधिकारी के मुताबिक यह सभी उस 90 वर्षीय व्यक्ति के रिश्तेदार हैं जो सऊदी अरब से लौटे थे और जिनकी मौत हो गई थी।
राजस्थान के भरतपुर में एक गर्भवती महिला को उसके धर्म के आधार पर कथित तौर पर जनाना अस्पताल में जगह नहीं दी गई। महिला के पति के मुताबिक, 'अस्पताल के कर्मचारी ने उन्हें जयपुर के अस्पताल जाने को कहा, लेकिन हमारे भरतपुर सीमा पार करने से पहले ही बच्चे का जन्म हो गया और वो मर गया। मामले में जनाना अस्पताल के प्रिंसिपल डॉ रूपेंद्र झा ने जांच के बाद ही कुछ कहने की बात कही है।
पंजाब के मोगा में रात्रि गश्त कर रहे दो पुलिसकर्मियों ने एक महिला को सड़क के किनारे अपने बच्चे को जन्म देने में मदद की। इस महिला को तीन अस्पतालों ने भर्ती करने से इन्कार कर दिया था। एसएसपी हरमनबीर सिंह गिल के मुताबिक एएसआई बिक्कर सिंह और कांस्टेबल सुखजिंदर सिंह ने लकड़ी के बेंच का इंतजाम किया और पड़ोस की महिलाओं की मदद से बच्चे के जन्म में मदद की।
गुजरात के सूरत में एक 61 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई है। इनकी कोरोना वायरस की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
हिमाचल ड्रग्स मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के महासचिव मुनीश ठाकुर के मुताबिक कोरोना वायरस की वजह से फार्मा इंडस्ट्री को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि इस उद्योग के लिए सामग्री को ज्यादातर चीन से आयात किया जाता है, लेकिन चीन खुद इस वायरस से प्रभावित रहा है। इसकी वजह से दवाइयां के दाम भी बढ़ गए हैं।
असम के स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक कछर जिले में एक और संक्रमित की पुष्टि हुई है जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। मंत्री के अनुसार यह व्यक्ति भी दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज से जुड़ा हुआ है।
महाराष्ट्र के पालघर में होटल, रेस्टोरेंट, धार्मिक स्थानों समेत कई अन्य दुकानों के 503 मालिकों के खिलाफ लॉकडाउन कानून को तोड़ने पर डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट 2005 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उत्तर प्रदेश के मेरठ में लोगों ने पुलिस की गाड़ियों पर फूल बरसाए और उनकी सेवा के लिए आभार जताया।
हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज के मुताबिक में 54 लोगों की कोरोना की जांच की गई थी जिसमें सात लोगों की टेस्ट पॉजिटिव आई है और 47 नेगेटिव पाए गए हैं।
केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक अधिकारी का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव निकला है। उनसे संपर्क में रहने वाले सभी अधिकारियों को क्वारंटीन कर दिया गया है। साथ ही डायरेक्टर जनरल को भी प्रोटोकॉल के तहत क्वारंटीन में रखा गया है: सीआरपीएफ
आईटीबीपी के छावला कैंप में 14 दिन से क्वारंटीन में रखे गए इटली के रोम से लौटे 263 भारतीय नागरिकों की आज फाइनल जांच की गई, अब इसके परिणाम का इंतजार है। इससे कुछ दिन पहले मिलान से लौटे 217 लोगों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। इन दोनों बैच को 15 और 22 मार्च को वतन वापसी पर क्वारंटीन किया गया था। फिलहाल इस कैंप में कुल 480 लोग हैं।
अरुणाचल प्रदेश की पुलिस ने निजामुद्दीन के मरकज में शामिल होने वाले 23 लोगों की पहचान की है। इनमें एक व्यक्ति कोरोना से संक्रमित पाया गया है। राज्य के डीजीपी आरपी उपाध्याय ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि जो लोग भी निजामुद्दीन के मरकज में शामिल हुए थे वे पुलिस को खुद ही बता दें और अपनी जांच करवाएं।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में पिछले 24 घंटे में 145 नए संक्रमित पाए गए हैं और छह लोगों की मौत हुई है। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 635 हो गई है तो वहीं 32 लोगों की जान भी गई है। हालांकि अब तक इस महामारी से 52 लोग ठीक भी हुए हैं।
दिल्ली के एम्स में एक कोरोनो वायरस पॉजिटिव महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया है। डॉक्टर का कहना है कि बच्चा पूरी तरह स्वस्थ और ठीक है। उसे किसी तरह का कोई संक्रमण नहीं है। महिला एक रेजिडेंट डॉक्टर की पत्नी है। दोनों पति-पत्नी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
मध्यप्रदेश स्वास्थ्य विभाग के अनुसार भोपाल में कोरोना के छह नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 164 हो गई है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कोरोना वायरस को लेकर पटना में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की।
मध्यप्रदेश स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कोरोना वायरस पॉजिटिव तीन मरीजों का आज निधन हो गया, इसमें 2 मरीज इंदौर से हैं और 1 छिंदवाड़ा से। राज्य में मौत का आंकड़ा 11 हो गया है। राज्य में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या 158 है।
गुजरात में कोरोना के 10 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 105 हो गई है।
जम्मू और कश्मीर में जिन पांच व्यक्तियों की पहली कोरोना वायरस रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, दोबारा उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। सीडी अस्पताल, श्रीनगर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नावेद शाह ने बताया कि उनके नमूने एक अन्य परीक्षण के लिए लिए जाएंगे।
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में एक 36 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव मरीज का आज निधन हो गया। राज्य में कुल कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 155 और मृतकों की संख्या नौ हो गई है।
कर्नाटक के बगलकोट में कोरोना पॉजिटिव एक मरीज का शुक्रवार को निधन हो गया। इसके साथ ही राज्य में इस वायरस से मरने वालों की संख्या चार हो गई है।
गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने बताया कि गोवा में कोरोना का एक नया मरीज सामने आया है। इसके साथ ही राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या सात हो गई है।
राजस्थान में शनिवार को कोरोना वायरस के 12 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से आठ तब्लीगी जमात से जुड़े हैं। इसी के साथ राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या 191 हो गई है।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस ने व्हाट्सएप से कोरोना वायरस को लेकर अफवाह फैलाने के आरोप में बहरिया से मोहम्मद साहिद को गिरफ्तार किया है।