कोरोनावायरस पर केंद्र सरकार की एडवाइजरी के मद्देनजर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होली मिलन समारोह में हिस्सा नहीं लेंगे। बता दें कि इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी व कई केंद्रीय मंत्री भी होली मिलन समारोह में शिरकत नहीं करने का एलान कर चुके हैं।
ईरान में फंसे करीब 2000 भारतीय नागरिकों को शीघ्र ही भारत लाया जाएगा। इनमें से 300 भारतीयों के खून का नमूना भारत आ रहा है। इन सैंपलों की जांच की जाएगी। यदि उनके से सभी कोरोनावायरस से निगेटिव पाए जाएंगे तो उन्हें भारत लाने का इंतजाम किया जाएगा। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को यहां बताया कि ईरान में फंसे सभी भारतीयों को यहां लाया जाएगा जबकि भारत में रह रहे सभी ईरानी नागरिकों को वापस ईरान भेजा जाएगा। इस बारे में भारत की ईरानी अधिकारियों से बात चल रही है।
रेलवे विभाग ने एक कर्मचारी को खांसी और सर्दी की शिकायत के बाद जांच के लिए आरएमएल अस्पताल भेजा है। उसे 14 दिन तक आराम के लिए बोला गया है। सूत्रों के मुताबिक यह कोरोना का केस हो सकता है।
पर्यटन मंत्रालय 450 ईरानी नागरिकों की तलाश कर रहा है जो फरवरी में भारत आए थे। बता दें कि ईरान में अबतक करीब 120 लोगों की मौत हो चुकी है। ईरान में विदेश मंत्री के सलाहकार की भी कोरोना वायरस से मौत हो गई है। उन्होंने 1979 के अमेरिकी दूतावास बंधक संकट में भी हिस्सा लिया था। यह जानकारी सरकारी संवाद समिति इरना ने दी है।इरना ने बताया कि वरिष्ठ और क्रांतिकारी राजनयिक हुसैन शेखोलेसलाम की गुरुवार को मौत हो गई।
कोरोनावायरस का असर लोटस मेकअप इंडिया फैशन वीक (एलएमआईएफडब्ल्यू) पर भी पड़ा है। इसे फिलहाल स्थगित करना पड़ा है। यह 11 से 15 मार्च तक होने वाला था। फैशन डिजाइन काउंसिल ऑफ इंडिया (एफडीसीआई) के अध्यक्ष सुनील शेट्टी ने इस संंबंध में जानकारी दी।
केंद्र सरकार ने सभी मंत्रालयों, विभागों को अपने कर्मचारियों से 31 मार्च तक बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज न कराने के निर्देश दिए हैं। कर्मचारियों को रजिस्टर पर हस्ताक्षर कर उपस्थिति दर्ज कराने को कहा है।कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश के मुताबिक कोरोना वायरस के प्रसार की रोकथाम के लिए एहतियाती कदम के तहत केंद्र सरकार के सभी कर्मचारियों को शुक्रवार को आधार आधारित बायोमीट्रिक प्रणाली से हाजिरी लगाने से छूट दे दी गई। इसके बजाए वे रजिस्टर पर अपनी हाजिरी दर्ज करेंगे।
आदेश में कहा गया है- यह पाया गया है कि वायरस के प्रसार का सबसे सामान्य तरीका संक्रमित सतह हैं। इसलिए उन सतहों को छूने से बचना चाहिए जो मानव संपर्क की वजह से संक्रमित हो सकती हैं। इसमें सभी मंत्रालयों से कहा गया है कि वे अपने कर्मचारियों को 31 मार्च तक आधार आधारित बायोमीट्रिक हाजिरी प्रणाली के जरिए अपनी उपस्थिति दर्ज कराने से छूट दें। केंद्र सरकार के सभी विभागों को जारी आदेश में कहा गया कि सभी कर्मचारियों के लिए हालांकि, इस अवधि के दौरान उपस्थिति पंजी पर अपनी हाजिरी दर्ज करना जरूरी होगा।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि मास्क पहनने को लेकर घबराने की कोई जरूरत नहीं है। जो भी दुकानदार मास्क के लिए ज्यादा पैसे वसूल रहे हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
बीएसएफ ने कहा कि जवान रिट्रीट समारोह परफॉर्म करते रहेंगे, लेकिन यहां लोगों को आने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर शिवदुलार सिंह ढिल्लो ने कहा कि अटारी-वाघा सीमा पर होने वाले रिट्रीट समारोह में लोगों के आने पर रोक लगा दी गई है। यहां रोजाना करीब 20 से 25 हजार लोग इस समारोह को देखने आते हैं।
नीदरलैंड्स में कोरोनावायरस से पहली मौत, एएफपी ने दी जानकारी। वहीं, मिस्र में नील क्रूज बोट पर 12 संक्रमितों की पहचान हुई है।
कोरोनावायरस के मद्देनजर सभी केंद्रीय बलों ने होली मिलन समारोह रद्द कर दिया है। सीआईएसएफ ने भी अगले हफ्ते होने वाले रेजिंग डे समारोह को भी टाल दिया है।
