फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in India: देशभर में संक्रमितों की संख्या 33610 हुई, अब तक 1075 मौतें

Fri, 01 May 2020 12:16 AM IST
योगेश साहू न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1823 नए मामले सामने आए हैं और 67 लोगों की मौत हो गई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 33,610 हो गई है, जिसमें 24,162 सक्रिय हैं, 8373 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 1075 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां पढ़ें देश में कोरोना वायरस से संबंधित सभी अपडेट्स...
विज्ञापन
कोरोना के खिलाफ जागरुकता फैलाते लोग - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:53 PM, 30-Apr-2020

केरल के मंत्री का केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप

केरल के मंत्री थॉमस इसाक ने कहा है कि अंतरराज्यीय प्रवास और अंतर्राष्ट्रीय प्रवास केंद्र सूची में हैं लेकिन केंद्रीय सरकार ने जिम्मेदारी का निर्वाहन करने की बजाय इसे राज्य सरकार के कंधों पर धकेल दिया है। केंद्र परिवहन के लिए ट्रेनों को सुनिश्चित करे और उनके पुनर्वास के लिए पैकेज घोषित करे।

11:44 PM, 30-Apr-2020

पुणे में फंसे प्रवासियों को घर जाने की मिलेगी अनुमति

पुणे के जिलाधिकारी नवल किशोर राम के अनुसार वहां फंसे हुए प्रवासी मजदूर, छात्र या किसी और को गृह मंत्रालय के आदेश के अनुरूप ही उनके घर जाने की इजाजत दी जाएगी। कल एक ईमेल आईडी और हेल्पलाइन नंबर जारी की जाएगी जहां लोग अपना पंजीकरण करवा पाएंगे। 

 

11:40 PM, 30-Apr-2020

दिल्ली सरकार के नए दिशानिर्देश

दिल्ली सरकार के नए दिशानिर्देश के मुताबिक कंटेनमेंट जोन में रहने वाले सभी लोगों का 14 दिन में कम से कम तीन बार जांच होनी चाहिए।
 

विज्ञापन
11:14 PM, 30-Apr-2020

पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखा पत्र

पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कहा है, 'लॉकडाउन के कारण बड़ी संख्या में काम करने वाले कर्मचारी बंट गए हैं, उनके परिवहन के लिए बसों का इस्तेमाल नहीं होगा।' उन्होंने पीएम से रेलवे मंत्रालय को प्रवासियों के लिए विशेष व्यवस्था करने की सलाह देने का आग्रह किया: पंजाब सीएमओ

10:27 PM, 30-Apr-2020

कर्नाटकः 11 विभिन्न राज्यों के साथ समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त

कर्नाटक सरकार ने लॉकडाउन अवधि के दौरान फंसे हुए प्रवासी श्रमिकों, पर्यटकों, तीर्थयात्रियों और छात्रों के अंतरराज्यीय आवगमन के संबंध में गृह मंत्रालय के आदेश के बाद राज्य के नोडल अधिकारियों को सौंपा है। 11 विभिन्न राज्यों के साथ समन्वय के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं।

यह निर्णय वर्तमान परिस्थितियों में स्वीकार्य नहीं है-के थेरी
कांग्रेस ने गुरुवार को मांग की नागालैंड सरकार ने डीजल और पेट्रोल पर कोरोना उपकर लगाने का फैसला किया। एक बयान में राज्य कांग्रेस अध्यक्ष के थेरी ने कहा कि यह निर्णय वर्तमान परिस्थितियों में स्वीकार्य नहीं है क्योंकि इससे वस्तुओं की कीमत बढ़ेगी।

विज्ञापन
10:24 PM, 30-Apr-2020

मैं केंद्र सरकार से उनके लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था करने की अपील करता हूं  

बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा है कि दूसरे राज्यों में फंसे लाखों लोगों, प्रवासी श्रमिक और छात्रों को बसों से लाना संभव नहीं है, विशेष रूप से वे जो दूर स्थानों में फंसे हुए हैं। मैं केंद्र सरकार से उनके लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था करने की अपील करता हूं।  

10:01 PM, 30-Apr-2020

हिमाचल में बचे केवल सात सक्रिय मामले, अब तक 27 ठीक हुए

हिमाचल प्रदेश के विशेष सचिव (स्वास्थ्य) निपुण जिंदल ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या वर्तमान में सात है। यहां अभी तक 28 मरीज ठीक हो चुके हैं। 
 
 

09:58 PM, 30-Apr-2020

झारखंड में आज तीन नए मामले, कुल संख्या 110 हुई

झारखंड में आज कोरोना वायरस के तीन पॉजिटिव मामले सामने आए। ये सभी मामले रांची में मिले। राज्य के स्वास्थ्य सचिव नितिन मदान कुलकर्णी ने बताया कि राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 110 हो गई है।  
 
 

09:55 PM, 30-Apr-2020

पंजाब : लुधियाना में आज मिले 34 पॉजिटिव मामले

पंजाब के लुधियाना में आज कोविड-19 के 34 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि 34 मरीजों में से 23 श्रद्धालु हैं जो नांदेड़ से लौट रहे थे, एक मजदूर है। 
 
 

09:47 PM, 30-Apr-2020

तेलंगाना में आज 22 पॉजिटिव मिले, कुल संख्या हुई 1038

तेलंगाना में आज कोरोना वायरस संक्रमण के 22 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इसी के साथ अब राज्य में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1038 हो गई है।

09:45 PM, 30-Apr-2020

असम में एक संक्रमित

असम के करीमगंज में बीते माह दिल्ली के निजामुद्दीन में हुए तब्लीगी जमात के मरकज में हिस्सा लेने वाले व्यक्ति के संपर्क में आया एक व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि असम में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 42 हो गई है। इनमें 29 ठीक हो चुके हैं और एक व्यक्ति की मौत हो गई है। राज्य में अभी 12 सक्रिय मामले हैं। 
 
 

09:34 PM, 30-Apr-2020

राजस्थान में आज 146 नए मामले और तीन की मौत

राजस्थान में आज 146 नए मामले सामने आए और तीन की मौत हो गई। राज्य में कुल मामलों की संख्या 2584 हो गई है और अब तक 58 लोगों की मौत हो गई है: राज्य स्वास्थ्य विभाग

09:23 PM, 30-Apr-2020

मैं उन लोगों से आग्रह करता हूं जो हाल ही में हिमाचल प्रदेश लौटे हैं। वो घरों से बाहर न निकलें और सोशल डिस्टेंसिंग के मानदंडों का पालन करें। अगर कोई कोरोना का नया मामला सामने नहीं आया तो राज्य 3 मई के बाद कोरोना संक्रमण से मुक्त हो सकता है: मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर

09:20 PM, 30-Apr-2020

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना के दौरान अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए खान और कोयला क्षेत्रों में संभावित आर्थिक सुधारों पर विचार-विमर्श करने के लिए एक विस्तृत बैठक की: प्रधानमंत्री कार्यालय

08:33 PM, 30-Apr-2020

महाराष्ट्र में आज 583 नए मामले, 27 लोगों की मौत

महाराष्ट्र में आज 583 नए मामले सामने आए और 27 लोगों की मौत हो गई। राज्य में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या  कुल संख्या 10498 हो गई है: राज्य स्वास्थ्य विभाग

कर्नाटकः कोरोना से 67 वर्षीय महिला की मौत
कर्नाटकः कोरोना के कारण आज एक 67 वर्षीय महिला की मौत हो गई। जिले में अब तक 22 कोरोना पॉजिटिव केस (3 मौतें, 7 एक्टिव केस और 12 डिस्चार्ज सहित) दर्ज किए गए हैं: सिंधु बी रूपेश, उपायुक्त, दक्षिण कन्नड़, कर्नाटक

08:07 PM, 30-Apr-2020

गुजरात में 313 नए पॉजिटिव मामले

गुजरात में 313 नए पॉजिटिव मामले दर्ज किए गए। राज्य में कुल मामलों की संख्या 4395 हो गई है, जिनमें 613 ठीक/ डिस्चार्ज और 214 मौतें शामिल हैं: राज्य स्वास्थ्य विभाग

08:00 PM, 30-Apr-2020

राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के प्रवासी मजदूरों के लिए भोजन और आवास की व्यवस्था कर रही है जो अन्य राज्यों में फंसे हुए थे और वापस लौट रहे हैं। वे 14 दिनों के लिए स्कूलों और पंचायत भवन में अस्थायी आश्रय घरों में रहेंगे: छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल

07:26 PM, 30-Apr-2020

पश्चिम बंगाल में कोरोना से मरने वालों की संख्या 33 हो गई

पश्चिम बंगाल में 11 और लोगों की कोविड-19 संक्रमण से मौत हो गई है, जिसके साथ ही राज्य में इस महामारी से मरने वालों की संख्या 33 हो गई है। मुख्य सचिव राजीव सिन्हा ने गुरुवार को यह जानकारी दी। सिन्हा ने बताया कि पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 36 नए मामले सामने आए हैं और 15 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। इसी के साथ राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 572 हो गई है। 139 मरीज अब तक ठीक हो गए हैं। बीते 24 घंटे में 1905 सैंपलों का टेस्ट किया गया है।

मुंबई के धारावी में आज 25 नए मामले
मुंबई के धारावी में आज 25 नए मामले सामने आए। धारावी में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 369 हो गई है, जिनमें 18 मौतें शामिल हैं: बृहन्मुंबई नगर निगम

बिहार में संक्रमितों का आंकड़ा 422
बिहार में आज 13 नए मामले सामने आए। इसी के साथ राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 422 हो गया है। 

हरियाणा सरकार ने नए वाहनों की खरीद पर लगाई रोक
हरियाणा सरकार ने इस वित्तीय वर्ष में सरकारी विभागों में नए वाहनों की खरीद पर लगाई रोक

हरियाणा में आज कोरोना के 28 नए केस
हरियाणा में आज कोरोना के 28 नए केस रिपोर्ट किए गए। इसी के साथ राज्य में कुल मामले 339 हो गए हैं।

07:14 PM, 30-Apr-2020

बिहार लौटने वाले प्रवासी श्रमिकों, छात्रों और अन्य लोगों को राज्य की सीमाओं पर भोजन प्रदान किया जाएगा। साथ ही और स्क्रीनिंग भी जाएगी। हम उन्हें उनके संबंधित ब्लॉक में छोड़ने की व्यवस्था करेंगे जहां उन्हें फिर से स्क्रीन किया जाएगा और क्वारंटीन किया जाएगा: बिहार के पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पांडे

06:51 PM, 30-Apr-2020

चंडीगढ़ में कोरोना के कुल पॉजिटिव केस 74

चंडीगढ़ में सात नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए। इसके साथ ही यहां कुल पॉजिटिव केस 74 हो गए।

सात कश्मीरी छात्राओं को एक बस द्वारा कश्मीर भेजा गया
दिल्ली के जिया सराय में फंसी सात कश्मीरी छात्राओं को एक बस द्वारा कश्मीर भेजा गया है: दिल्ली पुलिस


उत्तराखंड में आज दो नए मामले, संक्रमितों की संख्या 57 हुई
उत्तराखंड में आज दो नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या अब 57 हो गई है: उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग

 

06:45 PM, 30-Apr-2020

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने साफ किया कि सामान की आपूर्ति में लगे ट्रकों की अंतरराज्यीय आवाजाही के लिए अलग से किसी पास (अनुमति पत्र) की कोई आवश्यकता नहीं है। मंत्रालय ने कहा है कि ऐसे ट्रक चालकों का लाइसेंस ही काफी है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ट्रकों की बिना रूकावट आवाजाही सुनिश्चित करें।
 


 

06:36 PM, 30-Apr-2020

तमिलनाडु में 161 नए पॉजिटिव मामले

तमिलनाडु में 161 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, जिनमें चेन्नई से 138 रिपोर्ट किए गए; राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या अब 2323 हो गई है: तमिलनाडु स्वास्थ्य विभाग

कर्नाटक में कोरोना मामलों की संख्या 565
29 अप्रैल शाम पांच बजे से लेकर 30 अप्रैल शाम पांच बजे तक कर्नाटक में 30 नए मामलों की पुष्टि की गई। इसके साथ राज्य में कुल कोरोना मामलों की संख्या 565 हो गई है: राज्य स्वास्थ्य विभाग

पंजाब में आज कोरोना के 105 नए मामले
पंजाब में आज कोरोना के 105 नए मामले आए। अब राज्य में कुल संख्या 480 हो गई है। 104 लोग अब तक ठीक हुए हैं और 20 की मौत हुई है।

डिफेंस इंस्टिट्यूट ऑफ अडवांस टेक्नॉलजी, पुणे ने एक स्टेरिलाइजर बनाया है जिससे कोरोना वायरस को डिसइंटिग्रेट किया जा सकता है।

06:34 PM, 30-Apr-2020

जम्मू-कश्मीर सरकार ने 350 करोड़ के राहत पैकेज को मंजूरी दी

लॉकडाउन से प्रभावित आठ वर्ग के लोगों के लिए जम्मू-कश्मीर सरकार ने 350 करोड़ के राहत पैकेज को मंजूरी दी है। निर्माण से जुड़े मजदूरों को एक हजार रुपये तीन महीने तक दिए जाएंगे। एक महीने की राहत दी जा चुकी है।

