पहली बार देश में एक दिन में कोरोना के रिकॉर्ड 40 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही देश में कुल संक्रमितों की संख्या 11 लाख को पार कर गई। हालांकि राहत की बात है कि कोरोना को मात देने वालों की संख्या भी सात लाख से ज्यादा हो चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को 40,425 नए मरीजों की पुष्टि की। वहीं 24 घंटे में 681 लोगों की मौत हुई, जबकि 22,664 मरीज डिस्चार्ज किए गए।
मंत्रालय के मुताबिक देश में अब तक 11,18,403 संक्रमित मिले हैं, जिनमें 7,00,087 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। जबकि 27,497 लोगों की मौत हुई है। फिलहाल देश में 3,90,459 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है। मंत्रालय के मुताबिक, एक दिन में कुल मामलों में 3.75 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जबकि स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या में 3.35 फीसदी और मृत्युदर में 2.54 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, रविवार को 2.56 लाख सैंपल की जांच हुई। इनमें 15.7 फीसदी पॉजिटिव मिले हैं। एक सप्ताह में रोजाना जांच का आंकड़ा 3.61 लाख से भी ज्यादा हो चुका था। देश में अब तक 1.40 करोड़ से ज्यादा सैंपल की जांच हो चुकी है।
पांच राज्यों में सबसे ज्यादा मरीज
मंत्रालय के अनुसार, सबसे ज्यादा मरीज पांच राज्य में मिले हैं। इनमें महाराष्ट्र में 9,518, आंध्र प्रदेश में 5,041, तमिलनाडु में 4,979, कर्नाटक में 4,120 और पश्चिम बंगाल में 2,278 केस सामने आए हैं। महाराष्ट्र में 258, कर्नाटक में 91, तमिलनाडु में 78, आंध्र प्रदेश में 56 और उत्तर प्रदेश में 38 लोगों की मौत हुई।
तीन दिन में एक लाख मरीज
आंकड़ों के मुताबिक, 30 जनवरी को देश में पहला केस मिलने के बाद एक लाख मरीज होने में 110 दिन लगे थे। बीते 62 दिन में 10 लाख से ज्यादा मरीज मिले हैं। स्थिति यह है कि 11 जुलाई से हर तीन दिन में एक लाख मरीज मिल रहे हैं। पहले यह आंकड़ा चार, पांच, आठ और 15 दिन था।
.. तो अगस्त में 6 लाख से ज्यादा होंगे एक्टिव केस
विशेषज्ञों के मुताबिक देश में फिलहाल चार फीसदी के औसत से एक्टिव केस बढ़ रहे हैं। अगर स्थिति नहीं बदली तो अगस्त में एक्टिव मरीजों की संख्या छह लाख से ज्यादा होगी, जो फिलहाल चार लाख से कम बनी है।
जानें पांच दिन में कैसे बढ़े मामले
| तारीख |
सैंपल जांचे |
मरीज |
फीसदी में |
| 19 जुलाई |
256,039 |
40,425 |
15.7 |
| 18 जुलाई |
358,127 |
38,902 |
10.8 |
| 17 जुलाई |
361,024 |
34,884 |
9.6
|
| 16 जुलाई |
333,228 |
34,956 |
10.4 |
| 15 जुलाई |
326,826 |
32,695 |
10.0 |
(2 से 14 जुलाई के बीच रोजाना औसतन 20 से 30 हजार मामले मिले थे)