कोरोनावायरस को देखते हुए संसद में होली के बाद 11 मार्च से आगुंतकों की आवाजाही और उनके आने पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। इस प्रकार दोनों सदनों के सदस्य संसद परिसर के भीतर किसी भी आगंतुक से मुलाकात नहीं कर पाएंगे। ना ही होली के बाद जब संसद फिर से शुरू होगी तब कोई भी सदस्य किसी आगंतुक को संसद के भ्रमण पर ले जा सकेगा।
कासगंज में कोरोनावायरस का एक संदिग्ध मरीज मिला है। उसे जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया गया है। युवक के सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजे गए हैं। युवक चार मार्च को केरल से लौटा है।
कोरोनावायरस के बढ़ते प्रसार के कारण मध्यप्रदेश सरकार से परामर्श के बाद आईफा अवार्ड 2020 को स्थगित कर दिया गया है।
फ्रांस में कोरोना वायरस के मामले बढ़ने के कारण यूरोपीय संसद का सत्र अब स्ट्रासबर्ग के बजाय ब्रसेल्स में होगा। संसद के स्पीकर डेविड सासोली ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
कोरोनावायरस के कारण पेरिस मैराथन को 18 अक्तूबर तक स्थगित कर दिया गया है। पहले यह मैराथन पांच अप्रैल को होनी थी और इसके लिए 60 हजार धावक पंजीकरण करा चुके थे।
रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि कोरोनावायरस के चलते हमें वैश्विक आर्थिक वृद्धि के नरम रहने की आशंका है। उन्होंने बताया कि सभी केंद्रीय बैंक इस दिशा में मिलकर काम कर रहे हैं।
कोरोनावायरस की आशंका से ओडिशा के सरकारी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती आयरलैंड का एक नागरिक गुरुवार रात को फरार हो गया। इस आयरिश नागरिक की बीजू पटनायक अतंरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्क्रीनिंग की गई थी और बुखार जैसा लक्षण मिलने के बाद उसे शहर के कैपिटल अस्पताल ले जाया गया था। इस मामले में पुलिस में केस भी दर्ज कराया गया है।
आरएमएल अस्पताल में खुलेआम ही संदिग्ध मरीजों की जांच हो रही थी जिसे लेकर गंभीर सवाल भी खड़े हुए हैं। एक ओर जहां सरकार संदिग्ध मरीजों के लिए आइसोलेशन को सबसे जरूरी मान रही है। वहीं उन्हीं के अस्पताल में अन्य मरीजों के साथ इनकी जांच की जा रही है। इसके अलावा दिल्ली सरकार ने अपने सभी दफ्तरों में बायोमीट्रिक अटेंडेंस पर भी रोक लगा दी है। सभी विभागों को आदेश जारी हुए हैं कि फिलहाल कर्मचारियों की उपस्थिति अस्थायी तौर पर रजिस्टर में दर्ज की जाएगी।
इसके अलावा सभी राज्यों को आदेश रैपिड एक्शन कमेटी गठित करने और जिला कलेक्टर की निगरानी में ब्लॉक व ग्राम स्तर पर टीमें तैनात करने के निर्देश भी दिए हैं। देर शाम केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन की अध्यक्षता में दिल्ली के सभी निजी अस्पतालों के साथ कोरोना वायरस के प्रबंधन पर बैठक जारी है। सरकार ने निजी अस्पतालों से भी ऐसे हालातों से निपटने के लिए मदद मांगी है।
चीन में घातक कोरोना वायरस से 30 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 3,042 हो गई है। इसके अलावा वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 80,552 है। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) ने कहा कि उसे गुरुवार को चीन में कोरोना वायरस के 143 नए मामलों और 30 से अधिक लोगों की मौत की जानकारी मिली है।
एनएचसी ने शुक्रवार को बताया कि 30 में से 29 मौत हुबेई प्रांत में जबकि एक व्यक्ति की मौत हेनान प्रांत में हुई। चीन में बृहस्पतिवार तक 80,552 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इनमें 3,042 लोगों की मौत हो चुकी है। 23,784 रोगियों का इलाज चल रहा है और 53,726 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दी जा चुकी है।
आयोग ने कहा कि बृहस्पतिवार को विदेश से आए 16 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से 11 लोग गांसू प्रांत में, चार लोग बीजिंग में और एक व्यक्ति शंघाई में इस वायरस से संक्रमित पया गया है।आयोग ने बताया कि इसके साथ ही विदेश से आए पीड़ितों की संख्या बढ़कर 36 हो गई है।