05:59 PM, 30-Apr-2020

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1823 नए मामले सामने आए हैं और 67 लोगों की मौत हो गई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 33,610 हो गई है, जिसमें 24,162 सक्रिय हैं, 8373 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 1075 लोगों की मौत हो चुकी है।
 

05:54 PM, 30-Apr-2020

महाराष्ट्र सरकार का आदेश, जिन्हें कोरोना के लक्षण, गंभीर बीमारी नहीं है उन्हें कोविड केयर सेंटर भेज दिया जाए

महाराष्ट्र सरकार ने आदेश दिया है कि जिन कोरोना मरीजों में लक्षण नहीं है और कोई और गंभीर बीमारी नहीं है उन्हें कोविड केयर सेंटर भेज दिया जाए। अस्पताल में भर्ती न किया जाए। इसके अलावा प्राइवेट अस्पतालों से कहा है कि मरीजों को स्टैंप लगाकर और आवश्यक निर्देश देकर होम क्वारंटीन के लिए भेजा जा सकता है।

05:50 PM, 30-Apr-2020

विदेश मंत्रालय ने क्या-क्या कहाः

  • कोरोना महामारी के दौरान भारत ने सहायता के रूप में 2.8 मिलियन एचसीक्यू (HCQ) टैबलेट और 1.9 मिलियन पेरासिटामोल टैबलेट प्रदान किए हैं।
  • भारत ने 87 देशों को वाणिज्यिक आधार पर HCQ और पैरासिटामोल की गोलियां भी प्रदान की।
  • 71 देशों के 60 हजार नागरिकों को भारत से निकलने में मदद की गई है
  • चीन से आए हुए टेस्टिंग किट का टेस्ट आईसीएमआर के तहत किया जा रहा है।
  • अब प्राथमिकता रैपिड टेस्ट किट बढ़ाने को लेकर है।
  • विदेश मंत्रालय सशक्त समूह के पार्ट के रूप में मदद कर रहा है।

05:36 PM, 30-Apr-2020

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए कोरोना संक्रमण के कारण मरने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं, नागरिक कार्यकर्ताओं और पुलिस कर्मियों के लिए 30 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है: मुख्यमंत्री कार्यालय

05:33 PM, 30-Apr-2020

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने म्यांमार की स्टेट काउंसलर आंग सान सू की से की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज म्यांमार की स्टेट काउंसलर आंग सान सू की के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। पीएम ने म्यांमार को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए भारत की तत्परता से अवगत कराया।

05:30 PM, 30-Apr-2020

कल कसारगोड में एक पत्रकार के कोरोना पॉजिटिव टेस्ट आने के बाद कसारगोड के जिला कलेक्टर डी. सजीत बाबू, आई.जी. विजय सखरे और आई.जी. अशोक यादव ने खुद को क्वारंटीन कर लिया: केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन

05:28 PM, 30-Apr-2020

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कोरोना महामारी के खिलाफ अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए भारत में और अधिक विदेशी निवेश को आकर्षित करने और स्थानीय निवेश को बढ़ावा देने के लिए रणनीतियों पर चर्चा करने के लिए एक व्यापक बैठक की। इस दौरान देश में मौजूदा औद्योगिक भूमि/प्लॉट/एस्टेट के बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के लिए एक योजना विकसित और आवश्यक वित्तीय सहायता प्रदान करने को लेकर चर्चा की गई।

05:26 PM, 30-Apr-2020

महाराष्ट्र में श्री हजूर साहिब से लौटे 23 श्रद्धालु कोरोना पॉजिटिव पाए गए

अमृतसर डेप्युटी कमिश्नर ने कहा कि महाराष्ट्र में श्री हजूर साहिब से लौटे 23 श्रद्धालु कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उनको गुरु नानक देव अस्पताल में रखा गया है।

05:11 PM, 30-Apr-2020

ओडिशा में 14 नए पॉजिटिव मामले

ओडिशा में 14 नए पॉजिटिव मामले दर्ज किए गए। इसी के साथ राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 142 हो गई। इनमें से 102 सक्रिय हैं और 39 ठीक हो गए हैं, जबकि एक की मौत हो गई है।  

05:07 PM, 30-Apr-2020

किसी भी मरीज को स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित नहीं किया जा सकता

यह स्पष्ट किया जाता है कि किसी भी स्वास्थ्य सुविधा में किसी भी मरीज को भर्ती करने या उसके इलाज के लिए या आईसीएमआर के टेस्टिंग प्रोटोकॉल के अनुसार किसी व्यक्ति के कोरोना टेस्ट के लिए किसी भी सरकारी अनुमोदन की आवश्यकता नहीं है। किसी भी मरीज को किसी भी कारण से स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित नहीं किया जा सकता है: पश्चिम बंगाल सरकार
 

05:03 PM, 30-Apr-2020

छत्तीसगढ़ में कुल कोरोना मामलों की संख्या अब 40 हो गई

छत्तीसगढ़ में दो और व्यक्तियों का टेस्ट पॉजिटिव आया है। राज्य में कुल कोरोना मामलों की संख्या अब 40 हो गई है, जिसमें से 36 पूरी तरह से ठीक हो गए हैं। इसके अलावा एम्स रायपुर ने आज सूरजपुर से 9 सैंपल्स का टेस्ट किया जिसमें से दो कोरोना पॉजिटिव पाए गए। कोरोना वार्ड में सभी को भर्ती किया गया है। वे स्थिर हैं। एम्स ने आज एक गर्भवती महिला सहित 2 और रोगियों को छुट्टी दे दी।

05:00 PM, 30-Apr-2020

दूसरे राज्यों के लोगों को भेजने के लिए दिल्ली सरकार और पुलिस मिलकर प्लान बना रही है। इसके लिए रजिस्टर करना होगा। अभी किसी तरह की अफवाह न फैलाएं: दिल्ली पुलिस के PRO
 

04:57 PM, 30-Apr-2020

पुणे ज्वाइंट कमिश्नर ने 23 हॉटस्पॉट में अस्पताल और मेडिकल स्टोर छोड़कर सभी दुकानें बंद करने का आदेश दिया है। दूध की दुकानें सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक खुल सकेंगी।

04:33 PM, 30-Apr-2020

मेघालय के सीएम कोनराड संगमा ने कहा है कि शिलॉन्ग के सिविल अस्पताल जो दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, उन दोनों का टेस्ट आज नेगेटिव आया है। वे ठीक होने की प्रक्रिया में हैं। 24 घंटे बाद उनका फिर से टेस्ट होगा और उसके बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। 

04:20 PM, 30-Apr-2020

स्वास्थ्य मंत्रालय ने क्या कहाः

  • देश में कोरोना मरीजों की दोगुन होने की दर 11 दिन हो गई है।
  • पिछले 24 घंटे में 630 मरीज ठीक हुए।
  • पिछले 24 घंटे में 1718 नए मामले सामने आए।
  • मरीजों के ठीक होने की दर 25.19 फीसदी है। 
  • सभी राज्यों को गैर कोरोना मरीजों को ध्यान रखने का आग्रह किया है।
  • जहां तक टेस्टिंग प्रोटोकॉल की बात है हम केवल RT-PCR टेस्ट ही कर रहे हैं।
  • 14 दिनों में रिकवरी दर 13.06 फीसदी से बढ़कर 25 फीसदी हो गई है जो एक पॉजिटिव संकेत है
  • दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और यूपी में डबलिंग रेट 11-20 दिन है।
  • नौ अप्रैल को रक्त दान के लिए दिशानिर्देश जारी किए गए थे।
  • 78 प्रतिशत मौतों में ऐसे केस रहे हैं जिन्हें और भी कई बीमारियां थीं।

04:13 PM, 30-Apr-2020

गृह मंत्रालय ने क्या-क्या कहाः

  • भारते के बच्चों को बचाने का मौका किया जा रहा है
  • ले जाने वाली बसें सैनिटाइज की जाएंगी
  • अलग-अलग फंसे लोगों को पहुंचाने की कोशिश की जा रही है
  • एक जगह से दूसरी जगह जाने वाले लोगों की होगी स्क्रीनंग 
  • कुछ इलाकों में ड्रोन से भी निगरानी की जारी है।
  • फंसे हुए लोगों को लाने के लिए लोग आपर में समन्वय करेंगे। 
  • हैदराबाद की टीम ने पाया कि वहां पर्याप्त मात्रा में पीपीई है। 
  • हैदराबाद सेंट्रल टीम ने गांधी अस्पताल, कोरोना के लिए राज्य नोडल केंद्र का दौरा किया।
  • डिस्चार्ज और उपचार के लिए प्रोटोकॉल का लिए का पालन किया जा रहा है।
  • इस क्षेत्र में 93 फीसदी से अधिक रोगियों का इलाज किया गया है।
  • प्रति दिन 300 से अधिक परीक्षण किए गए हैं।
  • टीम ने पाया कि गांधी अस्पताल डिस्चार्ज होने पर मरीज को घर तक के लिए छोड़ता है
  • मोबाइल मैसेज के जरिए क्वारंटीन की निगरानी करता है।
  • चेन्नई गई टीम ने पाया कि तमिलनाडु में रिकवरी रेट अच्छा है। 
  • बस में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा।
  • बस से जाने वालों को 14 दिनों के लिए होम क्वारंटीन में रहना होगा।
  • दवाईयों की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है।
  • चेन्नई टीम ने पाया कि टेस्ट रिपोर्ट 24 घंटे में मिल जाती है। 
  • फंसे हुए लोगों को कल अनुमति दी जा चुकी है।

03:39 PM, 30-Apr-2020

 दिल्ली एम्स ने अडवांस में बुकिंग कराने को लेकर नंबर जारी किया

फॉलोअप मरीजों के लिए अडवांस में बुकिंग कराने को लेकर दिल्ली एम्स ने नंबर जारी किया है- +9115444155

03:33 PM, 30-Apr-2020

गुरुग्राम जिला प्रशासन ने 1 मई 2020 से सुबह 10 बजे से जिले की सभी सीमाओं पर क्रास-मूवमेंट पर प्रतिबंध के साथ सख्त कदम लागू करने के लिए अधिसूचना जारी की है। 
 
 

03:29 PM, 30-Apr-2020

आवाजाही को लेकर केंद्र सरकार के दिशानिर्देश उचित नहीं

लॉकडाउन के कारण विभिन्न राज्यों में दो करोड़ से अधिक लोग फंसे हुए हैं। आवाजाही को लेकर केंद्र सरकार के दिशानिर्देश उचित नहीं हैं। इस गर्मी में लोग बसों में तीन से चार दिन कैसे यात्रा कर सकते हैं? ट्रेन बस से बेहतर परिवहन का साधन है: तेलंगाना के मंत्री तलसानी श्रीनिवास यादव

03:14 PM, 30-Apr-2020

आईआईटी गुवाहाटी के छात्रों ने इंटुबेशन बॉक्सेज विकसित किया

आईआईटी गुवाहाटी के छात्रों ने कम लागत वाली इंटुबेशन बॉक्सेज को डिजाइन और विकसित किया है। यह डिवाइस एक एरोसोल बाधा बॉक्स के रूप में कार्य करता है जो रोगी के बिस्तर के ऊपर रखा जाता है, जो रोगी से चिकित्सक तक वायरस के बूंदों के प्रवाह को सीमित करता है, खासकर इंटुबेशन की प्रक्रिया (अत्याधिक श्वसन कष्ट से पीड़ित रोगियों में श्वसन प्रणाली में नलिका प्रवेश की प्रक्रिया) के दौरान।

आईआईटी, गुवाहाटी ने बताया कि इन बक्सों के निर्माण और उन्हें मुफ्त में सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध कराने के लिए टीम ने एक क्राउडफंडिंग अभियान शुरू किया है। अभियान ने लॉन्चिंग के छह घंटे के भीतर रिकॉर्ड 50,000 जमा किए गए हैं।
 

03:03 PM, 30-Apr-2020

कर्नाटक में सड़क पर कोरोना की थ्री-डी तस्वीरें

कर्नाटक में एक स्ट्रीट कलाकार बादल नंजुंदस्वामी ने कोरोना वायरस के बारे में जागरुकता फैलाने के लिए बंगलूरू की एक सड़क पर कोरोना की थ्री-डी तस्वीरों को पेंट से बनाया।

02:55 PM, 30-Apr-2020

आरपीएफ ने बनाई सैनिटाइजर मशीन

दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन के रेलवे सुरक्षा बल ने एक फुट ऑपरेटिड मशीन (जिससे हाथ सैनिटाइज किए जा सके) और एक बॉडी सैनिटाइजर मशीन बनाई है। आरपीएफ इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार ने बताया कि हमारा एरिया हॉटस्पॉट जोन के पास है इसलिए हमने अपने स्टाफ को सुरक्षित करने के लिए ये दोनों मशीन बनाई हैं।
 

02:51 PM, 30-Apr-2020

असम में चार नए मामले, संक्रमितों की संख्या 41 हुई

असम के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने बताया कि बोंगाईगांव जिले से चार और कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसके बाद असम में कोरोना रोगियों की संख्या 41 हो गई है। जिसमें से 29 को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, एक की मौत हो गई है और 11 सक्रिय 11 मामले हैं।

