फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in India Live Updates: राजस्थान में आज 242 नए मामले, पांच की मौत

Sun, 17 May 2020 11:44 PM IST
योगेश साहू न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 4987 नए मामले सामने आए हैं और 120 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 90,927 हो गई है, जिनमें 53,946 सक्रिय हैं, 34,109 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 2,872 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां पढ़ें देश में कोरोना वायरस से संबंधित सभी अपडेट्स...
विज्ञापन
भारत में कोरोना - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:44 PM, 17-May-2020

पुणे में पिछले 24 घंटे में 223 नए मामले और नौ लोगों की मौत

महाराष्ट्र: पुणे जिले में पिछले 24 घंटे में 223 नए मामले सामने आए हैं और नौ लोगों की मौत हुई है, इसके साथ ही यहां मृतकों की संख्या बढ़कर 206 और संक्रमितों की संख्या 4018 पहुंच गई है। आज 62 मरीज स्वस्थ्य हुए हैं जिसके बाद यहां ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 2014 हो गई है।

11:18 PM, 17-May-2020

गोवा में नौ और पॉजिटिव मामले

गोवा में नौ और पॉजिटिव मामले सामने आए। इसी के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 29 हो गई है, जिसमें 22 मामले सक्रिय हैं और सात मरीज ठीक हो गए हैं: राज्य स्वास्थ्य विभाग

11:14 PM, 17-May-2020

रिस्क प्रोफाइलिंग के हिसाब से केंद्र की गाइडलाइंस लागू की जाएंगी- हिमाचल सरकार

राज्य में 31 मई तक लॉकडाउन को बढ़ाया जाएगा और रिस्क प्रोफाइलिंग के हिसाब से केंद्र की गाइडलाइंस लागू की जाएंगी। कर्फ्यू का समय जिला अधिकारी निर्धारित कर सकते हैं: हिमाचल सरकार

विज्ञापन
10:53 PM, 17-May-2020

पंजाब, महाराष्ट्र, तमिलनाडु के बाद राजस्थान ने भी राज्य में लॉकडाउन को 31 मई तक बढ़ा दिया है। 
 

10:51 PM, 17-May-2020

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव प्रीति सूदन ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को दिए निर्देश

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव प्रीति सूदन ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को रेड/ऑरेंज और ग्रीन जोन निर्धारित करने का निर्देश दिए हैं। कंटेनमेंट और बफर जोन भी बनाए जाएंगे। इसके अलावा केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने जोन बांटने का मानदंड भी बताया है। यह प्रति लाख जनसंख्या पर केसों की संख्या, डबलिंग और मृत्यु दर पर आधारित होगा।

विज्ञापन
10:45 PM, 17-May-2020

केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को लिखा पत्र

केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर 31 मई तक विस्तारित लॉकडाउन के लिए जारी किए गए नए दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा है। साथ ही उन्होंने दिशानिर्देशों को कम नहीं करने के लिए भी कहा है। इसके अलावा गृह सचिव ने सभी राज्यों से अनुरोध किया है कि ज्यादा से ज्यादा श्रमित स्पेशल ट्रेन चलाने में सहयोग करें। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने भी आश्वासन दिया है कि अगर राज्य तुरंत मंजूरी दे दें तो ज्यादा ट्रेनें चलाई जा सकेंगी।

10:40 PM, 17-May-2020

राजस्थान में आज 242 नए मामले, पांच की मौत

राजस्थान में आज 242 नए मामले सामने आए और पांच लोगों की मौत हो गई। राज्य में संक्रमितों की संख्या 5202 हो गई है। 2016 सक्रिय मामले हैं, जबकि कोरोना के कारण मरने वालों का आंकड़ा 131 पहुंच गया हैः स्वास्थ्य विभाग

10:36 PM, 17-May-2020

बिहार में कोरोना के 33 और मामले

बिहार में कोरोना के 33 और मामले। इसके साथ ही राज्य में कुल मामले बढ़कर 1284 हो गए हैं: प्रधान सचिव स्वास्थ्य 

10:17 PM, 17-May-2020

WHO की विश्व स्वास्थ्य सभा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे डॉ हर्षवर्धन

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन 18 और 19 मई को विश्व स्वास्थ्य संगठन की विश्व स्वास्थ्य सभा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
 

09:59 PM, 17-May-2020

जम्मू और कश्मीर सरकार ने आदेश दिया है कि तीन मई को सरकार द्वारा जारी किए गए लॉकडाउन दिशानिर्देश जम्मू-कश्मीर में 19 मई 2020 तक जारी रहेंगे।
 

09:51 PM, 17-May-2020

गुजरात में आज कोरोना के 391 मामले

गुजरात में आज कोरोना के 391 मामले सामने आए। इसी के साथ संक्रमितों की कुल आंकड़ा 11,380 पहुंच गया है, जिनमें 4499 ठीक हो गए हैं और 659 लोगों की मौत हो चुकी हैः स्वास्थ्य विभाग 

महाराष्ट्र: 1.5 महीने के बच्चे और उसके चार साल के भाई ने दी कोरोना को मात
महाराष्ट्र: कोरोना से ठीक होने के बाद एक 1.5 महीने के बच्चे और उसके चार साल के भाई को आज पिंपरी-चिंचवाड़ के अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

09:37 PM, 17-May-2020

घरेलू और अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक उड़ानों पर 31 मई तक रोक

घरेलू यात्री विमान सेवा और अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक उड़ानों पर 31 मई तक रोक बढ़ा दी गई हैः नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA)

09:21 PM, 17-May-2020

दूसरे राज्यों में फंसे 75000 मजदूरों को वापस बुलाया गया- भूपेश बघेल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि दूसरे राज्यों में फंसे 75000 मजदूरों को वापस बुलाया गया है। इनमें से 16000 ट्रेन से और बाकी सड़क मार्ग से आए हैं।

09:03 PM, 17-May-2020

मुंबई में आज 1571 और नए मामले, 38 लोगों की मौत

मुंबई में आज कोरोना के 1571 मामले सामने आए और 38 लोगों की मौत हो गई। शहर में कुल संक्रमितों संख्या 19967 हो गई है। अब तक 5012 लोग ठीक हुए हैं, जबकि 734 लोगों की मौत हो चुकी हैः बीमसी

08:33 PM, 17-May-2020

महाराष्ट्र में आज 2347 नए मामले, 63 मरीजों की मौत

महाराष्ट्र में आज कोरोना के 2347 नए मामले रिपोर्ट किए और 63 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब तक 33053 मामले हो गए है। आज 600 लोग डिस्चार्ज किए गए। अब तक राज्य में 7688 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं: राज्य स्वास्थ्य विभाग

जम्मू-कश्मीर में कोरोना के 62 नए मामले
जम्मू-कश्मीर में कोरोना के 62 नए मामले सामने आए, जिनमें 16 जम्मू से और 46 कश्मीर से मामले हैं। संक्रमितों की संख्या 1183 पहुंच गई है। यहां इस समय 595 सक्रिय मामले हैं, 575 ठीक हो चुके हैं और 13 लोगों की मौतें हुई हैं।

हरियाणा में अब तक 562 मरीज हुए ठीक
हरियाणा में आज तक कोरोना के 910 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं और 14 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक 562 लोग ठीक हो चुके हैं: स्वास्थ्य विभाग

 

08:16 PM, 17-May-2020

दक्षिण-मध्य रेलवे ने 17 मई तक 93 'श्रमिक स्पेशल' ट्रेनें चलाईं

दक्षिण-मध्य रेलवे ने 17 मई तक 93 'श्रमिक स्पेशल' ट्रेनें चलाईं और एक लाख 18 हजार 229 लोगों को उनके घरों तक पहुंचाया।

08:09 PM, 17-May-2020

राष्ट्रपति भवन तक पहुंचा कोरोना, एसीपी हुए संक्रमित

दिल्ली पुलिस के 58 वर्षीय एसीपी करन सिंह, जो राष्ट्रपति भवन में तैनात थे, उन्हें कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। 13 मई को उनका टेस्ट किया गया था। एसीपी के संपर्क में आए पांच अन्य लोगों को क्वारंटीन किया गया है।  

07:55 PM, 17-May-2020

दिल्ली मेट्रो की सेवाएं 31 मई तक बंद

31 मई तक दिल्ली मेट्रो की सेवाएं यात्रियों के लिए बंद रहेंगी। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर '155370' भी उपलब्ध नहीं होगा।

07:53 PM, 17-May-2020

मुंबई के धारावी में कोरोना के 44 और मामले

मुंबई के धारावी में कोरोना के 44 और मामले सामने आए। इसी के साथ यहां संक्रमितों की संख्या 1242 हो गई है, जिनमें 56 मौतें भी शामिल हैं: बीएमसी

07:15 PM, 17-May-2020

लॉकडाउन-4 की खास बातें

  • रेड, ग्रीन और ऑरेंज जोन का फैसला राज्य सरकार करेंगे
  • मेट्रो सेवाओं को इजाजात नहीं
  • लॉटस्पॉट इलाके में सख्ती जारी रहेगी
  • सभी होटल और रेस्टोरेंट बंद रहेंगे 
  • सिनेमा हॉल्स, जिम, स्वीमिंग पूल और पार्क बंद रहेंगे
  • सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक 
  • स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे
  • देशभर में कोरोना को लेकर पांच जोन बनाए जाएंगे
  • रेड, ग्रीन, ऑरेंज, बफर और कंटेनमेंट जोन बनेगा
  • कंटेनमेंट जोन में सिर्फ आवश्यक सेवाओं को इजाजत
  • सभी धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक आयोजन पर रोक रहेगी
  • शाम सात बजे से सुबह सात बजे तक बाहर निकलने पर रोक 
  • शादी समारोह में 50 से ज्यादा लोग शामिल नहीं होंगे 
  • 10 साल से कम और 65 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को बाहर निकलने पर रोक
  • स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और स्टेडियम दर्शकों के बिना खोले जाएंगे
  • राज्यों की सहमति से बस सेवा को इजाजत
  • देश में सभी तरह के ट्रकों की आवाजाही को इजाजत दी गई है
  • गर्भवती महिलाओं के निकलने पर रोक
  • दुकान में पांच से ज्यादा लोग नहीं होंगे

07:09 PM, 17-May-2020

पंजाब में आज कोरोना के 18 नए मामले

पंजाब में आज कोरोना के 18 नए मामले सामने आए हैं। कुल मामलों की संख्या अब 1964 हो गई है। राज्य में कुल सक्रिय मामले 536 हैं। 1366 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 35 की मौत हुई है: राज्य स्वास्थ्य विभाग

07:03 PM, 17-May-2020

गृह मंत्रालय ने जारी किए दिशा-निर्देश

गृह मंत्रालय ने भारत सरकार के मंत्रालयों/ विभागों, राज्य सरकारों/केंद्र शासित प्रदेशों और राज्य/केंद्रशासित प्रदेशों द्वारा कोरोना के नियंत्रण के लिए किए जाने वाले उपायों को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 31 मई 2020 तक लॉकडाउन 4 प्रभावी रहेगा।
 

06:59 PM, 17-May-2020

दिल्ली: केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला गृह मंत्रालय (MHA) पहुंचे।
 

06:31 PM, 17-May-2020

तमिलनाडु में आज 639 नए मामले, चार लोगों की मौत

तमिलनाडु में आज कोरोना वायरस के 639 नए मामले सामने आए और चार लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या 11,224 हो गई है। राज्य में फिलहाल 6971 सक्रिय मामले हैं और मौत का अब तक 78 लोगों की मौत हो चुकी हैः स्वास्थ्य विभाग

06:28 PM, 17-May-2020

केंद्रीय कैबिनेट सचिव राजीव गौबा आज राज्य के मुख्य सचिवों के साथ करेंगे बात

केंद्रीय कैबिनेट सचिव राजीव गौबा आज रात नौ बजे राज्य के मुख्य सचिवों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस करेंगे।
 

06:24 PM, 17-May-2020

देशभर में 31 मई तक बढ़ सकता है लॉकडाउन

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने भारत सरकार के मंत्रालयों / विभागों, राज्य सरकारों और राज्य प्राधिकरणों को लॉकडाउन 31 मई 2020 तक जारी रखने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कोरोना के प्रसार को रोकने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को खोलने की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए दिशानिर्देशों में संशोधन जारी करने के लिए राष्ट्रीय कार्यकारी समिति (एनईसी) को भी निर्देश दिया है।
 

06:10 PM, 17-May-2020

हिमाचल प्रदेश में आज एक मामला सामने आया

हिमाचल प्रदेश में आज एक मामला सामने आया। राज्य में पॉजिटिव मामलों की संख्या 78 हो गई है, जिसमें 31 सक्रिय हैं, 40 ठीक हो गए हैं और तीन लोगों की मौत हो गई हैः राज्य स्वास्थ्य विभाग

06:04 PM, 17-May-2020

कर्नाटक में दो दिनों के लिए और बढ़ा लॉकडाउन

कर्नाटक सरकार ने राज्य में लॉकडाउन 3.0 को दो दिनों के लिए और बढ़ा दिया है। यानी राज्य में 19 मई की मध्यरात्रि तक लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान लॉकडाउन 3.0 के सभी दिशानिर्देश और मानदंड लागू होंगे, जब तक कि अगली सूचना नहीं मिल जाती है। बता दें कि आज लॉकडाउन 3.0 का आखिरी दिन है। 

05:54 PM, 17-May-2020

बिहार में आज 58 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 1251 हुई

बिहार में आज कोरोना के 58 नए मामले रिपोर्ट किए गए, जिसमें से 56 पटना से हैं। राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 1251 हो गई हैः प्रधान स्वास्थ्य सचिव संजय कुमार

05:28 PM, 17-May-2020

पश्चिम बंगाल सरकार ने लगभग 3000 कैदियों को किया रिहा

कोरोना वायरस महामारी के मद्येनजर पश्चिम बंगाल सरकार ने मार्च के अंतिम सप्ताह से लगभग 3000 कैदियों को जेल से जमानत या पेरोल पर रिहा किया है। इस बात की जानकारी रविवार को अधिकारियों ने दी।   

05:23 PM, 17-May-2020

केरल में आज कोरोना के 14 नए मामले

केरल में आज कोरोना के 14 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में कुल 101 सक्रिय मामले हो गए हैं: मुख्यमंत्री पिनराई विजयन 
 

05:00 PM, 17-May-2020

महाराष्ट्रः 20 लाख प्रवासियों ने अपने गृह राज्य लौटने के लिए कराया पंजीकरण

महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा है कि कुल 20 लाख प्रवासी, जो ज्यादातर बिहार और पश्चिम बंगाल के हैं। उन सभी ने महाराष्ट्र सरकार के साथ अपने गृह राज्यों में लौटने के लिए पंजीकरण कराया है। 
 

04:53 PM, 17-May-2020

एयर इंडिया ने घरेलू उड़ानों को फिर से शुरू करने के संबंध में स्पष्टीकरण जारी किया है

एयर इंडिया ने घरेलू उड़ानों को फिर से शुरू करने के संबंध में स्पष्टीकरण जारी किया है। स्पष्टीकरण में कहा गया है कि एयर इंडिया की फ्लाइट बुकिंग फिलहाल बंद है और भारत सरकार से निर्देश मिलने के बाद फिर से शुरू होगी।
 

04:45 PM, 17-May-2020

प्रवासी श्रमिकों के लिए प्रतिदिन 1000 बसें- शिवराज सिंह चौहान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रवासी श्रमिकों के लिए प्रतिदिन 1000 बसें राज्य सरकार द्वारा संचालित की जा रही हैं। हम कोशिश कर रहे हैं कि किसी भी प्रवासी श्रमिक को अपने गृह नगर वापस नहीं जाना पड़े। राज्य के सभी प्रवासी श्रमिकों को वापस लाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

04:33 PM, 17-May-2020

मुंबईः अधिकारी निकला पॉजिटिव, अतिरिक्त कमिश्नर को किया गया क्वारंटीन

मुंबई पुलिस के एक इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी को बीते मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, जिसके बाद उन्हें सांताक्रूज ईस्ट के कोलेकल्यान पुलिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद एहतियात के तौर पर अधिकारी, अतिरिक्त कमिश्नर समेत चार लोगों को क्वारंटीन किया गया। इस बात की जानकारी अधिकारियों ने दी। 

04:05 PM, 17-May-2020

प्रवासी मजदूरों को किसी प्रकार की तकलीफ न होने दें- अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रवासी मजदूरों को किसी प्रकार की तकलीफ न होने दें। जरूरत के मुताबिक उनके लिए ट्रेनों की व्यवस्था की जाएगी।
 

03:44 PM, 17-May-2020

जम्मू-कश्मीर में शराब और बियर पर 50 प्रतिशत अतिरिक्त एक्साइज ड्यूटी

जम्मू-कश्मीर सरकार ने कहा है कि राज्य में 18 मई से शराब और बियर पर 50 प्रतिशत अतिरिक्त एक्साइज ड्यूटी लगाई जाएगी।

पिछले 24 घंटे में बीएसएफ के 10 जवान कोरोना पॉजिटिव

पिछले 24 घंटे में बीएसएफ के 10 जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कोविड हेल्थकेयर हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है। कल तक 13 जवानों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। 

 

गुजरातः राजकोट में प्रवासी मजदूरों ने गाड़ियों में तोड़फोड़ की

गुजरातः राजकोट के शपार ऑद्योगिक क्षेत्र में प्रवासी मजदूरों ने गाड़ियों में तोड़फोड़ की। ये मजदूर यूपी और बिहार जाने वाली दो श्रमिक स्पेशल ट्रेनों को रद्द किए जाने से नाराज थे।

 
उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने के लिए प्रवासी मजदूर रीवा के चाकघाट के पास उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश सीमा पर पुलिस बैरिकेड को तोड़ते हुए। देखें वीडियोः-
 

तमिलनाडु में भी 31 मई तक बढ़ा लॉकडाउन

कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए पंजाब, महाराष्ट्र के बाद तमिलनाडु सरकार ने भी लॉकडाउन को 31 मई तक बढ़ाने का फैसला किया है। राज्य सरकार के नए आदेश के बाद स्कूल, कॉलेज, धार्मिक स्थल, सिनेमा, थिएटर और बार बंद रहेंगे। हालांकि कोयंबटूर, सलेम, त्रिची समेच राज्य के 25 जिलों में लॉकडाउन प्रतिबंधों में छूट रहेगी।

गौरतलब है कि लॉकडाउन 3.0 का आज आखिरी दिन है और कल यानि सोमवार से पूरे देश में लॉकडाउन 4.0 प्रभावी हो जाएगा, जैसा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन के दौरान कहा था। हालांकि, लॉकडाउन 4.0 का प्रारूप कैसा होगा और इस दौरान क्या छूट मिलेगी, इस बारे में गृह मंत्रालय द्वारा दिशानिर्देश जारी किया जाएगा।

सुप्रीम कोर्ट ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर- 1881

कोरोना वायरस लॉकडाउन के मद्देनजर सुप्रीम कोर्ट में मामलों की रजिस्ट्री के लिए पहली बार हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। यह हेल्पलाइन नंबर 1881 है। यह नंबर ई-फाइलिंग के बारे में अधिवक्ताओं और वादकारियों के प्रश्नों का त्वरित समाधान करने के लिए सीनियर अधिकारियों की देखरेख में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक कार्यात्मक होगा।

राजस्थान में 123 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 5083 हुई

राजस्थान राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में आज दोपहर दो बजे तक कोरोना पॉजिटिव के 123 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 5083 हो गई है। जिसमें से 1963 सक्रिय मामले हैं और 128 लोगों की मौत हो चुकी है।

देहरादून में एक नया मामला आया सामने

उत्तराखंड राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में आज कोरोना पॉजिटिव का एक नया मामला देहरादून जिले में दर्ज किया गया है। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 92 हो गई है। जिसमें से 52 ठीक हो चुके हैं, 39 सक्रिय हैं और एक की मौत हो गई है।

कांग्रेस नेता आनंद शर्मा बोले- सरकारी पैकेज केवल 3.22 लाख रुपये के बराबर

कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने केंद्र सरकार द्वारा घोषणा की गई 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज को लेकर सरकार पर निशाना साधा। शर्मा ने कहा कि सरकारी पैकेज केवल 3.22 लाख करोड़ रुपये के बराबर है, जो जीडीपी का महज 1.6 फीसदी है, यह 20 लाख करोड़ रुपये का नहीं है, जैसा की प्रधानमंत्री ने घोषणा की थी।

उन्होंने कहा कि मैं वित्त मंत्री की बात पर सवाल खड़ा कर रहा हूं, प्रधानमंत्री की बात से इत्तेफाक नहीं रखता और सरकार को चुनौती दे रहा हूं कि आंकड़ों के मामले में मुझे गलत साबित करके दिखाए, मैं वित्त मंत्री से बहस के लिए तैयार हूं।

गोवा केंद्रीय जेल ने चार महिलाओं समेत 44 कैदियों को पैरोल पर छोड़ा

गोवा केंद्रीय जेल ने लॉकडाउन लागू होने के बाद से चार महिलाओं समेत 44 कैदियों को पैरोल पर छोड़ा है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। जेल विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि कोविड-19 का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए ठसाठस भरी जेलों में कैदियों की संख्या कम करने के सरकार के आदेश के बाद यह किया गया है।

राजस्थान से उत्तर प्रदेश के लिए कांग्रेस ने 500 बसों की व्यवस्था की

उत्तर प्रदेश के प्रवासी मजदूरों को लेकर बसें अलवर से आज रवाना हुईं। कांग्रेस ने राजस्थान के भरतपुर और अलवर से उत्तर प्रदेश के प्रवासी मजदूरों को भेजने के लिए 500 बसों की व्यवस्था की है।
 

अलीगढ़ नगर निगम ने प्रवासी मजदूरों के बच्चों का रखा ख्याल

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में कोरोना लॉकडाउन के दौरान फंसे प्रवासी मजदूरों के बच्चों को अलीगढ़ नगर निगम ने दूध की बोतलें और फल बांटे।

अमेरिका से तेलंगाना पहुंचे 168 भारतीय यात्री

वंदे भारत मिशन के तहत एयर इंडिया की विशेष उड़ान से 168 भारतीय यात्री अमेरिका के शिकागो से तेलंगाना के हैदराबाद आज सुबह 4.45 बजे पहुंचे।

मुंबई में सड़क दुर्घटना में छह लोग गंभीर रूप से घायल

महाराष्ट्र के नवी मुंबई के कलंबोली इलाके में मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक सड़क दुर्घटना में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। जहां एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। नवी मुंबई के कमोठे पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक बाबासाहेब तुपे ने यह जानकारी दी।

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 66 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए

महाराष्ट्र पुलिस की ओर से बताया गया है कि राज्य में पिछले 24 घंटे में 66 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके साथ ही राज्यभर में अब तक कोरोना संक्रमित पुलिसकर्मियों की संख्या 1,206 हो गई है। जिसमें से 912 सक्रिय हैं, 283 लोग ठीक हो चुके हैं और 11 की मौत हो चुकी है।

मालदीव से 588 भारतीयों को लेकर आईएनएस जलाश्व कोच्चि पहुंचा

ऑपरेशन समुद्र सेतु के तहत मालदीव से 588 भारतीय नागरिकों को लेकर नौसेना का पोत आईएनएस जलाश्व भारत के कोच्चि बंदरगाह में प्रवेश कर गया है।

 

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 25 नए मामले

आंध्र प्रदेश स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 25 नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद राज्य में कुल मामलों की संख्या 2230 हो गई है। जिसमें से 747 मामले सक्रिय हैं। अब तक संक्रमण के कारण 50 लोग जान गंवा चुके हैं।

दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 422 नए मामले

दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में यहां कोरोना पॉजिटिव के 422 नए मामले दर्ज किए गए हैं। दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या अब 9755 हो गई है।

कर्नाटक में 54 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 1146 हुई

कर्नाटक राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में 16 मई शाम पांच बजे से आज दोपहर 12 बजे तक कोरोना पॉजिटिव के 54 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1146 हो गई है। जिसमें से 611 सक्रिय मामले हैं, 497 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 37 लोगों की मौत हो चुकी है।

महाराष्ट्र में लॉकडाउन 31 मई तक बढ़ाया गया

देशभर में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में लॉकडाउन को 31 मई तक बढ़ा दिया गया है। गौरतलब है कि लॉकडाउन 3.0 का आज आखिरी दिन है। कल से लॉकडाउन 4.0 लागू होगा। पंजाब के बाद महाराष्ट्र सरकार ने लॉकडाउन को 31 मई तक बढ़ाने का फैसला किया है। हालांकि जो दिशानिर्देश केंद्र सरकार की ओर से जारी की जाएंगी, उसका यहां भी पालन होगा।

पुदुचेरी से करीब 1100 प्रवासी श्रमिक विशेष रेलगाड़ी से भोपाल के लिए रवाना

पुदुचेरी से पहली श्रमिक विशेष रेलगाड़ी कोरोना वायरस के चलते यहां फंसे 1,100 से अधिक प्रवासी मजदूरों को लेकर शनिवार देर रात भोपाल के लिए रवाना हुई। मुख्यमंत्री वी नारायणसामी, कल्याण मंत्री एम कंडासामी, जिलाधिकारी टी अरुण और विपक्षी अन्नाद्रमुक के विधायक ए.अनबलगन ने देर रात करीब एक बजे यहां रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन द्वारा लागू समन्वित योजना के तहत अपने गृह राज्यों को लौटने के इच्छुक पुदुचेरी के 813 श्रमिकों और कराइकल के 355 मजदूरों को उनके घर भेजा गया।

महाराष्ट्र: चार ट्रकों से 76000 करोड़ रुपए की शराब जब्त

पुलिस ने महाराष्ट्र के पालघर जिले में लॉकडाउन के दौरान वैध परमिट के बिना चार ट्रकों में ले जाई जा रही 76,000 रुपए की शराब जब्त की है। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि इस संबंध में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के प्रक्ता हेमंत काटकर ने बताया कि वसई मंडल के तहत वालिव पुलिस ने गश्त के दौरान शुक्रवार रात को चार ट्रकों को रोका और उनमें भारत में निर्मित विदेशी शराब बरामद की। उन्होंने बताया कि मुंबई के पांच लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ महाराष्ट्र प्रतिबंध कानून के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बिहार में 33 नए मामले, संक्रमितों की कुल संख्या 1178 हुई

बिहार में 65 वर्षीय महिला समेत कम से कम 33 और लोग कोविड-19 से संक्रमित पाए गए है। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,178 हो गई है। राज्य स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि 33 नए मामलों में से सबसे अधिक 14 मामले मधुबनी जिले में सामने आए हैं। इसके बाद भोजपुर में छह और समस्तीपुर में तीन मामले सामने आए। उन्होंने बताया कि दो-दो मामले जमुई, पूर्णिया और सिवान में तथा एक-एक मामला पटना, भागलपुर, कैमूर और लखीसराय में सामने आया है।

महाराष्ट्र में 7200 कैदियों को रिहा किया गया

कोरोना वायरस से देशभर में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में कोरोना प्रसार को रोकने के मद्देनजर भीड़ से बचने के लिए 7200 कैदियों को जेलों से रिहा किया जा चुका है। जेल अधिकारियों का कहना है कि कोरोना महामारी की वजह से जल्द ही लगभग 10,000 और कैदियों को रिहा किया जाएगा।

मुंबई में प्रवासी मजदूरों की भीड़

मुंबई में एक बार फिर प्रवासी मजदूर घर वापसी को लेकर एक जगह भारी संख्या में इकट्ठा हुए हैं।

कोरोना वायरस की वजह से एस्कॉट की भारत में विस्तार की योजना पर असर

सिंगापुर की कंपनी एस्कॉट की भारत में विस्तार की योजना कोरोना वायरस महामारी की वजह से प्रभावित हुई है। कंपनी सर्विस्ड रेजिडेंस उपलब्ध कराती है। यह ऐसी श्रेणी में जिमसें लोगों को थोड़े या अधिक समय तक ठहरने के लिए होटल जैसी सुविधाओं के साथ आवास उपलब्ध कराया जाता है। कंपनी के एक अधिकारी ने कहा कि इसके अलावा मानसून भी आने वाला है, जिसकी वजह से उसे अपनी विस्तार की योजना को आगे बढ़ाना पड़ेगा।

अधिकारी ने कहा कि कोविड-19 की वजह से लागू लॉकडाउन के चलते लोगों ने अपनी यात्राएं स्थगित कर दी है। लोग थोड़े समय के लिए ठहरने या समूह में घूमने-फिरने के लिए बाहर नहीं निकल रहे हैं। कंपनी के भारत सहित 30 देशों में सर्विस्ड रेजिडेंस और होटल हैं।

प्रवासी मजदूर महिला बोली- हमने पिछले तीन दिनों से कुछ नहीं खाया है

प्रवासी श्रमिकों के एक समूह का कहना है कि पुलिस ने उन्हें मयूर विहार एक्सटेंशन के पास दिल्ली-यूपी सीमा पर उत्तर प्रदेश के हरदोई में उनके घरों की ओर जाने से रोक दिया। एक प्रवासी मजदूर सुनीता कहती हैं, हमने पिछले तीन दिनों के दौरान कुछ भी नहीं खाया है।

महिला ने कहा कि पुलिस हमें वापस (दिल्ली) जाने के लिए कह रही है। मेरे मकान मालिक ने उस कमरे को बंद कर दिया है जिसमें मैं रह रही थी और किराया मांग रहा था। मेरे पास पैसे नहीं हैं। मैं कहां जाऊंगी? हम भूखे हैं। अगर हम कोरोना से बच भी गए को भूख से मर जाएंगे।

विशेष ट्रेन से गोवा लौटी एक महिला कोरोना संक्रमित

एक महिला जो कल दिल्ली से विशेष ट्रेन से गोवा लौटी थी वो कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। गोवा सरकार ने कहा कि अब तक, दिल्ली से लौटे तीन यात्री संक्रमित पाए जा चुके हैं जबकि 56 लोगों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। 

राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से दो और मौत

राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से रविवार को दो और लोगों की मौत होने के बाद राज्य में इस घातक वायरस से मरने वालों की संख्या 128 हो गई है। इस बीच 70 नए मामले आए हैं जिससे राज्य में कोरोना वायरस संक्रमितों की की कुल संख्या 5,030 हो गई है।

पंजाब से बिहार और यूपी के लिए मजदूरों का पैदल और साइकिल से सफर जारी

पंजाब के लुधियाना से बिहार और उत्तर प्रदेश के मजदूरों का पैदल और साइकिल से सफर जारी है। एक मजदूर ने कहा कि यूपी के बरेली जिले में मेरे घर तक पहुंचने में लगभग एक सप्ताह लगेगा।

ओडिशा में कोरोना के 91 नए मामले सामने आए

ओडिशा में कोरोना वायरस से दो और लोगों की मौत के साथ ही राज्य में इस संक्रामक रोग से मरने वाले लोगों की कुल संख्या पांच हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 91 मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 828 हो गई है। विभाग ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि बहुत दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि गंजाम में कोविड-19 के दो मरीजों की मौत हो गई है। ये दोनों व्यक्ति हाल ही में गुजरात के सूरत से लौटे थे।

सबसे अधिक 28 मामले भद्रक जिले से सामने आए हैं। इसके बाद बालासोर में 17, गंजम में 15, कटक में 12 और पुरी में सात मामले सामने आए। अभी तक हुई पांच मौत में से तीन लोगों की मौत गंजाम में हुई। जिले में महज 16 दिनों में 292 मामले सामने आए हैं। शनिवार को कोविड-19 के लिए 5,083 नमूनों की जांच की गई। ओडिशा में अभी तक 91,223 नमूनों की जांच की जा चुकी है।

मध्यप्रदेश में चार मजदूरों की मौत

मध्यप्रदेश के बड़वानी में एक प्रवासी मजदूर और उसकी पत्नी और दो अन्य लोगों की टैंकर ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। मरने वाले सभी लोग महाराष्ट्र से इंदौर लौट रहे थे।

पश्चिम बंगाल में 32 प्रवासी मजदूर घायल

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के धुपगुड़ी के पास आज सुबह एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से बस में सवार 32 प्रवासी मजदूर घायल हो गए। सभी घायलों को जलपाईगुड़ी जिला अस्पताल ले जाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

भारतीय रेलवे ने शनिवार को 167 श्रमिक ट्रेनों का किया संचालन 

दूसरे राज्यों में फंसे प्रवासियों के लिए भारतीय रेलवे ने शनिवार को 167 'श्रमिक विशेष' ट्रेनों का संचालन किया। रेल मंत्रालय ने कहा कि 2.39 लाख प्रवासियों को उनके गृह राज्य ले जाया गया। 

राजस्थान में कोरोना से दो लोगों की मौत, 70 नए मामले आए सामने

राजस्थान में कोरोना वायरस की वजह से दो मौत और 70 नए मामले दर्ज किए गए हैं। राजस्थान स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि राज्य में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 5030 हो गई है जबकि 128 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में कोरोना वायरस के 1911 सक्रिय मामले हैं। 

प्रवासी श्रमिकों का ट्रकों से यात्रा करना जारी

प्रवासी श्रमिकों का अपने गृह राज्यों के लिए ट्रकों से यात्रा करना जारी है। महाराष्ट्र के नागपुर से अपने घर जा रहे एक मजदूर ने कहा कि लॉकडाउन की शुरुआत के बाद से हमने कई समस्याओं का सामना किया है। हम हर समय मास्क पहनते हैं लेकिन इस तरह से यात्रा करते समय सामाजिक दूरी बनाए रखना मुश्किल होता है।

देशभर में संक्रमित मरीजों की संख्या 90927 हुई

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 4987 नए मामले सामने आए हैं और 120 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 90,927 हो गई है, जिनमें 53,946 सक्रिय हैं, 34,109 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 2,872 लोगों की मौत हो चुकी है।

अहमदाबाद से स्पेशल ट्रेन से नई दिल्ली पहुंचे यात्री

गुजरात के अहमदाबाद से आज सुबह स्पेशल ट्रेन से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई।

आज लॉकडाउन 4.0 को लेकर हो सकता है एलान

लॉकडाउन के चौथे चरण का आज एलान हो सकता है। सभी राज्यों से मिले फीडबैक के बाद केंद्र सरकार नए दिशानिर्देश वाले लॉकडाउन की घोषणा करेगी। लॉकडाउन 4.0 में कई तरह के बदलाव देखने को मिल सकते हैं। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान इसके संकेत दिए थे कि लॉकडाउन के चौथे चरण में इस बात संतुलन बनाया गया है कि किस हद तक और कहां रियायत दी जाए, जिससे आर्थिक गतिविधि को भी शुरू करने में मदद मिले और  संक्रमण को भी नियंत्रण में रखा जाए।

चक्रवाती तूफान को लेकर अलर्ट

ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त पीके जेना ने चक्रवाती तूफान 'एमफान' को लेकर कहा कि चक्रवाती तूफान की वजह से बालासोर, भद्रक, जाजपुर, गंजम प्रभावित हो सकते हैं। मुख्य सचिव ने केंद्रीय कैबिनेट सचिव से अनुरोध किया है कि वे तटीय क्षेत्रों में 18 मई से अगले तीन दिनों के लिए 'श्रमिक विशेष' ट्रेनों को निलंबित करने पर विचार करें। 

जेना ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों और जिला प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने एनडीआरएफ, फायर सर्विस टीमों, वैकल्पिक पेयजल आपूर्ति, सड़क निकासी के लिए उपकरणों के साथ जनशक्ति की पूर्व स्थिति की सलाह दी है।

 

11 बजे वित्त मंत्री करेंगी प्रेस कॉन्फ्रेंस

आज सुबह 11 बजे वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक बार फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी। आज 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज की घोषणा की अंतिम किश्त का विवरण देंगी।

दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमा पर बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर इकट्ठा हुए

दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमा पर दिल्ली के गाजीपुर में बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर इकट्ठा हो गए हैं। औरैया हादसे के बाद, यूपी सरकार ने सभी जिला मजिस्ट्रेटों को पैदल चलने वाले प्रवासियों के लिए बसों की व्यवस्था करने का आदेश दिया है।

उत्तर प्रदेश पुलिस के सब-इंस्पेक्टर प्रचंड त्यागी ने बताया कि दिल्ली-यूपी सीमा पर गाजीपुर में यहां बड़ी भीड़ है। हम उन्हें ट्रेन या बस से जाने के लिए कह रहे हैं। बिना वैध पास के किसी भी व्यक्ति को राज्य में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है।

मध्यप्रदेश: श्रमिक स्पेशल ट्रेन छत्तीसगढ़ के लिए रवाना

भोपाल के हबीबगंज रेलवे स्टेशन से यात्रियों को लेकर एक श्रमिक स्पेशल ट्रेन शनिवार को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के लिए रवाना हुई। एसडीएम राजेश गुप्ता ने बताया कि ट्रेन के जाने से पहले उसमें सवार होने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग की गई। यह सभी यात्री छत्तीसगढ़ के 12-13 जिलों के रहने वाले हैं। यह ट्रेन केवल नागपुर में रुकेगी।

महाराष्ट्र: बसों से भेजे जाएंगे प्रवासी मजदूर
महाराष्ट्र सरकार ने प्रवासी मजदूरों को कर्नाटक और मध्यप्रदेश की सीमाओं तक छोड़ने के लिए बसों की व्यवस्था की है। यातायात निरीक्षक बीएन देवरा ने बताया कि यह सेवा 11 मई को शुरू की गई थी, हर दिन राज्य परिवहन निगम की 20 बसें चलती हैं। इसके लिए यात्रियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाता है।

असम: एक और युवक कोरोना संक्रमित

शिवसागर जिले में एक युवक की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह अभी जोरहट के पृथकवास केंद्र में है। असम में कोरोना के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 95 हो गई है। -हिमंत बिस्वा सरमा, मंत्री 
 

 

जम्मू और कश्मीर से दिल्ली पहुंची विशेष ट्रेन

जम्मू तवी रेलवे स्टेशन (जम्मू और कश्मीर) से यात्रियों को लेकर एक विशेष ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंची। एक यात्री ने बताया कि यात्रा पूरी तरह से आरामदायक थी। सब कुछ साफ और स्वच्छ था। ट्रेन में सोशल डिस्टेंसिंग को भी बनाए रखा गया था।

रेलवे ने बनाया रोबोट, अस्पताल के कामों में करेगा मदद

दक्षिण मध्य रेलवे ने कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर अस्पताल प्रबंधन के कार्यों में सहायता के लिए रेल-बोट (आरएआईएल-बीओटी) नामक एक रोबोटिक उपकरण विकसित किया है। यह सेंसरयुक्त आर-बोट मरीजों के शरीर के तापमान जांचकर इसकी जानकारी मोबाइल फोन पर भेजने में सक्षम हैं।

केरल: वॉक इन सैंपल-कलेक्शन कियॉस्क से एकत्र होंगे नमूने
कोच्चि में कोरोना वायरस की जांच के लिए नमूने एकत्र करने की सुविधा वाली वॉक इन सैंपल-कलेक्शन कियॉस्क (डब्ल्यूआईएसके) आईएनएचएस संजीवनी अस्पताल को सौंपी गई। इसे डीआरडीओ की नौसेना भौतिकी और समुद्र विज्ञान प्रयोगशाला और एर्नाकुलम के सरकारी मेडिकल कॉलेज ने संयुक्त रूप से विकसित किया है।

केरल: पर्यटन उद्योग को 15 हजार करोड़ का नुकसान

प्रदेश के पर्यटन मंत्री कड़कम्पल्ली सुरेंद्रन ने कहा कि लॉकडाउन के चलते राज्य के पर्यटन उद्योग को करीब 15 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। ऐसे में पर्यटन क्षेत्र के कायाकल्प के लिए पैकेज की योजना को लेकर एक प्रस्ताव बनाया है, जिसे मुख्यमंत्री को भेज दिया गया है।

गुजरात: पैदल ही घरों को लौट रहे श्रमिक
लॉकडाउन के बीच सूरत में प्रवासी श्रमिकों का एक समूह शनिवार रात अपने मूल स्थानों की ओर पैदल जाता दिखाई दिया। इनमें से एक ने कहा कि मैं बिहार के सीतामढ़ी जिले से हूं। हमारे पास खाने के लिए कुछ भी नहीं है, इसलिए हमने अपने गांव जाने का फैसला किया है, कम से कम वहां हमारा घर है।

यूपी: गाजीपुर में इकट्ठा हो रहे प्रवासी मजदूर

दिल्ली-उत्तर प्रदेश की सीमा पर गाजीपुर में अपने मूल स्थानों को जाने वाले कई प्रवासी मजदूर बीते कुछ दिनों से एकत्र होते आ रहे हैं। इनमें से एक पिंकी ने कहा कि हम गुड़गांव से आए हैं और हरदोई जा रहे हैं। हमें नहीं पता कि हम घर कैसे पहुंचेंगे, क्योंकि पुलिस हमें आगे जाने नहीं दे रही है।

मध्य प्रदेश: इंदौर से 1480 यात्री रीवा रवाना
इंदौर से शनिवार को करीब 1480 यात्रियों को लेकर एक श्रमिक स्पेशल ट्रेन रीवा के लिए रवाना हुई।

असम: दिल्ली विशेष ट्रेन गुवाहाटी पहुंची

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से यात्रियों को लेकर एक विशेष ट्रेन शनिवार को गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पहुंची। यह ट्रेन डिब्रूगढ़ भी जाएगी। सरकार की ओर से दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार, सभी यात्रियों की रेलवे स्टेशन पर स्क्रीनिंग की गई।

असम: कोरोना के मामले बढ़कर 94 हुए
गुवाहाटी में कोरोना के दो और मामले सामने आने के बाद प्रदेश में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 94 हो गई है। -हिमंत बिस्वा शर्मा, मंत्री

ईरान: 310 भारतीय तीर्थयात्री स्वदेश रवाना

ईरान में भारतीय दूतावास ने जानकारी दी है कि लद्दाख से वहां गए 310 भारतीय तीर्थयात्रियों का जत्था शनिवार रात वंदे भारत मिशन के तहत महान एयर के विमान से तेहरान से नई दिल्ली के लिए रवाना हो गया है। नई दिल्ली से यह जत्था विशेष उड़ान से लेह जाएगा।

बिहार: मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हुई
बिहार के खगड़िया में कोरोना का एक और मामला सामने आया है। दरअसल, जिस शख्स की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है उसकी बीती 15 मई को मौत हो गई थी। वह 13 मई को महाराष्ट्र से लौटा था। उसकी पत्नी की भी कोरोना जांच की गई है। जानकारी के अनुसार, राज्य में मरने वालों की संख्या बढ़कर 8 हो गई।
 

झारखंड: रांची में सीआरपीएफ के जवानों पर पथराव

झारखंड की राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में शनिवार देर शाम हिंसा भड़क गई। दरअसल, कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण यह इलाका रेड जोन में है। एडीजी एमएल मीणा ने बताया कि शनिवार शाम यहां तैनात सीआरपीएफ के जवानों और स्थानीय नागरिकों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने सीआरपीएफ जवानों पर पथराव कर दिया। आरोप है कि सीआरपीएफ के जवानों ने एक स्थानीय नेता से बहस के बाद उसकी पिटाई कर दी थी। इसके बाद हंगामा बढ़ गया। 

कर्नाटक: कृषि से जुड़े अध्यादेश को राज्यपाल ने दी मंजूरी

कर्नाटक में लागू लॉकडाउन के बीच प्रदेश के राज्यपाल वजुभाई आर. वाला ने कृषि क्षेत्र की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कृषि उपज विपणन समिति (एपीएमसी) अधिनियम से जुड़े अध्यादेश को मंजूरी दे दी है।

असम: एक और मामला सामने आया
सोनितपुर जिले में एक व्यक्ति को कोरोना की जांच में पॉजिटिव पाया गया है। इसके साथ ही असम में कुल पॉजिटिव मामले बढ़कर 92 हो गए हैं। -हिमंत बिस्वा शर्मा, मंत्री

पंजाब: 1257 मरीज ठीक हुए
राज्य सरकार ने जानकारी दी है कि प्रदेश में अब तक 1257 मरीज ठीक हुए हैं, इनमें से 952 को छुट्टी दे दी गई है। इन मरीजों में अधिकांश वो लोग हैं जो नांदेड़ से लौटे थे और जिन्हें अभी तक पृथकवास केंद्रों में रखा गया था। 

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार कोरोना के प्रकोप के संबंध में किसी भी चुनौती से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि राज्य में कोविड-19 के 1946 मामलों की पुष्टि हुई है। वहीं प्रदेश में अब तक 50,613 लोगों का परीक्षण किया गया है, जिनमें से 46,028 की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

भारत में कोरोना: राजस्थान में आज 242 नए मामले, पांच की मौत

केरल: दुबई से लौटे 181 भारतीय
वंदे भारत मिशन के तहत दुबई से एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान 181 भारतीयों को लेकर शनिवार रात कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी।

यहां पढ़ें 16 मई (शनिवार) के सभी अपडेट्स

 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें