महाराष्ट्र : आज मिले 221 नए मामले, 22 की मौत
महाराष्ट्र में आज यानी 12 अप्रैल को कोरोना वायरस के 221 नए मामले पाए गए। वहीं, 22 लोगों की आज इस वायरस की वजह से मौत हो गई। राज्य के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब राज्य में कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 1982 हो गई है। मंत्रालय ने बताया कि आज तक महाराष्ट्र में 41 हजार से ज्यादा सैंपल की जांच की जा चुकी है। 217 लोग ठीक हो चुके हैं या अस्पताल से छुट्टी पा चुके हैं।
असम में कल से खुलेंगी शराब की दुकानें
असम में कल यानी सोमवार से शराब की दुकानें खुलेंगी। आदेश के मुताबिक शराब की दुकानें, बॉटलिंग प्लांट और शराब की भट्टियां निश्चित घंटों के लिए खोली जाएंगी। आदेश में शराब की दुकानों के खुलने का समय नियत दिनों पर सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक तय किया गया है।
संसद भवन की रिसेप्शन केटरिंग 15 से बंद
कोरोना वायरस की वजह से संसद भवन की रिसेप्शन केटरिंग को 15 अप्रैल से बंद कर दिया जाएगा। लोकसभा सचिवालय ने यह जानकारी देते हुए कहा कि यह फैसला कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए लिया गया है।
कर्नाटक में कुल 232 मरीजों की पुष्टि
केरल सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने बताया कि आज शाम पांच बजे तक कर्नाटक में कुल 232 कोरोना पॉजिटिव मामलों की पुष्टि हुई। इनमें 54 लोग ठीक हो चुके हैं और छह लोगों की मृत्यु हो चुकी है।
देश में डॉक्टर-नर्स समेत करीब 90 स्वास्थ्य कर्मी कोरोना पॉजिटिव
अभी तक देश में करीब 90 डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिक स्वास्थ्य कर्मी कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। यह जानकारी समाचार एजेंसी एएनआई ने दी है।
केरल में एक दिन में ठीक हुए 36 मरीज
केरल में एक ही दिन में 36 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक हुए हैं, जबकि राज्य में आज केवल दो नए मामले सामने आए हैं। केरल की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बकाया कि अब राज्य में कुल 194 पॉजिटिव मामले हैं। वहीं, यहां अभी तक कुल 179 कोरोना मरीज ठीक हो चुके हैं।
बीते 24 घंटे में 31 की मौत, 918 नए मामले
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया है कि पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 918 नए मामले सामने आए हैं और 31 लोगों की मौत हुई है। देश में कोरोना के पॉजिटिव मामले अब 8447 हो गए हैं।
नगालैंड के सरकारी कार्यालयों में सोमवार से शुरू होगा काम : मुख्य सचिव
कोहिमा और दीमापुर में नागरिक सचिवालय और निदेशालय समेत नगालैंड के सभी सरकारी कार्यालयों में सोमवार से कामकाज शुरू होगा हालांकि कर्मचारियों की संख्या कम रहेगी। मुख्य सचिव टेमजेन टॉय द्वारा जारी एक आदेश में यह बात कही गई। इसमें कहा गया कि सभी विभागों के प्रशासनिक प्रमुखों से कहा गया है कि वे काम पर आने वाले कर्मचारियों की सूची तैयार करें और सामाजिक दूरी के नियमों के पालन के लिये आवश्यक इंतजाम करें।
टॉय ने शनिवार को कहा, 'कोहिमा और दीमापुर में सचिवालय और निदेशालय तथा जिलों में सभी सरकारी कार्यालय सीमित कर्मचारियों के साथ अपना कामकाज सोमवार (13 अप्रैल) से शुरू करेंगे।' उन्होंने कहा, 'जो लोग किसी खास दिन दफ्तर नहीं आ रहे हैं उन्हें फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों के जरिये संपर्क में होना चाहिए।' नगालैंड में कोविड-19 का अबतक एक भी मामला सामने नहीं आया है।
मानव संसाधन मंत्रालय ने शुरू किया 'युक्ति' पोर्टल
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने रविवार को एक वेब पोर्टल 'युक्ति' ( YUKTI ) लॉन्च किया। इस पोर्टल से कोरोना को लेकर मंत्रालय के प्रयासों और पहलों का रिकॉर्ड रखा जाएगा और उनकी निगरानी की जाएगी।
रोजाना औसतन 584 सैंपल पॉजिटिव
आईसीएमआर के डॉ. मनोज मुढ़ेकर ने कहा, पिछले पांच दिनों में, जांच किए गए सैंपलों की औसत संख्या 15,747 प्रतिदिन रही है। वहीं, पॉजिटिव आने वाले सैंपलों की औसत संख्या 584 रही है। उन्होंने कहा, 40 से ज्यादा वैक्सीन को विकसित करने का काम चल रहा है, लेकिन इनमें से कोई भी अगले स्टेज पर पहुंच सकी है। अभी के लिए कोई वैक्सीन नहीं है।
कर्नाटक के हुबली में नगर पालिका ने सभी हॉटस्पॉट्स और नियंत्रण क्षेत्र (कंटेनमेंट जोन्स) में सोडियम हाइड्रो क्लोराइड का छिड़काव कर सैनिटाइजेशन किया।
दिल्ली के केशवपुर सब्जी मंडी पर पुलिस ड्रोन की मदद से निगरानी रख रही है।