राजधानी में लगभग 20 दिन से कोरोना संक्रमण कम फैल रहा है। बेहतर रणनीति और सबको साथ लेकर चलने जैसे 8 सूत्रीय कदमों को उठाकर दिल्ली सरकार ने तेजी से बढ़ते मामलों पर काबू पाया है। फिलहाल दिल्ली की रिकवरी दर भी 72 फीसदी से ऊपर है और मृत्युदर भी लगातार कम हो रही है।
मई में संक्रमण बेहद तेजी से बढ़ रहा था। सरकार ने अनुमान लगाया था कि जुलाई के अंत तक दिल्ली में मामले 5 लाख पार हो सकते हैं। इससे निपटने के लिए सरकार ने 8 सूत्रीय रणनीति बनाई और यह उसी का नतीजा है कि अब परिस्थितियां बदल रही हैं।
इस बीच बड़ी संख्या में ऐसे भी मरीज मिले जिनमें लक्षण नहीं थे, लेकिन रिपोर्ट पॉजिटिव थी। कई मरीजों में तो वायरस का अलग-अलग रूप देखा गया है, लेकिन दिल्ली सरकार के आठ के दम से ‘बहरूपिया’ वायरस ‘बे-दम’ होने लगा है।