फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देश में मरीजों की संख्या 140 के पार, सेना में सामने आया पहला पॉजिटिव केस

Wed, 18 Mar 2020 05:07 AM IST
आसिम खान न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

स्वास्थ्य मंत्रालय ने आज बताया कि देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 139 पहुंच गई है और 5700 से अधिक की निगरानी की जा रही है। वहीं, मुंबई के कस्तूरबा हॉस्टिपल में मंगलवार को 64 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई जो देश में अबतक की तीसरी मौत है। इस बीच आज केंद्रीय मंत्री मुरलीधरन ने भी खुद को क्वारेंटाइन कर लिया। हालांकि जांच में वह नेगेटिव पाए गए। उधर, गो एयर ने कर्मचारियों को छुट्टी पर भेजने का फैसला किया है। वहीं, उज्जैन में डॉक्टर दंपती को क्वारेंटाइन (पृथक) किया गया है, यहां अबतक एक भी मामला सामने नहीं आया है। उधर, मध्य रेलवे ने 23 ट्रेनों को रद्द कर दिया। अबतक का अपडेट 
विज्ञापन
कोरोनावायरस - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लद्दाख में तैनात भारतीय सेना का एक जवान कोरोना संक्रमित पाया गया है। जवान के पिता ने ईरान की यात्रा की थी। सेना में कोरोना संक्रमण का यह पहला पॉजिटिव मामला है। सेना के सूत्रों ने बताया कि लद्दाख स्काउट के 34 वर्षीय जवान के पिता ईरान गए थे और 27 फरवरी को वापस लौटे थे। उसके पिता को 29 फरवरी से क्वारंटीन में रखा गया था और उनकी कोरोना जांच भी पॉजिटिव आई थी। 

विज्ञापन




वहीं, जवान 25 फरवरी से अवकाश पर था और दो मार्च को वह वापस ड्यूटी पर आया। सूत्रों का कहना है कि इस दौरान जवान अपने परिवार के साथ रहा। पिता की जांच पॉजिटिव आने पर जवान को सात मार्च को क्वारंटीन फैसिलिटी में रखा गया। जवाम की पत्नी, बहन और दो बच्चों को भी क्वारंटीन में रखा गया है।

दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे विदेश मंत्री
वहीं, विदेश मंत्री डॉ.. एस जयशंकर ने रात में दिल्ली एयरपोर्ट पर आप्रवासन, स्वास्थ्य, सुरक्षा और एयरपोर्ट अधिकारियों से मुलाकात की।

आदेश न मानने पर हैदराबाद में 66 संस्थान सील किए गए
हैदराबाद में सरकारी संस्थानों को 31 मार्च कर बंद रखने के सरकारी आदेश का पालन न करने पर 66 संस्थानों को सील कर दिया गया है। इनमें कोचिंग सेंटर, स्कूल, जिम और बार शामिल हैं। ग्रेटर हैदराबाद के मेयर बोंथू राममोहन ने बताया कि रोजाना जांच के लिए 18 विशेष दल बनाए गए हैं।
विज्ञापन


ओडिशा के जिलों में धारा 144 लागू
कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए ओडिशा प्रशासन ने राज्य के कुछ जिलों में आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 144 लागू कर दी है। गजपति, जगतसिंहपुर, कंधमाल, भदरक और मयूरभंज जिलों में धारा 144 लगाई गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने निजी संस्थानों के लिए जारी किए दिशानिर्देश
भारत सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने निजी संस्थानों के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं जिसके तहत उन्हें कोरोना संक्रमित व्यक्ति की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही मंत्रालय ने राज्यवार हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की है।

जम्मू-कश्मीर में विदेशी पर्यटकों के प्रवेश पर पाबंदी
जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के जिला मजिस्ट्रेट शाहिद चौधरी ने कहा कि पूरे केंद्र शासित प्रदेश में सभी विदेशी पर्यटकों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में कोरोना का प्रयास रोकने के लिए एहतियाती उपाय के तहत यह कदम उठाया गया है।

वहीं, दूसरी ओर राज्य के फूलों की खेती, पार्क और उद्यान निदेशालय ने केंद्र शासित राज्य में स्थिति काबू में रखने के लिहाज से बाग-ए-बहू गार्डन और बाग-ए-भोर गार्डन को 17 से 31 मार्च तक आम जनता के लिए भी बंद कर दिया है। 

तुर्की और मलयेशिया के लिए इंडिगो की सभी उड़ानें रद्द
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कहा है कि उसकी एडवाइजरी के मुताबिक तुर्की और मलयेशिया से अंतरराष्ट्रीय यात्राओं को रोकने के लिए इंडिगो 18 मार्च से दिल्ली-इस्तांबूल और चेन्नई कुआलालंपुर के बीच अपनी सभी उड़ानें रद्द करेगी। यह प्रतिबंध 31 मार्च तक जारी रहेगा।

मेघालय में 31 मार्चतक सभी पर्यटन केंद्र बंद
मेघालय के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने 31 मार्च तक सभी पर्यटन केंद्रों को बंद करने का एलान किया है। इस आदेश में पार्क और मनोरंजन क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है। 

पश्चिम बंगाल में मिला पहला संक्रमित मरीज
भारत के पश्चिम बंगाल में कोरोना का पहला पॉजिटिव मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक संक्रमित व्यक्ति की आयु 18 साल है। उसने ब्रिटेन की यात्रा की थी। मरीज को आइसोलेशन में रखा गया है।

यहां पढ़ें 17 मार्च का अपडेट

कोरोना वायरस: बस में स्प्रे करता स्वास्थ्य कर्मचारी - फोटो : अमर उजाला
कुआलालंपुर हवाई अड्डे पर फंसे 300 भारतीय
कोरोना वायरस के चलते उड़ानें रद्द होने से केरल के कम से कम 300 लोग मलेशिया के कुआलालंपुर हवाई अड्डे पर फंसे हुए हैं। ये लोग फिलिपीन, कम्बोडिया और मलेशिया की यात्रा कर हवाई अड्डे पर पहुंचे हैं। इनमें कई छात्र भी शामिल हैं। विभिन्न समाचार चैनलों पर प्रसारित वीडियो में एक छात्रा कह रही है, 'हम फिलिपीन में पढ़ाई कर रहे हैं। कई उड़ानें रद्द हो गई हैं और हम कुछ घंटों से यहां फंसे हुए हैं। हम फिलिपीन वापस नहीं जा सकते और न ही भारत सरकार हमें लाने को तैयार है। हम भारतीय अधिकारियों से संपर्क की कोशिश कर रहे हैं। हम में से कोई भी फिलिपीन वापस नहीं जाना चाहता। वीडियो में कुछ लोगों ने कहा कि बोर्डिंग पास मिलने के बाद उन्हें बताया गया कि उड़ान रद्द कर दी गई है।

झारखंड हाईकोर्ट में अति महत्वपूर्ण मामलों पर ही सुनवाई
झारखंड हाई कोर्ट ने 31 मार्च तक सिर्फ अति महत्वपूर्ण मामलों पर ही सुनवाई का फैसला लिया है। इसके तहत अदालत में जमानत, अग्रिम जमानत, निष्कासन, बिजली सप्लाई काटने जैसे मामले ही सुने जाएंगे। ये फैसला मुख्य न्यायधीश रवि रंजन की अध्यक्षता वाली पूर्ण पीठ ने लिया। इससे एक दिन पहले ही राज्य सरकार ने शिक्षण संस्थानों और कुछ अन्य जगहों को 14 अप्रैल तक बंद करने का फैसला लिया। 

दक्षिण-मध्य रेलवे ने कम यात्रियों के चलते 17 ट्रेनों को रद्द किया। 
 



केंद्र ने राज्यों में 30 अधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया 
केंद्र ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए राज्य सरकारों की सहायता के लिए 30 संयुक्त सचिव और उसके ऊपर के स्तर के अधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया: गृह मंत्रालय।

कर्नाटक: 21 लोगों के संपर्क में आई महिला मरीज
कर्नाटक के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण सेवा ने कहा कि राज्य में 11वां कोरोना वायरस मरीज का पता चला है। ये बंगलूरू की रहने वाली 67 वर्षीय महिला है जो दुबई और गोवा होते हुए 9 मार्च को लौटी थीं। उन्हें किडनी की भी बीमारी है और 9 मार्च से ही घर में पृथक रखा गया है। कल उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके संपर्क में आए 21 लोगों की पहचान की गई है जिनमें पांच उनके घर के ही सदस्य हैं। 

 

स्पीकर ओम बिरला ने की बैठक 
दिल्ली: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की जिसमें संसद भवन परिसर में कोरोना वायरस न फैलने देने के मद्देनकर तैयारियों को लेकर चर्चा हुई।लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि नोवेल कोरोना वायरस को लेकर संसद भवन परिसर और आस-पास के क्षेत्रों में किए जा रहे उपायों का जायजा लिया और कहा कि यह आवश्यक है कि लोग घबराएं नहीं, डरने की कोई बात नहीं है और हर समय सतर्क रहना होगा। लोकसभा अध्यक्ष ने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग, केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना और अन्य एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इस संबंध में बैठक की। लोकसभा सचिवालय की विज्ञप्ति के अनुसार, बिरला ने कहा कि हम सभी को किसी भी परिस्थिति में घबराना नहीं चाहिए। डरने की कोई बात नहीं है, फिर भी हमें हर समय सतर्क रहना होगा। किसी भी अनहोनी से बचने के लिए कम से कम समय में सभी आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। 

मरीजों की संख्या 139 हुई, 5,700 से अधिक की निगरानी
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा, आईसीएमआर की अपील है कि सभी निजी लैबों को मुफ्त में कोविड-19 की जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान, फिलीपींस और मलयेशिया के यात्रियों के भारत आने पर तुरंत प्रभाव से रोक लगाई जाती है। उन्होंने कहा कि भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 139 हुई, रोगियों के संपर्क में आए 5,700 से अधिक लोगों की निगरानी की जा रही है। बता दें कि सरकार ने आज ही फैसला किया है कि अब निजी लैबों में भी कोरोना वायरस की जांच की इजाजत दी जाएगी। 

महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा 
  • मुंबई में सार्वजनिक परिवहन चलता रहेगा। 
  • सरकारी दफ्तरों को बंद नहीं किया जाएगा। 
  • अगर लोग गैर जरूरी यात्रा करने से नहीं बचते हैं, तो ट्रेन और बस सेवाओं को बंद करने जैसे कड़े फैसले लेने होंगे। 
  • हम 50 फीसदी क्षमता के साथ सरकारी कार्यालयों को काम करने की इजाजत देने पर काम कर रहे हैं।
  • महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से 40 लोग संक्रमित हुए हैं। एक व्यक्ति की मौत हुई है। 
महाराष्ट्र सरकार ने शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की जांच पर रोक लगाई
कोरोना वायरस से संक्रमण को रोकने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की जांच के दौरान ब्रेथ एनालाइजर उपकरणों के इस्तेमाल पर फिलहाल के लिए रोक लगा दी है।इस उपकरण से जांच के दौरान वाहन चालक की सांस के जरिए रक्त में अल्कोहल की मात्रा का पता लगाया जाता है। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य लोगों के बीच संपर्क के जरिए होने वाले वायरस के प्रसार को कम करना है।

पंजाब सरकार ने दिए दिशा-निर्देश
पंजाब के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने मंगलवार को बताया कि कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए प्रदेश सरकार ने सभी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मॉल, संग्रहालय, स्थानीय साप्ताहिक किसान मंडी, धार्मिक स्थलों को बंद रखने निर्देश दिए हैं। साथ ही डेरा प्रमुखों से 31 मार्च तक सभी तरह के धार्मिक आयोजन टालने के लिए कहा है। मंत्रिसमूह ने यह भी निर्देश दिए हैं कि शादियों के अलावा अन्य किसी जगह पर 50 से ज्यादा लोगों को इकट्ठा होने की अनुमति नहीं है। इसके अलावा सभी शैक्षिक संस्थान और प्रसाशनिक कार्यालय, निजी शैक्षिक संस्थान आदि बंद रहेंगे, जबकि परीक्षाएं टाल दी गई हैं।

दिल्ली में मिले दो और मरीज
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, आईटीबीपी कैंप में क्वारेंटाइन (पृथक) किए गए दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इन्हें सफदरजंग अस्पताल भेजा गया है। 

मध्य रेलवे ने 23 ट्रेनों को रद्द किया
मध्य रेलवे ने 23 ट्रेनों को कोविड-19 के एहतियाती उपायों और सीटें खाली रहने की वजह से रद्द किया: अधिकारी 

महाराष्ट्र में दो और कोरोना पॉजिटिव केस 
पुणे में एक और व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। पुणे के संभागीय कलेक्टर ने कहा कि पिंपरी-चिंचवाड़ एक व्यक्ति को कोविड-19 से पीड़ित पाया गया है। वह अमेरिका से लौटकर आया था। वहीं महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि आज मुंबई में 49 वर्षीय शख्स कोरोना पॉजिटिव मिला है। उसने अमेरिका की यात्रा की थी। इस तरह के महाराष्ट्र में कोरोना पीजिटिव केस की संख्या 41 पहुंच गई है।

पुणे: ग्राम पंचायत चुनाव स्थगित
पुणे के जिला मजिस्ट्रेट किशोर राम ने मंगलवार को कहा कि जिले में छह जगहों पर होने वाले ग्राम पंचायत चुनाव अगले आदेश तक के लिए टाल दिए गए हैं।
 
गो एयर कर्मचारियों को छुट्टी पर भेजेगी
गो एयर ने अपने कर्मचारियों को रोटेशन आधार पर बिना वेतन छुट्टी पर भेजने का फैसला किया है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि कोरोना वायरस के चलते सीमित उडा़नें के कारण उसने ये फैसला लिया है। मंगलवार से ही गो एयर ने अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें बंद करने का फैसला लिया है।  

उज्जैन में डॉक्टर दंपति को किया पृथक
मध्यप्रदेश के उज्जैन में एक डॉक्टर दंपति को कोरोना वायरस से पीड़ित होने के संदेह में क्वारेंटाइन (पृथक) किया गया है। कलेक्टर शशांक मिश्रा ने बताया कि इस दंपति ने हाल ही में बैंकॉक की यात्रा की थी। दोनों डिस्ट्रिक्ट क्वारेंटाइन फैसेलिटी में हैं। मध्यप्रदेश में अभीतक कोरोना वायरस का कोई मरीज नहीं मिला है। 

डीजीसीए: प्रतिबंधित देशों से उड़ान न भरें कंपनियां
नागर विमानन महानिदेशालय ने मंगलवार को विमान सेवा का संचालन करने वाली कंपनियों को मंगलवार को नोटिस जारी करके कहा कि केंद्र सरकार ने जिन कोरोना प्रभावित देशों के लिए उड़ान सेवाएं प्रतिबंधित की हैं, वहां से उन्हें यात्रियों को लाने की इजाजत नहीं है। डीजीसीए के सर्कुलर में कहा गया है कि यूरोपीय यूनियन, यूरोपियन फ्री ट्रेड यूनियन, तुर्की और यूनाईटेड किंगडम से भारत में यात्रियों को लाने पर रोक लगी हुई है। इसलिए कोई भी विमानन कंपनियां 18 मार्च से इन राष्ट्रों से यात्रियों को लेकर नहीं आएंगी। सभी विमान सेवा प्रदाता कंपनियों को सलाह दी जाती है कि वे एडवाइजरी का पालन सुनिश्चित करें। 

निजी लैब में भी हो सकेगी कोरोना की जांच
कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों का जल्द से जल्द पता लगाने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने निजी पैथोलॉजी लैब्स को कोरोना की जांच करने की अनुमति देने का फैसला किया है। मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि अभी सिर्फ सरकारी लैब को ही कोरोना वायरस की जांच करने की अनुमति है। परंतु निजी लैब को इसकी अनुमति देकर जांच के कार्य में दोगुनी तेजी लाई जा सके। मंत्रालय ने कहा कि करीब 60 निजी लैब को जल्द ही इसके लिए अनुमति दी जा सकती है।

केंद्रीय मंत्री मुरलीधरन ने खुद को क्वारेंटाइन किया
केंद्रीय मंत्री मुरलीधरन ने खुद को क्वारेंटाइन कर लिया है। उन्होंने कहा कि जिस संस्थान के अस्पताल में बाद में कोरोना वायरस का मामला आया, उसका दौरा करने के बाद मैं घर में ही पृथक रूप से रह रहा हूं, जांच में मुझमें कोरोना वायरस की पुष्टि नहीं हुई है। 

भारत स्टेज 2 में: आईसीएमआर
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने कहा, हम जानते हैं कि हम स्टेज 2 में हैं, स्टेज 3 में नहीं हैं। आईसीएमआर के डीजी डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि आईसीएमआर अपने लैब बढ़ाने का काम कर रहा है। आज आईसीएमआर सिस्टम में कुल 72 लैब हैं। 

सरकारी इमारतों में थर्मल स्कैनर लगाने के आदेश 
एक आधिकारिक आदेश में कोविड-19 के मद्देनजर सभी मंत्रालयों से सरकारी इमारतों में थर्मल स्कैनर लगाने को कहा गया है। साथ ही कहा गया है कि कोविड-19 के मद्देनजर नियमित रूप से आगंतुकों के आने और अस्थायी पास जारी करने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाती है। मंत्रालयों से सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के प्रवेश को अधिकतम सीमा तक हतोत्साहित करने को कहा गया है। सरकारी इमारतों में स्थित सभी जिम, मनोरंजन केंद्रों, शिशु केंद्रों को बंद करने को कहा गया है। 

एएसआई ने बंद किए स्मारक-म्यूजियम 
आर्कियोलॉजिक सर्वे ऑफ इंडिया (एएसआई) ने सभी स्मारकों, साइटों और म्यूजियमों को बंद करने का फैसला लिया है। इससे पहले सिर्फ टिकटों पर पाबंदी लगी थी। 

रेलवे के तीन कर्मचारियों को किया क्वारेंटाइन  
नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे ओडिशा के पहले कोरोना पॉजिटिव मरीज से संपर्क में आए रेलवे के तीन कर्मचारियों को मंगलवार को सेल्फ क्वारेंटाइन (स्वेच्छा से पृथक) में भेज दिया गया है। पूर्वी रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। बता दें कि यह शख्स अपनी यात्रा के दौरान करीब 129 लोगों के संपर्क में आया था। 

तमिलनाडु में पर्यटक स्थलों को किया गया बंद 
कोरोना वायरस के मद्देनजर तमिलनाडु में महत्वपूर्ण पर्यटक स्थलों में लॉकडाउन कर दिया गया है। नीलगिरी जिले में अधिकारियों ने ऊटी सहित सभी पर्यटक स्थलों को बंद करने का आदेश दिया है। होटलों व रिसॉर्ट में ठहरे पर्यटकों को शहर छोड़कर जाने के लिए 24 घंटे तक का वक्त दिया है। 

राजस्थान में 50 से ज्यादा लोगों के सार्वजनिक जगहों पर जमा होने पर प्रतिबंध
राजस्थान सरकार ने मंगलवार को कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप से लड़ने के लिए सार्वजनिक जगहों पर 50 से ज्यादा लोगों के जमा होने पर 31 मार्च तक प्रतिबंध लगा दिया है। एक आधिकारिक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी गई है। सोमवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।

महाराष्ट्र में लोकल ट्रेन और बस बंद करने पर हो सकता है विचार
महाराष्ट्र सरकार कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए कैबिनेट मीटिंग में लोकल ट्रेन और बस बंद करने पर विचार कर सकती है। ट्रेन और बस बंद होने से मुंबई समेत समूचे महाराष्ट्र में इसका बुरा असर देखने को मिलेगा। प्रदेश में अभी तक कोरोना के 39 मामले सामने आ चुके हैं जोकि देश में सबसे ज्यादा हैं।

संक्रमित का इलाज करने वाला डॉक्टर भी संक्रमण की चपेट में
कलबुर्गी में पिछले हफ्ते कोरोना वायरस संक्रमण से जान गंवाने वाले बुजुर्ग का इलाज करने वाला डॉक्टर भी इस वायरस से संक्रमित पाया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। कर्नाटक में मंगलवार को संक्रमण के दो नए मामले सामने आने के बाद राज्य में पुष्ट मामलों की संख्या बढ़कर 10 हो गई। इस संख्या में एक मृतक भी शामिल है। कलबुर्गी के उपायुक्त शरत बी ने कहा कि 63 वर्षीय डॉक्टर को परिवार के सदस्यों के साथ ही घर में पृथक रखा गया है और उन्हें विशेष पृथक वार्ड में स्थानांतरित किया जा रहा है।

लद्दाख में तीन नए कोरोना वायरस मामलों की पुष्टि
लद्दाख के आयुक्त सचिव रिग्जिन सैम्फियल ने कहा कि केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख में कोविड-19 के तीन और पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। लेह से दो, कारगिल जिले से एक, और लद्दाख से तीन, अब कुल छह मामले हो गए हैं। वहीं, देश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 131 हो गई है।

ओलंपिक प्रशिक्षण पा रहे एथलीटों के अलावा सभी राष्ट्रीय शिविर स्थगित
खेल मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा है कि ओलंपिक के लिए प्रशिक्षण पा रहे एथलीटों के शिविरों को छोड़ शेष सभी राष्ट्रीय शिविर स्थगित होंगे।

पीएम मोदी ने चिकित्सा कर्मियों और मीडिया के योगदान की सराहना की
कोरोना वायरस के खतरे से निपटने में डाक्टरों और नर्सो सहित चिकित्सा कर्मियों की भूमिका तथा जागरुकता फैलाने के लिए मीडिया की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सभी से सतर्क रहने को कहा। प्रधानमंत्री ने भाजपा संसदीय दल की बैठक में यह बात कही। संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी ने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि बजट सत्र की अवधि कम नहीं की जाएगी और यह पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार तीन अप्रैल तक चलेगा। जोशी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कोरोना वायरस से मुकाबला करने में डॉक्टरों, नर्सो और स्वास्थ्य कर्मियों की कड़ी मेहनत एवं योगदान की सराहना की ।

केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने खुद को किया पृथक
केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने 14 मार्च को त्रिवेंद्रम में एक चिकित्सा संस्थान में हुई बैठक में भाग लेने के बाद खुद को अपने घर में पृथक कर लिया है। स्पेन से लौटे एक डॉक्टर की 15 मार्च को कोविड-19 की पॉजिटिव रिपोर्ट आई थी। डॉक्टर ने बैठक में भाग लिया था। हालांकि, वी मुरलीधरन रिपोर्ट निगेटिव आई है।

कोरोना वायरस से भारत में तीसरी मौत
कोरोना वायरस से भारत में तीसरी मौत की पुष्टि हो गई है। मुंबई के कस्तूरबा अस्पताल में 64 साल के कोविड-19 मरीज की मौत हो गई है।

अफगानिस्तान, फिलीपींस और मलयेशिया से भारत आने पर रोक
भारत सरकार ने तत्काल प्रभाव से अफगानिस्तान, फिलीपींस, मलयेशिया के यात्रियों पर 31 मार्च तक भारत की यात्रा पर रोक लगा दी है।

नोएडा में दो व्यक्ति कोरोनोवायरस संक्रमित
गौतमबुद्धनगर के सीएमओ अनुराग भार्गव ने कहा कि नोएडा में दो व्यक्ति कोरोनोवायरस पॉजिटिव पाए गए हैं। एक सेक्टर 78 में और दूसरा सेक्टर 100 का रहने वाला है। दोनों फ्रांस से वापस आए थे। दोनों को अस्पताल में पृथक रखा गया है।

देश में 126 हुई संक्रमित मरीजों की संख्या
भारत के 15 राज्यों में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 126 हो गई है। इनमें 103 भारतीय और 22 विदेशी शामिल हैं। ये आंकड़ा मंगलवार 11:52 AM तक का है।
 
कुल संक्रमित 126 भारतीय 104 विदेशी 22
राज्य कुल संख्या भारतीय विदेशी ठीक हुए
महाराष्ट्र 39 36 3 0
केरल 24 22 2 3
हरियाणा 15 1 14 0
दिल्ली 7 7 0 2
यूपी 13 12 1 4
कर्नाटक 8 8 0 0
राजस्थान 4 2 2 3
लद्दाख 4 4 0 0
तमिलनाडु 1 1 0 0
जम्मू-कश्मीर 3 3 0 0
पंजाब 1 1 0 0
तेलंगाना 4 4 0 1
आंध्र प्रदेश 1 1 0 0
ओडिशा 1 1 0 0
उत्तराखंड 1 1 0 0


ताजमहल और लाल किला समेत सभी ऐतिहासिक इमारतें 31 मार्च तक बंद
देश में सभी ऐतिहासिक इमारतें 31 मार्च तक बंद रहेंगी। इसमें ताजमहल, लाल किला और कुतुब मीनर समेत केंद्रीय पर्यटन मंत्री प्रहलाद पटेल के मुताबिक भारतीय पुरातत्व विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी राष्ट्रीय स्मारक और म्यूजियम 31 मार्च तक बंद रहेंगे। 

कर्नाटक में दो और व्यक्ति संक्रमित
कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कोविड-19 के दो नए मामले सामने आए हैं, राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या 19 हो गई है। मरीजों में ब्रिटेन की यात्रा करने वाली 20 वर्षीय युवती और 60 साल का व्यक्ति शामिल हैं। दोनों को अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।

देशभर में स्कूल, कॉलेज, मॉल, स्वीमिंग पूल आदि 31 मार्च तक बंद
सरकार ने जानलेवा कोरोना वायरस से बचाव के लिए देशभर में स्कूल, कॉलेज, मॉल, स्वीमिंग पूल आदि को 31 मार्च तक बंद रखने का निर्देश दिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव लव अग्रवाल ने सोमवार को कहा, सामाजिक दूरी कोरोना से बचाव का एकमात्र विकल्प है। कर्मचारियों को घर से ही काम करने की छूट दी जानी चाहिए। साथ ही सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल कम से कम हो।

सिद्धिविनायक, महाकाल मंदिर में नो एंट्री  
मुंबई के मशहूर सिद्धिविनायक मंदिर को अगले नोटिस के लिए बंद कर दिया गया है। प्रबंधन के मुताबिक, सोमवार शाम सात बजे से मंदिर को बंद कर दिया गया। मंदिर कब खुलेगा, इसके बारे में सूचना बाद में दी जाएगी। इस बीच, उज्जैन के प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में 31 मार्च तक श्रद्धालुओं के भस्म आरती में हिस्सा लेने पर पाबंदी लगा दी गई है।

नासिक में धारा 144 लगायी गई, दो और संदिग्ध अस्पताल में भर्ती
महाराष्ट्र के नासिक स्थित सिविल अस्पताल में कोरोना वायरस जैसे लक्षणों वाले दो और व्यक्तियों को सोमवार को भर्ती कराया गया। वहीं इस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए शहर में धारा 144 लगा दी गई है।

यहां पढ़ें 16 मार्च का अपडेट

कोरोनावायरस - फोटो : पीटीआई
कर्नाटक में मिले दो और कोरोना पॉजिटिव मामले
कर्नाटक में कोरोना वायरस के दो और पॉजिटिव मामलों की पुष्टि हुई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि एक मरीज कालाबुर्गी और एक मरीज बंगलूरू में मिला है। दोनों का इलाज किया जा रहा है। इन दो मामलों के साथ राज्य में कोरोना के कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या आठ हो गई है। 

पुणे में तीन दिन तक बंद रहेंगे बाजार
कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए पुणे की ट्रेड एसोसिएशन फेडरेशन ने 17, 18 और 19 मार्च को बाजार और दुकानें बंद रखने का फैसला लिया है। हालांकि, रोजमर्रा की जरूरत के सामान वाली दुकानें और मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे। 

महाराष्ट्र में टाइगर रिजर्व और नेशनल पार्क बंद 
महाराष्ट्र में सभी टाइगर रिजर्व, सेंचुरी और नेशनल पार्क 18 से 31 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। 

कश्मीर में एक और मामला 
जम्मू व कश्मीर के प्रधान सचिव योजना रोहित कंसल के मुताबिक प्रदेश में एक और मरीज पॉजीटिव पाया गया है। यह व्यक्ति सऊदी अरब से लौटा था। इसने तेज बुखार की शिकायत की थी। जम्मू कश्मीर में अब तक कुल तीन मरीज हो गए हैं। 

पूर्णागिरि मेले पर अनिश्चितकाल के लिए प्रतिबंध
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर पूर्णागिरि मेले पर अनिश्चितकाल के लिए रोेक लगा दी है। इस अवधि में पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। जिला प्रशासन के फैसले पर राज्य सरकार ने मुहर लगाते हुए इस संबंध का आदेश जारी किया है। यह पहला मौका है जब पूणागिरि मेले पर रोक लगी है।

तेलंगाना में कुल चार हुए मामले
तेलंगाना के हैदराबाद में एक और कोरोना का मामला सामने आया है। यह व्यक्ति स्कॉटलैंड से लौटा था। अब राज्य में कुल चार मामले हो गए हैं। 

केरल में कुल 24 मामले हुए 
केरल में कोरोना के कुल मामले 24 हो चुके हैं। राज्य में 12,740 लोगों को निगरानी में रखा हुआ है। मुख्यमंत्री पिनयारी विजयन ने 'ब्रेक द चेन' अभियान चलाया। 

अरुणाचल पर्यटकों के लिए बंद 
अरुणाचल प्रदेश में कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए पर्यटकों के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बताया कि पहले यह अस्थायी बैन सिर्फ विदेशियों के लिए था। 

सभी राष्ट्रीय स्मारक, म्यूजियम 31 तक बंद
केंद्रीय पर्यटन मंत्री प्रहलाद पटेल के मुताबिक भारतीय पुरातत्व विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी राष्ट्रीय स्मारक और म्यूजियम 31 मार्च तक बंद रहेंगे। 

बंगलूरू में एक और पॉजीटिव 
बंगलूरू में एक 32 वर्षीय व्यक्ति में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। वह आठ मार्च को वाया लंदन अमेरिका से लौटा था। वह घर में ही अलग कमरे में था, अब उन्हें आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। 

पीएम मोदी का कोविड चैलेंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लोगों से कोरोना वायरस से निपटने के लिए संभावित समाधान मांगे हैं। उन्होंने 'MyGovIndia' पर इन्हें साझा करने को कहा है। इस चैलेंज में संभावित समाधान बताने वालों को एक लाख रुपये तक का इनाम देने की भी बात कही गई है। 
 

सुरक्षा बल 560 भारतीयों को वापस लाए 
रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक सुरक्षा बल करीब 560 भारतीयों को वापस लाए हैं। इसके अलावा सी—17 ट्रांसपोर्ट विमान के 34 क्रू सदस्यों को भी इटली और वुहान से लाया गया है। अधिकारी के मुताबिक इनमें से 372 नागरिकों और 17 क्रू सदस्यों को घर भेज दिया गया है। सुरक्षा बल ने देश भर के सैन्य बेस में 15 हजार से ज्यादा आइसोलेशन वार्ड बनाए थे। 

केरल में ट्रेनों में स्क्रीनिंग 
केरल में राज्य सरकार ने ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों की भी स्क्रीनिंग कराने का फैसला लिया है। इसके तहत चिकित्साकर्मी यात्रियों की जांच चलती ट्रेन में कर रहे हैं। 

देश भर में बंद होंगे स्कूल, स्वीमिंग पूल और मॉल्स 
स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बड़ा फैसला लेते हुए 18 मार्च से तुर्की, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ की विमान सेवा को बंद करने का फैसला किया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने 31 मार्च तक सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि देशभर में सभी स्कूल, स्वीमिंग पूल, मॉल्स को बंद कर देने चाहिए। इसके अलावा कर्मचारियों को घर से काम करने देना चाहिए। साथ ही सार्वजनिक परिवहन के साधनों का कम से कम उपयोग करें। इसके अलावा लोगों से एक मीटर का फासला रखें। उन्होंने बताया कि यूएई, कतर, ओमान और कुवैत से आने वाले प्रत्येक यात्री के लिए अनिवार्य रूप से 14 दिन के लिए क्वारनटाइन होगा। 
 

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बांग्लादेश के कार्यक्रम में भाग लेंगे पीएम मोदी 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'जातिर पिता' बंगबंधु शेख मुजिबुर रहमान की 100वीं जयंती के कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भाग लेंगे। यह कार्यक्रम मंगलवार को होगा। 

बीसीसीआई में घर से काम
कोरोना वायरस को देखते हुए बीसीसीआई मंगलवार से अपना कार्यालय बंद रखेगा, कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा।

बॉम्बे हाई कोर्ट में सिर्फ दो घंटे होगा काम 
बॉम्बे हाई कोर्ट और नागपुर, औरंगाबाद तथा गोवा स्थित उसकी पीठों में 17 मार्च से प्रतिदिन महज दो घंटे कामकाज होगा। यह आदेश कोरोना वायरस संक्रमण के मद्देनजर जारी किया गया है। इसके अलावा सभी जिला और मजिस्ट्रेट अदालतों में एक दिन में तीन घंटे से ज्यादा काम नहीं होगा और सिर्फ जरूरी मामलों की सुनवाई होगी। 
पुणे में धारा 144 (1) लागू
पुणे के डिवीजनल कमिश्नर दीपक म्हैसेकर ने सोमवार को कहा कि जिले में धारा 144 (1) और (2) के तहत प्रतिबंध लगाए गए हैं। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए ऐसा करना जरूरी था। यदि जरूरी हुआ तो आने वाले समय में और भी कड़े प्रतिबंध लगाने जैसे कार्रवाई की जाएगी।

पश्चिम बंगाल में निकाय चुनाव टले, 15 अप्रैल तक स्कूल बंद
पश्चिम बंगाल के चुनाव आयुक्त सौरव दास ने बताया कि राज्य में होने वाले निकायों के चुनाव फिलहाल टाल दिए गए हैं। वहीं दूसरी ओर प्रदेश की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि राज्य के सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय 15 अप्रैल तक बंद रखे जाएंगे। हालांकि इस दौरान बोर्ड की परीक्षाएं अपने तय कार्यक्रम के अनुसार होंगी।

उज्जैन: भस्मआरती में श्रद्धालुओं के शामिल होने पर रोक
मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्थित महाकालेश्वर मंदिर में होने वाली भस्मआरती में श्रद्धालुओं के शामिल होने पर रोक लगा दी गई है।
 
ओडिशा सरकार विदेशियों को देगी इनाम
ओडिशा की सरकार ने सभी विदेशी नागरिकों से कहा है कि वह प्रदेश की यात्रा के दौरान अपने आने की जानकारी दें और 14 दिन अलग निगरानी में रहें। ऐसा करने वाले विदेशी नागरिकों को सरकार की ओर से 15000 रुपये का इनाम दिया

दिल्ली एम्स: नहीं मिल रहे सुरक्षा उपकरण
दिल्ली एम्स रेसिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने एम्स निदेशक से व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण पर्याप्त संख्या में मुहैया नहीं होने के संबंध में शिकायती पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि हम आपसे डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आग्रह करते हैं।


ओडिशा में विदेश से आगमन की जानकारी देने पर मिलेगा इनाम 
ओडिशा सरकार ने सभी विदेशियों को निर्देश दिए हैं कि वे राज्य में आने के 24 घंटे के भीतर सूचना दें और 14 दिन के लिए आइसोलेशन में रहना होगा। इसके लिए पंजीकरण कराने वाले प्रत्येक विदेशी को 15 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। हालांकि जानकारी नहीं देने को अपराध माना जाएगा। यह नियम विदेशों में रह रहे भारतीयों पर भी लागू होगा। 

संसदीय कार्य मंत्री ने किया ट्वीट 
संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि बजट सत्र छोटा नहीं किया जाएगा। वह तय कार्यक्रम के तहत ही चलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और अभी सत्र को छोटा करने की कोई जरूरत नहीं है। 
 

चंडीगढ़ में मॉल्स, जिम, कोचिंग सेंटर बंद
चंडीगढ़ में 31 मार्च तक सभी मॉल्स, जिम, कोचिंग सेंटर, नाइट क्लब, पूल्स को 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया है। इसके अलावा सभी तरह के सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और धार्मिक आयोजनों पर भी रोक लगा दी गई है। 31 मार्च तक 100 से ज्यादा लोगों के जुटने पर रोक लगाई गई है। 

यूनिवर्सिटी हॉस्टल भी खाली कराने के निर्देश 
आईआईटी कानपुर में ग्रेजुएशन, एमबीए और MTech/MDes/MS के पहले वर्ष के सभी छात्रों को 19 मार्च तक हॉस्टल खाली करने के निर्देश दे दिए गए हैं। सिर्फ दूसरे वर्ष और पीएचडी छात्रों को ही कैंपस में अनुमति दी जाएगी। 

दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में सभी छात्रों को अपने-अपने घर लौटने के लिए कहा गया है। 

विदेश मंत्रालय ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया 
विदेश मंत्रालय ने #COVID19 नियंत्रण केंद्र का हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। 
कंट्रोल रूम : 1800118797 (टोल फ्री)
+91- 11- 23012113
+91- 11- 23014104
+91- 11- 23017905
फैक्स: +91- 011- 23018158 (फैक्स) 
ईमेल: covid19@mea.gov.in

मालदीव में भारतीय सेना ने स्थापित की लैब 
सेना के प्रवक्ता कर्नल अमन आनंद ने सोमवार को जानकारी दी है कि भारतीय सेना की मेडिकल टीम ने मालदीव में 13 मार्च से टेस्टिंग लैब स्थापित की है। इसमें छह डॉक्टर और आठ पैरामेडिक स्टाफ शामिल है। 

भारत-नेपाल सीमा पर स्क्रीनिंग जारी: नीतीश कुमार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए भारत-नेपाल सीमा पर 49 स्थानों पर लोगों की लगातार स्क्रीनिंग की जा रही है।

खिलाड़ी अपने अभ्यास पर फोकस करें: रिजीजू
कोरोना वायरस का असर खेल आयोजनों पर पड़ने के बाद खेल मंत्री किरेन रीजीजू ने सोमवार को देशभर के खिलाड़ियों से कहा कि आपको हिम्मत नहीं हारना है अपना अभ्यास और मेहनत जारी रखें।

रिजीजू ने एक ट्वीट कर कहा कि कोरोना के कारण खेल आयोजन अस्थायी तौर पर स्थगित किए जा रहे हैं, लेकिन मैं खिलाड़ियों से अपील करता हूं कि हिम्मत नहीं हारें और अभ्यास करते रहें।

दिल्ली में साप्ताहिक बाजार 31 मार्च तक बंद
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि सिनेमाघरों और साप्ताहिक बाजारों का संचालन 31 मार्च तक निलंबित रहेगा। दिल्ली में रोजाना शॉपिंग मॉल को विषाणुमुक्त किया जाएगा। इसके साथ ही मॉल, दुकानों आदि के प्रवेश द्वार पर हैंड सैनिटाइजर उपलब्ध कराए जाने चाहिए। सैनिटाइजर से हाथ साफ करने के बाद ही लोगों को प्रवेश की अनुमति दी जानी चाहिए।

घरों के सर्वेक्षण के लिए पुणे नगर निगम ने बनाई 130 टीमें
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के बढ़ते मामले को देखते हुए राज्य के दूसरे सबसे बड़े शहर पुणे में नगर निगम ने 130 टीमों का गठन किया है, जिनका काम कोरोना वायरस को देखते हुए घरों में सर्वेक्षण करना है। एक अधिकारी ने बताया कि यह टीमें उन इलाकों का मुआयना करेंगी जहां से जानलेवा कोविड-19 के मरीज पाए गए हैं और जहां कोरोना के लक्षणों के मद्देनजर लोगों की जांच की गई है। 

मेघालय में भी 31 मार्च तक स्कूल-कॉलेज बंद
मेघालय के स्वास्थ्य मंत्री एएल हेक ने सोमवार को कहा कि सरकार ने विधानसभा में बजट सत्र के दौरान कोरोना वायरस को लेकर स्वत: संज्ञान लेते हुए स्कूल-कॉलेज बंद रखने और सभी बड़े खेल आयोजनों को 31 मार्च तक टाल देने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही लोगों से बड़ी संख्या में एक जगह एकत्र नहीं होने के लिए कहा है। यह आदेश मंगलवार से लागू होगा।

कर्नाटक: मेडिकल कॉलेजों में वॉर रूम बनेगा
कर्नाटक सरकार ने सोमवार को कोरोना वायरस से निपटने के लिए राज्य के सभी सरकारी जिला मेडिकल कॉलेजों में वॉर रूम शुरू करने का फैसला लिया है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुधाकर के ने कहा कि प्रदेश में कुल 17 जिले हैं जहां अस्पतालों के साथ सरकारी मेडिकल कॉलेज जुड़े हुए हैं। ये सभी वॉर रूम अपने अनुसार काम करेंगे और सभी कॉलेजों में यथास्थिति के अनुसार 150 से लेकर 200 बेड का अतिरिक्त इंतजाम किया जाएगा।

केरल: सरकार ने कहा- सभी विदेशी कोरोना से पीड़ित नहीं, उनका सहयोग करें
केरल सरकार ने सोमवार को लोगों से कहा कि सभी विदेशी नागरिकों को कोरोना वायरस से संक्रमित होने की नजर से ना देखें, बल्कि उनका सहयोग करें। दरअसल यहां आए विदेशी पर्यटकों को आने-जाने के लिए वाहनों में नहीं बैठाने और होटल आदि में कमरे नहीं मिलने की खबरों के बाद सरकार ने यह बात कही है।


मृतकों के परिजनों को 4 लाख का मुआवजा देगी बिहार सरकार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि अगर कोरोनोवायरस के कारण किसी की मृत्यु हो जाती है, तो मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से मुआवजे के रूप में 4 लाख रुपये दिए जाएंगे। नीतीश ने विधानसभा में कहा कि कोरोना के अनुबंधित रोगियों के उपचार के लिए, मुख्यमंत्री चिकत्सा सहायता योजना के तहत राज्य सरकार पूरा खर्चा उठाएगी।

डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्य कर्मी कड़ी मेहनत कर रहे हैं: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि कोरोना वायरस का प्रसार रोकने के लिए सभी स्तरों पर विभिन्न प्राधिकरण मिलकर काम कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई पर कहा, यह सभी की एकजुट प्रतिक्रिया है, यह ऐसी स्थितियों में हमारे राष्ट्र के दृढ़ भाव को दर्शाती है। हम यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं कि सब स्वस्थ रहें और जिनमें लक्षण दिख रहे हैं उनका उचित इलाज हो। कोविड-19 से निपटने के लिए हमारे डॉक्टर, नर्स, स्वास्थ्यकर्मी कड़ी मेहनत कर रहे हैं, हम उनके योगदान की सराहना करते हैं लोग स्वस्थ रहें, यह सुनिश्चित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

महाराष्ट्र में एक और संक्रमित, 38 हुई संख्या
यवतमाल के जिला कलेक्टर एमडी सिंह ने बताया कि दुबई की यात्रा करने वाले एक व्यक्ति की कोरोनोवायरस पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। इसके साथ महाराष्ट्र में कोविड-19 मामलों की कुल संख्या बढ़कर 38 हो गई है।

हवाईअड्डे पर सामूहिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए 79 के खिलाफ मामला
कोरोना वायरस खतरे के मद्देनजर लोगों के एकत्रित होने पर लगे प्रतिबंध के बावजूद कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सामूहिक स्वागत कार्यक्रम आयोजित करने के लिए पुलिस ने 79 लोगों के खिलाफ सोमवार को मामला दर्ज किया। ये लोग लोकप्रिय रियलिटी कार्यक्रम के प्रतिभागी का स्वागत करने के लिए एकत्र हुए थे। पुलिस ने बताया कि चार लोगों के खिलाफ नामजद और 75 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

बिहार विधानसभा के बजट सत्र में कटौती
कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर बिहार विधानसभा के जारी बजट सत्र की अवधि में कटौती कर दी गई है और सोमवार के बाद कोई बैठक नहीं होगी। विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने यह जानकारी दी। राज्य विधानसभा का बजट सत्र 31 मार्च तक चलना था। चौधरी ने बताया कि सुबह उनकी अध्यक्षता में हुई सदन की कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया।

महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या हुई 37
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के चार नए मामले सामने आने के बाद राज्य में इससे संक्रमित लोगों की संख्या सोमवार को बढ़कर 37 हो गई है। राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि इन नए चार मामलों में से तीन मुंबई में और एक मामला नवी मुंबई में सामने आया है। उन्होंने कहा, कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 37 हो गई है।

सुप्रीम कोर्ट ने राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को भेजा नोटिस
उच्चतम न्यायालय ने सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के जेल महानिदेशक और मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर कोविड-19 के मद्देनजर उठाए एहतियाती कदमों पर 20 मार्च तक जवाब मांगा। न्यायालय ने सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से 23 मार्च को एक जिम्मेदार अधिकारी की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया है जो इस मामले में शीर्ष अदालत की सहायता कर सके।

केजरीवाल ने दिया दिल्ली में पोर्टेबल हैंडवाश स्टेशन स्थापित करने का निर्देश
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने  के प्रसार के खिलाफ रोकथाम के उपायों पर सभी जिला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में केजरीवाल ने दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में पोर्टेबल हैंडवाश स्टेशन स्थापित करने का निर्देश दिया है। डिप्टी सीएम, स्वास्थ्य मंत्री, मुख्य सचिव और स्वास्थ्य सचिव भी बैठक में शामिल रहे।

लखनऊ में दो संदिग्ध मरीज अस्पताल में भर्ती
लखनऊ में कोरोना वायरस के दो संदिग्ध मरीज मिले हैं। एक को केजीएमयू में और दूसरे को लोहिया संस्थान में भर्ती कराया गया है। देर रात तक दोनों की रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होगी। जानकारी के मुताबिक, रविवार को स्पेन से लौटे एक युवक को बुखार व जुकाम था। उसे केजीएमयू में भर्ती करा कर जांच के नमूने भेजे गए। इसी तरह जॉर्डन से लौटे युवक में भी कोरोना के लक्षण पाए गए हैं। उसे लोहिया संस्थान में भर्ती कराया गया है।

कोरोना वायरस की झूठी खबर फैलाने वाला स्वास्थ्य कर्मी गिरफ्तार
राजस्थान के दौसा जिले के महुआ थाना क्षेत्र में कोरोना वायरस के संक्रमण की झूठी खबर फैलाने वाले स्वास्थ्य कर्मी को गिरफ्तार कर उसकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं। पुलिस ने सोमवार को बताया कि वरिष्ठ उपचार सुपरवाइजर संविदाकर्मी अनिल टांक की सेवाएं राज्य में कोविड-19 के संक्रमण के मामलों की जांच के नतीजे पॉजिटिव होने और पृथक वार्ड में मरीजों के उपचार को लेकर झूठी खबर फैलाने पर समाप्त कर दी गईं।

महाराष्ट्र में एक और व्यक्ति संक्रमित
महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि पिंपरी-चिंचवाड़ में एक कोरोना वायरस संक्रमित मरीज पाया गया है। इसी के साथ राज्य में कुल मामलों की संख्या 33 हो गई है जोकि देश में सबसे ज्यादा है।

आईआईटी रुड़की ने नौ संदिग्ध छात्रों को आइसोलेशन वार्ड में रखा
उत्तराखंड में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की ने कोरोना वायरस के संदिग्ध नौ छात्रों को आइसोलेशन वार्ड में रखा है। इनमें एक विदेशी और आठ भारतीय छात्र हैं।

दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों की बैठक आज
दिल्ली के निर्वाण भवन में आज कोरोना वायरस को लेकर केंद्रीय मंत्रियों के एक समूह की बैठक होगी। 

ओडिशा में एक व्यक्ति संक्रमित
ओडिशा के स्वास्थ्य और शिक्षा प्रशिक्षण निदेशक डॉ सीबीके मोहंती ने कहा कि प्रदेश में कोरोनोवायरस के एक पॉजिटिव मामले का पता चला है। संक्रमित ने इटली की यात्रा की है। बाद में उसने दिल्ली से भुवनेश्वर के लिए एक ट्रेन ली। मरीज भुवनेश्वर अस्पताल में भर्ती है।

जयशंकर ने पोम्पिओ से फोन पर की चर्चा
विदेश मंत्री एस.जयशंकर और उनके अमेरिकी समकक्ष माइक पोम्पिओ ने कोरोना वायरस संकट को लेकर फोन पर चर्चा की। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी। विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मॉर्गन ओर्टगस ने रविवार को बताया कि फोन पर बातचीत के दौरान दोनों शीर्ष राजनयिकों ने उन तरीकों पर बातचीत की जिनके जरिए भारत और अमेरिका इस वैश्विक चुनौती से निपट सकते हैं। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं के बीच 14 मार्च को यह बातचीत हुई थी।

ईरान से 53 भारतीयों को चौथा जत्था पहुंचा भारत
कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित देशों में से एक ईरान से 53 भारतीयों का चौथा जत्था सोमवार को भारत पहुंचा। अभी तक कुल 389 भारतीयों को ईरान से भारत लाया जा चुका है। गौरतलब है कि ईरान से रविवार को 230 से अधिक भारतीयों का तीसरा जत्था नई दिल्ली पहुंचा था जिन्हें जैसलमेर के भारतीय सेना स्वास्थ्य केन्द्र में पृथक रखा गया है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट किया, 53 भारतीयों (52 छात्रों और एक शिक्षक) का चौथा जत्था ईरान के तेहरान और शिराज से लाया गया है। इसके साथ ही कुल 389 भारतीय अभी तक ईरान से भारत आ चुके हैं। ईरान में भारतीय दल और ईरानी अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करता हूं।’

महाराष्ट में सबसे ज्यादा लोग संक्रमित
महाराष्ट्र में संक्रमित मरीजों की संख्या 32 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार देश के किसी भी राज्य के मुकाबले यह संख्या सबसे ज्यादा है। 

पटना हाईकोर्ट में केवल जरूरी मामलों पर होगी सुनवाई
कोरोना वायरस महामारी को देखते हुए पटना हाईकोर्ट में सिर्फ जरूरी मामलों पर ही सुनवाई की जाएगी। 

बिहार में अस्पताल से भागा संदिग्ध मरीज
बिहार में एक कोरोना वायरस संदिग्ध मरीज कल दरभंगा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल से भाग गया।  चिकित्सा अधीक्षक राजीव रंजन ने कहा कि रोगी उस समय भागा जब उसे आइसोलेशन वार्ड में ले जाया जा रहा था। हमने पुलिस और जिला प्रशासन को सूचित कर दिया है।

रविवार को 26 नए मामलों की पुष्टि
देश में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को 26 नए मामलों की पुष्टि की, जिसके बाद संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 110 पहुंच गया है। इनमें से सबसे ज्यादा 32 केस महाराष्ट्र में सामने आए हैं।

700 समुद्री जहाजों को देश में नहीं मिली एंट्री
सरकार कोरोना का प्रसार रोकने का हरसंभव प्रयास कर रही है। इसी के तहत प्रभावित देशों की यात्रा करने वाले 700 से ज्यादा जहाजों के 25 हजार से ज्यादा यात्रियों व चालक दल के सदस्यों को अपने प्रमुख बंदरगाहों पर उतरने नहीं दिया गया। जहाजरानी मंत्रालय के मुताबिक, 13 मार्च तक चीन व प्रभावित देशों की यात्रा करने वाले 703 जहाज भारतीय तटों पर पहुंचे, जिनमें 25,504 यात्री व चालक दल के सदस्य सवार थे। इन जहाजों को चिह्नित स्थान पर लंगर डालने की अनुमति दी गई थी, लेकिन किसी यात्री को उतरने नहीं दिया गया।

यहां पढ़ें 15 मार्च का कोरोनावायरस अपडेट

coronavirus live Updates - फोटो : PTI
यूपी में सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स, स्वीमिंग पूल रहेंगे बंद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना वायरस के बढ़ते हुए प्रकोप को देखते हुए 11 जिलों में सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स, स्वीमिंग पूल, क्लब, डिस्को, जिम को 31 मार्च 2020 तक बंद करने के निर्देश दिए हैं। रविवार को कोरोना वायरस प्रकोप के नियंत्रण के लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि दिल्ली एनसीआर के नोएडा, गाजियाबाद, भारत नेपाल सीमा के सभी जिलों सिद्धार्थ नगर, श्रावस्ती, बहराइच, बलरामपुर, महाराजगंज, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, आगरा व लखनऊ में इन आदेश को कड़ाई से लागू कराया जाए। इन सभी परिसर के मालिकों, संचालकों, प्रबंधकों को तत्काल प्रभाव से आदेश को लागू करने के निर्देश दिए हैं। ऐसा न करने पर आईपीसी की धारा 188 के अनुसार कार्रवाई होगी।

उत्तराखंड में एक ट्रेनी आईएफएस अधिकारी संक्रमित
उत्तराखंड के अतिरिक्त स्वास्थ्य सचिव युगल किशोर पंत ने बताया है कि भारतीय वन सेवा के एक ट्रेनी अधिकारी को भी कोरोना वायरस हो गया है। वह स्पेन से लौटा था। अभी तक यहां 18 संदिग्ध लोगों की जांच की गई थी, जिसमें से 17 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। 

कोरोना पीड़ित मृत बुजुर्ग का परिजन भी पॉजीटिव
कर्नाटक के कलबुर्गी में कोरोना की वजह से 76 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई थी। अब उनके परिवार का एक अन्य सदस्य भी वायरस से पीड़ित हो गया है। कलबुर्गी के उपायुक्त ने यह जानकारी दी। 

कई देशों से भारतीयों को वापस लाए
भारत अब तक विदेशों में फंसे सैकड़ों भारतीयों को वापस ला चुका है। केंद्र सरकार के सूत्रों के मुताबिक चीन से 766, जापान से 124, ईरान से 336 और इटली से 218 भारतीयों को वापस लाया जा चुका है। 

जापान घूमकर आया था संदिग्ध 
महाराष्ट्र के पुणे में जो व्यक्ति संक्रमित पाया गया है, उसके बारे में जानकारी मिली है कि वह जापान से लौट कर आया था। 

वैष्णों देवी न आने की सलाह 
जम्मू कश्मीर में श्री माता वैष्णों देवी श्राइन बोर्ड ने एडवाइजरी जारी कर एनआरआई या विदेशी और उन लोगों को वैष्णो देवी न आने की सलाह दी है, जो 28 दिनों के भीतर विदेश होकर आए हैं। 

24 वर्षीय युवक को हुआ कोरोना
राजस्थान में कोरोना वायरस के सभी तीन मरीज ठीक हो गए हैं। हालांकि संक्रमण का नया मामला सामने आया है। जयपुर के एसएमएमस अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी तीन पुराने मरीज पूरी तरह से स्वस्थ हो गए हैं। हालांकि एक 24 वर्षीय युवक कोरोना वायरस से संक्रमित हो गया है। 

जम्मू कश्मीर में रैली, धरना और प्रदर्शन पर भी बैन 
जम्मू कश्मीर सरकार ने जम्मू जिले में 31 मार्च तक किसी भी तरह के सम्मेलन, रैली, धरने पर रोक लगा दी है। इसके अलावा किसी भी तरह के धार्मिक या सामाजिक समारोह पर भी पाबंदी लगा दी गई है। जम्मू व कश्मीर सरकार के मुताबिक जम्मू जिले में 31 मार्च तक कोई लंगर, भंडारा, ढाबा, बार, रेस्टोरेंट, फूड स्टॉल, सड़क पर खाने के रेहड़ी खोमचों पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।

भाजपा अध्यक्ष ने जारी किया आदेश 
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आदेश जारी कर सभी प्रदेश इकाइयों को पार्टी के कार्यक्रम रद्द करने को कहा है। साथ ही उन्होंने वायरस को लेकर लोगों में जागरुकता फैलाने के लिए भी कहा है। 

कलकत्ता हाईकोर्ट में भी सिर्फ आपात मामलों की सुनवाई 
कलकत्ता हाईकोर्ट में भी मंगलवार से सिर्फ आपात मामलों की ही सुनवाई होगी। 

गुजरात में सिनेमाघर, स्वीमिंग पूल बंद
गुजरात में सभी सिनेमाघर और स्वीमिंग पूल 16 से 29 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। राज्य के मुख्य सचिव अनिल मुकिम ने बताया कि सभी स्कूल, कॉलेज, ट्यूशन क्लास, आंगनवाड़ी को बंद कर दिया गया है। हालांकि शिक्षक और अन्य स्टाफ आ सकता है। गुजरात में अगर कोई व्यक्ति सार्वजनिक जगहों पर थूकता पाया जाएगा तो उस पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। 

भारत बांग्लादेश ट्रेन सेवा स्थगित
भारत और बांग्लादेश के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन सेवा भी रद्द कर दी गई है। पूर्वी रेलवे के मुताबिक कोलकाता से बांग्लादेश के शहर जाने वाली ट्रेन को फिलहाल बंद कर दिया गया है।

ईरान से 236 लोगों का तीसरा जत्था आया 
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में विशेष सचिव, संजीव कुमार ने जानकारी दी है कि स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के लिए अतिरिक्त 80,56,365 N95 मास्क और व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण खरीदने का आदेश दिया गया है।  उन्होंने बताया कि ईरान से 236 निकासियों का तीसरा जत्था आज आ चुका है। सभी को जैसलमेर में सेना की निगरानी में अलग रखा जाएगा।

संजीव कुमार ने बताया कि कोरोनावायरस के 23 नए मामले सामने आए हैं। इसमें महाराष्ट्र से 17, तेलंगाना से 2, राजस्थान से 1 और केरल से 3 मामले हैं। देश में अब तक कोरोनावायरस के कुल 107 मामलों की पुष्टि हुई है, जिनमें से 09 लोग डिस्चार्ज किए जा चुके हैं और दो लोगों की मौत हो गई है।

विशेष सचिव ने बताया कि बुलढाणा वाला मरीज, जो निजी अस्पताल भर्ती था और कल उसकी मौत हो गई थी। जांच में उसे कोरोनावायरस होने की पुष्टि नहीं हुई है।  

संजीव कुमार ने बताया कि कोरोनावायरस के लिए पहला और दूसरा दोनों परीक्षण सभी नागरिकों के लिए मुफ्त हैं। देश में पर्याप्त क्षमता है क्योंकि अभी तक प्रति दिन केवल 10 प्रतिशत क्षमता का उपयोग किया गया है। 

एम्स ने जारी किया 24/7 हेल्पलाइन नंबर
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने 24/7 हेल्पलाइन नंबर 9971876591 स्थापित किया है।  

गोवा में होटल कारोबार ठप 
गोवा हॉस्पिटैलिटी एंड रेस्तरां एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरीश धोंड ने कहा कि अधिकांश होटलों का व्यवसाय खत्म हो गया है। सभी कसिनो बंद हैं, उड़ानें रद्द की गई हैं और सभाओं की अनुमति नहीं है। लेकिन हम मदद नहीं कर सकते। पहले ही सावधानी बरतना सरकार की ओर से अच्छा कदम है।

येदियुरप्पा ने कहा-  सरकार ने पूरी की कोरोना से लड़ने तैयारी
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि हमने कोरोनवायरस को फैलने से रोकने के लिए कई सावधानियां बरती हैं। पहली बार एक सप्ताह के लिए शटडाउन घोषित किया गया है। लोग भी हमारे साथ सहयोग कर रहे हैं, हम एक सप्ताह के बाद आगे का निर्णय लेंगे।

आज और कल कोई नया मामला सामने नहीं आया है। जो मामले सामने आए हैं वो विदेश से आए लोगों के हैं। सरकार ने इससे लड़ने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। हमने केंद्र सरकार से जहां कहीं भी आवश्यक हो, प्रयोगशाला स्थापित करने में मदद करने के लिए कहा है, जल्द ही हम ऐसा करेंगे।

जयपुर में होटल बंद
जयपुर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र लुनियावाल ने कहा कि होटलों की सभी बुकिंग रद्द कर दी गई हैं। घरेलू पर्यटक भी अब नहीं आ रहे हैं। होटल उद्योग और इसकी संबद्ध सेवाओं को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

पीएम मोदी ने की सीएम उद्धव ठाकरे से बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। पीएम मोदी ने राज्य में कोरोनोवायरस की स्थिति और इसके संबंध में उपायों पर चर्चा की। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी गई है। वहीं, बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए मुंबई चिड़ियाघर को अगले आदेश तक बंद करने का फैसला किया है।

रेलवे ने मुंबई की ट्रेनों को संक्रमण मुक्त करना शुरू किया
कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई तेज करते हुए मुंबई में रेलवे प्रशासन ने लोकल ट्रेनों के साथ-साथ लंबी दूरी की ट्रेनों को भी संक्रमण मुक्त करना शुरू कर दिया है। लोकल ट्रेनों में हर दिन करीब 80 लाख यात्री सफर करते हैं। मध्य रेलवे के अनुसार, सभी डिब्बों में पकड़ने के हैंडल, दरवाजों के हैंडल, दरवाजों की कुंडी, प्रवेश द्वार, खिड़कियों, बिजली के स्विच और लोकल ट्रेनों के अंदर तथा ट्रेनों के बाहर अन्य हिस्सों को कीटाणुनाशकों के इस्तेमाल से साफ किया जा रहा है।

मणिपुर सरकार ने मास्क और सैनेटाइजर के दाम बढ़ाने को लेकर चेताया
कोरोना वायरस प्रकोप के चलते मास्क और सैनेटाइजर की मांग बढ़ने के बीच मणिपुर सरकार ने सभी लाइसेंसधारी औषधि और दवा दुकानों को दाम बढ़ाने और जमाखोरी करने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। स्वास्थ्य सेवाएं निदेशालय ने एक अधिसूचना जारी कर सभी दवा दुकानदारों को लोगों के लिए जरूरी सभी सामानों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को भी कहा है।

बंगाल निकाय चुनाव पर अनिश्चतितता के बादल मंडराए
पश्चिम बंगाल में आगामी निकाय चुनावों को लेकर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं क्योंकि राजनीतिक दलों और राज्य निर्वाचन आयोग ने कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर अभी तक यह फैसला नहीं लिया है कि चुनाव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराए जाए या कुछ हफ्तों के लिए टाल दिए जाए। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने अभी तक चुनावों पर कोई आधिकारिक अधिसूचना या घोषणा नहीं की है लेकिन आधिकारिक सूत्रों ने दावा किया कि राज्य सरकार 12 और 26 अप्रैल के बीच चुनाव कराना चाहती है। उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की 16 मार्च को होने वाली सर्वदलीय बैठक में इस संबंध में फैसला लिया जा सकता है। आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘चुनाव अप्रैल-मई में होंगे जिसकी संभावना कम लगती है या फिर इन्हें टाल दिया जाएगा।’

विदेशों में रह रहे भारतीयों की मदद के लिए विशेष प्रकोष्ठ का गठन
कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के बीच विदेश मंत्रालय ने विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाने का निर्णय लिया है। दुनियाभर में पांच हजार से ज्यादा लोगों की जान लेने वाली इस महामारी से जुड़े मामलों के समाधान में समन्वय के लिए विशेष प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि अतिरिक्त सचिव दम्मू रवि को कोविड-19 की प्रतिक्रिया से संबंधित समन्वय के लिए प्रमुख व्यक्ति नियुक्त किया गया है। चार अन्य अधिकारी और कर्मचारी उनकी सहायता करेंगे।

कर्नाटक में सातवीं से नौवीं तक की कक्षाओं की परीक्षाएं स्थगित
कर्नाटक सरकार ने कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिये एहतियाती तौर पर सातवीं से नौवीं कक्षा तक की वार्षिक परीक्षाएं 31 मार्च तक स्थगित करने का एलान किया है। राज्य में कोरोना वायरस से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है जबकि पांच लोग संक्रमित हैं। शिक्षा विभाग के एक परिपत्र के अनुसार परीक्षाओं की संशोधित तारीखें बाद में घोषित की जाएंगी, तब तक स्कूल बंद रहेंगे। जन निर्देश निदेशक ने शनिवार को एक परिपत्र में कहा था, 'कोरोना वायरस के प्रसार के मद्देनजर एहतियाती तौर पर सातवीं, आठवीं और नौवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं 31 मार्च तक स्थगित की जाती हैं।'

तमिलनाडु में पांचवी कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश की घोषणा
तमिलनाडु सरकार सरकार क तरफ से कोरोना वायरस की रोकथाम के उपायों के तहत राज्य के सभी स्कूलों में पांचवी कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश की घोषणा की गई।

असम में सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और सिनेमा हॉल बंद
असम के मुख्य सचिव संजय कृष्ण ने कहा कि 29 मार्च तक राज्य में सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, जिम, स्विमिंग पूल और सिनेमा हॉल बंद रहेंगे। राज्य और सीबीएसई बोर्डों को छोड़कर सभी परीक्षाएं, कोरोना वायरस को देखते हुए स्थगित कर दी गई हैं।

मिजोरम में 110 लोगों को घरों में अलग रखा गया
मिजोरम में 117 लोगों को कोरोना वायरस जैसे लक्षण पाए जाने के बाद उनके घरों में अलग रखा गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख निदेशक एफ लल्लीयानलिरा ने कहा, हालांकि मिजोरम में अब तक कोरोना वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियाती तौर पर 117 लोगों को उनके घरों में अलग रखा गया है। उन्होंने कहा, 'अभी तक कोई मामला सामने नहीं आया है, फिर भी हम सतर्क हैं।'

रांची रेलवे अस्पताल में 50 बिस्तरों वाला अलगाव वार्ड खुला
दक्षिण पूर्वी रेलवे (एसईआर) ने कोरोना वायरस के मद्देनजर रांची रेल मंडल अस्पताल में 50 बिस्तरों वाला अलगाव वार्ड तैयार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। एसईआर ने एक बयान में बताया कि 50 बिस्तरों वाले अलगाव वार्ड के अलावा अस्पताल में एक आपात दल को तैनात किया गया है जो चौबीसों घंटे सेवाएं देगा। उसने बताया कि एसईआर के सफाई कर्मचारी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर लोगों के संपर्क में आने वाली दरवाजे के हैंडल, वॉशबेसिन और मेजों जैसी चीजों को नियमित अंतराल में सैनिटाइज कर रहे हैं।

भारत में 107 हुई कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या
परिवार और स्वास्थ्य कल्याण मंत्रालय के अनुसार भारत में कोरोना वायरस मामलों की संख्या 107 हो गई है। यह डेटा 15 मार्च को दोपहर 12 बजे तक का है। इसमें 17 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

बिहार में वैकल्पिक दिनों में काम करेंगे राज्य कर्मचारी
बिहार सामान्य प्रशासन विभाग ने कोरोना वायरस की वजह से सभी विभाग प्रमुखों (स्वास्थ्य विभाग को छोड़कर) को आदेश जारी कर कहा है कि वो राज्य के वर्ग सी और वर्ग डी कर्मचारियों के लिए वैकल्पिक दिनों में काम की शिफ्ट तय करें। 

फरवरी में कोयला आयात 14 प्रतिशत घटा
कोरोना वायरस की मार से देश का कोयले का आयात भी प्रभावित हुआ है। उद्योग के आंकड़ों के अनुसार फरवरी में कोयले का आयात 14.1 प्रतिशत घटकर 1.70 करोड़ टन पर आ गया। एमजंक्शन सर्विसेज के अस्थायी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। फरवरी, 2019 में देश का कोयला आयात 1.98 करोड़ टन रहा था। एमजंक्शन टाटा स्टील और सेल का संयुक्त उद्यम है। यह एक बी2बी ई-कॉमर्स कंपनी है जो कोयला और इस्पात पर शोध रपट भी प्रकाशित करती है।

कोच्चि से दुबई जाने वाले विमान में ब्रिटिश पर्यटक संक्रमित
कोच्चि हवाईअड्डे पर दुबई जाने वाले एक विमान के कम से कम 289 यात्रियों को रविवार को उड़ान भरने से कुछ देर पहले उतार लिया गया। यात्रियों में से एक ब्रिटिश नागरिक के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया। एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने बताया कि यह यात्री 19 लोगों के उस समूह का हिस्सा है जो केरल के मुन्नार शहर में छुट्टियां मना रहा था और निगरानी में था। वो अधिकारियों को सूचित किए बगैर फ्लाइट में सवार हो गया। कल उसके जांच नमूने लिए गए थे। जब जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो अधिकारियों को मालूम चला कि वह कोच्चि हवाईअड्डे पर है और अमीरात के एक विमान से यात्रा कर रहा है। 

महाराष्ट्र में 59 वर्षीय महिला संक्रमित 
महाराष्ट्र के औरंगाबाद में 59 वर्षीय महिला कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई है। राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है। अधिकारी ने कहा, 'महिला कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई है। वह रूस और कजाखस्तान की यात्रा करके लौटी थी। उसे औरंगाबाद में धूत अस्पताल में पृथक रखा गया है।'

इटली में फंसे 218 भारतीय स्वदेश पहुंचे
कोरोना वायरस से प्रभावित इटली में फंसे 211 छात्रों समेत कुल 218 भारतीय स्वदेश पहुंच गए हैं। विदेश राज्यमंत्री वी मुरलीधरन ने बताया कि उनमें से सभी को 14 दिनों के लिए अलग रखा जाएगा। मुरलीधरन ने ट्वीट किया, ‘मिलान से 211 छात्रों समेत 218 भारतीय दिल्ली पहुंचे। सभी को 14 दिनों के लिए अलग रखा जाएगा। भारतीय जहां कहीं भी मुसीबत में हैं, भारत सरकार उन तक पहुंचने के लिए प्रतिबद्ध है।’

आंध्र प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनाव स्थगित
आंध्र प्रदेश के चुनाव आयुक्त एन रमेश कुमार ने कहा कि हमने कोरोना वायरस प्रसार के मद्देनजर स्थानीय निकाय चुनावों को छह सप्ताह के लिए स्थगित करने का फैसला किया है। वायरस के कम होने के बाद नई तारीखों की घोषणा की जाएगी।

अस्पतालों- मेडिकल कॉलेजों को अलग वार्ड बनाने के लिए एडवायजरी जारी
केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि सरकार ने नागरिक अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों को अलग वार्ड स्थापित करने के लिए एक एडवायजरी जारी की है। हम कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने की पूरी कोशिश कर रहे हैं जो 12 राज्यों में फैल गया है।

दिल्ली में कोरोना के पहले मरीज को छुट्टी
सफदरजंग अस्पताल से शनिवार को एक साथ छह कोरोना ग्रस्त मरीजों को छुट्टी दे दी गई। इनमें कोरोना का पहला मरीज मयूर विहार निवासी, एक नोएडा निवासी और आगरा के चार मरीज शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार ये स्वस्थ हैं, लेकिन इन्हें फिलहाल घर पर आइसोलेशन में ही रहने की सलाह दी है। 

भारत में 93 हुई संक्रमित मरीजों की संख्या
भारत में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 93 हो गई है। जबकि देश में इस जानलेवा वायरस से दो लोगों की मौत हो चुकी है। 

करतारपुर साहिब की यात्रा अस्थाई तौर पर निलंबित
कोरोनावायरस की वजह से गृह मंत्रालय ने एहतियातन कदम उठाते हुए करतारपुर साहिब की यात्रा अस्थाई तौर पर निलंबित कर दी है। यात्रा 16 मार्च सुबह 12 बजे से अगले आदेश आने तक निलंबित रहेगी।

जागरुक करने के लिए जनजागरण अभियान चलाएगी भाजपा
भारतीय जनता पार्टी राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम करने के लिए जनजागरण अभियान चलाएगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने बताया कि कोरोना वायरस के लिए सोशल मीडिया के जरिए एक जनजागृति अभियान के तहत लोगों को जागरूक किया जायेगा। पार्टी की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, पूनिया ने शनिवार को एक बैठक में पार्टी के नेताओं से कोरोना वायरस को लेकर एक जनजागरण मुहिम चलाने को कहा है।

बंगलूरू में चार पत्रकारों को उनके घर में पृथक रखा गया
कर्नाटक के मेडिकल शिक्षा मंत्री डॉ के. सुधाकर ने शनिवार को कहा कि दो समाचार चैनलों के चार पत्रकारों को कलबुर्गी में उनके घरों में पृथक रखा गया है। मंत्री ने संवाददाताओं से कहा कि ये पत्रकार कोरोना वायरस संक्रमण के चलते मरने वाले व्यक्ति के रिश्तेदारों के संपर्क में आए थे। जिसके बाद यह कदम उठाया गया।

अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट बुकिंग में भारी गिरावट
कोरोना वायरस की वजह से अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट बुकिंग में भारी गिरावट आई है। मुंबई में ब्लू स्टार हवाई यात्रा सेवाओं के निदेशक माधव ओजा ने कहा कि हमने जनवरी के अंतिम सप्ताह में कोरोना वायरस का नकारात्मक प्रभाव देखना शुरू किया जब ग्राहकों ने चीन के लिए उड़ान बुकिंग रद्द करना शुरू कर दिया। फरवरी में, हमने 2019 की तुलना में अंतरराष्ट्रीय बुकिंग में लगभग 35 फीसदी गिरावट देखी। मार्च के पहले सप्ताह में 50 फीसदी की कमी देखी और घरेलू उड़ान बुकिंग में गिरावट भी शुरू हुई। मार्च के दूसरे सप्ताह में, हमने अंतरराष्ट्रीय उड़ान बुकिंग में 75 फीसदी की कमी देखी।

स्वेच्छा से देशवासियों की मदद कर रहे हैं सैनिक
भारतीय सेना का कहना है कि जैसलमेर में स्थित वेलनेस सेंटर कुशल चिकित्सा अधिकारियों की निगरानी में भारतीय नागरिकों को आवश्यक रूप से पृथक अवधि में मदद करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। सैनिक स्वेच्छा से विदेशों से लौट रहे देशवासियों को देखभाल और सहायता प्रदान कर रहे हैं।

पीएम मोदी आज सार्क देशों के साथ करेंगे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग 
कोरोना से निपटने के लिए दक्षिण एशियाई देशों के बीच सहयोग बढ़ाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर रविवार शाम पांच बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग होगी। इसमें पाकिस्तान समेत दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) के सभी देश शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक इस चर्चा में पीएम मोदी भारत की ओर से शिरकत करेंगे। इस दौरान क्षेत्र में कोरोना से निपटने के लिए साझा रणनीति बनेगी।

ईरान में फंसे 234 भारतीय स्वदेश पहुंचे: जयशंकर
कोरोना वायरस से प्रभावित ईरान में फंसे 234 भारतीय स्वदेश पहुंच गए हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रविववार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन भारतीयों में 131 छात्र और 103 श्रद्धालु हैं। बता दें कि ईरान से 58 भारतीय श्रद्धालुओं का पहला जत्था मंगलवार को लौटा था। भारतीय सेना ने विदेश से लौटने वाले लोगों की जांच के लिए राजस्थान के जैसेलमेर में 1000 लोगों को रखने में सक्षम क्वारैंटाइन सेंटर बनाया है। 

जयशंकर ने ट्वीट किया कि ईरान में फंसे 234 भारतीय भारत पहुंच गए हैं जिनमें 131 छात्र और 103 श्रद्धालु हैं। उन्होंने कहा कि राजदूत धामू गद्दाम और ईरान में भारतीय टीम के प्रयासों के लिए उनका शुक्रिया। ईरानी अधिकारियों का शुक्रिया। ईरान से भारतीयों का तीसरा जत्था रविवार तड़के पहुंचा। 44 भारतीय श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था शुक्रवार को ईरान से यहां पहुंचा था।

यहां पढ़ें 14 मार्च का कोरोनावायरस अपडेट

भोपाल में मास्क बनाते कैदी - फोटो : PTI

महाराष्ट्र में कुल 31 संक्रमित

सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग महाराष्ट्र ने जानकारी दी है कि पिंपरी-चिंचवाड़ में पांच और लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। जिससे अब पुणे में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 15 हो गई है और महाराष्ट्र में कुल 31 संक्रमित हो गए हैं।

भारत, पाकिस्तान बॉर्डर पर 16 मार्च से बंद करेगा आवागमन 
गृह मंत्रालय ने जानाकारी दी है कि बांग्लादेश, नेपाल, भूटान और म्यांमार सीमाओं पर सभी आव्रज भूमि पर चेक पोस्ट के माध्यम से आवागमन को 15 मार्च, 12 बजे से और भारत-पाकिस्तान सीमा पर 16 मार्च, 12 बजे से निलंबित किया जाएगा। 

गृह मंत्रालय ने मौजूदा भारत-बांग्लादेश क्रॉस-बॉर्डर पर ट्रेनों और बसों का संचालन 15 मार्च से 15 अप्रैल तक स्थगित कर दिया है। 

गृह मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया गया है कि वैध वीजा रखने वाले राजनयिक, अधिकारी और संयुक्त राष्ट्र के जवान क्रॉसिंग के लिए आईसीपी (इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट) अटारी का उपयोग कर सकते हैं। हालांकि, ऐसा भी  स्वास्थ्य जांच के बाद किया जाएगा।  

यह आदेश नीचे दिए गए चेक पोस्ट को छोड़कर लागू होगा-




यात्रा के लिए खुद लाएं अपना कंबल : पश्चिम रेलवे  

पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने कहा कि मौजूदा निर्देशों के अनुसार, एसी कोचों में प्रदान किए जाने वाले पर्दे और कंबल हर यात्रा के बाद धोए नहीं जाते हैं। कोरोनावायरस के फैलाव को रोकने के लिए कंबल और पर्दे को अगले आदेश तक तुरंत सेवा से हटा दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यात्रियों को अपने खुद के हित के लिए अपने कंबल लाने की सलाह दी जानी चाहिए। सार्वजनिक रूप से यह जानकारी दी जानी चाहिए। किसी भी अन्य उपयोग के लिए कुछ अतिरिक्त चादरें रखी जा सकती हैं।

इंडिगो ने रद्द की उड़ानें 
इंडिगो ने दुबई, शारजाह और अबू धाबी के लिए 17 मार्च, 2020 तक अपनी उड़ानें रद्द की।

मैसूर पैलेस 15 मार्च से 22 मार्च तक बंद 
मैसूर पैलेस समिति ने फैसला लिया है कि कोरोना वायरस के मद्देनजर मैसूर पैलेस 15 मार्च से 22 मार्च तक पर्यटकों के लिए बंद रहेगा।

महाराष्ट्र में 31 मार्च तक मॉल बंद 
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि कोरोना वायरस के मद्देनजर राज्य में 31 मार्च तक सभी मॉल बंद रहेंगे।

केरल आने वाले प्रत्येक यात्री की होगी जांच 
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा कि आज राज्य में कोरोना वायरस का कोई ताजा मामला सामने नहीं आया है। पड़ोसी राज्यों द्वारा प्रमुख संस्थानों के लिए अवकाश घोषित किए जाने के बाद राज्य निगरानी बढ़ाएगा। राज्य ट्रेनों में यात्रियों की स्क्रीनिंग की संभावनाओं को भी तलाश रहा है।

केरल के पहले स्टेशन पर पहुंचने पर ट्रेन में सभी यात्रियों की जांच करने की योजना तैयार की जा रही है। कर्नाटक और तमिलनाडु सीमाओं के पास विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर कई टीमों को तैनात किया जाएगा। राजमार्गों पर 24 बिंदुओं की पहचान की गई है जहा जांच की जाएगी।

राजस्थान में एक और मामला, संख्या चार हुई
राजस्थान में स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को कहा कि स्पेन से लौटे 24 वर्षीय शख्स की जयपुर में हुई जांच पॉजिटिव आई है। प्रदेश में कुल मामलों की संख्या अब चार हो गई है।

तिहाड़ में बनाया गया आइसोलेशन वार्ड 
तिहाड़ जेल के पीआरओ राजकुमार ने जानकारी दी है कि जेल में फ्लू से ग्रसित कैदियों को रखने के लिए आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। जेल के भीतर जाने से पहले थर्मल स्कैनिंग की व्यवस्था की गई है। नए कैदियों को अलग बैरक में रखने की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि जेल कर्मियों को कोरोना से बचाव के लिए साफ सफाई के बारे में बताया गया है। सप्ताह में दो बार कैदियों से परिवार की मुलाकात को 31 मार्च तक एक सप्ताह में एक बार कर दिया गया है, मिलने वालों की संख्या 31 मार्च तक तीन से घटाकर दो व्यक्ति कर दी गई है।

सार्क देशों से चर्चा कल
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने शनिवार को कहा कि अच्छे काम के लिए एकसाथ आना अच्छा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 15 मार्च को सार्क देशों के साथ कोरोना वायरस से निपटने को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रणनीति बनाने को लेकर चर्चा की जाएगी।

अस्पताल से रिपोर्ट निगेटिव आई
नागपुर के इंदिरा गांधी गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के डीन ने शनिवार को बताया कि मेयो अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड से भागे कोरोना वायरस के पांच संदिग्धों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है।

महाराष्ट्र में संख्या बढ़ी
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने शनिवार को बताया कि प्रदेश में चार और मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 26 हो गई है।

एयर इंडिया का विमान इटली रवाना
एयर इंडिया की एक विशेष विमान शनिवार को दिल्ली से लगभग 16:30 बजे इटली के मिलान शहर के लिए रवाना हो गया। इस विमान से मिलान में फंसे करीब 220 यात्रियों को निकालकर भारत लाया जाना है। यह विमान रविवार सुबह लौटेगा।

आईआईटी बॉम्बे ने छात्रों से घर जाने को कहा
आईआईटी बॉम्बे ने शनिवार को कहा कि संस्थान में 29 मार्च तक सभी कक्षाएं और प्रयोगशालाएं बंद कर दी गई हैं। इनकी बहाली के निर्णय के बारे में ईमेल के माध्यम से सूचित किया जाएगा। हर अपडेट आईआईटी बॉम्बे की वेबसाइट के होमपेज पर उपलब्ध कराया जाएगा।

सभी छात्रों को घर जाने के लिए कहा गया है। जो छात्र घर जा रहे हैं उनसे अपने हॉल मैनेजर को सूचित करने के लिए भी कहा गया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि यदि घर जाने के समय रास्ते में कोई समस्या हो तो छात्र वापस लौटकर आ सकते हैं। विदेशी छात्रों से होस्टल में ही रहने के लिए कहा है।

वहीं पीएचडी और परास्नातक के छात्र जो अपनी थीसिस आदि के काम में लगे हैं, वह परिसर में ही रहकर अपना काम जारी रख सकते हैं, वह चाहें तो अतिरिक्त सावधानियां बरत सकते हैं।

व्यक्तिगत पेशी से राहत
बॉम्बे उच्च न्यायालय ने कहा कि मुंबई, ठाणे, पुणे, नागपुर और अहमदनगर में जिला और सत्र न्यायालय और अधीनस्थ अदालतें तब तक किसी पक्ष को उपस्थित होने पर जोर नहीं देना चाहिए जब तक कि यह अपरिहार्य न हो। न्यायालय परिसर में वादियों और आम जनता के प्रवेश को विनियमित करने के लिए न्यायाधीश उचित उपाय करेंगे।

बिहार: मुजफ्फरपुर में सार्वजनिक स्थल बंद रखने के आदेश
बिहार में सीआरपीसी की धारा 144 की शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए मुजफ्फरपुर जिला मजिस्ट्रेट ने सभी सरकारी और निजी संस्थान, कोचिंग संस्थान, आंगनवाड़ी 31 मार्च तक बंद रखने के आदेश दिए हैं। सभी सरकारी और प्राइवेट पार्क और सिनेमा हॉल भी 31 मार्च तक बंद रहेंगे।

जिला मजिस्ट्रेट उज्ज्वल कुमार सिंह ने कहा कि कोई भी सांस्कृतिक समारोह, धरना-प्रदर्शन, प्रदर्शन, मेला, धार्मिक आयोजन 31 मार्च तक आयोजित नहीं किए जाएंगे। ऐसे किसी आयोजन के लिए पहले दी गई अनुमति रद्द कर की जा रही है।

कश्मीर विवि की परीक्षाएं स्थगित
कश्मीर विश्वविद्यालय के डिप्टी रजिस्ट्रार ने शनिवार को बताया कि पोस्ट ग्रेजुएशन की सभी परीक्षाएं 31 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गई हैं।

हिमाचल में अधिकारियों को मिला अधिकार
हिमाचल प्रदेश सरकार ने भी शनिवार को महामारी रोग अधिनियम 1897 के तहत हिमाचल प्रदेश महामारी रोग (कोविड-19) विनियम 2020 अधिसूचित कर दिया। इससे अधिकारियों को कोरोनो वायरस से संक्रमित लोगों की निगरानी, महामारी की रोकथाम, नियंत्रण और उपचार के लिए आदेश जारी करने का अधिकार मिल गया।

उत्तराखंड में कोरोना महामारी घोषित
उत्तराखंड सरकार ने शनिवार को राज्य में कोरोना वायरस को महामारी घोषित कर दिया। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने बताया कि सभी सिनेमाघर और कॉलेज 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। हालांकि मेडिकल कॉलेज खुले रहेंगे।

संसद भवन में एंट्री बंद
लोकसभा की महासचिव स्नेहलता श्रीवास्तव ने शनिवार को बताया कि कोरोना वायरस के मद्देनजर संसद भवन में एहतियाती उपायों के तहत अगली सूचना तक लोगों के लिए सार्वजनिक गैलरी के पास निलंबित कर दिए गए हैं। परिसर में घूमना भी निषेध है।

महाराष्ट्र में मधुमेह के कारण गई संदिग्ध की मौत
महाराष्ट्र के बुलढाणा अस्पताल में कोरोना वायरस के संदिग्ध की मौत पर डॉक्टरों ने बताया है कि उसकी मौत मधुमेह के चलते हुई है। डॉक्टरों ने बताया कि संदिग्ध को मधुमेह के अलावा बीपी की भी समस्या थी। महाराष्ट्र सरकार ने 31 मार्च तक सभी स्कूल-कॉलेज और अन्य शैक्षिक संस्थान बंद रखने का आदेश दिया है।

महाराष्ट्र के शहरी क्षेत्रों के सभी स्कूल (नगर पंचायत, नगर पालिका, महानगर पालिका के अधिकार क्षेत्र में सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल) 31 मार्च तक बंद रहेंगे। केवल कक्षा 10वीं, 12वीं और विश्वविद्यालयों की परीक्षाएं ही तय समय के अनुसार आयोजित की जाएंगी।

महाराष्ट्र एफडीए (फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) ने नोटिफिकेशन जारी कर कहा है कि हैंड सैनिटाइजर, 2 और 3 प्लाई सर्जिकल मास्क और एन 95 मास्क को आवश्यक वस्तु घोषित किया जाता है। इनकी कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगाी।

बृहन्मुंबई नगर निगम के आयुक्त प्रवीण परदेशी ने शनिवार को मुंबई पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह को एक पत्र लिखकर सोशल मीडिया पर कोरोनो वायरस के बारे में गलत सूचना फैलाने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

छावला कैंप हुआ खाली, वुहान से आए सिर्फ दो लोग निगरानी में
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस ने शनिवार को बताया कि चीन के वुहान शहर से भारत लाए गए 110 लोग, जो नई दिल्ली के छावला कैंप में रखे गए थे, उन सभी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इन सभी को 16 दिन तक अलग रखा गया और दो बार जांच की गई। इनमें से अब सिर्फ दो लोग ही आईटीबीपी के कैंप में रह गए हैं।

जम्मू: कीटाणुनाशक दवा का छिड़काव
जम्मू और कश्मीर के स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जम्मू नगर निगम ने कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए शहर के विभिन्न इलाकों में कीटाणुनाशक दवा का छिड़काव किया है।

त्रिवेंद्रम में भी सार्वजनिक स्थान बंद
केरल में त्रिवेंद्रम के जिलाधिकारी के. गोपालकृष्णन ने शनिवार को बताया कि कोरोना वायरस की वजह से मॉल, बीच और अन्य सार्वजनिक स्थानों को अगला नोटिस जारी होने तक बंद किया गया है।

मनसे गुड़ी पड़वा पर नहीं करेगी रैली
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने कोरोना वायरस की वजह से इस वर्ष के लिए गुड़ी पड़वा उत्सव पर रैली नहीं निकालने का निर्णय लिया है।

पंजाब में सिर्फ एक मामला: स्वास्थ्य मंत्री
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने शनिवार को बताया कि प्रदेश में सभी सिनेमा हॉल, जिम, स्विमिंग पूल 31 मार्च तक बंद रहेंगे। राज्य में इस अवधि के दौरान कोई भी खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमण का केवल एक मामला सामने आया है। मरीज की हालत स्थिर है। कोरोना का कोई भी संदिग्ध मामला पंजाब में नहीं है।

पद्म पुरस्कार समारोह टला
केंद्र सरकार ने कोरोना वायरस के कारण राष्ट्रपति भवन में 3 अप्रैल को होने वाले पद्म पुरस्कार समारोह को अगली तारीख घोषित किए जाने तक टाल दिया है। 

यवतमाल में मिले दो संक्रमित
महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के जिलाधिकारी एमडी सिंह ने शनिवार को बताया कि यहां दो लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों ही दुबई के यात्रा करके लौटे हैं। महाराष्ट्र में अब कुल संक्रमितों की संख्या 22 हो गई है।

गोवा में जुआ घर, स्कूल-कॉलेज बंद
कोरोना वायरस के खतरे के चलते गोवा में सभी शिक्षण संस्थान और जुआ घर सहित सार्वजनिक स्थल बंद किए गए।

पुणे में लिए गए 23 नमूने नेगेटिव
पुणे क्षेत्र के संभागीय आयुक्त दीपक म्हैसेकर ने शनिवार को कहा कि पिछले 24 घंटों में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी को भेजे गए कोरोन वायरस के सभी 23 नमूनों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है।

बीसीसीआई ने घरेलू मुकाबले निलंबित किए
बीसीसीआई ने कोरोना के कारण ईरानी कप समेत सभी घरेलू मुकाबले निलंबित करने का फैसला लिया है।

तेलंगाना में एक और मरीज
तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि कोरोना वायरस से संक्रमण का प्रदेश में एक और मामला मिला है। संक्रमित पाए गए शख्स ने हाल ही में इटली की यात्रा की है। वह अभी हैदराबाद के एक राजकीय अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में है। जहां उसकी निगरानी की जा रही है।

डेडबॉडी का अंतिम संस्कार करने में कोई जोखिम नहीं: दिल्ली एम्स
दिल्ली एम्स के निदेशक रणदीप गुलेरिया ने शनिवार को कहा कि कोरोनो वायरस शवों के माध्यम से नहीं फैल सकता। यह श्वसन स्राव यानि सांस लेने और छोड़ने की क्रिया से फैलता है। इस वायरस के फैलने के लिए मरीज को खांसी आना आवश्यक है। इसलिए संक्रमित पार्थिवदेह का अंतिम संस्कार करने में कोई जोखिम नहीं है।

संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 84 हुई
स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 84 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह भी बताया कि संक्रमित पाए गए 84 लोग अन्य 4000 लोगों के संपर्क में आए थे। उन्हें निगरानी में रखा गया है।

वहीं मंत्रालय ने यह भी बताया कि ईरानी विमान कंपनी महान एयर वहां फंसे भारतीयों शनिवार मध्यरात्रि तक लेकर आ जाएगी। जबकि इटली में फंसे भारतीयों को लेकर एयर इंडिया का विशेष विमान शनिवार को ही वापस लौटेगा।

नागपुर में एक और मामला सामने आया
नागपुर में शनिवार को कोरोना वायरस के संक्रमण का एक और मामला सामने आया है। संक्रमित शख्स की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अधिकारियों के मुताबिक महाराष्ट्र में अब कुल संक्रमितों की संख्या 20 हो गई है।

सिर्फ जरूरी मामलों की होगी सुनवाई: महाराष्ट्र हाईकोर्ट
बॉम्बे हाईकोर्ट ने कहा कि मुंबई की उसकी मुख्य पीठ के अलावा नागपुर, औरंगाबाद और गोवा की पीठ में 16 मार्च से एक अगले एक सप्ताह तक सिर्फ जरूरी मामलों की ही सुनवाई होगी।

कोरोना वायरस से मरने वालों के परिजनों को मिलेगा चार लाख का मुआवजा
केंद्र सरकार ने एलान किया है कि कोरोना वायरस से मरने वाले मरीजों के परिजनों को चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। गृह मंत्रालय ने यह जानकारी दी। सरकार ने राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) के तहत सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से कोविड-19 को एक अधिसूचित आपदा के रूप में घोषित कर दिया है।

पश्चिम बंगाल में सरकारी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और मदरसे बंद
पश्चिम बंगाल सरकार ने कहा है कि राज्य में सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, निजी शिक्षण संस्थान - स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, मदरसे, शिशु शिक्षा केंद्र और मध्यम शिक्षा केंद्र 16 से 31 मार्च तक बंद रहेंगे। बोर्ड परीक्षाएं अनुसूची के अनुसार आयोजित की जाएंगी।

गोवा में स्कूल, कॉलेज, कसिनो, बोट क्रूज और डिस्को क्लब बंद
गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने कहा कि राज्य में 31 मार्च तक सभी स्कूल, कॉलेज, कसिनो, बोट क्रूज और डिस्को क्लब बंद रहेंगे। हालांकि, सीनियर सेकेंडरी सर्टिफिकेट (एसएससी) और हायर सेकेंडरी स्कूल सर्टिफिकेट (एचएसएससी) परीक्षाएं शेड्यूल के अनुसार आयोजित की जाएंगी।

कर्नाटक में बस के कंडक्टर और ड्राइवर ने यात्रियों को फ्री में बांटे मास्क
कर्नाटक में एक बस के कंडक्टर एमएल नदाफ और ड्राइवर एचटी मयनावर ने यारगुप्पी से हुबली जाने वाली बस में यात्रा करने वाले यात्रियों को फ्री में मास्क बांटे। उन्होंने अपने पैसों से यह मास्क खरीदे। नदाफ ने कहा कि हमने यह पहल की क्योंकि लोग कोरोनो वायरस की वजह से यात्रा करने से बच रहे हैं। मैं सरकार से मुफ्त में मास्क बांटने का अनुरोध करता हूं।

सरकारी अस्पताल से भागे पांच संदिग्ध मरीजों में से तीन आए वापस
नागपुर में कोरोना वायरस के चार संदिग्धों समेत पांच लोग एक सरकारी अस्ताल से भाग गए। हालांकि, उनमें से तीन लोग वापस अस्पतला आ गए हैं। अब आइसोलेशन वार्ड के बाहर पुलिस तैनात रहेगी।पांच संदिग्ध मरीजों को अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। पांचों में से एक व्यक्ति की रिपोर्ट निगेटिव आई थी जबकि चार की रिपोर्ट आनी बाकी थी। पांचो लोग कैंटीन में कुछ खाने के लिए गए थे जहां से वो अपने घरों के लिए भाग गए। 

हिमाचल के सभी आंगनबाड़ी केंद्र, शैक्षणिक संस्थान 31 मार्च तक बंद
कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार ने सभी स्कूल, कॉलेज विश्वविद्यालयों और सिनेमाघरों को तत्काल प्रभाव से 31 मार्च तक बंद रखने का फैसला किया है। प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्र और क्रेच भी 31 मार्च तक बंद रहेंगे। जबकि शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं सुचारू रहेंगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन में यह जानकारी दी। 

देश में 11 मरीज पूरी तरह ठीक हुए
देश में अभी कर 11 कोरोना वायरस संक्रमित मरीज पूरी तरह से ठीक हो गए हैं। केरल में सात मरीज और ठीक हो गए हैं। केरल में पहले भी तीन मरीज ठीक हो चुके हैं। तेलंगाना में एकमात्र संक्रमित मरीज 24 वर्षीय आईटी इंजीनियर ठीक हो गया।  

पटना जंक्शन पर रेलवे अस्पताल में विशेष आइसोलेशन वार्ड स्थापित
बिहार में कोरोनोवायरस के लिए एहतियात के तौर पर पटना जंक्शन पर रेलवे अस्पताल में विशेष आइसोलेशन वार्ड स्थापित किया गया है। डॉ श्यामल दास ने कहा कि यह सभी आवश्यक चिकित्सा उपकरणों के साथ 10-बिस्तर वाला वार्ड है। एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है और एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।

देश में 83 हुई कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की संख्या
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार भारत में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 83 हो गई है।

महाराष्ट्र में संक्रमित मामलों की संख्या बढ़कर 19 हुई

महाराष्ट्र में दो और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद राज्य में इसकी चपेट में आने वाले लोगों की संख्या 19 पहुंच गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो नए मामले मुंबई और अहमदनगर से सामने आए हैं।

नागपुर में सरकारी अस्पताल से भागे पांच संदिग्ध मरीज
नागपुर में कोरोना वायरस के चार संदिग्धों समेत पांच लोग एक सरकारी अस्ताल से भाग गए हैं। पांच संदिग्ध मरीजों को अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। पांचों में से एक व्यक्ति की रिपोर्ट निगेटिव आई थी जबकि चार की रिपोर्ट आनी बाकी थी। पांचो लोग कैंटीन में कुछ खाने के लिए गए थे जहां से वो अपने घरों के लिए भाग गए। 

इन्फोसिस ने लिया बंगलूरू में सैटेलाइट बिल्डिंग खाली करने का फैसला
इन्फोसिस की तरफ से कहा गया है कि हमने एहतियात के तौर पर बंगलूरू में अपनी एक सैटेलाइट बिल्डिंग खाली करने का फैसला लिया है, क्योंकि हमारा एक कर्मचारी संदिग्ध कोविड-19 मरीज के साथ संपर्क में था।

तिहाड़ जेल में बना आइसोलेशन सेल
कोरोना वायरस को लेकर तिहाड़ प्रशासन ने जेल में सतर्कता बढ़ा दी है। जेल में एक अलग से आइसोलेशन सेल बनाया गया है। जेल में आने वाले नए कैदियों की स्क्रीनिंग कर उन्हें तीन दिन तक अन्य कैदियों से अलग रखा जाता है। तीन दिन तक रखने के बाद उन्हें वार्ड में पुराने कैदियों के पास भेज दिया जाता है। विदेशी कैदियों की विशेष जांच की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बावजूद भारतीय कैदी विदेशी कैदियों से दूरी बना रहे हैं।

आरएसएस की बंगलूरू में होने वाली बैठक टली
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने बंगलूरू में होने वाली अपनी अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा (एबीबीएस) को स्थगित कर दिया है। आरएसएस महासचिव भैय्याजी जोशी ने यह जानकारी दी। 

भारत में अमेरिकी दूतावास ने 16 मार्च से वीजा संबंधी प्रक्रियाएं रद्द कीं
भारत में अमेरिकी दूतावास और वाणिज्य दूतावास ने कोरोना वायरस के मद्देनजर 16 मार्च से वीजा संबंधी प्रक्रियाओं को रद्द कर दिया है। अमेरिकी दूतावास द्वारा यहां जारी एक बयान के अनुसार, ‘भारत में अमेरिकी दूतावास और वाणिज्य दूतावास कोविड-19 महामारी को देखते हुए 16 मार्च 2020 और प्रवासी एवं गैर प्रवासी वीजा प्रक्रियाओं को रद्द कर रहा है।’

आईआईटी दिल्ली ने छात्रों को हॉस्टल खाली करने के दिए आदेश
दिल्ली के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान ने कोविड-19 के प्रसार के खिलाफ निवारक उपायों के रूप में संस्थान ने सभी शैक्षणिक, पाठ्येतर और पाठ्येतर गतिविधियों को निलंबित कर दिया है। प्रौद्योगिकी स्नातक, जबल डिग्री, एमएससी, डीआईआईटी, अभियांत्रिकी स्नातकोत्तर, एमबीए डिग्री प्राप्त करने वाले छात्र और पीएचडी प्रथम वर्ष के छात्रों को 15 मार्च, 2020 की मध्यरात्रि से पहले छात्रावास छोड़ने के लिए कहा गया है। 

राजस्थान में स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, जिम, और सिनेमा हॉल बंद
राजस्थान के मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से कहा गया है कि एहतियात के तौर पर 30 मार्च तक स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, जिम, और सिनेमा हॉल बंद रहेंगे। बोर्ड की परीक्षाएं जो चल रही हैं, उन्हें कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया जाएगा।

उत्तराखंड में भाजपा सरकार का कार्यक्रम स्थगित 
कोरोनावायरस की वजह से उत्तराखंड में भाजपा सरकार के तीन साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 18 मार्च को होने वाले "विकास के तीन साल बातें कम-काम ज्यादा" कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया।  

यहां पढ़ें 13 मार्च का कोरोनावायरस अपडेट

पाकिस्तान में कोरोनावायरस - फोटो : पीटीआई

मौजूदा भारत-बांग्लादेश क्रॉस-बॉर्डर पैसेंजर ट्रेनों और बसों का संचालन निलंबित

गृह मंत्रालय के एडवाइजरी के बाद भारतीय रेलवे ने मौजूदा भारत-बांग्लादेश क्रॉस-बॉर्डर पैसेंजर ट्रेनों (मैत्री एक्सप्रेस और बंधन एक्सप्रेस) और बसों का संचालन 15 मार्च से 15 अप्रैल, 2020 तक निलंबित करने का फैसला लिया है।
 
 बीडबल्यूएफ ने 16 मार्च से 12 अप्रैल तक सभी वर्ल्ड टूर एवं टूर्नामेंट को किया स्थगित  
  • बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन(BWF) ने 16 मार्च से 12 अप्रैल तक सभी वर्ल्ड टूर एवं अन्य स्वीकृत टूर्नामेंट को स्थगित करने का फैसला किया है।
कोरोनावायरस से बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ा
  • कोरोना वायरस से देश में दूसरी मौत का मामला सामने आया है
  • स्वास्थ्य मंत्रालय व दिल्ली सरकार के अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली में 69 वर्षीय महिला की मौत हो गई है। 
  • मलयेशिया से लौटे व्यक्ति कोरोना संक्रमण के संदेह में इंदौर में भर्ती
एक संदिग्ध इंदौर में भर्ती
  • मलयेशिया से भारत लौटे 43 वर्षीय एक पुरुष को कोरोना वायरस संक्रमण के संदेह में शुक्रवार को इंदौर एक सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया।
  • मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण जड़िया ने बताया कि यह व्यक्ति मलयेशिया से शुक्रवार को ही स्वदेश लौटा था। उसे सर्दी-जुकाम और खांसी की समस्या है।
  • कोरोना वायरस संक्रमण के संदिग्ध मरीज को शहर के एक सरकारी अस्पताल के पृथक वॉर्ड में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। 
  • उसके रक्त और अन्य नमूने इस बीमारी की जांच के लिए भोपाल के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भेजे गए हैं।
इंदौर में रंग पंचमी के कार्यक्रम रद्द
  • मध्य प्रदेश में मनाए जाने वाले रंग पंचमी त्योहार पर भी कोरोनावायरस का साया पड़ गया है। 
  • इंदौर में रंग पंचमी के उपलक्ष्य में होने वाले सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है। 
  • मध्य प्रदेश में सिनेमाघर भी 31 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। 
सेनिटाइजर और मास्क की कालाबाजारी रोकने के लिए बड़ा फैसला 
  • केंद्र सरकार ने मास्क और सेनिटाइजर को जरूरी वस्तु घोषित कर दिया है। 
  • उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के मुताबिक 2 व 3 प्लाई के सर्जिकल मास्क, एन95 मास्क और सेनिटाइजर को जरूरी वस्तु घोषित कर दिया गया है। 

इटली में फंसे हैं 220 भारतीय, लेने जाएगा विशेष विमान
  • विदेश मंत्रालय के दम्मू रवि ने बताया कि इटली के मिलान शहर में फंसे हुए हैं। उन्हें वापस लाना हमारी प्राथमिकता है। 
  • उन्होंने कहा कि अगर कोई अन्य छात्र कहीं फंसा है, तो वह उस देश के दूतावास से संपर्क करे। 
  • नागरिक उड्डयन मंत्रालय की संयुक्त सचिव रूबीना अली ने बताया कि एयर इंडिया का विशेष विमान भारतीयों को वापस लाने के लिए इटली जाएगा। 
  • यह विमान शनिवार दोपहर को उड़ान भरेगा और रविवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट लौटेगा। 
जम्मू कश्मीर में दो और पॉजीटिव 
  • जम्मू व कश्मीर में दो और मामले सामने आए हैं। अभी छह मामलों में जांच रिपोर्ट आना बाकी है। 

भारत दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज रद्द
  • भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले अगले दोनों वनडे मैच रद्द हो गए हैं। 
  • पहला मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था। 
सुप्रीम कोर्ट ने जारी की अधिसूचना 
  • सुप्रीम कोर्ट ने कोरोना वायरस के खतरे के चलते सिर्फ आपात मामलों की सुनवाई करने का फैसला लिया है। 
  • वकीलों के अलावा कोर्ट परिसर में किसी अन्य को आने की अनुमति नहीं होगी। 
  • दिल्ली हाईकोर्ट में भी शुक्रवार को आपातकालीन बैठक हुई। 16 मार्च से सिर्फ आपात मामलों की ही सुनवाई होगी। 
जापान से 124 और चीन 112 भारतीयों को लाया गया
  • स्वास्थ्य मंत्रालय के लव अग्रवाल ने बताया कि जापान से 124 और चीन 112 भारतीयों को लाया गया था। 
  • इन सभी को शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इन सभी की जांच रिपोर्ट दूसरे राउंड में भी नेगेटिव आई थी। 
  • सरकार ने 42,296 लोगों पर निगरानी रखी है, जिनमें से 2559 में संदिग्ध पाए गए। इनमें 522 को अस्पताल में रखा गया, जिनमें 17 विदेशी नागरिक थे। 
महाराष्ट्र में नहीं बंद होंगे मॉल्स और सिनेमाघर 
  • महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा था कि मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, नागपुर और पिंपरी चिंचवाड में सभी मॉल्स, थिएटर, जिम, स्वीमिंग पूल बंद करने की घोषणा की थी। 
  • मगर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने दावा किया है कि मॉल्स और सिनेमाघर खुले रहेंगे। 
भारत-बांग्लादेश बस व ट्रेन सेवा स्थगित 
  • देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़कर 82 पहुंच गई है। 
  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने शुक्रवार को मीडिया को यह जानकारी दी।
  • कुल संक्रमित मामलों में 64 भारतीय, 16 इटली और एक कनाडा का नागरिक है।
  • देश में मिले कुल 81 मामलों में से केरल के तीन मरीज ठीक होकर लौट चुके हैं। 
  • इसके अलावा सफदरजंग में भी सात लोगों की सेहत में सुधार हो रहा है। 
  • इन संक्रमित लोगों के परिजनों को भी ढूंढा जा रहा है। अब तक ऐसे 4000 लोगों की पहचान हुई है। इन पर निगरानी रखी जा रही है। 
  • विदेश मंत्रालय के अनिल मलिक ने जानकारी दी कि भारत-बांग्लादेश के बीच चलने वाली बस और ट्रेन सेवा को 15 अप्रैल तक स्थगित कर दिया गया है। 
  • भारत-नेपाल सीमा के चार चेक पोस्ट काम करते रहेंगे। इसके अलावा भूटान और नेपाल के नागरिकों को वीजा फ्री प्रवेश मिलता रहेगा। 
पुणे में एक मिला एक और मरीज
  • महाराष्ट्र के पुणे में एक और व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित हुआ है। यह व्यक्ति हाल ही में अमेरिका से लौटा था। 
  • इसके साथ ही महाराष्ट्र में कुल मरीजों की संख्या 17 हो गई है। 
  • इससे पहले शुक्रवार को नागपुर में दो मरीज मिल चुके हैं।
मानेसर के विशेष वार्ड में एक और व्यक्ति कोरोना से संक्रमित
  • भारतीय सेना ने जानकारी दी है कि सेना के मानेसर स्थित विशेष वार्ड में 11 मार्च को इटली से लौटे एक व्यक्ति की जांच रिपोर्ट पॉजीटिव पाया गया है।
  • वह पिछले 14 वर्षों से इटली के एक रेस्तरां में कार्यरत था।
  • इसके अलावा सेना की सभी भर्ती रैलियों को एक महीने के लिए टाल दिया गया है।
  • सेना के कर्मियों के लिए यात्रा केवल आवश्यक कार्यों तक ही सीमित है और उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंस सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करने के लिए कहा गया है।
प्रधानमंत्री का दौरा स्थगित 
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 21 मार्च से शुरू होने वाला गुजरात का दो दिवसीय दौरा स्थगित कर दिया गया है।
  • राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही भी 26 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
मध्य प्रदेश में स्कूल बंद
  • मध्य प्रदेश में सभी स्कूल बंद करने का फैसला लिया गया है। 
  • हालांकि 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं पूर्व कार्यक्रम के तहत होंगी। 
  • इसके अलावा शिक्षकों व गैर शिक्षिक स्टाफ की उपस्थिति का फैसला स्कूल खुद कर सकेंगे। 
कर्नाटक में भी बंद
  • कर्नाटक में सभी मॉल्स, सिनेमाघर, पब और नाइट क्लब बंद कर दिए गए हैं। 
बिहार में मिड डे मील का पैसा खातों में आएगा 
  • बिहार में सभी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों को 31 मार्च तक बंद कर दिया गया है।
  • सरकारी स्कूलों के छात्रों को मिड डे मील का पैसा उनके खातों में दिया जाएगा।
  • राज्य सरकार ने बिहार दिवस के मौके पर 22 मार्च को होने वाले सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है। 
  • महाराष्ट्र के नागपुर में दो और लोगों में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। शहर में अब कुल तीन मामले हो गए हैं। 
  • जम्मू कश्मीर के शेर ए कश्मीर इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस ने अपने सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। 

यहां पढ़ें 13 मार्च का कोरोनावायरस अपडेट

कोरोना जांच - फोटो : पीटीआई
पुस्तकालय, स्विमिंग पूल, आंगनवाड़ी 31 मार्च तक बंद: छत्तीसगढ़ सरकार
कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने शहरी इलाकों के सभी सार्वजनिक पुस्तकालयों, स्विमिंग पूल, वॉटर पार्कों और राज्यभर के आंगनवाड़ियों को 31 मार्च तक बंद रखने का आदेश दिया है। 

मॉल्स, सिनेमा हॉल्स, पब्स, शादी समारोह एक सप्ताह के लिए प्रतिबंधित: सीएम येदियुरप्पा
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने राज्य में एक हफ्ते के लिए सभी मॉल्स, सिनेमा हॉल्स, पब्स, शादी समारोह और ऐसे सभी कार्यक्रम जिसमें भारी भीड़ जुटती हो, उसे प्रतिबंधित कर दिया है।  

कोरोना वायरस के कारण शेयर बाजार में हलचल: आर्थिक सलाहकार
शेयर बाजार की स्थिति पर बोलते हुए प्रधान आर्थिक सलाहकार संजीव सान्याल ने कहा कि शेयर बाजार में हलचल कोरोनो वायरस महामारी के कारण भय के प्रचलित वातावरण के कारण है। अर्थव्यवस्था पर कुछ प्रभाव हैं लेकिन हम शुरुआत से ही इसके प्रसार और प्रभाव को कम करने के लिए उपाय कर रहे हैं।

ईरान से भारतीयों को लेकर एक विमान पहुंचा मुंबई
कोरोनावायरस प्रभावित ईरान से भारतीयों को लेकर एक विमान शुक्रवार दोपहर मुंबई पहुंचा। ईरान कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित देशों में से एक है और सरकार वहां फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए लगातार काम कर रही है। ईरान एयर के विमान में कितने लोग सवार हैं इसकी तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। विमान करीब दोपहर 12 बजकर 08 मिनट पर मुम्बई हवाई अड्डे पर उतरा। एक अधिकारी ने बताया कि इन यात्रियों को एअर इंडिया के विमान से जैसलमेर ले जाया जाएगा।

कोरोना वायरसः हरियाणा के सभी कॉलेज-विश्वविद्यालय और पांच जिलों के स्कूल 31 मार्च तक बंद
कोरोना को महामारी घोषित कर चुकी हरियाणा सरकार ने अब एक बड़ा फैसला लेते हुए 31 मार्च तक सभी कॉलेज और विश्वविद्यालयों को बंद करने का निर्णय लिया है। इस दौरान किसी भी कॉलेज या विश्वविद्यालय में कक्षाएं या परीक्षाएं नहीं होंगी। इसके साथ ही सरकार ने पांच जिलों के स्कूलों को भी बंद करने का एलान किया है।

यूपी में भी कोरोनावायरस महामहामारी घोषित
उत्तर प्रदेश सरकार ने भी कोरोनावायरस को महामारी घोषित कर दिया है। इसके साथ ही प्रदेश के सभी स्कूल कॉलेजों को 22 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया है लेकिन जिन स्कूलों में परीक्षा चल रही हैं वहां परीक्षा खत्म होने के बाद उन्हें बंद किया जाएगा। 

मुंबई: कोरोना के कारण रेलवे ने बंद किया मुंबई का सीएसटी हेरिटेज संग्रहालय
मध्य रेलवे के अनुसार कोरोनावायरस से पैदा हुई स्थिति के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के हेरिटेज संग्रहालय को 31 मार्च 2020 तक के लिए बंद कर दिया है।

एआईसीएफ ने 31 मई तक सभी प्रतियोगिताएं स्थगित की
अखिल भारतीय शतरंज महासंघ (एआईसीएफ) ने कोरोना वायरस महामारी को देखते हुए शुक्रवार को 31 मई तक सभी राष्ट्रीय चैंपियनशिप स्थगित कर दी। एआईसीएफ ने राज्य संघों को भी 15 अप्रैल तक राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं से बचने के लिये कहा है।

पीएम मोदी का सार्क देशों को प्रस्ताव- कोरोनावायरस से लड़ने के लिए एक मजबूत रणनीति बनाई जाए
हमारी धरती कोरोनावायरस से जूझ रही है। विभिन्न स्तरों पर, सरकारें और लोग इसका मुकाबला करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। वैश्विक आबादी की एक महत्वपूर्ण संख्या का घर दक्षिण एशिया को यह सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़नी चाहिए कि हमारे लोग स्वस्थ हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि मैं प्रस्ताव करना चाहूंगा कि सार्क देशों के नेतृत्व ने कोरोनावायरस से लड़ने के लिए एक मजबूत रणनीति बनाई जाए। हमारे नागरिकों को स्वस्थ रखने के तरीकों के बारे में हम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इससे हम दुनिया के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत कर सकते हैं और धरती को स्वस्थ रखने में योगदान दे सकते हैं।

ओडिशा ने कोरोनावायरस को घोषित किया राज्य आपदा
ओडिशा सरकार ने कोरोनावायरस को राज्य आपदा घोषित कर दिया है। इसके साथ ही ओडिशा विधानसभा को 29 मार्च तक के लिए निलंबित कर दिया गया है।

दिल्ली में मिला एक और संक्रमित
दिल्ली के मुख्य चिकित्सा अधिकारी अनुराग भार्गव ने बताया कि नोएडा में एक निजी फर्म के एक कर्मचारी में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। बताया जा रहा है कि संक्रमित व्यक्ति ने फ्रांस और चीन की यात्रा की थी। मरीज दिल्ली का रहने वाला है। 

कोरोनावायरस: प्रतिदिन केंद्र सरकार के पांच मंत्रालय करेंगे प्रेस कांफ्रेंस
कोरोनावायरस को लेकर विदेश मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय, नागरिक उड्डयन मंत्रालय, वित्त मंत्रालय और वाणिज्य मंत्रालय रोजाना प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। इसका निर्णय शुक्रवार को हुए कैबिनेट की बैठक में लिया गया है। 

अमरोहा में सऊदी से लौटे दो लोगों में कोरोना के संदिग्ध लक्षण
अमरोहा में सऊदी से लौटे दो लोगों में कोरोना के संदिग्ध लक्षण मिले हैं। जिसके बाद जिला अस्पताल के संचारी रोग वार्ड में उन्हें भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों ने उन्हें परीक्षण में रखा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से किसी तरह की चिंता न करने को अफवाह न फैलाने की अपील की गई है। उनके सैम्पल लिए जा रहे हैं।

दिल्ली में आईपीएल के मैच नहीं होंगे
दिल्ली सरकार ने कोरोना वायरस के मद्देनजर बड़ा फैसला लेते हुए घोषणा की है कि आईपीएल का एक भी मैच दिल्ली में नहीं होगा। इसके साथ ही सरकरा ने तत्काल प्रभाव से दिल्ली के सभी सार्वजनिक स्विमिंग पूल 31 मार्च तक बंद करने का आदेश दिया है। इसकी घोषणा खुद उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने की जिनके साथ प्रेस कांफ्रेंस में स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन भी मौजूद थे।

झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुआ कोरोना का पहला संदिग्ध मरीज
महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में कोरोना वायरस संभावित पहला मरीज भर्ती हुआ है। बड़ागांव के बचवली गांव निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति को निमोनिया हो गया है। उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही है। डॉक्टरों ने उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया है। मरीज को ऑक्सीजन पर रखा गया है। डॉक्टर उसकी हालत गंभीर बता रहे हैं। मरीज का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है। वहीं जेल के कैदियों पर नजर आने लगा है। जेल में बंद 1237 कैदियों को कोरोना वायरस का डर सता रहा है। कैदी तारीख पर अदालत जाने में डर रहे हैं। जेल में इंतज़ाम किए गए हैं। अतिरिक्त दवाएं भी मंगा ली गईं हैं। स्क्रीनिंग के बाद ही कैदियों को जेल में प्रवेश दिया जा रहा है।

गूगल कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया
गूगल ने बंगलूरू के अपने कार्यालय में एक कर्मचारी के कोविड-19 से संक्रमित पाए जाने की शुक्रवार को पुष्टि की। कंपनी के एक बयान में कहा, ‘कर्मचारी तब से ही अलग रह रहा है और हमने उसके करीबी संपर्क में रहने वाले सहकर्मियों से अपने आप को अलग करने तथा अपने स्वास्थ्य पर नजर रखने के लिए कहा है।’

कोरोनावायरस: सीआरपीएफ ने स्थापना दिवस समारोह किया रद्द
कोरोनावायरस के बढ़ते खतरे के मद्देनजर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने अगले सप्ताह होने वाले अपने स्थापना दिवस कार्यक्रम को रद्द करने का शुक्रवार को फैसला किया।

दुबई-पुणे विमान के किसी भी यात्री ने कोरोनावायरस से सबसे अधिक प्रभावित देशों की यात्रा नहीं की
दुबई से आने वाले विमान से शुक्रवार को यहां पहुंचे यात्रियों में से किसी ने भी बीते कुछ हफ्तों के दौरान कोरोनावायरस से सबसे अधिक प्रभावित सात देशों में से एक भी देश की यात्रा नहीं की है।
कोरोनावायरस: दिल्ली के सभी स्विमिंग पूल बंद किए गए
दिल्ली सरकार ने कोरोना वायरस के मद्देनजर तत्काल प्रभाव से शहर के सभी सार्वजनिक स्विमिंग पूल 31 मार्च तक बंद करने का आदेश दिया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार को इस संबंध में आदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि सभी होटलों और अन्य संस्थाओं के स्विमिंग पूलों को भी बंद किया जाएगा।

कोरोनावायरस पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो बर्बाद हो जाएगी अर्थव्यवस्था: राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि कोरोनावायरस एक बहुत बड़ी समस्या है और इस पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो देश की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो जाएगी। उन्होंने यह दावा भी किया कि इस समस्या के समाधान की दिशा में कदम उठाने की बजाय यह सरकार बेखबर पड़ी है।

गांधी ने ट्वीट कर कहा कि मैं यह दोहराता रहूंगा कि कोरोना वायरस एक बहुत बड़ी समस्या है। इस समस्या को नजरअंदाज करना समाधान नहीं है। अगर कड़े कदम नहीं उठाए गए तो भारतीय अर्थव्यवस्था बर्बाद हो जाएगी। कांग्रेस नेता ने बृहस्पतिवार को भी आरोप लगाया था कि कोरोना वायरस की समस्या और अर्थव्यवस्था की हालत को लेकर प्रधानमंत्री सो रहे हैं।

उच्च न्यायालय से कोरोना वायरस से निपटने में दखल देने का अनुरोध
दिल्ली उच्च न्यायालय में शुक्रवार को एक याचिका दायर कर जानलेवा कोरोना वायरस से निपटने में उससे ‘‘दखल’’ देने का अनुरोध किया गया। मुख्य न्यायाधीश डी एन पटेल और न्यायमूर्ति सी. हरि शंकर की पीठ के समक्ष याचिका पेश की गई। इस पर 16 मार्च को सुनवाई होगी। पीठ के समक्ष याचिका पेश करने वाले वकील ने कहा, ‘‘हमने कोरोना वायरस के संबंध में अदालतों से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया।

आईटीबीपी केंद्र में अलग रखे गए सभी 112 लोगों में से किसी को भी कोरोना नहीं
आईटीबीपी के केंद्र में अलग रखे गए सभी 112 लोगों में से कोई भी कोरोनावायरस से संक्रमित नहीं पाया गया है और सभी को आज छुट्टी दी जा सकती है। इन सभी को पिछले महीने चीन के वुहान से लाया गया था।

भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘छावला में 14 दिन तक अलग रखे जाने के बाद 36 विदेशियों सहित सभी 112 लोगों में से कोई भी कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं मिला है।’ उन्होंने कहा कि आज उन्हें अलग रखे जाने का 16वां दिन है।

कोरोना पर सीएम योगी की बैठक जारी
उत्तर प्रदेश में कोरोनावायरस के बढ़ते हुए प्रकोप को देखते हुए आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उच्चस्तरीय बैठक कर रहे हैं। प्रदेश में अब तक 11 कोरोनावायरस पॉजिटिव लोगों की पहचान हो चुकी है।

संयुक्त सेना भर्ती प्रक्रिया को फिर टाला गया
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में 17 मार्च को होने वाली आगरा और अलीगढ़ मण्डल के छह जिलों की संयुक्त सेना भर्ती की प्रक्रिया को एक बार फिर टाल दिया गया है। कोरोनावायरस से बचाव के लिए जिला प्रशासन ने सेना से इस भर्ती प्रक्रिया को टाले जाने का अनुरोध किया था जिसके बाद यह कदम उठाया गया है।

कोरोनावायरस को लेकर केंद्रीय कैबिनेट की हुई बैठक 
कोरोनावायरस से देश में पैदा हुई स्थिति को लेकर केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन कैबिनेट को जानकारी दी।

बिहार में सभी डॉक्टर की छुट्टियां रद्द
कोरोनावायरस को देखते हुए बिहार में पीएमसीएच के सभी डॉक्टर की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं इस मामले को लेकर सक्रिय हैं।

यहां पढ़ें 12 मार्च का कोरोनावायरस अपडेट

Coronavirus - फोटो : अमर उजाला

कर्नाटक में कोरोनावायरस के कारण हुई थी बुजुर्ग की मौत
कर्नाटक के स्वास्थ्य विभाग के आयुक्त ने गुरुवार को बताया कि कलबुर्गी में 76 वर्षीय व्यक्ति की मौत कोरोनावायरस से संक्रमित होने के कारण ही हुई थी। उनकी रिपोर्ट पॉजीटिव आई थी। उसके संपर्क में आने वाले लोगों की जानकारी जुटाने के साथ सभी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। तेलंगाना सरकार ने भी उक्त मरीज के अस्पताल जाने की सूचना दी थी।

महाराष्ट्र में दो और मामले 
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि राज्य में कोरोनावायरस के दो नए मामले सामने आए हैं। इनमें से एक मुंबई और एक ठाणे का है। राज्य में कुल सकारात्मक मामलों की संख्या 14 हो गई है। इसके साथ ही महाराष्ट्र विधानसभा का बजट सत्र की कालअवधि 20 मार्च से घटाकर शनिवार 14 मार्च कर दी है।

राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की उपस्थिति में विधानपरिषद सभापति, विधानपरिषद उपसभापति, विधानसभा अध्यक्ष, दोनों सदन के नेता प्रतिपक्ष, दल के नेताओं की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। नागपुर के कलेक्टर रविंद्र ठाकरे ने बताया कि 7 संदेहास्पद मरीजों में से एक 45 वर्षीय व्यक्ति में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। वह 6 मार्च को अमेरिका से लौटा है।

भारत में कोरोनावायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 74 हुई
भारत में कोरोनावायरस के 14 नए मामले सामने आने के बाद इससे संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 74 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इन 14 नए मामलों में से नौ मामले महाराष्ट्र से जबकि एक-एक मामला दिल्ली, लद्दाख, उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश में सामने आया है। वहीं एक विदेशी नागरिक भी इससे संक्रमित पाया गया है।

मंत्रालय ने राज्यवार आंकड़े बताते हुए कहा कि दिल्ली में गुरुवार तक छह मामले सामने आ चुके हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में 10 लोग इससे संक्रमित पाए गए। कर्नाटक में चार, महाराष्ट्र में 11 और लद्दाख में तीन मामले सामने आए हैं। मंत्रालय ने कहा कि राजस्थान, तेलंगाना, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, पंजाब और आंध्र प्रदेश में एक-एक मामला सामने आया है।

पुणे में एक और संक्रमित मिला, जिले में अब तक नौ मरीज
पुणे के कलेक्टर नवल किशोर राम ने गुरुवार को बताया कि जिले में आज एक और संक्रमित मरीज की पुष्टि हुई है, जो हाल ही में यूनाइटेड स्टेट्स की यात्रा से लौटा है। इसे मिलाकर जिले में अब कोरोनावायरस के कुल नौ मरीज हो गए हैं।

केरल में दो और मामले सामने आए
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा कि कोरोनावायरस से संक्रमण के दो और पॉजीटिव मामले त्रिशूर और कन्नूर जिले में सामने आए हैं। राज्य में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।

कर्नाटक में कोरोना वायरस का पांचवां मामला मिला
कर्नाटक में कोरोनावायरस से संक्रमण का पांचवां मामला सामने आया है। यूनान से लौटे 26 वर्षीय एक व्यक्ति कोरोना से संक्रमित पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को यह जानकारी दी। यह मरीज वह छह मार्च को यूनान से मुंबई आया और आठ मार्च को उड़ान से बंगलूरू आया। वह नौ मार्च को कार्यालय गया था, उस दौरान उसने अपने चार करीबी दोस्तों से बात की थी और फिर कुछ घंटे बाद घर वापस चला गया था। उसे उसी दिन अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका एक भाई उसके साथ बंगलूरू में रहता है। माता-पिता और पत्नी मुंबई में हैं। उसने बंगलूरू में यात्रा करने के लिए एक ऑटोरिक्शा का इस्तेमाल किया था, इसलिए ऑटोरिक्शा चालक और उसके परिवार के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। 

आंध्र प्रदेश में एक मामला सामने आया
आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य, चिकित्सा और परिवार कल्याण विभाग ने बताया कि 6 मार्च 2020 को इटली से नेल्लोर लौटे एक व्यक्ति जांच में कोरोनावायरस से संक्रमित पाया गया है। उसके संपर्क में आने वाले पांच लोगों की भी जांच की जा रही है।

भारतीय सेना रोज खर्च कर रही 3.5 लाख रुपये 
भारतीय सेना के सूत्रों के अनुसार, कोरोनावायरस के मामलों से निपटने के लिए मानेसर में सेना की ओर से चलाई जा रही सुविधा पर प्रति दिन लगभग 3.5 लाख रुपये खर्च किया जा रहा है। भारतीय सेना ने इसके लिए अपने 60 कर्मियों को तैनात किया हुआ है। 

मानेसर में यह एक आपातकालीन सुविधा है, जो ऐसी किसी जरूरत के समय में तुरंत प्रतिक्रिया देती है। यह मांग के मुताबिक स्वतंत्र कमरे व अन्य चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराती है ताकि चिकित्सा कर्मी और प्रशासनिक कर्मचारी के कामकाज में कोई बाधा पैदा ना हो।

चूंकि दूसरे देशों से वापस स्वदेश लाए जा रहे भारतीय पहले से ही एक साथ यात्रा कर रहे हैं, इसलिए उन्हें 14 दिन से पहले जाने की अनुमति नहीं मिल सकती है। अलग-अलग प्राथमिकताओं और मांगों के बावजूद सेना ने अपना काम बेहतरीन तरीके से अंजाम दे रही है।

13 मार्च से राष्ट्रपति भवन बंद
राष्ट्रपति भवन संग्रहालय परिसर (आरबीएमसी) और चेंज ऑफ गार्ड समारोह अगले नोटिस तक आम जनता के लिए बंद रहेगा। इसके साथ ही राष्ट्रपति भवन भी 13 मार्च से अगले नोटिस तक बंद रहेगा।

दो से तीन दिन में और अधिक संख्या में आएंगे भारतीय: सेना
सेना के प्रवक्ता कर्नल अमन आनंद ने गुरुवार को कहा कि अगले 2-3 दिनों में हम और ज्यादा भारतीय नागरिकों को वापस आने की उम्मीद कर रहे हैं। हमने जोधपुर, झांसी, गोरखपुर, कोलकाता, जैसलमेर, चेन्नई और देओलाली सहित कई स्थानों पर नई सुविधाएं तैयार की हैं जहां हम इन लोगों को रखकर कोरोनावायरस से संक्रमित होने या नहीं होने की जांच कर सकते हैं।

पड़ोसी देश मांग रहे मदद
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि कोरोनावायरस से निपटने के लिए कुछ पड़ोसी देशों भूटान, मालदीव, ईरान और इटली से सुरक्षात्मक सहायता करने के अनुरोध प्राप्त हुए हैं, जो कि प्रक्रियाधीन हैं। फरवरी में हमने इसी तरह की चीन को चिकित्सकीय मदद के लिए एक खेप भेजी थी।

आईपीएल का फैसला उसके आयोजकों पर निर्भर: विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कोरोनावायरस के कारण आईपीएल मैचों के रद्द होने की खबरों को लेकर मीडिया से कहा कि यह आयोजकों को तय करना है कि वह टूर्नामेंट कराने को लेकर आगे बढ़ना चाहते हैं या नहीं। हमारी सलाह है कि ताजा हालात को देखते हुए इस समय ऐसा ना करें। हालांकि वह आगे बढ़ना चाहते हैं तो यह उनका निर्णय है।

मंत्रालय ने यह भी कहा कि कुछ सामान्य अवलोकन के आधार पर भारत में खेल के बड़े आयोजन फिलहाल रोकने को लेकर यह टिप्पणी की गई है। हमारा मानना है कि यह आयोजकों की ओर से लिया जाने वाला निर्णय है। भारत में आईपीएल या अन्य दूसरे खेल आयोजन की मेजबानी को लेकर विदेश मंत्रालय की ओर से कोई विशेष सिफारिश नहीं की गई है।

दिल्ली में कोरोनावायरस महामारी घोषित
दिल्ली सरकार ने कोरोनावायरस को महामारी घोषित कर दिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में 31 मार्च तक सभी सिनेमाघर, मल्टीप्लेक्स बंद करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि जिन स्कूल और कॉलेजों में परीक्षाएं नहीं हैं, उन्हें भी बंद रखने का फैसला लिया गया है। 

घबराने की जरूरत नहीं : पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से कहा है कि कोरोनावायरस को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'घबराहट को कहें ना, सावधानी को कहें हां। केंद्र सरकार का कोई मंत्री आने वाले दिनों में विदेश की यात्रा नहीं करेगा। मैं अपने देशवासियों से भी आग्रह करता हूं कि आप भी गैर जरूरी यात्रा न करें। हम इसे फैलने से रोक सकते हैं और भीड़ वाली जगह जाने से बचकर सुरक्षित रह सकते हैं।' प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोनावायरस को लेकर सरकार पूरी तरह से सतर्क है। सभी उचित कदम उठाए जा रहे हैं। 

प्रवासी नागरिकों को वीजा-मुक्त यात्रा की सुविधा 15 अप्रैल तक
कोरोनवायरस से निपटने को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देश में मौजूदा स्थिति की जानकारी दी। मंत्रालय की ओर से संयुक्त सचिव लव गुप्ता ने कहा कि भारत के प्रवासी नागरिकों (ओसीआई) कार्डधारकों को दी जाने वाली वीजा-मुक्त यात्रा की सुविधा 15 अप्रैल 2020 तक के लिए दी गई है। यह 13 मार्च 2020 को 12 बजे से लागू होगी।

उन्होंने कहा कि देश में अब तक दर्ज किए गए 73 मामलों में से 56 भारतीय हैं और 17 विदेशी नागरिक हैं। अब तक भारत सरकार ने मालदीव, म्यांमार, बांग्लादेश, चीन, अमेरिका, मेडागास्कर, श्रीलंका, नेपाल, दक्षिण अफ्रीका और पेरू जैसे 48 अन्य देशों से 900 भारतीय नागरिकों को निकाला है। उन्होंने बताया कि देश भर में कोरोनावायरस से संक्रमित लोगों के रक्त आदि के नमूनों की जांच के लिए कुल 56 नमूना संग्रह केंद्र और 52 परीक्षण सुविधाएं मौजूद हैं।

संयुक्त सचिव अग्रवाल ने यह भी बताया कि हमारे पास पहले से ही लगभग 1 लाख परीक्षण किट उपलब्ध हैं, अतिरिक्त परीक्षण किट पहले ही ऑर्डर किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कोरोनावायरस से खुद का बचाव के लिए हर वक्त मास्क पहनना जरूरी नहीं है। यदि कोई व्यक्ति अपने आसपास के लोगों से पर्याप्त दूरी बनाए रखता है तो उसे मास्क की जरूरत नहीं है। इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा कि भारत में इस वायरस ने फिलहाल आम नागरिकों के बीच बड़े पैमाने पर अपने पैर नहीं पसारे हैं। हमारे यहां केवल कुछ मामले हैं जो बाहर से आए हैं और इन मामलों में भी संक्रमित मरीजों ने मुख्य रूप से परिवार के करीबी सदस्यों को ही प्रभावित किया है।

संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि कोरोनावायरस से जुड़े सभी तथ्यों का अध्ययन किया जा रहा है। हालांकि अभी तक कोई पुष्टिकरण अध्ययन नहीं है। आम तौर पर यह उम्मीद की जाती है कि इस वायरस को उच्च तापमान में जीवित रहने में कठिनाई हो सकती है, लेकिन इस बात की निश्चित तौर पर पुष्टि नहीं हुई है।

इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च का दावा: वायरस को अलग करने में मिली कामयाबी
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने गुरुवार को दावा किया कि हमने कोरोनावायरस को अलग करने में कामयाबी हासिल की है, हमारे पास ऐसे 11 आइसोलेट्स हैं। परंतु इसका टीका बनाने में न्यूनतम 1.5 से 2 वर्ष लगेंगे।

ईरान जाएंगे तीन विमान
देश में कोरोनावायरस से संक्रमितों के बढ़ते मामलों के मद्देनजर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को जानकारी दी है कि ईरान में फंसे भारतीयों को वापस स्वदेश लाने के लिए अगले तीन दिनों के भीतर तीन विमान वहां भेजे जाएंगे। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकारी ने जानकारी दी है कि निकासी योजना के अनुसार, इन विशेष उड़ानों में पहली उड़ान 13 मार्च को मुंबई से, दोपहर 12:30 बजे और दूसरी उड़ान 15 मार्च को दिल्ली से, 1:40 बजे रवाना होगी।


आज 11 नए मामले, 73 हुई संक्रमित मरीजों की संख्या
भारत में कोरोनावायरस संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 73 हो गई है। इसमें 17 विदेशी शामिल हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार केरल 17, हरियाणा 14, महाराष्ट्र 11, दिल्ली छह, यूपी 11, राजस्थान तीन, तेलंगाना एक, लद्दाख तीन, तमिलनाडु एक, जम्मू-कश्मीर एक, पंजाब एक और कर्नाटक में चार कोरोनावायरस संक्रमित मरीज पाए गए हैं। 

कोरोनावायरस पर लोकसभा में हर्षवर्धन ने दिया बयान
लोकसभा में कोरोनावायरस पर डॉक्टर हर्षवर्धन ने बताया कि संदिग्ध मरीजों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। 30 एयरपोर्ट पर स्क्रिनिंग की जा रही है। बाहर से आने वाले यात्रियों की जांच की जा रही है। खासतौर से विदेश से आए लोगों पर नजर रखी जा रही है। लापरवाही न हो इसके लिए पूरे इंतजाम हैं। हर राज्य से रिपोर्ट ली जा रही है। देश में अब तक कोरोना के 73 मामले सामने आए हैं। हमारी हेल्पलाइन पर विदेशों से भी कॉल आ रही हैं। 

संक्रमितों की पहचान उजागर करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई
पुणे के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि कोरोनावायरस संक्रमण से ग्रसित लोगों की सोशल मीडिया पर पहचान उजागर करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुणे में कोरोनावायरस से संक्रमित एक मरीज के रिश्तेदार द्वारा दी गई शिकायत पर संज्ञान लेते हुए संभागीय आयुक्त दीपक महिसेकर ने कहा कि पुलिस को ऐसे सोशल मीडिया पोस्ट पर नजर रखने के साथ ही उचित कार्रवाई करने को कहा गया है। उन्होंने कहा, पुलिस को साइबर सेल के जरिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निगरानी करने को कहा गया है ताकि कोई अफवाह नहीं फैल पाए और संक्रमितों की पहचान उजागर नहीं हो।



कोरोनावायरस का फैलना चिंता का विषय: विदेश मंत्री
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में कहा कि कोरोनावायरस का फैलना चिंता का विषय है, हमें जिम्मेदारी के साथ प्रतिक्रिया करने की जरूरत है।

कोरोना के चलते हवाई अड्डों पर घटी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या
नागर विमानन मंत्री हरदीप पुरी ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में कहा कि कारोनावायरस के चलते देश के प्रमुख हवाई अड्डों पर आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या में कमी आई है तथा आगे इसमें और भी कमी हो सकती है। सदन में प्रश्नकाल के दौरान मनीष तिवारी, दयानिधि मारन और कुछ अन्य सदस्यों के पूरक प्रश्नों के उत्तर में पुरी ने कहा कि देश में 30 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं। इन हवाई अड्डों पर रोजाना आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या औसतन 70 हजार थी जो कोरोनावायरस के मामले आने के बाद से घटकर 62 हजार रह गई। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह संख्या घटकर 40 हजार तक हो सकती है।

हाईकोर्ट ने केंद्र को दिया ईरान में फंसे भारतीय छात्रों से संपर्क करने का निर्देश 
दिल्ली उच्च न्यायालय ने कोरोनावायरस के खतरे के मद्देनजर केंद्र को ईरान में फंसे भारतीय छात्रों से संपर्क करने का निर्देश दिया। दिल्ली उच्च न्यायालय ने केंद्र से कहा कि ईरान में फंसे भारतीय छात्रों को वहां से निकालने के लिए कोई उचित योजना बताएं।

गाजियाबाद में बेटे में भी कोरोना की पुष्टि
गाजियाबाद में कोरोना के एक और मामले की पुष्टि हुई है। मरीज को दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है। एक सप्ताह पहले पिता में पुष्टि हुई थी, देर रात आई रिपोर्ट में पता चला कि बेटे में भी कोरोना का वायरस मिला है। हालांकि पत्नी की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। अब तक जिले से 32 संदिग्धों के सैंपल भेजे जा चुके हैं। उनमें से 28 की रिपोर्ट निगेटिव आई है जबकि दो मामलों में पॉजिटिव पाया गया है।

हरियाणा में कोरोनावायरस को महामारी घोषित किया गया
हरियाणा सरकार ने बृहस्पतिवार को घातक कोरोनावायरस को महामारी घोषित कर दिया। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने एक ट्वीट में कहा, कोविड-19 हरियाणा में महामारी घोषित किया गया है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बुधवार तक 44 संदिग्ध मामलों के नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है, जिनमें में 38 की रिपोर्ट निगेटिव आई हैं और छह रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पटना में मिले चार संदिग्ध
बिहार के पटना में कोरोनावायरस के चार संदिग्ध सामने आए हैं। चोरों संदिग्धों को पटना के पीएमसीएच और एनएमसीएच में भर्ती कराया गया है। सभी की जांच के नमूने आरएमआरआई भेजे गए है।

आईपीएल पर रोक लगाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर
सुप्रीम कोर्ट में आईपीएल पर रोक लगाने के लिए याचिका दायर की गई है। सुप्रीम कोर्ट ने वकील और याचिकाकर्ता मोहन बाबू अग्रवाल को कोरोनवायरस के कारण इंडियन प्रीमियर लीग के स्थगन पर अपने मामले का उल्लेख करने के लिए अदालत की नियमित पीठ से संपर्क करने के लिए कहा है।

आईपीएल के लिए 15 अप्रैल तक विदेशी खिलाड़ी नहीं आ पाएंगे भारत
बीसीसीआई सूत्र ने कहा, कोविड-19 संक्रमण के खतरे के कारण सरकार द्वारा लगाई वीजा पाबंदियों के चलते 15 अप्रैल तक कोई भी विदेशी खिलाड़ी आईपीएल के लिए उपलब्ध नहीं रहेगा।

लखनऊ आई कनाडा की डॉक्टर में कोरोना की आशंका
कनाडा से लखनऊ आई महिला डॉक्टर में कोरोनावायरस के संक्रमण के लक्षण मिले हैं। उन्हें केजीएमयू में गहन चिकित्सा कक्ष में रखा गया है। वहीं डॉक्टर के नौ रिश्तेदारों को भी निगरानी में ले लिया गया है।  इलाज में लगे चिकित्साकर्मियों को अलर्ट कर दिया गया है। कनाडा के टोरंटो शहर में रहने वाली महिला डॉक्टर रविवार को राजधानी पहुंची। मंगलवार को उन्हें बुखार आया। बुधवार को वह केजीएमयू पहुंचीं। सूत्रों का दावा है कि देर रात उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस पर उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।

आंध्र प्रदेश में 300 लोग निगरानी में
आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण निदेशक ने कह है कि आज कुल 300 रोगी निगरानी में हैं, किसी भी व्यक्ति की कोरोनावायरस की पॉजिटिव रिपोर्ट नहीं आई है। 

कोरोनावायरस से बाजार में कोहराम
कोरोनावायरस के कहर से बाजार में कोहराम मचा है। गुरुवार को शेयर बाजार में फिर से जबरदस्त गिरावट देखने को मिल रही है। ना सिर्फ भारत, बल्कि दुनियाभर के बाजारों की हालत बुरी है। सुबह 10:06 बजे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1,883.19 अंक यानी 5.28 फीसदी की गिरावट के बाद 33,814.21 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 576.25 अंक यानी 5.51 फीसदी की गिरावट के बाद 9,882.15 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। 

कोई भी सार्वजनिक रैली और बैठक नहीं करेगी महाराष्ट्र सरकार
एनसीपी नेता नवाब मलिक ने कहा, हमने तय किया है कि हम कोई भी सार्वजनिक रैली और बैठक नहीं करेंगे। हम सभी से अपील करते हैं कि कोरोनावायरस के प्रसार को रोकने के लिए कोई बड़ी सभा आयोजित न करें। हमें सरकारी दिशानिर्देशों का पालन करना होगा।

केरल हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार ने जिला न्यायाधीशों को भेजा नोटिस
कोरोनावायरस के प्रकोप के कारण, केरल उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार ने सभी जिला न्यायाधीशों को नोटिस भेजकर कहा है कि, केवल अत्यावश्यक महत्व के मामलों पर विचार करें। नोटिस में कहा गया है, 'गैर-जरूरी मामलों पर विचार स्थगित कर दिया जाना चाहिए।'

ठाणे जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन कानून लागू किया
ठाणे जिला प्रशासन ने कोरोनावायरस के खतरे को देखते हुए किसी भी हालात से निपटने के लिए ‘आपदा प्रबंधन कानून’ लागू कर दिया है। महाराष्ट्र में अब तक इस संक्रमण के 11 मामले सामने आए हैं, इनमें से आठ पुणे से, दो मुंबई से और एक नागपुर से है। जिलाधिकारी राजेश नारवेकर ने ठाणे में आपदा प्रबंधन कानून लागू करने की घोषणा की। नारवेकर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रमुख भी हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रूज के प्रवेश पर 31 तक रोक 
कोरोनावायरस के प्रसार को रोकने के लिए सरकार ने एक फरवरी, 2020 के बाद प्रभावित देशों की यात्रा करने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रूज, चालक दल के सदस्यों व यात्रियों के प्रवेश पर 31 मार्च तक रोक लगा दी है। जहाजरानी मंत्रालय ने बुधवार को कहा, सिर्फ उन्हीं अंतरराष्ट्रीय क्रूज को भारतीय बंदरगाहों पर आने की अनुमति दी जाएगी, जिन्होंने एक जनवरी, 2020 तक आने की सूचना दी थी व जिन क्रूज पर चालक दल व यात्रियों के लिए थर्मल स्क्रीनिंग की सुविधा होगी। 

15 अप्रैल तक देश में सभी पर्यटन वीजा निलंबित
भारत ने बुधवार को सभी पर्यटन वीजा 15 अप्रैल तक के लिए निलंबित कर दिए हैं। इस संबंध में जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक सरकार ने यह कदम देश में कोरोनावायरस का प्रसार रोकने के लिए उठाया है। बयान के मुताबिक यह निर्णय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन की अध्यक्षता में हुई मंत्रियों के समूह की बैठक में लिया गया।

24 घंटों में 12 नए मामले
इस बीच, देश में बीते 24 घंटों में कोरोना के 12 और मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, केरल में आठ, दिल्ली और राजस्थान में एक-एक नया पॉजिटिव केस मिला है। वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मुंबई में ने दो नए केस के साथ राज्य में कुल 10 मामलों की पुष्टि की है। इसके बाद संक्रमित मरीजों की संख्या 68 हो गई हैं। सरकार ने 15 अप्रैल तक सभी देशों के टूरिस्ट वीजा निलंबित कर दिए हैं। 

निर्माण भवन में हुई उच्च स्तरीय मंत्री समूह की दूसरी बैठक
कोरोनावायरस को लेकर उच्च स्तरीय मंत्री समूह की दूसरी बैठक बुधवार को निर्माण भवन में हुई। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्धन की अध्यक्षता में यह बैठक हुई। विदेश मेंत्री जयशंकर समेत कई केंद्रीय मंत्री बैठक में शामिल हुए। 

आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक 14 मार्च को
कोरोनोवायरस और आईपीएल 2020 को लेकर आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक 14 मार्च को होगी।

 

यहां पढ़ें 11 मार्च का कोरोनावायरस अपडेट

एयर इंडिया ने इटली और कोरिया के लिए उड़ानें रद्द कीं

वहीं, एयर इंडिया ने इटली और कोरिया के लिए अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं। कंपनी ने इटली के लिए अपनी उड़ानें 28 मार्च तक के लिए और कोरिया के लिए 25 मार्च तक के लिए रद्द की हैं। 

नागपुर में एक और मरीज मिला 

महाराष्ट्र के नागपुर में 45 वर्षीय व्यक्ति को कोरोनावायरस की पुष्टि। महाराष्ट्र में अब तक 11 लोगों में वायरस की पुष्टि हुई है। 

15 अप्रैल तक सभी टूरिस्ट वीजा निलंबित

भारत ने 15 अप्रैल तक सभी टूरिस्ट वीजा निलंबित किए। ये फैसला 13 मार्च से लागू हो जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन की अध्यक्षता में हुई मंत्री समूह की बैठक में ये फैसला लिया गया।  

कोविड-19 महामारी घोषित

विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख ने बुधवार को कहा कि नए कोरोना वायरस को अब महामारी कहा जा सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अध्यक्ष टेड्रॉस गेब्रेयेसस ने जेनेवा में संवाददाताओं को बताया कि कोविड-19 को अब महामारी कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि हमने कोरोना की ऐसी महामारी कभी नहीं देखी है।

आईपीएल पर फैसला गुरुवार को
कोरोनवायरस के खतरे के चलते आईपीएल के रद्द होने की भी आशंका बढ़ रही है। इस क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर महाराष्ट्र में बुधवार को सभी मंत्रियों की बैठक हुई। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश तोपे ने बुधवार को बताया कि कैबिनेट बैठक में सभी मंत्री इस बात पर सहमत हुए हैं कि मौजूदा खतरे को देखते हुए आईपीएल की तारीख या तो आगे बढ़ा दी जानी चाहिए या फिर इसे सिर्फ टीवी तक सीमित कर देना चाहिए। हालांकि इस पर अंतिम फैसला गुरुवार को लिया जाएगा। इसके अलावा विधानसभा का सत्र भी आगे बढ़ाया जा सकता है या फिर इसे स्थगित किया जा सकता है। 

दिल्ली में उच्च स्तरीय बैठक 
दिल्ली में मंत्रियों के समूह की उच्च स्तरीय बैठक हुई, जिसमें कोरोनावायरस की मौजूदा स्थिति और उससे निपटने के लिए किए जाने उपायों पर चर्चा हुई। 
 

मुंबई में कुल 10 मामले सामने आए 
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बुधवार को बताया कि राज्य में अब तक 10 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। दो मामले मुंबई में और 8 मामले पुणे में सामने आए हैं। स्कूल बंद कराने के मामले पर उन्होंने कहा कि 10वीं की परीक्षाएं तय समय पर होंगी। हम दो दिन तक इंतजार करेंगे और जरूरत पड़ी तो स्कूल, कॉलेज बंद किए जाएंगे। 

मुंबई में दो और मामले 
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मुंबई हॉस्पिटल में कोरोनावायरस के दो और मरीज भर्ती हुए हैं। 
 

कर्नाटक में वायरस पर खबर करने से पहले लेनी होगी अनुमति 
कर्नाटक सरकार ने कोरोनवायरस से लड़ने के लिए अस्थायी अधिनियम लागू कर दिया है। राज्य सरकार ने 'कर्नाटक महामारी रोग, COVID-19 विनियम, 2020' जारी किया है। इसका लक्ष्य बीमारी को फैलने से रोकना है। अधिनियम के मुताबिक कोई भी व्यक्ति प्रिंट या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का इस्तेमाल कर इस वायरस के बारे में गलत जानकारी नहीं फैलाएगा। किसी भी तरह की जानकारी प्रसारित करने से पहले स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से अनुमति लेनी होगी। अगर कोई नियम का उल्लंघन करता पाया जाता है, तो उसे सजा दी जाएगी। इसके मुताबिक सभी सरकारी व निजी अस्पतालों में संदिग्ध लोगों की जांच के लिए फ्लू कॉर्नर होगा। 

महाराष्ट्र में उच्च स्तरीय बैठक 
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बुधवार को कोरोनावायरस से बचाव को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की। इस बैठक में सुरक्षा के उपाय और तैयारियों पर चर्चा हुई। 
 
कर्नाटक में कोरोनावायरस के संदिग्ध मरीज की मौत
कर्नाटक के कलबुर्गी में 76 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई जिसके कोरोनावायरस से संक्रमित होने का संदेह था। जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी। विभाग के एक आधिकारिक नोट में मृतक की पहचान मोहम्मद हुसैन सिद्दीकी के तौर पर की गई है जिसकी मंगलवार को सरकारी अस्पताल में मौत हो गई। विभाग के अधिकारियों ने बताया, उसके नमूने जांच के लिए बंगलूरू की एक प्रयोगशाला में भेजे गए थे। रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि सिद्दीकी हाल ही में सऊदी अरब से धार्मिक यात्रा कर लौटा था।

कर्नाटक में चारो कोरोनावायरस मरीजों की हालत में सुधार 
कर्नाटक में अब तक चार मामले सामने आ चुके हैं। राज्य सरकार के मुताबिक इनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। अब तक 98,401 यात्रियों की यहां जांच की जा चुकी है। 

ईरान और इटली में फंसे भारतीयों की वापसी प्राथमिकता: विदेश मंत्री 
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि भारत में कोरोनावायरस के तेजी से फैलने के बीच ईरान और इटली में फंसे भारतीयों की वापसी प्राथमिकता है। उन्हें वापस लाने के लिए मंत्रालय लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा ईरान और इटली से भारतीय नागरिकों को स्क्रीनिंग करके लाया जा रहा है।  इसके लिए मेडिकल दल ईरान जा चुका है और बृहस्पतिवार को इटली के लिए रवाना होगा। 

बुधवार को राज्यसभा में केंद्र सरकार ने कोरोनावायरस पर सरकार का पक्ष रखा। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि उनका मंत्रालय दुनिया के किसी भी देश में रहने वाले भारतीयों सुरक्षा के प्रति सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस का कहर 90 देशों पर गिर रहा है। ऐसे में अगर दुनिया के सभी देशों में रहने वाले भारतीयों को लाया जाता है तो इससे अफरा-तफरी मच सकती है इसलिए ईरान और इटली के गंभीर हालातों को देखते हुए इससे निपटने के लिए केंद्र सरकार ईरानी अधिकारियों के साथ काम कर रही है। वहां के हालातों के चलते परिवाहन और रसद को व्यवस्थित करना आसान नहीं है क्योंकि ईरानी प्रणाली स्वयं भी संकट से जूझ रही है। 

विदेश मंत्री ने सदन को बताया कि सदस्यों ने मछुआरों को लेकर चिंता जाहिर की है। लेकिन भारतीय मछुआरे ईरान के सदर्न पार्ट में हैं। जहां कोरोना का असर ज्यादा नहीं है। इसके बावजूद वह मछुआरों की स्थिति को लेकर स्वयं निगहबानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया ईरान के विभिन्न प्रांतों में 6000 से अधिक भारतीय हैं। इसमें 1,100 तीर्थयात्री केंद्रशासित प्रदेशों लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और महाराष्ट्र  से आते हैं।  

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि ईरान में नमूने और परीक्षण सुविधाएं स्थापित करने के लिए छह भारतीय स्वास्थ्य अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। भारत में 108 नमूने सात मार्च को प्राप्त हुए थे। कल ईरान से वापस लाए गए लोगों में से सात लोगों की टेस्ट निगेटिव पाए गए हैं, एनआईवी पुणे में 529 से अधिक भारतीयों के नमूनों का परीक्षण किया जा रहा है।

बिना स्क्रीनिंग के इटली से भारत पहुंचा एयर इंडिया का विमान
इटली के शहर मिलान से बुधवार को एयर इंडिया का एक विमान बिना कोरोनोवायरस जांच के भारत पहुंचा। एयर इंडिया का एआई-138 विमान मिलान से दिल्ली तक बिना कोविड-19 स्क्रीनिंग के आया। फ्लाइट में 80 यात्री सवार थे। हालांकि, भारतीय सीमा शुल्क के अधिकारियों ने दिल्ली हवाई अड्डे पर यात्रियों और उनके सामान की स्क्रीनिंग की और सभी औपचारिकताएं पूरी कीं।





आगरा में कोरोनावायरस की आशंका पर जापानी पर्यटक सहित छह के नमूने लिए
आगरा में कोरोनावायरस की आशंका पर जापानी पर्यटक समेत छह लोगों के नमूने लिए गए हैं। ये पर्यटक फतेहाबाद रोड स्थित होटल में ठहरने आए थे। होटल संचालक की जानकारी पर रैपिड रिस्पॉन्स टीम पर्यटकों को जिला अस्पताल लेकर आई हैं। वहीं, सोमवार को लिए गए 59 नमूनों की रिपोर्ट अभी तक नहीं आई।
 
जम्मू-कश्मीर में सभी प्राथमिक स्कूल, सिनेमा और आंगनवाड़ी केंद्र 31 मार्च तक बंद
जम्मू-कश्मीर में प्रमुख सचिव नियोजन रोहित कंसल ने कहा कि प्रदेश के पांच जिलों, जम्मू, सांबा, कठुआ, रियासी और उधमपुर में सभी प्राथमिक स्कूल, सिनेमा हॉल और आंगनवाड़ी केंद्र 31 मार्च तक बंद रहेंगे।

हाईकोर्ट ने केंद्र और दिल्ली सरकार से मांगा जवाब
कोरोनावायरस से निपटने के लिए उचित तथा पर्याप्त उपायों की मांग करने वाली जनहित याचिका पर दिल्ली उच्च न्यायालय ने केंद्र और दिल्ली सरकार से जवाब मांगा है।
 
हाईकोर्ट से आईपीएल को रद्द करने की मांग
मद्रास हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है जिसमें केंद्र सरकार से आईपीएल को रद्द कराने की मांग की गई है। हाईकोर्ट में दायर इस याचिका में कहा गया है कि कोरोनावायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए बीसीसीआई द्वारा आयोजित होने वाले आईपीएल को रद्द किया जाए।
 
राजस्थान में एक और व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित
दुबई से लौटे जयपुर के एक बुजुर्ग के कोरोनावायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इस व्यक्ति की दूसरी जांच रिपोर्ट भी पाजिटिव आई है। राजस्थान के चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रोहित कुमार सिंह ने बताया कि 85 वर्षीय व्यक्ति की पहली जांच रिपोर्ट मंगलवार को पॉजीटिव आई थी। पुष्टि के लिए नए नमूनों को जांच के लिए भेजा गया। वो रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई।


इंदौर में जल्द शुरू हो सकती है स्क्रीनिंग की सुविधा
स्वास्थ्य विभाग इंदौर में सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय की प्रयोगशाला में कोरोनावायरस संक्रमण की जांच की सुविधा जल्द शुरू करने के प्रयास कर रहा है। विभाग के एक आला अधिकारी ने बुधवार को बताया कि शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय की वायरोलॉजी लैबोरेटरी में कोरोनावायरस संक्रमण की जांच की मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय से चर्चा की जा रही है। अधिकारी ने बताया, इंदौर में कोरोनावायरस संक्रमण की जांच की सुविधा शुरू होने पर हमें उसी दिन जांच रिपोर्ट मिल सकेगी जिस दिन नमूने प्रयोगशाला भेजे जाएंगे।

केरल सरकार ने इटली से लौटे 45 लोगों को निगरानी में रखा
केरल सरकार ने कोरोनावायरस को नियंत्रित करने के कदमों को कड़ा करते हुए इटली से कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे कम से कम 45 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भेज दिया है। सरकारी सूत्रों ने बुधवार को बताया कि दो बच्चों और दो गर्भवती महिलाओं समेत 35 लोगों को अलुवा के एक सरकारी जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि बुखार और सांस लेने में परेशानी का सामना करने वाले 10 लोगों को कलामस्सारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दाखिल किया गया है।

भारत में संक्रमितों की संख्या 60
भारत में कोरोनावायरस संक्रमित मरीजों की संख्या 60 हो गई है। भारत सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कोविड-19 के 10 नए मामलों की पुष्टि की। आठ मामले केरल से, एक राजस्थान और एक दिल्ली से है। 

इटली की यात्रा करने वाले गोवा के शख्स को कोरोनावायरस के संदेह में अलग रखा
पिछले महीने इटली और फिनलैंड की यात्रा करने वाले तथा कोरोनावायरस के एक मरीज के संपर्क में आए गोवा के 27 वर्षीय शख्स को यहां सरकारी अस्पताल के अलगाव वार्ड में रखा गया है। उसने खांसी और बुखार की शिकायत की थी। गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने बुधवार को बताया कि दक्षिण गोवा के वास्को शहर का रहने वाला व्यक्ति एक जहाज पर काम कर रहा था और दो दिन पहले तटीय राज्य लौटा था। वह जहाज पर काम करते समय फरवरी के मध्य में कोरोनावायरस के एक मरीज के संपर्क में आया था।

कर्नाटक सरकार ने लोगों को दी ‘नमस्ते’ करने की सलाह
कर्नाटक सरकार ने कोरोनावायरस के प्रसार को रोकने के लिए बुधवार को ‘हाथ मिलाने की बजाय नमस्ते करें’ नाम से एक अभियान शुरू किया। यह अभियान लोगों को पारंपरिक भारतीय शैली में एक-दूसरे का अभिवादन करने के लिए प्रेरित करते हैं। इस अभियान के तहत कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए नियमित तौर पर हाथ धोने जैसी साफ-सफाई की आदतें अपनाकर संक्रमण से खुद को बचाने की सलाह दी जाएगी।
विज्ञापन

यहां पढ़ें 10 मार्च का कोरोनावायरस अपडेट

तिरुपति मंदिर प्रबंधन ने विदेशियों और अनिवासी भारतीयों के लिए जारी किया परामर्श
देश के विभिन्न क्षेत्रों में कोरोना वायरस से संक्रमण के ताजा मामले सामने आने के बीच भगवान वेंकटेश्वर मंदिर का प्रबंधन देखने वाले तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ने विदेशियों और प्रवासी भारतीयों को एहतियात के तौर पर एक परामर्श जारी किया है कि वे भारत पहुंचने के बाद 28 दिन तक मंदिर में न आएं।

भारत में प्रवेश के लिए उस देश की प्रयोगशाला से नकारात्मक रिपोर्ट आना जरूरी 
भारत सरकार ने यात्रियों के लिए सूचना जारी करते हुए कहा है जो यात्री इटली और कोरिया की यात्रा पर गए हैं और अब भारत में प्रवेश करने के इच्छुक हैं। उन्हें उन देशों के स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा अधिकृत प्रयोगशालाओं से कोरोनावायरस(COVID-19) की जांच करवाना आवश्यक है। जांच के बाद अगर उनकी रिपोर्ट नकारात्मक आती है तो ही वे भारत में प्रवेश कर पाएंगे।

वहीं केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इस मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखते हुए कहा है कि हमें जानकारी मिल रही है कि कई भारतीय इटली के हवाई अड्डों पर फंसे हुए हैं क्योंकि वे COVID19 के नकारात्मक परीक्षण प्रमाण पत्र के बिना भारत के लिए उड़ान नहीं भर सकते।  

चीन, इटली, ईरान समेत कई देशों के नागरिकों का ई-वीजा और मौजूदा वीजा निलंबित
स्वास्थ्य मंत्रालय के विशेष सचिव संजीव कुमार ने कहा है कि फ्रांस, जर्मनी और स्पेन के नागरिकों के साथ-साथ इटली, ईरान, रिपब्लिक ऑफ कोरिया, जापान और चीन के नागरिकों के ई-वीजा और मौजूदा वीजा को तत्काल प्रभाव के साथ निलंबित किया जा रहा है। विशेष सचिव ने कहा कि चीन, हांगकांग, रिपब्लिक ऑफ कोरिया, जापान, इटली, थाईलैंड, सिंगापुर, मलयेशिया, ईरान, फ्रांस, स्पेन और जर्मनी से होकर आए सभी यात्रियों को उनके आगमन की तारीख से लेकर 14 दिनों तक विशेष वार्ड में गुजारना चाहिए। 

केरल में दो और लोग कोरोना से संक्रमित: स्वास्थ्य मंत्री
केरल की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने कहा कि राज्य में कोरोनावायरस से दो और लोग संक्रमित पाए गए है। तीन वर्षीय बच्चे के माता-पिता की रिपोर्ट पॉजीटिव पाए गए है। 

गुजरात में 51 लोगों के नमूने नेगेटिव, 2000 लोगों की स्क्रीनिंग की गई
गुजरात में 51 लोगों के कोरोनावायरस के नमूने की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है, जबकि एक व्यक्ति की जांच रिपोर्ट अभी नहीं आई है। एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने मंगलवार को जानकारी दी है। गुजरात के किसी भी व्यक्ति में अभी तक कोरोनावायरस के लक्षण नहीं पाए गए है। स्वास्थ्य आयुक्त जय प्रकाश शिवहरे ने कहा कि कोरोनोवायरस के लिए परीक्षण किए गए 52 लोगों में से 51 लोगों के नमूने नेगेटिव आए हैं। एक व्यक्ति की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अब तक हमने 2,231 यात्रियों की जांच की है जो अहमदाबाद और सूरत के हवाई अड्डों पर पहुंचे हैं। अन्य 1,024 लोग अपने घरों में निगरानी में हैं।

भारत में 50 लोग कोरोनावायरस से संक्रमित: स्वास्थ्य मंत्रालय
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में विशेष सचिव संजीव कुमार ने मंगलवार को कहा कि देश में कोरोनावायरस से संक्रमण के मामलों की कुल संख्या अब तक 50 हो गई है। इनमें से 35 लोग भारतीय नागरिक हैं और 15 विदेशी हैं, जो कि इटली के नागरिक हैं। उन्होंने कहा कि कोरोनावायरस के कारण देश में अब तक कोई मौत नहीं हुई है।

पुणे में चार लोग कोरोनावायरस से संक्रमित
पुणे जिला क्लेक्टर नवल किशोर राम ने कहा है कि पुणे में दो और लोग कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पुणे में अब तक चार लोग कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए हैं। 

जम्मू और कश्मीर में अब तक एक व्यक्ति का नमूना पॉजीटिव
जम्मू और कश्मीर सरकार ने कोरोनावायरस को लेकर की जा रही निगरानी की स्थिति को लेकर कहा है कि राज्य में अब तक एक व्यक्ति का नमूना पॉजीटिव पाया गया है। 

एयरलाइन्स स्व-घोषणा फॉर्म की उपलब्धता सुनिश्चित करें
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कोरोनावायरस को लेकर विमान कंपनियों को कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय क्षेत्र में परिचालन करने वाली सभी एयरलाइनों को सलाह दी जाती है कि वे पर्याप्त संख्या में स्व-घोषणा फॉर्म (एस) की उपलब्धता सुनिश्चित करें। साथ ही भारत आने वाली उड़ानों में इन-फ्लाइट की घोषणाएं भी की जाएं।

1048 लोगों की जांच में चार के नमूने पॉजीटिव: कर्नाटक सीएम येदियुरप्पा
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा है कि राज्य में अब तक 1048 लोगों की जांच के लिए पहचान की गई है। जिसमें से 446 नमूनों को परीक्षण के लिए भेजा गया है। 389 नमूनों ने नेगेटिव रिपोर्ट, 4 नमूनों की पॉजीटिव रिपोर्ट आई है, जबकि बाकी की रिपोर्ट का इंतजार है।

त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड के अध्यक्ष एन वासु ने कहा, सबरीमाला मंदिर जाने से बचे भक्त
त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड के अध्यक्ष एन वासु ने कोरोनावायरस को लेकर कहा है कि मैं सभी भक्तों से सबरीमाला मंदिर जाने से बचने की अपील करता हूं। इसके अलावा, मैं सभी मंदिरों से उन त्योहारों को रद्द करने का अनुरोध करता हूं जिनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं।

केरल में कल से 31 मार्च तक सभी सिनेमा थिएटर बंद
कोरोनावायरस के कारण केरल में सभी सिनेमा थिएटरों को कल से 31 मार्च तक बंद रखा जाएगा। यह निर्णय कोच्चि में मलयालय सिनेगा संगठनों के साथ हुई बैठक के बाद लिया गया है। 

केरल में छह और नए मरीज
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा कि केरल में कोरोनावायरस के छह और इन मामलों की पुष्टि हुई है। राज्य में मरीजों की कुल संख्या अब 12 हो गई है। 

दुनियाभर में मृतकों की संख्या चार हजार के पार पहुंची
कोरोनावायरस से दुनियाभर में मरने वाले लोगों की संख्या मंगलवार को चार हजार के पार पहुंच गई। एएफपी आंकड़े के अनुसार चीन में इस वायरस से 17 और लोगों की मौत हो गई। सौ से अधिक देशों में फैले इस वायरस से मृतकों की संख्या 4,011 पहुंच गई है जबकि इससे 110,000 से अधिक लोग प्रभावित हैं।

ईरान से 58 भारतीय तीर्थयात्रियों का पहला जत्था भारत पहुंचा
ईरान से 58 भारतीय तीर्थयात्रियों का पहला जत्था भारत पहुंच गया है। भारतीय वायुसेना का सी-17 ग्लोबमास्टर विमान लोगों को तेहरान से हिंडन वायुसेना स्टेशन (गाजियाबाद) लेकर पहुंचा।विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि ईरान में हमारे दूतावास और भारतीय चिकित्सा टीम के प्रयासों के लिए धन्यवाद, चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम किया जा रहा है। धन्यवाद भारतीय वायुसेना। हम ईरानी अधिकारियों के सहयोग की सराहना करते हैं। हम वहां फंसे अन्य भारतीयों की वापसी पर काम कर रहे हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें