अर्द्धसैनिक बलों में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में अब तक 27 जवानों की कोरोना से मौत हो चुकी है, जिनमें से 18 ने अकेले जून के महीने में दम तोड़ा। वहीं, संक्रमित जवानों की संख्या 4800 के पार पहुंच चुकी है। हालांकि इनमें से केवल 1905 मामले ही एक्टिव हैं।
जानकारी के मुताबिक, अब तक सीआरपीएफ के नौ जवानों की कोरोना से मौत हुई है, जिनमें से सात की मौत जून में हुई। रविवार तक सीआरपीएफ में 1510 मामले थे, जिनमें से 755 एक्टिव थे। वहीं सीआईएसएफ में आठ जवानों की मौत हुई है, जिनमें से चार की मौत पिछले महीने हुई। सीआरपीएफ में 1021 केस मिले चुके हैं।
इनमें से 38 फीसदी एक्टिव हैं। इसी तरह, बीएसएफ में 1300 से ज्यादा केस मिले हैं और पांच जवानों की मौत हुई है। तीन की मौत पिछले महीने हुई। आईटीबीपी में 425 केस मिले हैं, जिनमें से तीन की मौत हुई है। एसएसबी में 153 जवान संक्रमित हुए हैं, जिनमें से दो की मौत हुई।
रेलवे में 872 कर्मचारी व उनके परिजन संक्रमित
मध्य व पश्चिम रेलवे में 872 कर्मचारी, उनके परिवार के सदस्य और सेवानिवृत्त कर्मचारी कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें से 86 की मौत हो चुकी है। अधिकारियोें के मुताबिक, सभी को पश्चिमी रेलवे के जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुल मामलों में से 559 मध्य रेलवे और 313 पश्चिम रेलवे से हैं।
मरने वालों में 22 मौजूदा कर्मचारी हैं, जबकि बाकी उनके परिवार वाले व सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। रेल यूनियनों ने दावा किया है कि 15 जून के बाद लोकल ट्रेनें शुरू होने के बाद से रेलकर्मियों के संक्रमित होने की संख्या बढ़ी है।
केंद्रीय मंत्री प्रताप सारंगी हुए क्वारंटीन
ओडिशा के बालासोर से विधायक सुकांत कुमार नायक के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि के बाद केंद्रीय मंत्री प्रताप सारंगी नई दिल्ली के अपने आवास पर क्वारंटीन में चले गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, विधायक ने पिछले सप्ताह सारंगी के साथ दो कार्यक्रम में मंच साझा किया था।सारंगी ने कहा, उन्होंने सुकांत के साथ दो और तीन जुलाई को दो कार्यक्रमों में शिरकत की थी। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशानिर्देशों के मुताबिक उन्होंने एकांतवास में जाने का फैसला किया है।
ओडिशा में 10 हजार के पार पहुंचे मरीज
ओडिशा में कोरोना वायरस संक्रमण के 571 नए केस मिलने के बाद मरीजों की संख्या 10 हजार के पार पहुंच गई है। वहीं, महामारी से चार और लोगों की मौत के बाद मरने वालों का आंकड़ा 42 हो गया है। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को बताया, राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 10,097 है। राज्य में नए मामले 21 जिलों से सामने आए हैं और गंजम में तीन व कटक में एक व्यक्ति की मौत हुई है।