लॉकडाउन की वजह से सूरत में फंसे सैकड़ों प्रवासी मजदूरों ने शुक्रवार की रात तोड़फोड़ और वाहनों में आगजनी की। इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि ये लोग अपने घर लौटने के लिए इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं और अपना देय भुगतान भी जल्द दिए जाने की मांग कर रहे हैं।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार दस अप्रैल तक 1,47,034 लोगों के 1,61,330 सैंपल लेकर जांच किए गए हैं।
पंजाब में आज 21 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 151 हो गईः पंजाब सरकार
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 678 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 33 लोगों की मौत हो गई है।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने कोरोना वायरस की जांच के लिए ट्यूबरक्लोसिस (टीबी) की जांच की जाने वाली क्षय रोग परीक्षण मशीन (TrueNat) को मान्यता दे दी है। यानि अब टीबी की जांच करने वाली मशीन से कोरोना संक्रमण की जांच की जाएगी।
कर्नाटक सरकार के अनुसार में राज्य में कोरोना पॉजिटिव के 10 नए मामले दर्ज किए गए हैं। 10 नए मामलों में से नौ उन लोगों के करीबी हैं जो पहले से कोरोना पॉजिटिव हैं। इसी के साथ राज्य में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 207 हो गई है। जिसमें छह लोगों की मौत हो गई है और 30 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग ने राज्य में 14 और अस्पतालों को कोरोना अस्पतालों के रूप में अधिसूचित किया है।
महाराष्ट्र में आज कोरोना वायरस के 16 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1380 हो गई है।
महाराष्ट्र में लॉकडाउन के आदेशों का उल्लंघन करने पर महाबलेश्वर पुलिस स्टेशन में डीएचएफएल समूह के प्रमोटर्स कपिल वधावन और 22 अन्य (उनके परिवार के सदस्यों और नौकरों) के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
महाराष्ट्र के गृह विभाग ने अगले आदेश तक मुंबई और पुणे में पांच जेलों को पूरी तरह लॉकडाउन करने के आदेश जारी किए, ये जेल हैं- मुंबई सेंट्रल जेल, ठाणे जेल, यरवदा जेल, बाइकुला जेल और कल्याण जेल।
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के प्रसार के मद्देनजर आज गुड फ्राइडे पर मुंबई के माहिम में सेंट माइकल चर्च को बंद रखा गया है। साथ ही चर्च में सामूहिक समारोहों को निलंबित कर दिया गया है।
दिल्ली पुलिस ने कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन के बीच जामा मस्जिद इलाके में स्थिति पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का उपयोग किया।