देश में कोरोना वायरस की वजह से मौंतों का आंकड़ा बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश के इंदौर में सोमवार को 49 वर्षीय महिला की मौत भी इसी संक्रमण की वजह से हो गई। इसी के साथ राज्य में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की मौत की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
मध्यप्रदेश का इंदौर शहर राज्य में कोरोना का केंद्र बनता जा रहा है। जिले में मंगलवार को कोरोना से संक्रमित 17 नए मामलों का पता चला है। इसी के साथ सिर्फ इंदौर शहर में कोरोना संक्रमित मामलों की संख्या बढ़कर 44 हो गई है। शहर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर प्रवीण जाडिया ने बताया कि इनके सैंपल दो दिन पहले परीक्षण के लिए भोपाल भेजे गए थे।
इंदौर वासियों के नाम मुख्यमंत्री शिवराज का संदेश
इंदौर में लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामले को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को इंदौरवासियों को संबोधित किया। अपने संबोधन ने शिवराज ने कहा कि इंदौर दुनिया का अद्भुत शहर है। आपके और मेरे सपनो का शहर, आपकी जागरुकता के कारण इंदौर तीन बार स्वच्छता में देश में पहले नंबर पर आया है।