02:42 PM, 30-Apr-2020

राजस्थान में 118 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 2556 हुई

राजस्थान राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, आज दोपहर दो बजे तक राज्य में कोरोना पॉजिटिव के 118 मामले दर्ज किए गए हैं और तीन की मौत हुई है। इनमें जोधपुर में 83, जयपुर में 21, अजमेर में चार, चित्तौड़गढ़ में तीन, कोटा और टोंक में दो-दो, अलवर, बारां और धौलपुर में एक-एक मामले शामिल हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 2556 हो गई है। जिसमें से 836 लोग ठीक हो चुके हैं और 58 लोगों की मौत हो गई है।

02:41 PM, 30-Apr-2020

कोटा में फंसे दिल्ली के छात्रों की जल्द होगी घर वापसी

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकार जल्द ही दिल्ली के छात्रों को कोटा (राजस्थान) से वापस लाने की व्यवस्था कर रही है।

02:22 PM, 30-Apr-2020
Tambaram Railway Station in Chennai - फोटो : ANI

चेन्नई का तांबरम रेलवे स्टेशन दे रहा कोरोना से लड़ने का संदेश

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के तांबरम रेलवे स्टेशन को कोरोना महामारी के खिलाफ जागरुकता पैदा करने और कोरोना योद्धाओं के समाज में योगदान के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए विनाइल से बने स्टिकर से सजाया गया है।

02:08 PM, 30-Apr-2020

हरियाणा में 18 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 329 हुई

स्वास्थ्य विभाग, हरियाणा सरकार के मुताबिक राज्य में आज 18 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसके बाद राज्य में कुल मामलों की संख्या 329 हो गई है। जिसमें से 227 मरीज ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और तीन लोगों की मौत हो चुकी है। 

02:03 PM, 30-Apr-2020

केरल सरकार ने पेश किया वेतन कटौती अध्यादेश

केरल के वित्त मंत्री थॉमस इसाक ने बताया कि हमने एक अध्यादेश पेश किया है जिसके माध्यम से सरकारी कर्मचारियों के वेतन में भविष्य में अगली तारीख तक 25 फीसदी तक कटौती की जा सकती है। अगली तारीख सरकार द्वारा छह महीने के भीतर घोषित कर दी जाएगी। यह राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृत प्राकृतिक आपदा या स्वास्थ्य आपातकाल के समय लागू होगी।

वित्त मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार को अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिकों के पुनर्वास और राहत के लिए एक पैकेज देना चाहिए। केंद्र को उनकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए क्योंकि यह संघ की सूची के तहत आता है।
 

01:59 PM, 30-Apr-2020

महाराष्ट्र सरकार दूसरे राज्यों के फंसे हुए लोगों को भेजने को तैयार

महाराष्ट्र के मुख्य सचिव अजॉय मेहता ने बताया कि लॉकडाउन के कारण प्रवासी मजदूर, तीर्थयात्री, पर्यटक, छात्र और अन्य व्यक्ति विभिन्न स्थानों पर फंसे हुए हैं। उन्हें मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) में शर्तों के अनुसार स्थानांतरित करने की अनुमति दी जाएगी।
 

01:55 PM, 30-Apr-2020

कर्नाटक सरकार ने छात्रों और प्रवासी मजदूरों को दी राहत

कर्नाटक मंत्रिमंडल की बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री जेसी मधुस्वामी ने कहा कि हमने अंतरराज्यीय आवाजाही की अनुमति देने का फैसला किया है, खासकर छात्रों और प्रवासी श्रमिकों के लिए। उन्हें परिवहन शुल्क वहन करना होगा। हम एक बार के लिए अंतर जिला आवाजाही की अनुमति भी देंगे। यह दिशानिर्देशों के अनुसार होगा।

01:42 PM, 30-Apr-2020

आरबीआई द्वारा घोषित म्यूचुअल फंड योजना का लाभ सभी बैंकों को मिलेगा लाभ

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने कहा कि विशेष तरलता सुविधा के लिए म्यूचुअल फंड (SLF-MF) योजना के तहत घोषित नियामक लाभ सभी बैंकों को दिए जाएंगे, चाहे वे भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से धन प्राप्त करें या इस योजना के तहत अपने स्वयं के संसाधन तैनात करें।

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 30 मार्च को संशोधित नोटिस के साथ फिक्स्ड रेट रिवर्स रेपो और मार्जिनल स्टैंडिंग फैसिलिटी (MSF) के संचालन को जारी रखने का निर्णय लिया है। फिक्स्ड रेट रिवर्स रेपो और मार्जिनल स्टैंडिंग फैसिलिटी सुबह नौ बजे से 11:59 बजे तक कार्य करेगा।
 

01:36 PM, 30-Apr-2020

मेघायल के 10 जिले ग्रीन जोन घोषित

मेघालय ने राज्य के 11 जिलों में से 10 को ग्रीन जोन घोषित किया। यहां एक जिले से दूसरे जिले में जाने की अनुमति दी गई है।

01:14 PM, 30-Apr-2020

ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा समेत पांच लोगों को दिल्ली से मुंबई जाने की मिली इजाजत

दिल्ली में लॉकडाउन के बीच दिल्ली पुलिस ने पांच लोगों को मुंबई जाने के लिए पास दिया हैं, जिसमें ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर भी शामिल हैं। डीसीपी दक्षिण-पूर्व आरपी मीणा ने यह जानकारी दी। ऋषि कपूर का आज मुंबई के एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में निधन हो गया।

01:07 PM, 30-Apr-2020

कर्नाटक में 22 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 557 हुई

स्वास्थ्य विभाग, कर्नाटक सरकार की ओर से जारी आकंड़ों के मुताबिक राज्य में 29 अप्रैल को शाम पांच बजे से लेकर आज दोपहर 12 बजे तक 22 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसके बाद कोरोना मामलों की कुल संख्या बढ़कर 557 हो गई है, जिसमें 21 मौतें और 223 डिस्चार्ज शामिल हैं। नॉन-कोविड के कारण एक की मौत हुई है।

01:04 PM, 30-Apr-2020

कर्नाटक में पुलिस ने लाठीचार्ज किया

कर्नाटक के कलबुर्गी में कोरोना लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले लोगों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। सात मई 2020 तक जिले में सीआरपीसी की धारा 144 लागू रहेगी।
 

01:01 PM, 30-Apr-2020

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तीनों सेवाओं के प्रमुखों के साथ की बैठक

दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज साउथ ब्लॉक में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS), तीनों सेवाओं के प्रमुख और रक्षा मंत्रालय के सचिवों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की।

12:27 PM, 30-Apr-2020

एनटीए ने जेएनयूईई के लिए अंतिम तिथि 15 मई तक बढ़ाई

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) ने बताया कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (जेएनयूईई) के लिए पंजीकरण और आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 15 मई तक बढ़ा दी है। गौरतलब है कि जेएनयू में प्रवेश के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी प्रवेश परीक्षा लेती है।
 

12:19 PM, 30-Apr-2020

अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में एक और मरीज की रिपोर्ट निगेटिव आई

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के मुख्य सचिव चेतन संघी ने बताया कि यहां कोरोना से एक और मरीज ठीक हो गया है। एक मरीज की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके बाद राज्य में अब सक्रिय मामलों की कुल संख्या 17 रह गई है।

11:59 AM, 30-Apr-2020

कर्नाटक में कैबिनेट बैठक जारी

कर्नाटक में आज कैबिनेट बैठक के लिए बंगलूरू विधानसभा पहुंचे सभी मंत्रियों को हैंड सैनिटाइजर दिया गया और थर्मामीटर गन से उनका तापमान मापा गया। बैठक जारी है।

 

11:53 AM, 30-Apr-2020

आंध्र प्रदेश में 71 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 1403 हुई

आंध्र प्रदेश कोविड-19 स्टेट कमांड कंट्रोल रूम की ओर से बताया गया है कि राज्य में पिछले 24 घंटों में 71 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसके बाद राज्य में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 1403 हो गई है। जिसमें 1051 सक्रिय हैं, 31 लोगों की मौत हो चुकी है और 321 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पिछले 24 घंटों में कोरोना से कोई मौत की सूचना नहीं है।

11:26 AM, 30-Apr-2020

तमिलनाडु में चेन्नई समेत तीन शहरों में आज से खुलीं दुकानें

तमिलनाडु के मदुरै सब्जी मंडी में लोग जरूरी सामान खरीदते हुए। इस दौरान लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखा। मुख्यमंत्री पलानीस्वामी ने बुधवार को घोषणा की थी कि चेन्नई, कोयंबटूर और मदुरै में आवश्यक वस्तुओं, सब्जियों और फलों की दुकानें सुबह छह से शाम पांच बजे तक खुले रहेंगे। आज चार दिन बाद इन तीनों शहरों में छूट दी गई है। इससे पहले चार दिनों तक यहां पूर्ण लॉकडाउन लगाया गया था।

11:22 AM, 30-Apr-2020

दिल्ली-हरियाणा सीमा सील

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन से जब पूछा गया कि स्वास्थ्य कार्यकर्ता और आवश्यक सेवाएं प्रदान करने वालों को भी दिल्ली-हरियाणा सीमा से नहीं जाने दिया जा रहा है, क्योंकि दिल्ली और हरियाणा के बीच के अधिकांश सीमा क्षेत्रों को सील कर दिया गया है तो उन्होंने कहा कि हम संपर्क में हैं। इसे जल्द ही हल किया जाएगा।

11:18 AM, 30-Apr-2020

प्रवासी कामगारों को पुलिस ने मध्यप्रदेश में घुसने से रोका

मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस लॉकडाउन के बीच महाराष्ट्र से प्रवेश करने की कोशिश कर रहे बड़ी संख्या में प्रवासी कामगारों को पुलिस ने आज राज्य की सीमा पर रोक दिया। अब सभी लोग सेंधवा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग तीन के मुंबई-बड़वानी खंड के बीच फंसे हुए हैं।

सेंधवा के एसडीएम घनश्याम ढांगर ने बताया कि ये महाराष्ट्र से आए हैं और अपने गंतव्य स्थान पर जाने की मांग कर रहे हैं। ज्यादातर लोग उत्तर प्रदेश के हैं कुछ राजस्थान के भी हैं। वरिष्ठ स्तर से निर्देश है कि इनकी थर्मल स्क्रीनिंग की जाए, फिर इन्हें छोड़ने की व्यवस्था की जाएगी। फिलहाल इनकी थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है।
 

10:58 AM, 30-Apr-2020

केरल के एक अस्पताल में सामाजिक दूरी की उड़ी धज्जियां

कोरोना वायरस लॉकडाउन के बीच केरल के एर्नाकुलम में एक जनरल अस्पताल में लोगों ने सामाजिक दूरी (सोशल डिस्टेंसिंग) की धज्जियां उड़ाईं। केरल में अब तक कोरोना संक्रमित के कुल 495 मामले सामने आए हैं जिनमें 123 सक्रिय हैं।
 

10:45 AM, 30-Apr-2020

आजादपुर सब्जी मंडी से जुड़े चार और व्यापारियों का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव

दिल्ली की आजादपुर सब्जी मंडी से जुड़े चार और व्यापारियों का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। सब्जी मंडी में अब तक कुल 15 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। आजादपुर मंडी के अधिकारी ने यह जानकारी दी।

10:36 AM, 30-Apr-2020

आईटीआई, कटक ने स्वास्थ्यकर्मियों की मदद के लिए बनाया रोबोट

ओडिशा में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, कटक ने एक रोबोट विकसित किया है। यह रोबोट फ्रंटलाइन पर काम कर स्वास्थ्यकर्मियों की मदद करेगा। इस रोबोट को बनाने के लिए सैक रोबोटिक्स लैब की मदद ली गई है। केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि कोरोना से बचाव में सामाजिक दूरी अहम है, उसमें रोबोट सहायता कर रहे हैं। हमें इस तरह की नई खोज को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।

10:27 AM, 30-Apr-2020

एएसआई हरजीत सिंह को अस्पताल से मिली छुट्टी

एएसआई हरजीत सिंह को आज चंडीगढ़ पीजीआईएमईआर से छुट्टी दी गई। 12 अप्रैल को पंजाब के पटियाला सब्जी मंडी में कर्फ्यू लागू करने के दौरान झड़प में उनका हाथ कट गया था, बाद में उसे दोबारा जोड़ा गया। डीजीपी पंजाब ने उन्हें पंजाब पुलिस के लिए उनके बेटे का नियुक्ति पत्र सौंपा।

10:03 AM, 30-Apr-2020

मई के मध्य तक एयर इंडिया की सेवाएं आंशिक रूप से हो सकती है शुरू

मई के मध्य तक एयर इंडिया की सेवाएं आंशिक रूप से फिर से शुरू होने की संभावना है। यह जानकारी न्यूज एजेंसी एएनआई ने एयर इंडिया की ओर से जारी एक आंतरिक मेल के आधार पर दी है।

09:50 AM, 30-Apr-2020

राजस्थान में 86 नए मामले, दो की मौत

राजस्थान स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, आज सुबह नौ बजे तक राज्य में कोरोना संक्रमित दो मरीजों की मौत हुई है और 86 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 2524 हो गई है, जिसमें 57 लोगों की मौत शामिल है और 827 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

09:46 AM, 30-Apr-2020

पुणे में 127 नए मामले सामने आए

पिछले 12 घंटों में पुणे जिले में 127 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। जिले में अब कुल पॉजिटिव मामले 1722 हो गए हैं। जिला स्वास्थ्य अधिका डॉ.भगवान पवार ने यह जानकारी दी।

09:41 AM, 30-Apr-2020

राहुल गांधी ने आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन से बात की

कांग्रेस नेता राहुल गांधी कोरोना संकट पर पूर्व आरबीआई गवर्नर रघुराम राजन के साथ बातचीत कर रहे हैं। पूर्व आरबीआई गवर्नर रघुराम राजन से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हमें लॉकडाउन के असर पर काम करने की जरूरत है। इसके अलावा कोरोना की जांच भी तेजी से बढ़ाई जानी चाहिए। 

राहुल गांधी ने रघुराम राजन से पूछा कि अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए लॉकडाउन को कैसे खोला जाए? इस पर रघुराम राजन ने कहा- अगर हम ऐसा सोचते हैं कि जब मामलों की संख्या शून्य हो जाएगी तब लॉकडाउन खोला जाएगा तो यह असंभव है।

पूर्व गवर्नर ने कहा कि इस समय गरीबों की मदद करना जरूरी है। जिसके लिए सरकार के लगभग 65 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। रघुराम ने कहा कि वैश्विक मंच पर भारत एक बड़ी भूमिका निभा सकता है। भारत नए वर्ल्ड ऑर्डर में अपना स्थान बना सकता है। शक्तिहीन लोगों को शक्तिशाली नेता अच्छा लगता है। 

राहुल ने कहा कि भारतीय समाज की व्यवस्था अमेरिकी समाज से अलग है। जिसके लिए सामाजिक बदलाव जरूरी हैं। हर राज्य का अपना एक अलग तरीका है। तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश को एक ही नजरिए से नहीं देखा जा सकता। आज जिस तरह की असमानता है वह चिंता का विषय है।

रघुराम राजन ने कहा कि हमारे पास लोगों के जीवन को बेहतर बनाने का तरीका है। कई राज्यों ने खाद्य, स्वास्थ्य, शिक्षा पर अच्छा काम किया है। हालांकि सबसे बड़ी चुनौती निम्न मध्यम वर्ग और मध्यम वर्ग को है जिनके पास नौकरी नहीं होगी। आज जरूरत है कि लोगों को केवल सरकारी नौकरी पर निर्भर न रखकर उनके लिए नए अवसर पैदा किए जाएं। 

09:32 AM, 30-Apr-2020

यूजीसी ने विश्वविद्यालयों के लिए जारी किया नया कैलेंडर

कोरोना वायरस के प्रसार के बीच देश में लगे लॉकडाउन को लेकर यूजीसी ने विश्वविद्यालयों के लिए नया कैलेंडर जारी किया है। यूजीसी द्वारा बुधवार को जारी नए दिशानिर्देशों के अनुसार पुराने छात्रों के लिए  2020-21 का सत्र एक अगस्त से शुरू होगा और नए छात्रों के लिए एक सिंतबर से शुरू होगा। 2020-21 सत्र के लिए नामांकन एक अगस्त से 31 अगस्त के बीच होगा।

09:10 AM, 30-Apr-2020

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पिछले चार दिनों से कोई मामला नहीं

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के मुख्य सचिव चेतन संघी ने बताया कि पिछले चार दिनों से यहां कोई नया मामला सामने नहीं आया है। प्रति दस लाख की आबादी पर 8100 से ज्यादा लोगों की जांच की गई है।

09:06 AM, 30-Apr-2020

फूलों की खेती करने वाले किसानों को भारी नुकसान

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में फूलों की खेती करने वाले किसान लॉकडाउन में फूलों को बाहर नहीं भेज पा रहे है, उन्हें मुरझाए हुए फूल फेंकने पड़ रहे हैं। एक किसान ने बताया कि गाड़ी नहीं चल रही है इसलिए फूल बाहर नहीं भेज पा रहा हूं। अगर कोरोना नहीं आता तो शादी के लगन में फूल अच्छा पैसा देता।

09:04 AM, 30-Apr-2020

पंजाब पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों को दी सजा

पंजाब के अमृतसर में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले लोगों को पुलिस ने सड़क पर ही सजा दी। 
 

08:58 AM, 30-Apr-2020

हरियाणा के झज्जर जिले में 10 नए मामले सामने आए

हरियाणा के झज्जर जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. रणदीप पुनिया ने बताया कि जिले में  कोरोना पॉजिटिव के 10 नए मामले दर्ज किए गए हैं। उनमें से नौ सब्जी विक्रेता हैं जिनका दिल्ली जाने का इतिहास है और एक अस्पताल में नर्स है। इसके बाद झज्जर जिले में कुल मामले 18 हो गए हैं।

08:48 AM, 30-Apr-2020

ओडिशा में तीन नए मामले सामने आए, संक्रमितों की संख्या 128 हुई

ओडिशा सरकार के सूचना और जनसंपर्क विभाग ने बताा कि जाजपुर में कोरोना पॉजिटिव के तीन नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 128 हो गई है।

08:42 AM, 30-Apr-2020

देशभर में संक्रमितों की संख्या 33,050 हुई

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1718 नए मामले सामने आए हैं और 67 लोगों की मौत हो गई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 33,050 हो गई है, जिसमें 23,651 सक्रिय हैं, 8,325 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 1074 लोगों की मौत हो चुकी है। 

08:34 AM, 30-Apr-2020

मोहाली में 11 नए मामले सामने आए

पंजाब के मोहाली जिले के उपायुक्त गिरीश दयालन ने बताया कि जिले में कोरोना पॉजिटिव के 11 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 10 नांदेड़ तीर्थयात्री और एक मुल्लांपुर निवासी पीजीआई कर्मचारी है। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 84 हो गई है। जिसमें 30 लोग ठीक हो चुके हैं और दो लोगों की मौत हो चुकी है।
 

08:11 AM, 30-Apr-2020

फरीदाबाद में आवागमन पर रोक

हरियाणा के आस-पास के प्रदेशों एवं जिलों से फरीदाबाद में प्रतिदिन आवागमन करने वाले सरकारी कर्मचारियों एवं आम लोगों के आवागमन पर रोक है। आवश्यक वस्तुओं और बैंकिंग सेवाओं की आवाजाही में लगे वाहनों को छूट दी गई है। दिल्ली-फरीदाबाद बॉर्डर से दृश्य।

08:04 AM, 30-Apr-2020

फूलों की खेती करने वाले किसानों को नुकसान

गुजरात के राजकोट में फूलों की खेती करने वाले किसान लॉकडाउन में बहुत ही मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। फूल खेत में ही सड़ रहे हैं और किसानों को मजबूरन उन्हें तोड़ कर फेंकना पड़ रहा है।

07:49 AM, 30-Apr-2020

कर्नाटक के कलबुर्गी में सात मई तक बढ़ा लॉकडाउन

कर्नाटक के कलबुर्गी के उपायुक्त शरत बी ने बताया कि कोरोना वायरस के प्रसार को देखते हुए जिले में सीआरपीसी की धारा 144 का प्रभाव सात मई 2020 तक बढ़ा दिया गया है। जो लोगों को आवश्यक सेवा प्रदान कर रहे हैं या जो लोग जरूरी काम से बाहर निकल रहे हैं उनकी आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं है।

06:47 AM, 30-Apr-2020

दिल्ली: ओखला मंडी पहुंचे लोग

दिल्ली में लॉकडाउन के दौरान गुरुवार सुबह से ही ओखला सब्जी मंडी में लोग फल और सब्जी खरीदने के लिए पहुंचे। बता दें कि लॉकडाउन 3 मई तक जारी रहेगा।

गाजीपुर सब्जी बाजार में ऐसा ही नजारा
गाजीपुर सब्जी बाजार में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। यहां सब्जी के फुटकर विक्रेता काफी संख्या में ठेला लेकर थोक में सब्जी खरीदने पहुंचे।

05:23 AM, 30-Apr-2020

कर्नाटक: स्मार्ट सिटी का काम शुरू

कर्नाटक के शिवमोग्गा स्मार्ट सिटी के लिए काम लॉकडाउन में छूट के बाद फिर से शुरू हुआ। निर्माण कार्य से जुड़े एक ठेकेदार चेतन ने बताया कि हम सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं। डीसीपी की ओर से जारी आदेश में अनुमति मिलने के बाद फिर से काम शुरू हुआ है।

झारखंड: सीएम सोरेन ने पीएम मोदी को कहा- धन्यवाद
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि दूसरे राज्यों में फंसे छात्रों और प्रवासी मजदूरों-श्रमिकों को वापस लाने के लिए केंद्र सरकार ने राज्यों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मैं इसके लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद देता हूं। ये सशर्त दिशा-निर्देश हैं, इस पर कुछ नियम और कानून बनाए जाएंगे, जिन पर हम केंद्र से सहयोग मांगेंगे।

कर्नाटक: बस को मोबाइल क्लिनिक में बदला
कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) ने कोरोना महामारी के मद्देनजर अपनी एक बस को एक मोबाइल क्लिनिक में बदल दिया है। मंगलुरु में बुधवार को इस बस को रवाना किया गया।

05:19 AM, 30-Apr-2020

मध्यप्रदेश: कोरोना मरीजों की सेवा में लगे डॉक्टर की बेटी की मौत

मध्यप्रदेश के इंदौर में कोरोना मरीजों की सेवा में जुटे होशंगाबाज जिले के रहने वाले डॉक्टर देवेंद्र मेहरा की 15 महीने की बेटी का निधन हो गया। वह हाइड्रोफेलस नामक बीमारी से ग्रसित थी। डॉक्टर मेहरा ने बताया कि बेटी बीमार थी, इसलिए मैं अपने घर से दूर नहीं जाना चाहता था, लेकिन चिकित्सकीय पेशे के फर्ज को निभाना भी जरूरी था। उन्होंने कहा कि बेटी के निधन की खबर मिलने पर एडीएम ने मुझे घर लौटने की अनुमति दी।

तेलंगाना: ट्रांसजेंडर समुदाय में बांटे 100 किट
तेलंगाना में हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर अंजनि कुमार ने बंजारा हिल्स में ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों के बीच 100 किट (राशन, सैनिटाइजर और मास्क) वितरित किए।

03:55 AM, 30-Apr-2020

गुजरात: इन जिलों में कोई कोरोना मरीज नहीं

गुजरात की प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) जयंती रवि ने बताया कि अमरेली, देवभूमि द्वारका और जूनागढ़ जिलों में अभी तक एक भी कोरोना पॉजिटिव मरीज नहीं मिला है। पोरबंदर, जामनगर, और मोरबी में जहां पहले पॉजिटिव मामले सामने आए थे, वहां अब कोरोना का कोई सक्रिया मामला नहीं है।

03:54 AM, 30-Apr-2020

आईआईटी जम्मू ने बनाई फेस शील्ड

जम्मू और कश्मीर में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) जम्मू ने कोरोना के खिलाफ जंग के लिए पीपीई के साथ उपयोग में लाई जाने वाली फेस शील्ड विकसित की है। इसे परीक्षण के लिए पुलिस को सौंपा जाएगा। संस्थान के निदेशक मनोज सिंह गौर ने बताया कि इस डिजाइन का बड़े पैमाने पर उत्पादन किया जा सकता है, प्रोटोटाइप के उत्पादन के लिए थ्रीडी प्रिंटर का उपयोग किया गया।

उन्होंने यह भी बताया कि संस्थान की कई अन्य टीमें वेंटिलेटर, यूवी सैनिटेशन चैंबर और 2-3 अन्य उत्पाद विकसित करने की भी कोशिश कर रही हैं। वेंटिलेटर का पहला नमूना तैयाार होने में कम से कम 4 से 6 सप्ताह का समय लगेगा।

02:03 AM, 30-Apr-2020

शहीद की पत्नी ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए 10 हजार रुपये

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एक शहीद सीएएफ कर्मी की विधवा राधिका साहू ने वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में योगदान के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 हजार रुपये दिए हैं। उन्होंने कहा कि मेरे पति हमेशा दूसरों की मदद करते थे, इसलिए मैंने ऐसा करने का फैसल लिया। बता दें कि 14 मार्च को बस्तर में हुए एक नक्सली हमले में राधिका के पति शहीद हो गए थे।

01:16 AM, 30-Apr-2020

राजस्थान: आबकारी शुल्क बढ़ाया, महंगी हुई शराब 

लॉकडाउन के कारण भारी राजस्व की हानि का सामना कर रही राजस्थान सरकार ने शराब पर आबकारी शुल्क में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। 900 रुपये से नीचे की भारत में निर्मित विदेशी शराब पर 25 प्रतिशत की जगह 35 प्रतिशत आबकारी शुल्क और ड्यूटी अब 35 प्रतिशत की जगह 45 प्रतिशत की गई है।

 

12:14 AM, 30-Apr-2020

भारत में कोरोनाः महाराष्ट्र में आज 583 नए मामले, हिमाचल में बचे सात सक्रिय मरीज

देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1813 नए मामले सामने आए हैं और 71 लोगों की मौत हो गई है, जो अब तक एक दिन में मौतों का सर्वाधिक आंकड़ा है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 31,787 हो गई है।

यहां पढ़ें 29 अप्रैल (मंगलवार) के सभी अपडेट्स

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें