मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा के मुताबिक राज्य में दो लोग संक्रमित मिले हैं। दोनों ही पहले संक्रमित के रिश्तेदार हैं।
महाराष्ट्र में अब तक 23 पुलिसकर्मी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं।
मेघालय के शिलांग और उसके आसपास के इलाकों में कल सुबह 6 बजे से 20 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू रहेगा। थोक व्यापारी कल सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक अपनी दूकान खोल सकते हैं।
बिहार के मुंगेर में 6 महीने के बच्चे समेत तीन लोग संक्रमित पाए गए हैं। ये सभी पूर्व में मिले संक्रमित लोगों के संपर्क में आये थे। इसके साथ ही राज्य में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 83 हो गए हैं।
अब तक, 23 एंटीबॉडी आधारित रैपिड परीक्षणों को आईसीएमआर-एनआईवी पुणे में मान्य किया गया है। इनमें से नौ किट भारत में निर्मित हैं। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने इस बात की जानकारी दी है।
मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने कहा है कि मैं एयर इंडिया की एक विशेष उड़ान द्वारा बुधवार 15 अप्रैल को मॉरीशस पहुंची चिकित्सा आपूर्ति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बहुत आभारी हूं।
14 अप्रैल को मुंबई के बांद्रा में भीड़ जमा होने के सिलसिले में नौ लोगों को 19 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
बिहार के प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) संजय कुमार ने कहा कि राज्य में दो और कोरोना वायरस के मरीजों की पुष्टि हुई है। अब प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 74 हो गई है।
मुंबई के बाइकुला फायर स्टेशन पर तैनात एक अधिकारी के परिवार के दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मुंबई फायर सर्विस के मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने कहा कि उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। अग्निशमन अधिकारी और परिवार के करीबी संपर्कों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। एहतियात के तौर पर फायर स्टेशन के आवासीय भवन की दो मंजिलों क्वारंटीन किया गया है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पलानीसामी ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस के 25 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 1267 हो गई है। सीएम ने कहा कि तमिलनाडु मुख्यमंत्री राहत कोष को 134.64 करोड़ रुपये की सहायता प्राप्त हुई है। मैं उन सभी लोगों को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने निधि में उदारता से योगदान दिया है।
बीएमसी ने जानकारी दी है कि मुंबई के धारावी में 11 नए कोरोना वायरस के पॉ़जिटिव मरीज पाए गए हैं। धारावी में अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 71 हो गई है।
मुंबई में जुहू पुलिस थाने का एक कांस्टेबल कोरोना वायरस संक्रमित पाया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि कांस्टेबल के संपर्क में आए अन्य पुलिसकर्मियों की भी जांच की जाएगी।
बिहार के पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पांडेय ने कहा कि यदि कोई, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, चिकित्सा अधिकारी, सरकारी कर्मचारी, मजिस्ट्रेट या पुलिस के साथ दुर्व्यवहार करता है तो हम इसे बहुत सख्ती से लेंगे। ऐसा करने वाला चाहे किसी भी वर्ग, जाति या धर्म से संबंधित हो, इसकी परवाह किए बिना उससे निपटा जाएगा।
महाराष्ट्र में कोविड-19 के 165 से अधिक नए मामले (मुंबई में 107 सहित) सामने आए हैं। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़कर 3081 हो गई है।
गुजरात में बीते 12 घंटे में कोरोना वायरस से तीन और मरीजों की मौत हो गई जिसके साथ राज्य में मृतकों की संख्या 36 हो गई है। राज्य की प्रधान सचिव (स्वास्थ्य) जयंती रवि ने गुरुवार को बताया कि कच्छ, अहमदाबाद और बोताड जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।
मध्यप्रदेश में इंदौर के एक होटल में बनाए गए पृथक केंद्र से कोरोना वायरस के छह मरीजों सहित आठ लोगों के फरार हो जाने का मामला सामने आया है। इनमें से तीन मरीजों को ढूंढकर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी ने बताया कि कल परीक्षण किए गए 929 नमूनों में से 21 लोगों का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया है।
भारत में कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर राहत की खबर है। पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम हुई है, जिससे पिछले एक दिन में 447 नए मामले और 22 मौतें दर्ज की गई हैं। नए आंकड़ों के अनुसार देश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 12,380 हो गई है जबकि 414 लोगों की मौत हो चुकी है।
मध्यप्रदेश के इंदौर में कोविड-19 के 42 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 980 हो गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, देश में कोरोना वायरस के संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 12,380 हो गई है जिनमें 10,477 सक्रिय मामले हैं। 414 लोगों की इस जानलेवा वायरस के कारण मौत हो चुकी है। 1489 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
लॉकडाउन के बीच लोग मुंबई के बाइकुला सब्जी बाजार में लोग सब्जी खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में पुलिस टीम तैनात है और लोगों के लिए कोविड-19 से संबंधित जानकारी भी दी जा रही है।
दिल्ली में आजादपुर सब्जी मंडी में प्रवेश करने वाले लोगों के पासों की जांच की जा रही है। मंडी में सब्जियों और फलों की बिक्री सुबह छह बजे से 11 बजे और दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक की जा रही है। व्यापारियों द्वारा ऑड-ईवन नियम का पालन किया जा रहा है।
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि ब्लॉक में कुछ ग्रामीणों ने बुधवार को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस कर्मचारियों की टीम पर हमला कर दिया। गांव में लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन नहीं किए जाने की शिकायतें भी मिल रही थीं। इसी वजह से खंड विकास अधिकारी के साथ यह टीम ग्रामीणों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक करने गई थी। लेकिन ग्रामीणों ने इनकी एक भी बात नहीं सुनी और हिंसा करने लगे। इस घटना में स्वास्थ्य कर्मियों के अलावा पांच पुलिस कर्मी घायल हुए हैं।
इंदौर में 15 अप्रैल को 159 और व्यक्तियों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं 15 अप्रैल को एक व्यक्ति की मौत हो गई और इससे पहले 14 अप्रैल को भी एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। अब जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 597 हो गई है। इंदौर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ प्रवीण जड़िया ने यह जानकारी दी।
राजस्थान के स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 अप्रैल को जयपुर की एक 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई जो कि एक तीव्र मधुमेह रोगी थी। वहीं कोटा की एक अन्य महिला, जिसे पांच अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, COVID-19 के सकारात्मक परीक्षण के बाद 15 अप्रैल को उनका भी निधन हो गया। उनकी आयु 70 वर्ष से अधिक थी।
268 ब्रिटिश नागरिक, जो कोरोना वायरस लॉकडाउन की वजह से केरल में फंसे हुए थे उन्हें बुधवार को त्रिवेंद्रम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से ब्रिटिश एयरवेज द्वारा एयरलिफ्ट किया गया।