तेलंगाना सरकार के मुताबिक दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात में हिस्सा लेने वाले छह लोगों की कोरोना की वजह से मौत हो चुकी है। निजामुद्दीन में 13 से 15 मार्च तक मरकज में एक धार्मिक आयोजन किया गया था। जिसमें करीब 2000 लोगों ने हिस्सा लिया था।
रायपुर के एम्स के निदेशक के मुताबिक छत्तीसगढ़ के कोरबा का एक निवासी कोरोना से संक्रमित पाया गया है। इसी के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
राजस्थान में कोरोना वायरस के 20 नए मामले सामने आए है, जिसमें से 10 मामले राजधानी जयपुर के हैं। राजस्थान में अब तक कोरोना वायरस से 79 लोग संक्रमित हो चुके है।
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 227 मामले सामने आए है, जो एक दिन सबसे ज्यादा है। इस प्रकार भारत में कोविड-19 पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या बढ़कर 1251 हो गई (1117 सक्रिय मामले, 102 ठीक लोग और 32 मौतें सहित) है। वही कोरोना वायरस से देश में मरने वाले लोगों की संख्या 32 हो गई है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने इस बात की जानकारी दी है।
नेवल डॉकयार्ड विशाखापत्तनम के कार्मिकों ने एक एकल सिलेंडर में लगे 6-वे रेडियल हेडर का उपयोग करके एक पोर्टेबल 'मल्टी-फीड ऑक्सीजन मैनिफोल्ड' (एमओएम) डिजाइन किया है। इस डिजाइन से एक ऑक्सीजन की बोतल से छह मरीजों को ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा सकेगी। नौसेना ने इसकी जानकारी दी है।
मध्य प्रदेश के इंदौर में 41 वर्षीय पुरुष के सोमवार तड़के दम तोड़ने के बाद राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की मौत की तादाद बढ़कर चार हेा गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना वायरस के संक्रमण का बुजुर्गों को सर्वाधिक खतरा होने के मद्देनजर बचाव के लिये परामर्श जारी किए हैं। मंत्रालय द्वारा सोमवार को दी गई जानकारी के मुताबिक कोरोना वायरस के संक्रमण से अब तक सामने आए मौत के मामलों में उम्रदराज लोगों की काफी अधिक संख्या को देखते हुए बुजुर्गों के लिये परामर्श जारी किया गया है। इसमें बताया गया है कि इस वायरस के संक्रमण से बचने के लिये बुजुर्गों को क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए।
जारी किए गए ये परामर्श:-
कोरोना वायरस से महाराष्ट्र के पुणे में सोमवार को 52 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके साथ ही महाराष्ट्र में मरने वालों की संख्या नौ हो गई है। यह जानकारी स्वास्थ्य अधिकारी ने दी।
कोरोना वायरस महामारी से लड़ने के लिए डीएमके (द्रविड़ मुनेत्र कड़गम) फाउंडेशन ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री राहत कोष में एक करोड़ रुपये दान दिए।
कोरोना वायरस से लड़ने के लिए लगाए गए 21 दिनों के लॉकडाउन के मद्देनजर पश्चिम बंगाल के मंत्री स्वपन देबनाथ ने सुरक्षात्मक गियर पहन कर सड़कों पर निकले और लोगों से लॉकडाउन के दौरान घरों में रहने की अपील की। देबनाथ द्वारा बर्दवान के लॉर्ड कर्जन गेट इलाके में लोगों से अपील करते हुए एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।
दिल्ली में लगातार बढ़ते कोरोना वायरस के मामले को देखते हुए दिल्ली एम्स के ट्रॉमा सेंटर को कोरोना वायरस से संक्रमित अस्पताल के रूप में तब्दील कर दिया गया है।
गुजरात में कोरोना वायरस से सोमवार को 45 वर्षीय मरीज की मौत होने से राज्य में मृतकों की संख्या छह तक पहुंच गई है। वहीं, राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या 69 हो गई है। राज्य के मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) जयंती रवि ने बताया कि राज्य में 45 वर्षीय एक महिला की मौत रविवार देर रात एक अस्पताल में हो गई। उसके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि पहले हो चुकी थी।
जोधपुर में आज कोरोनो वायरस का एक पॉजिटिव मामला सामने आया है। लद्दाख निवासी 41 साल के इस शख्स को ईरान से भारत सरकार द्वारा भारत लाया गया है। यह संक्रमित शख्स जोधपुर के आर्मी वेलनेस सेंटर में रह रहा है। इसी के साथ राजस्थान में संक्रमित मामलों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है। राजस्थान स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने यह जानकारी दी।
कोरोना वायरस से संभवतः संक्रमित लगभग 85 लोगों को रविवार रात दिल्ली के लोक नायक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब तक, अस्पताल ने कुल 106 लोगों को पंजीकृत किया है जो संभवतः कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। यह जानकारी अधिकारियों से न्यूज एजेंसी एएनआई को दी है।
पश्चिम बंगाल में आज कोरोना से पीड़ीत एक और मरीज की मौत हो गई। इससे पहले भी राज्य में एक मरीज की मौत हो चुकी है। इसकी पुष्टि राज्य के एक अधिकारी ने की है।
कोरोना वायरस से निपटने के लिए लगाए 21 दिनों के लॉकडाउन को लेकर सरकार अब सख्त हो गई है। इसी के मद्देजनर उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में शाम चार बजे के बाद घर से निकलने पर पाबंदी लगा दी गई है। नोएडा में आरएएफ और पीएसी को तैनात किया गया है।
कांग्रेस विधायक पर मामला दर्ज
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के विधायक शैलेश पांडे के खिलाफ धारा-144 का नियम तोड़ने पर मामला दर्ज किया गया है। उनपर बिलासपुर में अपने घर के बाहर भीड़ इकठ्ठा करने के मामले में एफआईआर हुई है।
पीएम रोज 200 लोगों से लेते हैं फीडबैक
लॉकडाउन के दौरान लोगों की राय जानने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी रोजाना 200 से ज्यादा लोगों से बात कर रहे हैं। इसमें राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों और राज्य के स्वास्थ्य मंत्रियों को किए जाने वाले फोन कॉल शामिल हैं। पीएम डॉक्टरों, नर्सों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं व स्वच्छता कर्मचारियों से भी बात करते हैं।
अखबारों की आपूर्ति सुनिश्चित कराएं: केंद्र
केंद्र सरकार ने राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई निर्बाध जारी रखने को कहा है। केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने सभी तरह के माल परिवहन के साथ दूध व किराना, हाइजीन उत्पाद और अखबारों की आपूर्ति जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
यहां पढ़ें 29 मार्च (रविवार) के सभी अपडेट