या
सब्सक्रिप्शन लें, अतिरिक्त 4 महीने फ्री {{/show_subscribe}}दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने सीएम अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर कहा है कि कांग्रेस सीमा पर 300 बसें तैनात करना चाहती है ताकि प्रवासी मजदूरों को अपने राज्यों में जाने का मौका मिल सके। इसका खर्च कांग्रेस वहन करेगी।
राजस्थान में मंगलवार दोपहर दो बजे तक 128 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं और एक की मौत हुई है। यहां संक्रमितों की कुल संख्या 5757 पहुंची जिनमें से 2386 सक्रिय मामले हैं, 3232 स्वस्थ हो चुके हैं और 139 मरीजों की मौत हुई है।
जेईई मुख्य परीक्षा के लिए नए सिरे से आवेदन 19 से 24 मई के बीच दिए जा सकते हैं। कोविड-19 के चलते जिन छात्रों ने विदेश जाकर पढ़ाई करने की योजना टाल दी है, उन्हें जेईई-मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन करने का फिर से मौका मिलेगा: मानव संसाधन विकास मंत्रालय।
महाराष्ट्र: बांद्रा रेलवे स्टेशन के बाहर श्रमिक ट्रेन में सवार होने के लिए आज प्रवासी मजदूरों की भारी भीड़ जमा हो गई। ट्रेन बिहार जा रही थी। करीब 1000 लोगों को ही जाने की इजाजत दी गई क्योंकि उनका पहले से ही रजिस्ट्रेशन था।
केरल: लॉकडाउन 4.0 के दिशा-निर्देश के अनुसार तिरुवनंतपुरम में दुकानें खोलने की छूट दी गई है। राज्य सरकार ने रोटेशन के तहत शॉपिंग कॉम्पलेक्स में 50 फीसदी दुकानें खोलने की इजाजत दी है।
राज्य में मरीजों के ठीक होने की दर 64 फीसदी है, देश में यह सबसे अच्छा है। हालांकि, कोरोना वायरस से लड़ाई जारी है क्योंकि दूसरे राज्यों में फंसे एनआरआई के आने का सिलसिला जारी है: बलबीर सिंह सिद्धू, पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री
पिछले 24 घंटे में दिल्ली में 500 कोरोना संक्रमित मिले। राजधानी में संक्रमितों की कुल संख्या 10554 पहुंची। इसमें से 5638 सक्रिय मामले हैं और अबतक 166 की मौत हो चुकी है।
कर्नाटक में सोमवार शाम 5 बजे से मंगलवार दोपहर 12 बजे तक कोरोना वायरस के 127 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में ये अबतक का एक दिन में सबसे ज्यादा आंकड़ा है। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 1373 पहुंच गई है। इनमें से 802 सक्रिय केस हैं जबकि 530 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, अबतक 41 लोगों की मौत हुई है।
चंडीगढ़: सेक्टर 17 मार्केट में आज दुकानें खोली गईं। लॉकडाउन 4.0 के तहत प्रशासन ने सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक दुकानें खोलने की अनुमति दी है।
असम में कोरोना वायरस के छह नए मामले सामने आए हैं। असम के मंत्री ने कहा कि प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 121 हो गई है।
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में राज्य के 55 पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। महाराष्ट्र पुलिस ने बताया कि राज्य में पुलिस बल में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या अब 1328 हो गई है।
बिहार में कोरोना वायरस के 19 नए मामले सामने आए हैं। बिहार के प्रमुख स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में अब कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 1442 हो गई है।
वंदे भारत मिशन के दूसरे चरण के तहत एक एयर इंडिया एक्सप्रेस की विशेष उड़ान से 166 यात्रियों को ओमान के मस्कट से हैदराबाद लाया गया है।
कर्नाटक सरकार ने आज से बस सेवाओं को फिर से शुरू करने की अनुमति दे दी है।
बिहार में भागलपुर के नौगछिया में ट्रक और बस की टक्कर में कम से कम नौ मजदूरों की मौत हो गई और कई घायल हैं। मजदूर ट्रक से अपने घरों के लिए जा रहे थे। बचाव अभियान जारी है।
हैदराबाद में ऑटो और टैक्सी सेवाएं फिर से शुरू हो गई हैं। नाई की दुकानें खुल गई हैं।
बंगलूरू में आम लोगों के लिए पार्क खोल दिए गए हैं। आज सुबह क्यूबिक पार्क और लालबाग बॉटनिकल गार्डन में लोग टहलने के लिए पहुंचे।
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या एक लाख के पार
देशभर में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 4970 नए मामले सामने आए हैं जबकि 134 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में कुल कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 1,01139 हो गई है, जिनमें से 58,802 सक्रिय हैं, 39,174 लोग स्वस्थ हो चुके हैं और अब तक 3,163 लोगों की मौत हो चुकी है।
कोरोना लॉकडाउन 4.0 के बीच दिल्ली की गाजीपुर सब्जी मंडी में लोग खरीदारी करने के लिए पहुंचे। आज सुबह यहां भारी भीड़ दिखी।